भाई प्रतीक यादव की मौत पर ये बोले अखिलेश यादव, डॉक्टर ने क्या बताया?

सारांश
  • दिवंगत मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की मौत
  • मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे
  • प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष
  • डॉक्टरों के मुताबिक़ बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए
  • मौत की वजह फ़िलहाल साफ़ नहीं
  • अखिलेश यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल यादव समेत कई लोगों ने दी श्रद्धांजलि
    • Author, सैयद मोज़िज़ इमाम
    • पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 3 मिनट

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार को मौत हो गई है.

परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने की वजह से प्रतीक यादव को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव के पति थे. वह यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था.

प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

32 साल की अपर्णा बिष्ट 2011 में मुलायम परिवार की पुत्रवधू बनीं.

अपर्णा और प्रतीक का विवाह प्रेम विवाह था और दोनों के बीच स्कूली दिनों में ही प्रेम हो गया था. बाद में दोनों ने इंग्लैंड में साथ-साथ पढ़ाई की.

प्रतीक यादव व्यवसायी और फिटनेस फ्रीक थे.

अधिकारियों ने बताया कि प्रतीक यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है.

सिविल अस्पताल के चीफ़ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर देवेश चंद्र पांडेय ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "उन्हें सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर मृत अवस्था में लाया गया था. पुलिस को सूचना दे दी गई. उसके बाद पुलिस ने बॉडी का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. उसके बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा."

केजीएमयू के प्रवक्ता डॉक्टर केके सिंह ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "पोस्टमॉर्टम हो गया है. पोस्टमॉर्टम करने वाली टीम में दो डॉक्टर केजीएमयू और चार सीएमओ के यहां से आए थे. बिसरा सुरक्षित रखा गया है. "

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दोपहर 1.30 बजे प्रतीक का विक्रमादित्य मार्ग के जाया जायेगा.

सीएम और अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव की मौत पर शोक व्यक्त किया है.

आदित्यनाथ ने एक्स हैंडल पर शोक संदेश में लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं."

वहीं अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, "श्री प्रतीक यादव का निधन हिला देने वाली ख़बर है. भगवान उन्हें शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि."

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं प्रतीक को बचपन से जानता था. आज वह हमारे बीच नहीं रहा. हम इस घटना से बेहद दुखी हैं... वह जीवन में आगे बढ़ना और काम करना चाहता था. यह बेहद दुखद है कि आज वह हमारे साथ नहीं है. हम कानून और परिवार के सदस्यों की जो भी बात होगी, उसका पालन करेंगे. हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे."

उन्होंने कहा, " कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात हुई थी उससे. तब भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उसे कई बार आदमी बहुत टूट जाता है. वह हमारे बीच नहीं है परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे."

समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी अपने एक्स हैंडल पर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएँ हैं."

उन्होंने लिखा, "ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.