बच्ची को सीने से बांधकर पोलरॉइड कैमरे से तस्वीरें खींचती हैं ग्रेस

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 7 मिनट
मोबाइल फोन और डिजिटल तस्वीरों के इस दौर में बेंगलुरु की सड़कों पर पोलरॉइड कैमरे का दिखना थोड़ा अजीब लग सकता है.
आज जब हर किसी के पास स्मार्टफोन है और लोग एक क्लिक में सैकड़ों तस्वीरें खींच सकते हैं, तब आखिर कोई पुराना पोलरॉइड कैमरा क्यों इस्तेमाल करना चाहेगा?
लेकिन दुनिया भर में पुराने दौर के फैशन और स्टाइल को फिर से अपनाने का चलन बढ़ रहा है. 90 के दशक या उससे भी पहले के फैशन को लोग दोबारा पसंद कर रहे हैं. इसी चलन ने तस्वीरें खींचने के तरीके को भी बदल दिया है.
अब सिर्फ बैगी जींस और पुराने फैशन के कपड़े ही ट्रेंड में नहीं हैं, बल्कि तस्वीरों में भी रेट्रो लुक की वापसी हो रही है. पुराने ज़माने का पोलरॉइड कैमरा एक बार फिर लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहा है.
सोशल मीडिया और रील्स के बढ़ते चलन ने इस ट्रेंड को और तेज़ कर दिया है. मिलेनियल्स और जेन-ज़ी के बीच इंस्टेंट पोलरॉइड तस्वीरों का क्रेज़ बढ़ रहा है. दिलचस्प बात यह है कि कुछ युवा इस शौक को कमाई का ज़रिया भी बना रहे हैं.
बेंगलुरु के मशहूर एमजी रोड, ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट का इलाक़ा युवाओं के घूमने की पसंदीदा जगहों में से एक है. सेंट्रल बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट यानी सीबीडी के इस इलाक़े में कई युवा पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचते नज़र आते हैं.
आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं ग्रेस
इन्हीं में से एक हैं 28 साल की इवेंजलिन ग्रेस. वह अपने छोटे बच्चे के साथ पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचती हैं. उनके हाथ में कैमरा होता है और बच्चा बेबी कैरियर में आराम से बंधा रहता है.
ग्रेस आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं. वह किसी दूसरे के लिए काम करने के बजाय अपना काम करना पसंद करती हैं. इसके पीछे उनकी एक ख़ास वजह है.
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
ग्रेस ने बीबीसी न्यूज़ को बताया, "घर के हालात ऐसे हैं कि मैं अपनी बेटी को लेकर किसी दफ़्तर में काम करने नहीं जा सकती. मेरी चार साल की एक बेटी है, जिसका ध्यान मेरे पति रखते हैं. इस छोटी बेटी को मैं अपने साथ लेकर आती हूं, क्योंकि जब तक मैं घर नहीं लौटती, वह न तो खाना खाती है और न ही सोती है."
ग्रेस को तस्वीरें खींचने का शौक तीन साल पहले लगा. उस समय वह भी आम लोगों की तरह ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट घूमने गई थीं. वहां उन्होंने एक युवा महिला को पोलरॉइड कैमरे से लोगों की तस्वीरें खींचते देखा. उसे देखकर उनके मन में भी यही ख़याल आया कि अगर वह ऐसा कर सकती है, तो मैं भी कर सकती हूं.
इसके बाद उन्होंने भी पोलरॉइड कैमरे से तस्वीरें खींचने का काम शुरू कर दिया. हालांकि, दूसरी बार गर्भवती होने के बाद उन्हें कुछ समय के लिए यह काम रोकना पड़ा. दूसरी बेटी के जन्म के कुछ महीने बाद उन्होंने फिर से काम शुरू कर दिया.
ग्रेस हफ़्ते के पांच दिन, तीन से चार घंटे तस्वीरें खींचती हैं. वहीं, वीकेंड पर उनका काम बढ़ जाता है. शनिवार और रविवार को वह शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच काम शुरू करती हैं और पांच से छह घंटे तक लोगों की तस्वीरें खींचती हैं.

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
इस दौरान उनकी छोटी बेटी भी उनके साथ रहती है. जब बच्ची बोतल से दूध पी रही होती है, तब ग्रेस अपना काम करती हैं. हालांकि, सड़क पर लंबे समय तक रहने से बच्ची की सेहत पर असर पड़ने का सवाल भी उठता है.
जब उनसे पूछा कि मौसम और आसपास के शोर के बीच बच्ची को परेशानी नहीं होती?
इस सवाल पर ग्रेस कहती हैं, "यहां आने के बाद उसकी इम्युनिटी बेहतर हुई है. पहले वह अक्सर बीमार पड़ती थी, लेकिन अब ठीक रहती है. मुझे भी उसके साथ रहने से सुकून मिलता है. जब वह मेरे पास होती है, तो मैं ज़्यादा आत्मविश्वास के साथ काम कर पाती हूं."
ग्रेस से बातचीत के दौरान एक युवा जोड़ा उनके हाथ से बने पोस्टर को देखता है. पोस्टर पर 'इंस्टेंट फ़ोटो' लिखा है. दोनों कुछ कदम आगे जाते हैं, फिर पीछे मुड़कर देखते हैं और वापस आकर तस्वीर खिंचवाने का फ़ैसला करते हैं.
नंदिनी और हरिसुधन ब्रिगेड रोड की रोशनी से जगमगाती सड़क को बैकग्राउंड में रखकर तस्वीर खिंचवाते हैं. जब उनसे पूछा गया कि मोबाइल फोन के दौर में वे पोलरॉइड तस्वीरें क्यों खिंचवा रहे हैं, तो नंदिनी ने इसकी वजह बताई.
"पोलरॉइड तस्वीरों का अपना अलग अनुभव है"

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
उन्होंने कहा, "आजकल हर तरफ़ मोबाइल ही मोबाइल हो गया है. मुझे लगता है कि लोग अब फोन से बोर हो गए हैं. इसलिए हर किसी को कुछ अलग चाहिए. इसी वजह से लोग इंस्टेंट पोलरॉइड का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह सबको अच्छा लगता है. इससे एक अलग तरह की तस्वीर मिलती है. जब से मैं बेंगलुरु आई हूं और चर्च स्ट्रीट घूमने जाती हूं, तब से यहां लोगों को ऐसी तस्वीरें खिंचवाते देखती हूं. मुझे यह काफ़ी अच्छा लगता है."
नंदिनी और हरिसुधन के बाद दो लड़कियां वहां पहुंचती हैं. वे पोलरॉइड तस्वीर खिंचवाने को लेकर काफ़ी उत्साहित हैं, लेकिन कैमरे पर बात करने से मना कर देती हैं. इसके बाद तीन लड़कियों का एक और ग्रुप वहां आता है.
इनमें से एक स्मिता बताती हैं कि मोबाइल फोन होने के बावजूद पोलरॉइड तस्वीरें खिंचवाने का अपना अलग अनुभव है.
वह कहती हैं, "भले ही हमारे पास मोबाइल फोन है और हम उससे तस्वीरें खींच सकते हैं, लेकिन पोलरॉइड से तस्वीर खिंचवाने पर एक रेट्रो एहसास मिलता है. ऐसा लगता है कि हम उस याद को बार-बार दोबारा जी सकते हैं. उस तस्वीर को देखकर पुरानी यादें ताज़ा कर सकते हैं और उसे हमेशा अपने पास रख सकते हैं."
ग्रेस अकेली ऐसी महिला नहीं हैं, जो इस काम से कमाई कर रही हैं. वहां कई युवा लड़के भी पोलरॉइड कैमरे लेकर लोगों की तस्वीरें खींचते हैं.
इनमें से एक मोहम्मद शाहिद हैं. वह मंगलुरु के रहने वाले हैं. वो पांच दिन एक दफ़्तर में नौकरी करते हैं और सिर्फ़ वीकेंड पर ब्रिगेड रोड और चर्च स्ट्रीट आते हैं.
क्यों बढ़ रहा पोलरॉइड तस्वीरों का चलन?
शाहिद बताते हैं कि लोगों के बीच पोलरॉइड तस्वीरों का चलन क्यों बढ़ रहा है.
वह कहते हैं, "पैसा आज आता है और कल चला जाता है, लेकिन यादें वापस नहीं आतीं. मोबाइल फोन में खींची गई तस्वीर को हम कभी भी डिलीट कर सकते हैं. लेकिन इस तस्वीर को डिलीट नहीं किया जा सकता. यह हमेशा हमारे साथ रहती है. लोग इसे यादों के तौर पर संभालकर रखते हैं. अभी यह एक ट्रेंड भी बन गया है."
उनके एक ग्राहक वांग लेन भी इस ट्रेंड को पसंद करते हैं. वह एक आईटी कंपनी में काम करते हैं. उनके मुताबिक, मोबाइल फोन में वैसा विंटेज लुक नहीं मिलता, जैसा पोलरॉइड तस्वीरों में मिलता है.
वह कहते हैं, "आज के मोबाइल फोन में वैसी विंटेज तस्वीरें नहीं आतीं. पोलरॉइड में पुराना लुक मिलता है. इसमें 90 के दशक जैसा इफ़ेक्ट होता है. इसी वजह से मुझे यह पसंद है."
हालांकि, इस ट्रेंड में सबसे दिलचस्प बदलाव यह है कि अब यह सिर्फ़ सड़क किनारे तस्वीरें खींचने तक सीमित नहीं रहा. धीरे-धीरे यह एक पूरे फ़ोटो स्टूडियो का रूप ले रहा है.
अब युवा सड़क पर खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाने के बजाय छोटे स्टूडियो में जाकर भी फोटोशूट करा सकते हैं. यहां एक गोलाकार केबिन जैसा सेटअप बनाया गया है. इसके अंदर बैठकर लोग अलग-अलग अंदाज़ में तस्वीरें खिंचवा सकते हैं.
"इन तस्वीरों से आती है बचपन की याद"

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
ऐसे ही एक स्टूडियो से रिया और श्रुति बाहर निकलती हैं. दोनों काफ़ी उत्साहित हैं. उन्होंने यहां दो तरह की तस्वीरें खिंचवाई हैं. पहली तस्वीर सामान्य पोलरॉइड फ़ॉर्मेट में है. वहीं, दूसरी तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट है, जो अख़बार में छपने वाली तस्वीर जैसी दिखती है.
रिया और श्रुति पांचवीं कक्षा से एक-दूसरे को जानती हैं. दोनों ने साथ पढ़ाई की है. उनके लिए यह फोटोशूट सिर्फ़ तस्वीर खिंचवाने का अनुभव नहीं, बल्कि बचपन की यादों से जुड़ने का भी एक ज़रिया है.
वे कहती हैं, "यह रेट्रो फोटोशूट मेरे लिए पुरानी यादों से जुड़ा हुआ है. इसमें बहुत नॉस्टैल्जिया है. जब हम छोटे थे, तब हमारे पास पोलरॉइड इंस्टैक्स कैमरा हुआ करता था. यह फोटोशूट उसी दौर की याद दिलाता है."
दोनों का कहना है कि मोबाइल फोन से खींची गई तस्वीरें भले ही ज़्यादा साफ़ और हाई डेफ़िनिशन होती हैं, लेकिन उनमें पुराने कैमरों जैसा एहसास नहीं मिलता.
वे कहती हैं, "हमने मोबाइल से भी बहुत तस्वीरें खींची हैं. फोन में तस्वीरें बिल्कुल साफ़ और HD क्वालिटी की आती हैं. लेकिन उनमें वह पुराना अंदाज़ नहीं मिलता. रेट्रो तस्वीरों में एक अलग तरह का नॉस्टैल्जिया होता है. उन्हें देखकर अच्छा लगता है. हम इन तस्वीरों की तुलना अपने बचपन की तस्वीरों से भी करेंगे."
इस स्टूडियो के अंदर दो कैमरे लगाए गए हैं. यहां आने वाले ग्राहकों को साफ़ तस्वीरें मिलती हैं.
स्टूडियो के मालिक शोएब सुल्तान बताते हैं कि यहां ग्राहकों को कुल चार तस्वीरें और उनकी दो कॉपी मिलती हैं. इसके अलावा फोटोशूट के दौरान का करीब पांच सेकेंड का एक वीडियो भी दिया जाता है. अगर किसी को तस्वीर पसंद नहीं आती, तो वह दोबारा तस्वीर खिंचवा सकता है.
"अमेरिका के ट्रेंड से आया स्टूडियो का आइडिया"
शोएब बताते हैं कि लोग इन तस्वीरों को अलग-अलग तरीक़े से संभालकर रखते हैं.
वह कहते हैं, "लोग यादों के लिए ये तस्वीरें खिंचवाते हैं और फिर इन्हें अपने मोबाइल फोन के पीछे लगा लेते हैं. कुछ लोग इन्हें किताबों में पेज मार्कर की तरह इस्तेमाल करते हैं. मोबाइल में तस्वीरें गैलरी में रहती हैं, लेकिन इन तस्वीरों को आप अपने पास रख सकते हैं. यहां की लाइटिंग भी अलग है, इसलिए तस्वीरों का एहसास भी अलग होता है. यहां जेनरेशन Z के युवा तो आते ही हैं, उनके माता-पिता भी उनके साथ आते हैं."
शोएब से पूछा गया कि उनके मन में इस तरह का स्टूडियो शुरू करने का विचार कहां से आया?
इस सवाल पर वह बताते हैं कि एक दिन सोशल मीडिया पर रील्स देखते हुए उन्हें अमेरिका में इस तरह के स्टूडियो का चलन दिखाई दिया. वहां यह ट्रेंड काफ़ी लोकप्रिय हो रहा था. इसी से उन्हें बेंगलुरु में भी ऐसा स्टूडियो शुरू करने का विचार आया.
मोबाइल फोन के इस दौर में पोलरॉइड कैमरे की वापसी दिखाती है कि तस्वीरें खींचना अब सिर्फ़ किसी पल को रिकॉर्ड करने तक सीमित नहीं है.
लोग उस पल को अपने पास रखने के लिए एक ऐसा तरीक़ा चाहते हैं, जो उन्हें पुराने दिनों की याद दिलाए.
शायद यही वजह है कि डिजिटल तस्वीरों के बीच भी काग़ज़ पर छपी एक छोटी-सी पोलरॉइड तस्वीर लोगों को ख़ास लग रही है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.






















