जज के सामने 'नंगे' पेश होंगे अभियुक्त..

न्यूड
इमेज कैप्शन, स्टीफन गौफ को पिछले 6 सालों से शांति भंग करने का आरोप में कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है.
प्रकाशित

ब्रिटिश पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को दोबारा गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया है जिसे पूरे ब्रिटेन में 'नंगे घुमकक्ड़' के तौर पर जाना जाता है.

स्टीफन गौफ नाम के इस व्यक्ति पर शांति भंग करने करने का आरोप है. स्टीफन ने अपनी हरकतों से स्कॉटलैंड के अधिकारियों के लिए अजीब सी उलझन पैदा कर दी थी.

पिछले 10 सालों में ऐसे दो मौके आए हैं जब नौसेना के पूर्व कर्मचारी रह चुके स्टीफन गौफ पूरी तरह से नग्न अवस्था में झोला लटकाए सिर्फ एक बूट पहन कर ब्रिटेन की सड़कों पर घूमते हुए पकड़े जा चुके हैं.

वर्ष 2006 में स्कॉटलैंड में ऐसी ही एक घटना के दौरान उन्हें शांति भंग करने के आरोप में जेल भेज दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद वे कपड़े पहनने को तैयार नहीं हुए.

इस घटना के बाद भी स्टीफन को कई बार नंगी हालत में गिरफ्तार किया गया लेकिन उन्होंने हर बार कपड़े पहनने से इंकार कर दिया जिस कारण उन्हें जेल से छोड़ने के बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया जाता था.

छह साल का सफर

स्टीफन गौफ के नंगी हालत में घूमने, उन्हें गिरफ्तार और फिर रिहा करने का ये क्रम पिछले छह सालों से लगातार जारी है. गौफ के अनुसार उनकी ये हरकत बेवजह नहीं है बल्कि इस तरह से वो किसी महत्वपूर्ण बात की तरफ सबका ध्यान खींचना चाहते हैं.

स्कॉटलैंड पुलिस ने बीते मंगलवार को स्टीफन गौफ की नग्नता को नज़रअंदाज़ करते हुए एक बार फिर से उन्हें छोड़ दिया था.

स्टीफन गौफ के वकील जॉन गुड का कहना है कि स्कॉटलैंड के जेल में बिताए गए छह साल के एकांत कारावास के कारण 'नग्नता' को लेकर स्टीफन गौफ की सोच में काफी महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं.

लेकिन छोड़े जाने के कुछ ही दिनों के बाद पुलिस के पास गौफ के खिलाफ लोगों की इतनी शिकायतें आईं कि उन्हें उनको फिर से गिरफ्तार करना पड़ा.

इतना की सोमवार को अदालत में जज के सामने पेश होने के दौरान भी स्टीफन पूरी तरह से नंगे होंगे.

पर्थ जेल के बाहर बात करते हुए, स्टीफन ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे अपनी आदतों को बदलने नहीं जा रहे हैं.

उनके अनुसार, ''दूसरों के मन मुताबिक खुद को बदलना बेहद आसान होता है लेकिन अपनी सोच और सिद्धांतों के साथ समझौता करना बेहद कठिन है.''

वो आगे कहते हैं, ''मैं किसी भी हालत में हार नहीं मानने वाला हूं, मेरे जीवन का मंत्र हीं है बिना कपड़ों के रहना.''