जिनपिंग और ट्रंप के साथ ऐतिहासिक बातचीत पुतिन के लिए क्यों एक बड़ी जीत

चीन में रेड कारपेट पर चलते पुतिन
इमेज कैप्शन, यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले शुरू करने के बाद पुतिन दुनिया में अलग-थलग पड़ गए थे, लेकिन अब फिर से वो वैश्विक मंच पर मज़बूती से लौट आए हैं
    • Author, स्टीव रोज़ेनबर्ग
    • पदनाम, बीबीसी रशिया एडिटर, शेनझेन
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 5 मिनट

यह बैठक अभी हुई भी नहीं है. लेकिन व्लादिमीर पुतिन, डोनाल्ड ट्रंप और शी जिनपिंग की गुरुवार को होने वाली छोटी शिखर बैठक को क्रेमलिन की जीत के तौर पर देखा जा रहा है.

भले ही बैठक का नतीजा चाहे जो भी हो.

ज़रा 2022 के बारे में सोचिए. यूक्रेन पर रूस के बड़े पैमाने पर हमले के बाद राष्ट्रपति पुतिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गए थे.

पश्चिमी देशों के नेता यूक्रेन युद्ध को लेकर पुतिन और रूस का बायकॉट करने पर आमादा थे.

2026 आते-आते व्लादिमीर पुतिन ने शेनझेन में एक ऐतिहासिक बैठक तय कर ली है. इतिहास में पहली बार चीन, रूस और अमेरिका के नेता सिर्फ़ तीनों के बीच बातचीत के लिए एक साथ बैठेंगे.

इससे पुतिन ठीक उसी जगह पहुंच जाएंगे, जहां वे पहुंचना चाहते हैं. वैश्विक राजनीति की सबसे बड़ी मेज़ पर. दुनिया की दो बड़ी ताक़तों के नेताओं के साथ.

इससे उन्हें यह दावा करने का मौक़ा मिलेगा कि रूस पर पश्चिमी देशों का दबाव नाकाम रहा है.

18 नवंबर, 2026: चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के स्वागत समारोह से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बाएं) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हाथ मिलाते हुए, इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी मौजूद रहे
इमेज कैप्शन, 18 नवंबर, 2026: चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के स्वागत समारोह से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बाएं) रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हाथ मिलाते हुए, इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी मौजूद रहे

पुतिन ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग संगठन (एपीईसी) के एक बिज़नेस फ़ोरम में कहा, "रूस को अलग-थलग करने की नाकाम कोशिशें हुईं. रूस पर प्रतिबंधों का ऐसा दबाव डाला गया, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया."

इसके बाद उनकी मुलाक़ात शी जिनपिंग से हुई.

लेकिन रूस का कहना है कि शेनझेन में होने वाला सबसे बड़ा कार्यक्रम शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के साथ पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक होगी.

इससे पुतिन को एक वैश्विक नेता के तौर पर अपनी छवि पेश करने का मौक़ा मिलेगा. भले ही रूसी सेना यूक्रेन के कस्बों और शहरों पर लगातार हमले कर रही हो और क्रेमलिन बिना किसी शर्त के व्यापक युद्धविराम के विचार को ख़ारिज कर रहा हो.

एक छोटी-सी बैठक से दुनिया की तस्वीर बदलने की संभावना कम है. लेकिन यहां सबसे अहम है कि इस बैठक को दुनिया कैसे देखती है. इसकी तस्वीर, इसका फ़ोटो ऑप, तीन नेता, तीन बड़ी ताक़तें और बड़े मुद्दों पर बातचीत.

एक तरह से व्लादिमीर पुतिन इस बैठक के ज़रिए दुनिया को छुट्टियों का पोस्टकार्ड भेजेंगे. उस पर 'काश, आप भी यहां होते' लिखने के बजाय वे लिखेंगे, 'देखिए, मैं यहां हूं.'

यूरोप की चिंता

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने पुतिन-ट्रंप-शी की बैठक को लेकर चिंता जताई है
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

लेकिन उन लोगों का क्या, जिन्हें इस बैठक में जगह नहीं मिली?

यूरोपीय देशों के नेताओं और ख़ासकर यूक्रेन में इस बात को लेकर चिंता है कि तीनों नेताओं की यह बैठक सिर्फ़ एक अच्छी तस्वीर तक सीमित नहीं रहेगी. उन्हें डर है कि इससे कुछ ऐसे फ़ैसले भी हो सकते हैं, जो यूक्रेन के हित में नहीं होंगे.

डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि शेनझेन में वे अपने 'पसंदीदा मुद्दे' यानी यूक्रेन युद्ध पर चर्चा करना चाहते हैं. क्रेमलिन को शायद यह मौक़ा अच्छा लगेगा कि वह यूक्रेन के अधिकारियों या यूरोपीय नेताओं की गैरमौजूदगी में ट्रंप और शी के सामने अपना पक्ष रख सके.

पिछले महीने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने चिंता जताई थी कि पुतिन-ट्रंप-शी की यह बैठक 1945 के याल्टा सम्मेलन जैसी हो सकती है.

उस सम्मेलन में सोवियत संघ, ब्रिटेन और अमेरिका के नेताओं- जोसेफ़ स्टालिन, विंस्टन चर्चिल और फ़्रैंकलिन डी रूज़वेल्ट, ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप की नई व्यवस्था तय करने के लिए मुलाक़ात की थी.

ज़ेलेंस्की ने कहा था, "हम बिल्कुल नहीं चाहते कि यह बैठक 'याल्टा 2, 3, 4' बन जाए और दुनिया में प्रभाव के क्षेत्रों का फिर से बंटवारा होने लगे."

यह साफ़ नहीं है कि चीन शेनझेन में यूक्रेन युद्ध को बातचीत के एजेंडे में शामिल करना चाहेगा या नहीं.

इस आगामी त्रिपक्षीय बैठक पर चीन के आधिकारिक बयानों में यूक्रेन युद्ध के बजाय आम तौर पर "दुनिया में शांति बनाए रखने और रणनीतिक स्थिरता को बढ़ावा देने" की ज़रूरत पर ज़ोर दिया गया है.

शेनझेन में रूस इस बैठक की तस्वीर और उससे मिलने वाले संदेश का पूरा फ़ायदा उठाने की कोशिश करेगा. लेकिन कूटनीतिक जीत और सैन्य जीत एक जैसी नहीं होतीं.

राष्ट्रपति पुतिन के तथाकथित 'विशेष सैन्य अभियान' शुरू करने के क़रीब पांच साल बाद भी रूस यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध जीतने के लिए संघर्ष कर रहा है.

इस दौरान उसे युद्ध के मैदान में भारी नुक़सान उठाना पड़ा है.

शिखर बैठक से ठीक पहले यूक्रेन ने रूस को क्राइमिया प्रायद्वीप से जोड़ने वाले पुल पर हमला किया. इससे रूस की प्रतिष्ठा को झटका लगा. रूस ने यूक्रेन से क्राइमिया पर क़ब्ज़ा करने के बाद अरबों डॉलर ख़र्च करके यह पुल बनाया था. हमले में पुल का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

यह नुक़सान सिर्फ़ रूसी अधिकारियों के लिए आवाजाही से जुड़ी परेशानी नहीं है.

यह याद दिलाता है कि क्रेमलिन का तथाकथित 'विशेष सैन्य अभियान' उसकी योजना के मुताबिक़ बिल्कुल नहीं चला है.

शेनझेन में होने वाली बैठक व्लादिमीर पुतिन को बड़ा मंच और दुनिया का ध्यान ज़रूर दिला सकती है.

लेकिन इससे यह ज़रूरी नहीं कि वे युद्ध जीतने के क़रीब पहुंच जाएं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.