धोनी के आईपीएल से रिटायरमेंट पर क्या बोले पाकिस्तानी और दूसरे विदेशी क्रिकेटर

धोनी
इमेज कैप्शन, लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े रहे महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से बतौर क्रिकेटर रिटायरमेंट ले लिया है
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 7 मिनट

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल से रिटायर हो गए लेकिन जिस चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम को खड़ा करने में उनकी भूमिका को अहम माना जाता है उसमें उन्हें नई ज़िम्मेदारी दी गई है.

सीएसके ने मंगलवार को अपने आधिकारिक बयान में कहा, "महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटोर की भूमिका निभाएंगे!... चेन्नई हमेशा उनका अपना घर रहेगा."

आईपीएल को विदा कहने के साथ ही अब प्रतियोगी क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट से बतौर क्रिकेटर धोनी पूरी तरह रिटायर हो गए हैं. इस पर भारत के अलावा पाकिस्तान और दूसरे देशों में भी काफ़ी चर्चा हो रही है.

क्रिकेटर और कमेंटेटर धोनी की सफल कप्तानी और उनके शानदार करियर की तारीफ़ कर रहे हैं और उनको अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए एक प्रेरणा स्रोत बता रहे हैं.

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई को ट्रॉफ़ियों से कहीं ज्यादा दिया.

पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने उम्मीद जताई कि धोनी का अनुभव और ज्ञान क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा.

क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के रिश्ते को एक दौर का अंत बताते हुए कहा कि धोनी और सीएसके एक-दूसरे के लिए ही बने थे.

पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ राशिद लतीफ़ का मानना है कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान का प्रभाव 'सिर्फ़ फ़्रेंचाइज़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को भी इसका फ़ायदा मिल सकता है.'

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर राशिद लतीफ़ ने क्या कहा

राशिद लतीफ़

पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ राशिद लतीफ़ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "उन्होंने एक सफल कप्तान के तौर पर अपनी पहचान बनाई. पीली जर्सी में नंबर 7 काफ़ी मशहूर रहा है."

"अब भले ही वह मैदान पर नज़र नहीं आएंगे, लेकिन मुझे लगता है कि चेपॉक स्टेडियम का माहौल वैसा ही रहेगा, जैसा उनके खेलने के दौरान हुआ करता था. हालांकि, मेंटोर के तौर पर उनकी मौजूदगी आने वाली पीढ़ी के लिए फ़ायदेमंद होगी."

राशिद लतीफ़ ने कहा, "उन्होंने 15 साल तक भारतीय क्रिकेट पर दबदबा बनाए रखा. सीएसके के खिलाड़ी के तौर पर भी उन्होंने कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया, जो आगे चलकर बड़े खिलाड़ी बने."

अकमल ने कहा- ज़बरदस्त क्रिकेटर और ज़बरदस्त इंसान

कामरान अकमल धोनी के बारे में
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर कामरान अकमल ने कराची में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार रशीद शकूर से बात करते हुए धोनी को 'ज़बरदस्त क्रिकेटर, ज़बरदस्त लीडर और ज़बरदस्त इंसान' बताया.

अकमल ने कहा, "वह न सिर्फ़ बेहतरीन क्रिकेटर हैं, बल्कि एक जेंटलमैन और ज़मीन से जुड़े इंसान भी हैं. वह सबका सम्मान करते हैं."

अकमल ने कहा, "ऐसे बहुत कम क्रिकेटर होते हैं जो खेल का स्तर ऊपर ले जाते हैं. एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने कई बार अपनी टीम को जीत दिलाई है. एक लीडर के तौर पर वह भारत के ऑल टाइम ग्रेट खिलाड़ियों में से एक हैं."

उन्होंने कहा, "कपिल देव और सौरव गांगुली भी अच्छे कप्तान थे. गांगुली ने बहुत अच्छी टीम बनाई थी और धोनी ने उस टीम को आगे बढ़ाया."

धोनी के संन्यास पर अकमल ने कहा कि हर खिलाड़ी को एक दिन खेल छोड़ना होता है. धोनी इतने लंबे समय तक अपनी फिटनेस, खेल के प्रति भूख और जुनून की वजह से खेलते रहे.

अकमल ने कहा कि धोनी ने आईपीएल को बहुत लोकप्रिय बनाया. भारत में वह जहां भी जाते थे, उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन मिलता था.

धोनी के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए अकमल ने कहा, "हम कई बार साथ खेले हैं. वह हमेशा बहुत अच्छे से पेश आते थे. मैदान पर माहौल चाहे जैसा भी हो, मैदान के बाहर वह हमेशा अच्छे रहते थे. होटल में हमारी गपशप भी होती थी."

उन्होंने कहा कि अब ऐसी चीज़ें देखने को नहीं मिलेंगी. ऐसे लीडर बहुत कम पैदा होते हैं.

अकमल ने धोनी को उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा, "मेरी तरफ़ से धोनी को ऑल द बेस्ट. उनकी नई इनिंग्स के लिए बेस्ट ऑफ़ लक."

उन्होंने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ धोनी के प्रदर्शन की भी तारीफ़ की. अकमल ने कहा, "धोनी विकेटकीपिंग और बल्लेबाज़ी दोनों में शानदार थे. वह हमेशा अपने काम से काम रखते थे. उन्होंने कभी कोई शरारत नहीं की और न ही किसी को छेड़ा, जैसा कि दूसरे विकेटकीपर अक्सर करते हैं."

पीटरसन और गुरबाज़ क्या बोले?

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन और एम एस धोनी (फ़ाइल फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने मज़ाकिया लहज़े में धोनी के लिए लिखा, 'अगर आपको अपने कॉन्ट्रैक्ट तय करने में कोई मदद चाहिए तो मुझे बताइएगा.' (फ़ाइल फ़ोटो)

अफ़गानिस्तान के क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज़ ने इंस्टाग्राम पर धोनी के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "आपके बिना क्रिकेट की कल्पना करना मुश्किल है. मैंने आपको खेलते हुए देखकर क्रिकेट को समझना शुरू किया. मैंने आपके नेतृत्व करने के अंदाज़, दबाव के समय आपके शांत रहने और अपने प्रदर्शन से जवाब देने के तरीक़े से बहुत कुछ सीखा. दुनिया भर के लाखों लोगों की तरह, मैंने भी क्रिकेट देखना शुरू किया तो आपके खेल का मुरीद हो गया. आप मेरे क्रिकेट सफ़र की सबसे बड़ी प्रेरणाओं में से एक बन गए."

गुरबाज़ ने लिखा, "टीवी पर आपको देखने से लेकर आईपीएल में आपके साथ मैदान साझा करने, आपके ख़िलाफ़ खेलने, आपसे व्यक्तिगत रूप से मिलने और आपकी सलाह से सीखने का मौक़ा मिलने तक का सफ़र मेरे लिए बेहद ख़ास रहा है. इसके लिए मैं हमेशा आपका शुक्रगुज़ार रहूंगा. ये ऐसी यादें हैं जिन्हें मैं ज़िंदगी भर संजोकर रखूंगा."

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कमेंटेटर केविन पीटरसन ने एक्स पर लिखा, "मेंटोर की दुनिया में आपका स्वागत है, एमएस धोनी! अगर आपको अपने कॉन्ट्रैक्ट तय करने में कोई मदद चाहिए तो मुझे बताइएगा. यह सुनिश्चित करने में कि आपको अच्छे ब्रेक मिलें, मैं बादशाह हूं!"

अफ़गानिस्तान के क्रिकेटर रहमानुल्लाह गुरबाज़ धोनी के बारे में

धोनी के बचपन के कोच ने क्या कहा

धोनी के बचपन के कोच चंचल भट्टाचार्या ने कहा, "यह बहुत अच्छी ख़बर है. कुछ दिन पहले तक इस बात को लेकर काफ़ी अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह खेलना जारी रखेंगे या नहीं."

"इस फ़ैसले से यह अनिश्चितता ख़त्म हो गई है और उनके लंबे अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर के बाद एक नए दौर की शुरुआत हुई है."

"वह इसी टीम के साथ यह नई ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिसके साथ वह लंबे समय से कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर जुड़े रहे हैं. मेंटोर की इस भूमिका में उनका अनुभव बेहद अहम साबित होगा. चेन्नई सुपर किंग्स को इससे काफ़ी फ़ायदा होगा."

दरअसल, पिछले साल जब सीएसके आईपीएल के अंतिम दौर में प्लेऑफ़ की रेस से बाहर हुई तभी धोनी के संन्यास लेने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं.

इन अटकलों पर धोनी ने कहा था, "मैं ना तो रिटायरमेंट की घोषणा करने वाला हूं और ना ही लौटकर आने की बात कहने वाला हूं."

उन्होंने कहा "मेरे पास यह फै़सला लेने के लिए अभी चार-पांच महीने का समय है. कोई जल्दबाज़ी नहीं है. आपको हमेशा अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में रहना होता है. अगर खिलाड़ी प्रदर्शन के आधार पर रिटायर होने लगे तो कुछ खिलाड़ी तो 22 साल की उम्र में ही रिटायर हो जाएंगे."

आईपीएल में धोनी का सफ़र

धोनी

सीएसके की वेबसाइट के अनुसार, धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल के पांच ख़िताब दिलाए हैं. किसी भी कप्तान के लिए यह संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा ख़िताब हैं.

इसके अलावा, उनकी कप्तानी में टीम ने दो चैंपियंस लीग टी20 ख़िताब भी जीते, जो किसी भी कप्तान के लिए सबसे ज़्यादा हैं.

कप्तानी के अलावा धोनी लीग के इतिहास के महानतम बल्लेबाज़ों में भी शामिल हैं. वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दूसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं. उनके नाम 5,314 रन हैं. वह टीम के लिए सबसे ज़्यादा 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं.

आख़िरी गेंद पर उनके कई यादगार फ़िनिश और हेलिकॉप्टर शॉट सीएसके और आईपीएल के इतिहास का अहम हिस्सा बन चुके हैं.

धोनी ने सीएसके के साथ अपने करियर के ज़्यादातर समय टीम की कमान संभाली. 2022 सीज़न के दौरान रवींद्र जडेजा ने कुछ समय के लिए कप्तानी की थी, लेकिन बाद में धोनी ने फिर से यह ज़िम्मेदारी संभाल ली. 2024 में उन्होंने कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंप दी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.