You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, सीबीएसई ने जारी किया 12वीं कक्षा का रिज़ल्ट, यहां चेक करें नतीजे

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा का रिज़ल्ट जारी कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. सीबीएसई ने जारी किया 12वीं कक्षा का रिज़ल्ट, यहां चेक करें नतीजे

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा का रिज़ल्ट जारी कर दिया है.

    सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in और cbseresults.nic.in पर जाकर 12वीं कक्षा का रिज़ल्ट चेक किया जा सकता है.

    यहां पर स्टूडेंट्स अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी डालकर रिज़ल्ट देख सकते हैं.

    उमंग ऐप और डिजिलॉकर पर भी नतीजों का लिंक जारी कर दिया गया है.

    इस साल सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा फ़रवरी से अप्रैल 2026 के बीच भारत और दूसरे कई देशों में हज़ारों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी.

    विज्ञान, कॉमर्स और ह्यूमैनिटीज़ स्ट्रीम के लाखों छात्रों ने इन वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं में हिस्सा लिया.

  2. क्या पाकिस्तान के रोल पर अमेरिका करेगा पुनर्विचार, इस सवाल के जवाब में क्या बोले ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका-ईरान के बीच पाकिस्तान ने मध्यस्थ के तौर पर बहुत अच्छा काम किया है.

    राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया है जो अमेरिकी चैनल सीबीएस न्यूज़ ने छापी थी.

    रिपोर्ट में दावा किया गया, "पाकिस्तान ने ईरानी जहाज़ों को अपने एयरबेस पर रखा ताकि उन्हें संभावित अमेरिकी हमलों से बचाया जा सके."

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने इसे 'गुमराह' करने वाली 'सनसनीख़ेज़ रिपोर्टिंग करार' दिया था.

    इसके बाद चीन के दौरे पर जा रहे डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह पाकिस्तान की मध्यस्थता की भूमिका पर पुनर्विचार कर रहे हैं?

    इस पर जवाब देते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "नहीं. मुझे लगता है कि वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. मुझे लगता है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल और प्रधानमंत्री दोनों ने बहुत अच्छा काम किया है."

  3. तमिलनाडु: सीएम विजय ने विधानसभा में बहुमत साबित किया, पक्ष में इतने वोट पड़े

    तमिलनाडु में बुधवार को तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार ने विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया है.

    मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय की सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने वोट किया. 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है.

    बीबीसी तमिल के मुताबिक़, पहले मुख्यमंत्री विजय ने प्रस्ताव रखा, फिर सभी दलों के विधायकों ने इस पर अपनी बात रखी.

    इसके बाद डिवीजन बेंच सिस्टम से वोटिंग हुई. इसमें 144 विधायकों ने मुख्यमंत्री विजय की सरकार के पक्ष में वोट किए.

    डीएमके के वॉकआउट करने के बाद सदन में मौजूद सदस्यों में से 22 ने विरोध में वोट किया.

  4. अखिलेश के भाई प्रतीक यादव की मौत पर डीसीपी ने क्या बताया?

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार को मौत हो गई है. इस पर लखनऊ के डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर का बयान आया है.

    डीसीपी विक्रांत वीर ने मीडिया से कहा, "प्रतीक यादव को मृत अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया था. उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है."

    इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी पैसों का नुक़सान या कारोबार में रुकावट लोगों को दुखी कर देता है.

    उन्होंने कहा, "मैं प्रतीक को बचपन से जानता था. आज वह हमारे बीच नहीं रहा. हम इस घटना से बेहद दुखी हैं... वह जीवन में आगे बढ़ना और काम करना चाहता था. यह बेहद दुखद है कि आज वह हमारे साथ नहीं है. हम क़ानून और परिवार के सदस्यों की जो भी बात होगी, उसका पालन करेंगे. हम क़ानूनी रास्ता अपनाएंगे."

    राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कांग्रेस नेता अजय राय, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेताओं ने प्रतीक की मौत पर शोक व्यक्त किया है.

  5. सरकार के इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने से एमसीएक्स पर सोने का भाव 1.62 लाख पार

    भारत सरकार ने बुधवार को सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है.

    इसके बाद मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने की क़ीमतें 6% बढ़कर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गईं.

    वहीं, चांदी की क़ीमतें भी तकरीबन 6% बढ़कर 2.95 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गईं.

    सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का फ़ैसला इसलिए लिया है ताकि कीमती धातुओं की विदेशों से ख़रीद को कम हो और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटे.

    सरकार ने सोने और चांदी के आयात पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% कृषि इंफ़्रास्ट्रक्चर और डेवलपमेंट सेस लगाया है, जिससे प्रभावी आयात कर 6% से बढ़कर 15% हो गया है.

    उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की थी कि वे कम से कम एक साल तक सोने के गहने न ख़रीदें.

  6. प्रतीक यादव की मौत पर समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की मौत हो गई है.

    इस पर अब समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया आई है.

    शिवपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रतीक का निधन अत्यंत दुःखद है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि."

    वहीं, परिवार के क़रीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत ख़राब होने की वजह से प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

    प्रतीक यादव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता अपर्णा यादव के पति थे. वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हुआ था.

  7. अखिलेश यादव के भाई प्रतीक की मौत पर यूपी के डिप्टी सीएम की प्रतिक्रिया आई

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की मौतपर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दुख जताया है.

    केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएँ हैं."

    उन्होंने लिखा, "ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें."

    गौरतलब है कि प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव बीजेपी की नेता हैं और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं.

  8. अखिलेश यादव ने अपने भाई के मौत पर क्या कहा?

    समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने भाई प्रतीक यादव की मौत पर दुख जताया है.

    अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि!"

    अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैंने हमेशा उसे कहा कि अपनी सेहत का ध्यान रखे और अपने कारोबार को आगे बढ़ाए. कभी-कभी पैसों का नुकसान या कारोबार में रुकावट लोगों को बहुत परेशान कर देती है. अब वह हमारे बीच नहीं है. हम कानून के हिसाब से जो रास्ता है, उसी को अपनाएंगे."

    इससे पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने एक्स हैंडल पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, "श्री प्रतीक यादव जी का निधन ह्रदय विदारक है. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे. विनम्र श्रद्धांजलि."

    दरअसल, प्रतीक यादव की मौत बुधवार को हुई. परिवार के क़रीबी लोगों ने बताया कि अचानक तबीयत ख़राब होने की वजह से प्रतीक को लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल लाया गया था.

  9. तमिलनाडु: विधानसभा में बहुमत परीक्षण आज, सीएम विजय को किनका समर्थन

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) चीफ़ सी जोसेफ़ विजय आज विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे.

    दरअसल, 234 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए विजय को 118 विधायकों के समर्थन की ज़रूरत है.

    टीवीके के अपने 108 विधायक हैं, जबकि उन्हें कांग्रेस, वीसीके, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और वाम दलों का समर्थन हासिल है. इनके विधायकों की कुल संख्या 13 है.

    वहीं, मंगलवार को ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (एआईएडीएमके) के एक गुट ने विजय को समर्थन देने की बात कही थी.

    चेन्नई के एमआरसी नगर में एआईएडीएमके नेता सीवी शनमुगम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया था कि बैठक में प्रस्ताव पास किया गया और मुख्यमंत्री विजय की सरकार को समर्थन देने का फ़ैसला लिया गया.

    हालांकि, इस बीच एआईएडीएमके ने पार्टी के सभी 47 विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है.

  10. इन देशों ने पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशों का किया समर्थन

    क़तर और तुर्की ने पाकिस्तान की उन कोशिशों का समर्थन किया है, जो ईरान युद्ध को ख़त्म करने के लिए की जा रही हैं.

    क़तर के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "क़तर और तुर्की मिलकर पाकिस्तान की कोशिशों का समर्थन करते हैं, जिनका मक़सद युद्धविराम समझौते तक पहुंचना, इस युद्ध को जल्द से जल्द ख़त्म करना और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलकर समुद्री यातायात को सामान्य करना है."

    यह बयान मंगलवार को दोहा में हुई बैठक के बाद आया. बैठक में क़तर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी और तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फ़िदान शामिल हुए.

    बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में क़तर और तुर्की ने चेतावनी दी कि अगर क्षेत्र में फिर से सैन्य कार्रवाई शुरू होती है तो इसका गंभीर असर वैश्विक सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा.

    ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान मध्यस्थता के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. दोनों देशों के बीच इस्लामबाद में वार्ता भी हुई थी, लेकिन यह बेनतीजा रही थी.

  11. राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर की सिलेक्शन प्रक्रिया पर जताई असहमति, कहा- 'मैं रबर स्टैम्प नहीं हूं'

    लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पीएम आवास पर हुई मीटिंग में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) केनए डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया पर असहमति जताई है. इसको लेकर राहुल गांधी नेप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पत्र साझा किया. इसमें लिखा है, "आपकी सरकार ने बार-बार सीबीआई का ग़लत इस्तेमाल किया है. यह संस्था भारत की सबसे बड़ी जांच एजेंसी है, लेकिन इसे राजनीतिक विरोधियों, पत्रकारों और आलोचकों को निशाना बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया. इसी वजह से चयन समिति में विपक्ष के नेता को शामिल किया जाता है, ताकि संस्था पर क़ब्ज़ा न हो सके. अफ़सोस है कि आपने मुझे इस प्रक्रिया में कोई असली भूमिका नहीं दी."

    "कई बार लिखित अनुरोध करने के बावजूद मुझे योग्य उम्मीदवारों की रिपोर्ट नहीं दी गई. इसके बजाय मुझे समिति की बैठक में पहली बार उन 69 उम्मीदवारों की रिपोर्ट देखने के लिए कहा गया. 360-डिग्री रिपोर्ट तो मुझे सीधे ही देने से मना कर दिया गया. इन रिपोर्टों की गहराई से समीक्षा करना ज़रूरी है, ताकि हर उम्मीदवार के काम और बैकग्राउंड को समझा जा सके."

    उन्होंने लिखा, "चयन समिति को ज़रूरी जानकारी न देकर सरकार ने इसे सिर्फ़ औपचारिकता बना दिया है. विपक्ष का नेता कोई "रबर स्टैम्प" नहीं है. मैं अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारी छोड़कर इस पक्षपाती प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन सकता."

    गौरतलब है कि पीएम आवास पर हुई बैठक में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और राहुल गांधी शामिल हुए थे. बता दें कि मौजूदा सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण सूद का कार्यकाल 24 मई को ख़त्म होने वाला है.

  12. डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान युद्ध ख़त्म करने के लिए चीन की ज़रूरत नहीं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं. इससे ठीक पहले उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए चीन की मदद की ज़रूरत नहीं है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि वह चीन दौरे पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग से विस्तार से बातचीत करेंगे.

    ट्रंप ने कहा, “हमारे पास बात करने के लिए बहुत सारी चीज़ें हैं. सच कहूं तो, ईरान हमारे एजेंडे में नहीं है, क्योंकि ईरान पहले से ही हमारे नियंत्रण में है.”

    उन्होंने ईरान के लिए चेतावनी भरे शब्दों में कहा, “या तो हम समझौते पर पहुंचेंगे या फिर वे (ईरान) तबाह हो जाएंगे.”

    गौरतलब है कि चीन के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे.

    यह लगभग नौ साल बाद किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन यात्रा होगी. ट्रंप की यह यात्रा मार्च में होनी थी, लेकिन मध्य पूर्व में चल रहे तनाव की वजह से टाल दी गई थी.