You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'मुझे थोड़ा समय दीजिए': विजय का पहला भाषण और पीएम मोदी ने कांग्रेस को बताया 'परजीवी'
अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ़ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. इसके साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में दो प्रमुख द्रविड़ दलों का वर्चस्व समाप्त हो गया है.
विजय के साथ साथ नौ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है.
जब विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने पदभार संभाला, तो उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला आदेश शपथ लेने वाली जगह यानी मंच से ही जारी किया.
उन्होंने पहला हस्ताक्षर तमिलनाडु के सभी घरों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के आदेश वाले दस्तावेज़ पर किया.
इसके बाद, विजय ने मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए हर ज़िले में एक स्पेशल फ़ोर्स और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष कार्य बल, 'लायनेस' की स्थापना के आदेश भी जारी किए.
विजय के सपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद थे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर शुभकामनाएं दी हैं.
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "तमिलनाडु ने एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज़, एक नई सोच को चुन लिया है. विजय को मेरी शुभकामनाएं. वे तमिलनाडु के लोगों की उम्मीदों को पूरा करें."
विजय की पार्टी के पास बहुमत नहीं था, जिसके बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) से गठबंधन तोड़कर अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दिया था.
पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस परजीवी पार्टी
शनिवार को 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 120 निर्वाचित विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था.
फिर शनिवार देर शाम तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने टीवीके चीफ़ विजय को मुख्यमंत्री मनोनीत किया.
विजय का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में हुआ. उन्हें 13 मई तक विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव मत हासिल करना है.
विजय की सरकार को समर्थन देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है.
पीएम मोदी ने एक जनसभा में कहा, "कांग्रेस की पहचान आज एक परजीवी पार्टी की बन गई है और इसलिए वो पहला मौक़ा मिलते ही अपने साथियों के साथ भी विश्वासघात करती है. इसलिए कहा जाता है कि 'कोई ऐसा सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं'.
"अभी तमिलनाडु में ही देखिए पच्चीस-तीस साल से कांग्रेस का डीएमके के साथ घनिष्ठ संबंध था.. जैसे ही सत्ता का खेल कहीं और मुड़ गया तो सत्ता की भूखी कांग्रेस ने पहला मौक़ा मिलते ही डीएमके की पीठ में छुरा घोंप दिया."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं."
उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों की ज़िंदगी बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी."
स्टालिन ने कहा- 'आते ही पैसे की कमी न बताएं'
सी जोसेफ़ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उन्हें बधाई दी है.
स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय को यह ज़िम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई देता हूं."
स्टालिन ने मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय के शुरुआती आदेश का भी स्वागत किया. हालाँकि उन्होंने राज्य की आर्थिक दशा पर विजय के बयान पर भी टिप्पणी की.
उन्होंने लिखा, "तुरंत ही ऐसा मत कहें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं. सरकार के पास पैसे हैं. ज़रूरत इस बात की है कि लोगों को वह पैसा देने की इच्छाशक्ति हो, और शासन चलाने की क्षमता हो.
"पाँच साल तक कोविड-19 और बाढ़ जैसी कई समस्याओं से जूझने के बावजूद और साथ ही केंद्र की बीजेपी सरकार की उपेक्षा का सामना करते हुए भी हमने लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ लागू कीं."
दरअसल विजय ने अपने भाषण में पिछली सरकार पर राज्य के ख़ज़ाने को खाली करने का आरोप लगया है.
अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन ने विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.
कमल हासन ने एक्स पर लिखा, "उम्मीद करता हूं कि टीवीके अध्यक्ष, माननीय मुख्यमंत्री मेरे भाई विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु राज्य चमके. यह नई ऊंचाइयों तक पहुंचे. मैं दिल से अपनी शुभकामनाएं देता हूं."
राज्य के 'ख़ाली ख़ज़ाने' पर विजय ने क्या कहा
शपथ ग्रहण करने के बाद विजय ने मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला भाषण दिया.
उन्होंने कहा, "मैं कोई फरिश्ता नहीं, मैं भी एक आम इंसान हूं. मैं झूठे वादे करके आपको धोखा नहीं दूंगा. मुझे पूरा भरोसा है कि करोड़ों लोगों के साथ होने से मैं हर चीज़ का ख्याल रख सकता हूं."
विजय ने अपने भाषण में आगे कहा, "पिछली सरकार ने ख़ज़ाना ख़ाली कर दिया और चली गई. वे ऐसा बोझ देकर गए, जिसे वे उठा नहीं सकते थे. ऐसी स्थिति में हमने यह ज़िम्मेदारी ली है. हमें तभी पता चलेगा जब हम अंदर जाकर देखेंगे."
विजय पहले भी द्रविड़ मॉडल के नाम पर धोखाधड़ी करने और "एक परिवार पर राज्य को लूटने" का आरोप लगा चुके हैं.
रविवार को अपने भाषण में उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमें एक श्वेत पत्र प्रकाशित करना चाहिए, जिसमें यह बताया जाए कि (राज्य के पास) क्या है और क्या नहीं. मुझे लगता है कि मुझे सबसे पहले यही करना चाहिए."
विजय ने कहा, "चाहे मुझे किसी ने भी परेशान किया हो, दोस्त हों या दुश्मन, राज्य के 8 करोड़ लोग मेरे अपने हैं. शिक्षा, राशन, दवा, पीने का पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर सबसे पहले ध्यान दिया जाएगा. मुझे लोगों के पैसे की जरूरत नहीं है."
"मैं किसी को भी, चाहे वो मेरी सरकार में ही क्यों न हो, इस विचार से पीछे हटने नहीं दूंगा. महिलाएं, किसान, सरकारी कर्मचारी, मछुआरे, सभी इस सरकार में सुरक्षित रहेंगे. यह सरकार हमेशा अल्पसंख्यक भाइयों के साथ खड़ी रहेगी. विजय हिंदू, ईसाई और मुसलमानों का चेहरा है."
'नई शुरुआत, नया युग'
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का परिणाम भी अन्य विधानसभाओं के नतीजों के साथ 4 मई को घोषित हुआ था. लेकिन राज्य में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलने की वजह से सरकार बनाने को लेकर रास्ता साफ़ नहीं हो रहा था.
कांग्रेस के समर्थन के बाद शनिवार शाम तक तमिलनाडु में सीपीआई और सीपीएम के बाद वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी टीवीके को समर्थन देने का एलान किया.
इसके बाद राज्यपाल से मुलाक़ात के दौरान विजय ने वीसीके और आईयूएमएल पार्टियों का समर्थन पत्र पेश किया था. विजय ने चुनाव परिणाम आने के बाद ही बहुमत के आधार पर सरकार बनाने का दावा किया था. लेकिन राज्यपाल की तरफ से उन्हें यह अवसर पहले नहीं दिया गया था.
विजय का पूरा नाम जोसेफ़ विजय चंद्रशेखर है. उनका जन्म 22 जून 1974 को चेन्नई में हुआ.
पिता एस.ए. चंद्रशेखर तमिल सिनेमा के जाने-माने निर्देशक रहे हैं और माँ शोभा एक गायिका थीं.
फ़िल्मी माहौल में पले-बढ़े विजय ने बहुत कम उम्र में ही अभिनय शुरू कर दिया था.
उनके पिता ने उन्हें 'वेट्री' फ़िल्म में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करने का मौक़ा दिया. बचपन से ही विजय ने तय कर लिया था कि उनका भविष्य सिनेमा में ही है.
लेकिन फ़रवरी 2024 में विजय ने राजनीति में औपचारिक रूप से क़दम रखा और अपनी पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (टीवीके) की घोषणा की.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.