You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, हंता वायरस के कारण क्रूज़ शिप में फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा

स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास खड़े हंता वायरस से प्रभावित एक क्रूज़ शिप से यात्रियों को निकालकर अब उनके देश वापस भेजा जा रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा और सौरभ यादव

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. हंता वायरस के कारण क्रूज़ शिप में फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा

    स्पेन के कैनरी द्वीप समूह के पास खड़े हंता वायरस से प्रभावित एक क्रूज़ शिप से यात्रियों को निकालकर अब उनके देश वापस भेजा जा रहा है.

    टेनेरिफ़ से मैड्रिड पहुंची एक चार्टर्ड फ़्लाइट में 14 स्पेनिश नागरिक सवार थे. अब उन्हें राजधानी मैड्रिड के एक सैन्य अस्पताल में अनिवार्य क्वारंटाइन में रहना होगा.

    टेनेरिफ़ में लोगों के विमान में चढ़ने से पहले कर्मचारियों ने लोगों को सफ़ेद हैज़मैट सूट पहनाए और हवाई अड्डे के टरमैक पर उन पर पानी का छिड़काव किया.

    एएफ़पी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, पांच फ्रांसीसी नागरिकों को वापस ला रहा एक विमान रविवार दोपहर पेरिस के उत्तर में स्थित एक हवाई अड्डे पर उतरा.

    नीदरलैंड्स जाने वाले एक विमान में 27 लोगों के सवार होने की उम्मीद है, जिसमें बेल्जियम, ग्रीस, जर्मनी और अर्जेंटीना के नागरिक शामिल हैं.

    तुर्की, ब्रिटिश, आयरिश और अमेरिकी नागरिकों के लिए भी रविवार को उड़ानों की योजना बनाई गई है.

    स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने कहा कि यह ऑपरेशन "सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है" और एमएस हॉन्ड्यूस पर सवार सभी यात्रियों में वायरस से प्रभावित होने के कोई लक्षण नहीं देखे गए थे.

  3. हिमंत बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण के बारे में सीएमओ कार्यालय ने दी ये जानकारी

    असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद हिमंत बिस्वा सरमा एक बार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं.

    असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जानकारी साझा की है.

    मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है, "हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को सुबह 11:40 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. यह कार्यक्रम गुवाहाटी के खानपारा में आयोजित होगा."

    इससे पहले रविवार को हिमंत बिस्वा सरमा को बीजेपी के विधायक दल का नेता चुना गया था.

    विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सह पर्यवेक्षक के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे थे.

    गौरतलब है कि असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 21 सीटें जीती हैं.

  4. दोहा के क़रीब जहाज़ पर हुए हमले को लेकर क़तर के विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    क़तर के जलक्षेत्र में राजधानी दोहा के नज़दीक एक मालवाहक जहाज़ पर हुए हमले को लेकर क़तर के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है और इस हमले की निंदा की है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया है, "क़तर उस ड्रोन हमले की कड़ी निंदा करता है जिसमें रविवार सुबह मेसाईद बंदरगाह के उत्तर-पूर्व में क़तर के जलक्षेत्र में यात्रा कर रहे एक मालवाहक जहाज़ को निशाना बनाया गया है."

    बयान में आगे कहा गया है, "इस हमले के कारण जहाज़ पर छोटी सी आग लग गई थी, हालांकि किसी के घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं है."

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने इस हमले को अंतरराष्ट्रीय क़ानून का घोर उल्लंघन बताया है. साथ ही इस हमले को एक ख़तरनाक और तनाव बढ़ाने वाला क़रार दिया है.

    इससे पहले फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी और ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने दावा किया था कि क़तर के पास एक अमेरिकी मालवाहक जहाज़ को निशाना बनाया है.

    दोनों न्यूज़ एजेंसियों ने यह दावा किया था कि जिस जहाज़ पर हमला किया गया उसका मालिकाना हक़ अमेरिका के पास है और वह अमेरिकी झंडे के तहत यात्रा कर रहा था.

  5. तमिलनाडु: उदयनिधि स्टालिन होंगे विपक्ष के नेता

    तमिलनाडु में टीवीके पार्टी के प्रमुख सी जोसेफ़ विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब डीएमके ने विपक्ष के नेता के नाम की घोषणा कर दी है.

    डीएमके की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज़ में कहा गया है, "पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन के नेतृत्व में डीएमके के विधायकों की एक बैठक हुई. यह बैठक 7 मई, 2026 को चेन्नई में हुई."

    "इस बैठक में उदयनिधि स्टालिन को डीएमके के विधायक दल का नेता, केएन नेहरू को उप नेता और एवी वेलू को व्हिप चुना गया है."

    इससे पहले आज सुबह दस बजे विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उन्होंने पिछली सरकारों पर सरकारी खजाने को खाली करने का आरोप लगाया.

    जिसके जवाब में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, ''शुरू में ही यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं. पैसे हैं. ज़रूरत तो बस लोगों तक उन्हें पहुंचाने की इच्छाशक्ति और शासन करने की क्षमता की है.''

  6. तमिलनाडु के सीएम विजय ने छोड़ी एक सीट, जानिए कहां से रहेंगे विधायक

    तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय ने विधानसभा चुनावों में दो सीटों से जीत दर्ज की थी. विजय ने मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने से पहले अपनी एक सीट से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    चुनावों में विजय ने पेरंबुर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत दर्ज की थी. विजय ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से इस्तीफ़ा दे दिया है, यानी वो अब पेरंबुर से विधायक रहेंगे.

    रविवार सुबह सचिवालय में टीवीके के नेताओं केए सेनगोट्टैयन और पी वेंकटरमणन ने विधानसभा के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासन से मुलाकत कर उन्हें इस्तीफ़ा सौंपा.

    रविवार सुबह दस बजे सी जोसेफ़ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. उनके साथ नौ लोगों ने मंत्री पद की शपथ ली है.

  7. ईरान का दावा क़तर के पास अमेरिकी जहाज़ को बनाया गया निशाना

    ईरानी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने एक ‘विश्वसनीय सूत्रों’ का हवाला देते हुए दावा किया है कि क़तर के तट के पास जिस मालवाहक जहाज़ को निशाना बनाया गया था, वह अमेरिकी था.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने भी सूत्रों के हवाले से कहा कि हमले में जिस मालवाहक जहाज़ को निशाना बनाया गया था, वह अमेरिकी मालिकाना हक़ वाला था और उस पर अमेरिकी झंडा लगा हुआ था.

    हालांकि, इस मामले में अभी तक अमेरिका की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    ब्रिटेन की 'मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस अथॉरिटी' ने इससे पहले बताया था कि क़तर की राजधानी दोहा से लगभग 43 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में एक जहाज़ पर "किसी अज्ञात तरह के प्रोजेक्टाइल" से हमला हुआ था, जिससे जहाज़ को मामूली नुक़सान पहुँचा और उसमें आग लगने की ख़बरें आईं, जिसे बाद में काबू कर लिया गया.

  8. गुजरात को लेकर तेलंगाना सीएम ने ऐसा क्या कहा जिसका पीएम मोदी ने दिया जवाब

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रविवार को हैदराबाद पहुंचे थे. जहां तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने गुजरात को लेकर एक बयान दिया जिसके बाद पीएम मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    कार्यक्रम में बोलते हुए तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा, “जब मनमोहन जी प्रधानमंत्री थे तब पीएम नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे. तब मोदी जी ने दस सालों में देश के लिए गुजरात मॉडल बनाया.”

    उन्होंने कहा, “आज तेलंगाना की चार करोड़ जनता भी वही उम्मीद लेकर चल रही है. आज जब मोदी जी प्रधानमंत्री हैं तब तेलंगाना की जनता मुझसे उम्मीद रख रही है कि मैं दस सालों में तेलंगाना मॉडल बनाकर साल 2034 तक एक ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाऊं.”

    इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैं रेवंत रेड्डी जी से कहूंगा कि 10 साल के शासन में भारत सरकार ने जितना गुजरात को दिया वो मैं आपको देने को तैयार हूं लेकिन मेरी जानकारी से मैं आपको बता देता हूं कि जैसे ही मैं ऐसा करूंगा आपको जो अभी मिल रहा है वो आधा हो जाएगा. आप जहां पहुंचना चाहते हैं, नहीं पहुंच पाएंगे. इसलिए अच्छा है कि मुझसे ही जोड़िए."

  9. यूपी में मंत्रिमंडल के विस्तार पर क्या बोले अखिलेश यादव

    उत्तर प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व वाली योगी सरकार के मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार किया गया. राज्य सरकार के मंत्रिमंडल में छह नए चेहरों को शामिल किया गया है.

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस मंत्रिमंडल के विस्तार पर प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “समय बिताने के लिए करना है कुछ काम. वैसे भी मंत्रिमंडल के विस्तार में तो इनका कोई काम है नहीं. उधर से पर्ची आएगी, यहां तो सिर्फ़ पढ़ी जाएगी. भाजपा राज में वैसे भी सीएम का मतलब बस यही रह गया है- कुरियर मैसेंजर."

    उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आठ नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जिनमें छह नए चेहरे हैं. इनमें दो को कैबिनेट मंत्री, दो को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और चार को राज्य मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई.

  10. माखनलाल सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर क्या कहा?

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण के दिन प्रधानमंत्री मोदी ने माखनलाल सरकार नाम के एक व्यक्ति के पैर छुए थे, जिसके बाद माखनलाल सरकार की ख़ूब चर्चा हो रही थी.

    अब माखनलाल सरकार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, "मोदी जी ने मेरे पैर छूने के बाद मुझे एक शॉल दी, गले लगाया."

    उन्होंने कहा, "नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सुना, उन्होंने मुझे सम्मान दिया है और मेरे काम को पहचान दी है. बड़े उमर के आदमी को प्रणाम करना हमारी संस्कृति है."

    माखनलाल सरकार ने कहा, "माखनलाल सरकार जैसे एक मामूली आदमी को मोदी जी ने उठाकर सबके सामने रखा है."

  11. कुवैत ने किया ड्रोन हमले का दावा, जानिए क्या बताया

    कुवैत का कहना है कि आज सुबह उस पर ड्रोन हमला किया गया.

    कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल अब्दुलअज़ीज़ अल-अतवान ने बताया कि रविवार तड़के "कुवैत के आसमान में कई दुश्मन ड्रोन देखे गए, और निर्देशों के अनुसार उनका जवाब दिया गया."

    इस बारे में और कोई जानकारी जारी नहीं की गई है. ईरान-अमेरिका युद्धविराम से पहले कुवैत ने कई बार ईरानी ड्रोन हमलों और उन्हें रोकने की जानकारी दी थी.

  12. विजय के मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले पूर्व सीएम स्टालिन

    सी जोसेफ़ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने उन्हें बधाई दी है.

    स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "मैं तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय को यह ज़िम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई देता हूं."

    उन्होंने कहा, "मैं उन घोषणाओं का भी स्वागत करता हूं, जिन पर उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही तत्काल हस्ताक्षर किए हैं."

    स्टालिन ने आगे कहा, "शुरू में ही यह कहना शुरू न करें कि सरकार के पास पैसे नहीं हैं. पैसे हैं. ज़रूरत तो बस लोगों तक उन्हें पहुंचाने की इच्छाशक्ति और शासन करने की क्षमता की है."

  13. पाकिस्तान: चरमपंथी हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या 15 हुई

    पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के बन्नू ज़िले में एक पुलिस चौकी पर हुए चरमपंथी हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है.

    बन्नू मेडिकल एंड टीचिंग इंस्टीट्यूट के प्रवक्ता नोमान ख़ान ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की. उनके अनुसार, मरने वाले सभी लोग पुलिसकर्मी थे.

    इसके अलावा, तीन घायलों को भी अस्पताल लाया गया, जिनकी हालत ख़तरे से बाहर बताई जा रही है.

    इससे पहले, बन्नू रेंज पुलिस अधिकारी सज्जाद ख़ान के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि फ़तेह खेल चौकी की इमारत के मलबे से 12 पुलिसकर्मियों के शव निकाले गए, जबकि तीन कर्मियों को मलबे से ज़िंदा बाहर निकाला गया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया था कि बन्नू शहर के बाहरी इलाक़े में बनी एक पुलिस चौकी से विस्फोटकों से भरी गाड़ी टकराई थी. एक सुरक्षा अधिकारी ने यह भी दावा किया कि धमाके के बाद चरमपंथी चौकी के अंदर घुसे और पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी की.

  14. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. यूपी: योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाओं के बीच अखिलेश यादव ने क्या कहा

    उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चाओं के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि आख़िरी 9 महीनों में मंत्री क्या कर लेंगे जब 9 साल तक सरकार ने कुछ नहीं किया.

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "यूपी के मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियाँ हैं, इससे ज़्यादा तो दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाज़ा जाएगा? क्या उनमें से सबसे कमज़ोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमज़ोरी कुछ कम हो जाए?"

    उन्होंने लिखा, "जिन वर्तमान मंत्रियों के विभाग कम किये जाएंगे तो क्या इससे जनता के बीच ये संदेश नहीं जाएगा कि वो नाकाम रहे, इसलिए उनसे मंत्रालय छीन लिया गया है? ऐसे मंत्री तो बिना लड़े ही क्या अपना चुनाव हार नहीं जाएंगे?"

    अखिलेश यादव ने इससे पहले भी एक एक्स पोस्ट में लिखा, "सुना है यूपी में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूं कहें कि मुख्यमंत्री जी की शक्ति का ‘कटाव छटाव’ हो रहा है. जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ ले. हमारी मांग है कि यूपी के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए."

    उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के जन भवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाक़ात की. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सूत्रों का कहना है कि रविवार को कैबिनेट विस्तार होने की संभावना है.

  16. तमिलनाडु: सी जोसेफ़ विजय के सीएम बनने पर श्रीलंका के राष्ट्रपति ने की ये टिप्पणी

    श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने सी. जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है.

    राष्ट्रपति दिसानायके ने विजय के सीएम पद की शपथ लेने के बाद कहा कि मिलकर तरक़्क़ी और ख़ुशहाली हासिल करने की दिशा में बढ़ेंगे.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. श्रीलंका और तमिलनाडु इतिहास, संस्कृति, कारोबार और पीढ़ियों से चले आ रहे लोगों के रिश्तों से जुड़े हुए हैं. हमारा भविष्य बहुत बड़े आर्थिक अवसर और संभावनाएं लेकर आया है, क्योंकि श्रीलंका और भारत मज़बूत साझेदारी बना रहे हैं."

    अनुरा कुमार दिसानायके ने लिखा, "मैं भारत-श्रीलंका की मज़बूत साझेदारी में मिलकर काम करने की उम्मीद करता हूं, ताकि और ज़्यादा तरक़्क़ी के साथ ख़ुशहाली हासिल हो सके. मैं और श्रीलंका के लोग आपको और तमिलनाडु की जनता को हर सफलता की शुभकामनाएं देते हैं."

    तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ली थी. उन्हें कांग्रेस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों से समर्थन मिला है.

  17. राहुल गांधी ने विजय के सीएम बनने के बाद क्या कहा?

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर शुभकामनाएं दी हैं.

    राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "तमिलनाडु ने एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज़, एक नई सोच को चुन लिया है. विजय को मेरी शुभकामनाएं. वे तमिलनाडु के लोगों की उम्मीदों को पूरा करें."

    जोसेफ़ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मौजूद रहे.

    गौरतलब है कि विजय की पार्टी के पास बहुमत नहीं था, जिसके बाद कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) से गठबंध तोड़ अपने 5 विधायकों के साथ टीवीके को समर्थन दिया था.

  18. विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ के नोटिस के बाद दी ये प्रतिक्रिया

    भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) ने पहलवान विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियम तोड़ने का आरोप लगाते हुए नोटिस भेजा है. इसके बाद विनेश फोगाट ने प्रतिक्रिया दी है.

    विनेश फोगाट ने शनिवार को एक एक्स पोस्ट में शायरी लिखी, "ज़िंदगी फंसी है, किसी मझधार में, ज़माना ढूंढता है ख़ामी मेरे किरदार में... ज़िंदगी, तेरा सर सदा बुलंद रखा है, झुकाने की ताक़त नहीं किसी तलवार में."

    पीटीआई के मुताबिक़, डब्ल्यूएफ़आई ने कहा था कि विनेश ने वह ज़रूरी छह महीने का नोटिस पूरा नहीं किया, जो खिलाड़ियों को रिटायरमेंट से वापसी करने पर एंटी-डोपिंग नियमों के तहत देना होता है.

    इसके बाद डब्ल्यूएफ़आई ने यह भी कहा कि विनेश फोगाट 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए अयोग्य रहेंगी.

    गौरतलब है कि विनेश फोगाट गोंडा में शुरू हो रहे नेशनल ओपन रैंकिंग इवेंट में खेलने की तैयारी कर रही थीं.

  19. असम: हिमंत बिस्वा सरमा बने बीजेपी विधायक दल के नेता

    असम में हिमंत बिस्वा सरमा को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है.

    हिमंत बिस्वा सरमा 12 मई को असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

    विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सह पर्यवेक्षक के तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को गुवाहाटी पहुंचे.

    गौरतलब है कि असम में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 21 सीटें जीती हैं.

  20. तमिलनाडु: विजय के सीएम पद की शपथ लेने के बाद पीएम मोदी ने ये कहा

    तमिलगा वेत्री कड़ग़म (टीवीके) प्रमुख सी. जोसेफ़ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ले ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सी. जोसेफ़ विजय को बधाई. उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं."

    उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर लोगों की ज़िंदगी बेहतर बनाने के लिए काम करती रहेगी."

    गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 234 में से 108 सीटें जीती हैं. कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के समर्थन से उन्होंने बहुमत हासिल किया है.