इबोला से यहां कम से कम 100 लोगों की मौत, छह अमेरिकी भी वायरस की चपेट में आए
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में फैले इबोला संक्रमण में अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 390 से ज़्यादा संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं.
इबोला से यहां कम से कम 100 लोगों की मौत, छह अमेरिकी भी वायरस की चपेट में आए, सोफ़िया फ़ेरीरा सैंटोस
इमेज स्रोत, Jospin Mwisha / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इबोला का मौजूदा स्ट्रेन बुंडीबुग्यो वायरस की वजह से फैल रहा है
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में
फैले इबोला संक्रमण में अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है,
जबकि 390 से ज़्यादा संदिग्ध मामले दर्ज
हुए हैं. अफ़्रीका सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के प्रमुख ने
बीबीसी को यह जानकारी दी.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ)
ने इस संक्रमण को अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित किया है.
बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस
न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि डीआर कांगो में फैले इस संक्रमण के दौरान कम से कम
छह अमेरिकी नागरिक इबोला वायरस की चपेट में आए हैं.
बताया जा रहा है कि एक अमेरिकी नागरिक में
संक्रमण के लक्षण हैं, जबकि तीन अन्य लोगों के वायरस के
संपर्क में आने या भारी जोखिम वाले संपर्क में रहने की आशंका है. हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि इनमें से कोई संक्रमित हुआ है
या नहीं.
अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़
कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने कहा कि वह "सीधे तौर पर प्रभावित कुछ
अमेरिकियों को सुरक्षित तरीक़े से निकालने" में मदद कर रहा है, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि ऐसे लोगों की संख्या
कितनी है.
इबोला का मौजूदा स्ट्रेन बुंडीबुग्यो
वायरस की वजह से फैल रहा है, जिसके
लिए अभी कोई स्वीकृत दवा या वैक्सीन मौजूद नहीं है.
सीडीसी के मुताबिक़, युगांडा में भी संक्रमण के दो पुष्ट मामले और एक
मौत दर्ज की गई है.
नॉर्वे में पीएम मोदी पर मीडिया के सवाल न लेने के आरोप पर राहुल गांधी बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर "घबराकर चले जाने" का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल
गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर रीपोस्ट किया.
इस वीडियो में एक नॉर्वेजियन पत्रकार पीएम मोदी से सवाल पूछती नज़र आ रही हैं,
जबकि प्रधानमंत्री वहां से जाते दिखाई दे रहे
हैं.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर
"घबराकर वहां से चले जाने" का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "जब छिपाने के लिए कुछ नहीं होता, तब डरने की भी ज़रूरत नहीं होती. जब दुनिया एक
समझौता कर चुके प्रधानमंत्री को कुछ सवालों से घबराकर जाते हुए देखती है, तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है?"
वीडियो में पत्रकार हेले लिंग को यह
कहते हुए सुना जा सकता है, "प्रधानमंत्री
मोदी, आप दुनिया की सबसे स्वतंत्र प्रेस के
सवालों को क्यों नहीं लेते?"
बाद में हेले लिंग ने वीडियो शेयर
करते हुए लिखा, "भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ने मेरे सवाल का जवाब नहीं दिया. मुझे इसकी उम्मीद भी नहीं थी. वर्ल्ड प्रेस
फ़्रीडम इंडेक्स में नॉर्वे पहले स्थान पर है और भारत 157वें स्थान पर है."
पीएम मोदी पांच देशों की आधिकारिक
यात्रा पर हैं. वह यूएई, नीदरलैंड्स
और स्वीडन के बाद नॉर्वे पहुंचे हैं.
प्रधानमंत्री मोदी को मिला नॉर्वे का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
इमेज स्रोत, X/@narendramodi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी को नॉर्वे के किंग हेराल्ड पंचम ने यह सम्मान दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे
के 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ द रॉयल नॉर्वेजियन
ऑर्डर ऑफ़ मेरिट' से सम्मानित किया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
यह नॉर्वे का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है और पीएम
मोदी को यह सम्मान भारत-नॉर्वे संबंधों को मज़बूती देने में योगदान और नेतृत्व के
लिए दिया गया.
एजेंसी के मुताबिक़, यह प्रधानमंत्री मोदी का 32वां अंतरराष्ट्रीय
सम्मान है.
पीएम मोदी को नॉर्वे के किंग हेराल्ड
पंचम ने यह सम्मान दिया.
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा,
"'ग्रैंड क्रॉस ऑफ़ रॉयल नॉर्वेजियन
ऑर्डर ऑफ़ मेरिट' पाकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह
सम्मान भारत के लोगों को समर्पित है और भारत और नॉर्वे के बीच लंबे समय से चली आ
रही दोस्ती को समर्पित एक पुरस्कार है. यह वैश्विक प्रगति के लिए हमारी साझा
प्रतिबद्धता को दर्शाता है."
महेंद्र सिंह धोनी हैदराबाद के ख़िलाफ़ क्यों नहीं खेले, ऋतुराज गायकवाड़ ने बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एसआरएच के ख़िलाफ़ गायकवाड़ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी (फ़ाइल फ़ोटो)
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) के ख़िलाफ़ महेंद्र सिंह
धोनी के नहीं खेलने की वजह बताई है.
टॉस के वक़्त जब रवि शास्त्री ने
गायकवाड़ से धोनी के खेलने से जुड़ा सवाल पूछा तो उन्होंने कहा, "अच्छी बात यह है कि वह अब भी यहां है, लेकिन वह खेलने की स्थिति में नहीं हैं."
उन्होंने आगे कहा, "उम्मीद है कि हम यह मैच जीतेंगे और आख़िरी मैच
में क्या होगा किसी को नहीं पता."
आईपीएल में सोमवार को सीएसके अपने
होम ग्राउंड चेपॉक में हैदराबाद के ख़िलाफ़ खेल रही है. सीएसके के कप्तान गायकवाड़
ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी है.
चेपॉक में सीएसके का यह आख़िरी लीग मैच है.
इसके बाद सीएसके को एक और लीग मैच खेलना है, लेकिन वह मैच अहमदाबाद में होगा. गुरुवार, 21 मई को गुजरात टाइटंस और सीएसके आमने-सामने होंगी.
महाराष्ट्र के पालघर में हादसा, सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे 13 लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Jitu Patil
इमेज कैप्शन, यह हादसा सोमवार दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच हुआ
महाराष्ट्र के पालघर में
मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर हुए एक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने मृतकों के परिजनों को
पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है.
सीएम फडणवीस ने इस हादसे की जानकारी
देते हुए एक्स पर लिखा, "मुंबई-अहमदाबाद
हाईवे पर पालघर के दहानू में टेंपो और कंटेनर की टक्कर में 13 लोगों की मौत बेहद
दुखद है."
उन्होंने बताया, "इस घटना में क़रीब 20 लोग घायल हुए हैं. उन्हें
कासा के उप-जिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
जहां उनका इलाज चल रहा है."
उन्होंने कहा, "मैं लगातार ज़िला प्रशासन के संपर्क में हूं.
पुलिस अधीक्षक ख़ुद घटनास्थल पर मौजूद थे. वहां राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया
गया है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द स्वस्थ हों."
बीबीसी न्यूज़ मराठी के मुताबिक़,
हादसे में मारे गए लोग एक सगाई समारोह में शामिल
होने जा रहे थे.
बीबीसी मराठी से बात करते हुए पुलिस
अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि यह घटना सोमवार (18 मई) दोपहर 3.30 से 4 बजे के बीच
घटी.
केरल: सीएम सतीशन ने बताया कब से मुफ़्त होगी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए यात्रा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, वीडी सतीशन ने सोमवार को ही केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है
वीडी सतीशन के नेतृत्व वाली केरल की
नई सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में आशा कार्यकर्ताओं की सैलरी बढ़ाने का फ़ैसला
लिया है. मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इसकी जानकारी दी.
उन्होंने एक्स पर लिखा,
"यूडीएफ़ सरकार ने अपने वादों पर काम
शुरू कर दिया है. हमारी पहली ही कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में
तीन हज़ार रुपये की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दी गई और बुज़ुर्गों के कल्याण के लिए अलग
विभाग बनाया गया."
उन्होंने कहा, "आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोई कर्मचारियों, प्री-प्राइमरी
शिक्षकों और आया के मानदेय में बढ़ोतरी को भी मंज़ूरी दी गई है. महिलाओं के लिए
केएसआरटीसी (केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बसों) में मुफ़्त यात्रा की
सुविधा 15 जून से लागू होगी."
वीडी सतीशन ने आज ही केरल के
मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है.
नॉर्वे में पीएम मोदी ने मध्य-पूर्व और यूक्रेन में जंग ख़त्म करने को लेकर कही ये बात
इमेज स्रोत, Fredrik Varfjell / NTB / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी नॉर्वे के आधिकारिक दौरे पर हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे
में कहा कि भारत मध्य-पूर्व और यूक्रेन में संघर्ष की समाप्ति और शांति के हर
प्रयास का समर्थन करता है. उन्होंने कहा कि सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का
समाधान नहीं निकल सकता.
पीएम मोदी ने ये बातें नॉर्वे के
प्रधानमंत्री योनस गार स्टोरे के साथ संयुक्त प्रेस मीट में कहीं.
उन्होंने कहा, "भारत और नॉर्वे दोनों नियमों पर आधारित ऑर्डर,
संवाद और कूटनीति पर भरोसा रखते हैं. हम एकमत हैं
कि सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं निकल सकता. यूक्रेन हो या
पश्चिम एशिया, हम संघर्ष की जल्द से जल्द समाप्ति
और शांति के हर प्रयास का समर्थन करते हैं."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हम इस बात पर भी एकमत हैं कि बढ़ती हुई वैश्विक
चुनौतियों के समाधान के लिए वैश्विक संस्थाओं का रिफ़ॉर्म अनिवार्य है और आतंकवाद
के हर रूप को जड़ से समाप्त करना हमारी साझी प्रतिबद्धता है."
पीएम मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड्स और स्वीडन के बाद अब नॉर्वे के दौरे
पर हैं.
एक्टिविस्ट का दावा, ग़ज़ा की मदद को जा रहीं 50 से ज़्यादा नावों पर इसराइल ने की कार्रवाई, डेविड ग्रिटेन
इमेज स्रोत, Global Sumud Flotilla/Handout via Reuters
इमेज कैप्शन, ग्लोबल सुमूद फ़्लोटिला के लाइव वीडियो स्ट्रीम में हथियारबंद कमांडो नाव पर चढ़ते दिखाई दिए
फ़लस्तीन समर्थक एक्टिविस्टों का
कहना है कि इसराइली सेना साइप्रस के पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ग़ज़ा
के लिए मदद लेकर जा रहे 50 से ज़्यादा नावों के बेड़े को रोक रही है.
ग्लोबल सुमूद फ़्लोटिला (जीएसएफ़) ने
कहा कि इसराइली सैनिक उसकी नावों पर चढ़े और इसे ग़ैरक़ानूनी समुद्री लूट की
कार्रवाई बताया है.
उसका कहना है कि यह घटना ग़ज़ा से
लगभग 250 नॉटिकल मील (460 किलोमीटर) दूर हुई, जहां इसराइल ने समुद्री नाकाबंदी लगा रखी है.
संगठन की वीडियो स्ट्रीम में
हथियारबंद कमांडो कई नावों पर चढ़ते दिखाई दिए.
इसराइल की ओर से अब तक इस पर कोई
टिप्पणी नहीं आई. इससे पहले इसराइली विदेश मंत्रालय ने इस फ़्लोटिला को
"उकसावे के लिए उठाया गया क़दम" बताया था और कहा था कि इसमें
"तुर्की के दो हिंसक समूह" शामिल हैं.
पिछले महीने इसराइली बलों ने इसी
फ़्लोटिला की 22 नावों को ग्रीस के क्रीट के पास रोक लिया था.
उस घटना में नावों पर मौजूद लगभग 175
एक्टिविस्टों को हिरासत में लिया गया था. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक आलोचना के
बाद इनमें से दो लोगों को छोड़कर बाकी सभी को अगले दिन रिहा कर दिया गया था.
यूएई के न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमले को लेकर इस इस्लामी संगठन का आया बयान
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध के दौरान खाड़ी देशों के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया गया था (तस्वीर 14 मार्च 2026 की है, जब यूएई के प्रमुख ऊर्जा ठिकाने पर हमला हुआ था)
ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन
(ओआईसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हुए
ड्रोन हमले की निंदा की है.
ओआईसी के महासचिवालय ने एक बयान में कहा कि नागरिक प्रतिष्ठानों और अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना
अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन है.
इसके साथ ही ओआईसी ने यूएई के साथ
एकजुटता दिखाते हुए सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए यूएई की ओर से उठाए गए
सभी क़दमों का समर्थन किया.
अबु धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर
पावर प्लांट को रविवार, 17 मई को निशाना बनाया गया था. ड्रोन
हमले की वजह से इस पावर प्लांट के नज़दीक एक बिजली जनरेटर में आग लग गई थी,
जिस पर बाद में काबू पा लिया गया.
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला किसने किया. भारत ने भी पावर
प्लांट को निशाना बनाए जाने की निंदा की है.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के बाद दी चेतावनी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शुभेंदु अधिकारी ने यह चेतावनी कोलकाता के पार्क सर्कस इलाक़े में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के एक दिन बाद दी है
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु
अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार धार्मिक नारों की आड़ में 'गुंडागर्दी' के ख़िलाफ़ 'ज़ीरो
टॉलरेंस' नीति अपनाएगी.
अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर
हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाने वालों के ख़िलाफ़ राज्य सरकार
सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कोलकाता
के पार्क सर्कस इलाक़े में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के एक दिन बाद आई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे
बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर
पथराव किया था. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने
मीडिया से बातचीत में पत्थरबाज़ी की घटना को 'सुनियोजित' बताया. उन्होंने कहा इस घटना से पहले
'उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट किया था'.
उन्होंने कहा, "पुलिस कर्मी घायल होंगे और पुलिस (गृह) मंत्री
एसी रूम में बैठकर देखते रहेंगे, ऐसे दिन
भूल जाइए. अब बंगाल में गुंडागर्दी ख़त्म, ज़ीरो
टॉलरेंस. उपद्रवियों को ये संदेश चला जाना चाहिए कि यह सरकार कार्रवाई
करेगी."
शुभेंदु अधिकारी ने कहा,
"पत्थरबाज़ी करना और धार्मिक नारों के
साथ गुंडागर्दी करना, ये बंगाल में नहीं होगा."
बीसीसीआई आरटीआई एक्ट के तहत सार्वजनिक संस्था नहीं: केंद्रीय सूचना आयोग
इमेज स्रोत, Aniruddha Chowhdury/Mint via Getty Images
इमेज कैप्शन, सूचना आयुक्त पी आर रमेश ने यह टिप्पणी एक आरटीआई अपील पर फ़ैसला सुनाते हुए की है (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने
सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई सूचना का अधिकार
क़ानून (आरटीआई एक्ट) के तहत "पब्लिक अथॉरिटी" नहीं है.
आयोग का कहना है बीसीसीआई न तो सरकार
के स्वामित्व में है, न उसके नियंत्रण में है और न ही इसे
सरकार से बड़े स्तर पर वित्तीय मदद मिलती है.
आयोग ने उस अपील को ख़ारिज कर दिया
जिसमें यह जानकारी मांगी गई थी कि बीसीसीआई किन प्रावधानों और अधिकारों के तहत
भारत का प्रतिनिधित्व करता है और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट
के लिए खिलाड़ियों का चयन करता है.
यह आरटीआई साल 2017 में गीता रानी ने
दायर की थी. इसमें यह भी सवाल पूछा गया था कि केंद्र और राज्य की सरकारें किस
अधिकार के तहत बीसीसीआई को टूर्नामेंट के आयोजन के लिए नेशनल स्टेडियम, पुलिस वगैरह मुहैया कराती हैं.
सीआईसी ने कहा कि बीसीसीआई तमिलनाडु
सोसाइटीज़ रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत पंजीकृत एक निजी स्वायत्त संस्था है और इसकी
स्थापना संविधान, संसद, राज्य विधानसभा या किसी सरकारी अधिसूचना के ज़रिए नहीं हुई है.
सूचना आयुक्त पी आर रमेश ने अपने
आदेश में कहा, "बीसीसीआई को आरटीआई एक्ट की धारा
2(एच) के तहत 'पब्लिक अथॉरिटी' नहीं माना जा सकता और इस क़ानून के प्रावधान इस
पर लागू नहीं होते."
योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज़ को लेकर कहा, 'प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो...'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां नमाज़ पढ़ी जाती है, लोग वहीं नमाज़ पढ़ें (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी
आदित्यनाथ ने राज्य में 'सड़कों
पर नमाज़ पढ़ने' को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा
कि जगह की कमी होने पर सड़कों पर नमाज़ पढ़ने की बजाय 'शिफ़्ट में नमाज़ पढ़ें'.
उन्होंने कहा कि
अगर लोग 'प्यार से मानेंगे तो ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे'.
योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा, "लोग मुझसे पूछते हैं कि आपके यहां
यूपी में क्या सड़कों पर सचमुच नमाज़ नहीं होती? मैं कहता हूं कतई नहीं होती. आप जाकर देख लो."
उन्होंने कहा, "सड़कें चलने के लिए हैं या कोई भी व्यक्ति चौराहे
पर आकर तमाशा बना देगा? उसको सड़क रोकने का क्या अधिकार है?
आवागमन बाधित करने का कौन-सा अधिकार है? जहां उसका (नमाज़ का) स्थल होगा, वहां जाकर करे."
मुख्यमंत्री ने 'जनसंख्या' को लेकर भी टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा, "उन लोगों ने मुझसे कहा, साहब कैसे होगा? हमारी
जनसंख्या ज़्यादा है. मैंने कहा, शिफ़्ट
में कर लो. तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है, तो संख्या नियंत्रित कर लो. और अगर सामर्थ्य नहीं है तो क्यों संख्या
बढ़ाए जा रहे हो?"
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'अगर सिस्टम के साथ रहना है' तो नियम और क़ानून को मानना होगा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा,
"नमाज़ पढ़नी आवश्यक है तो आप शिफ़्ट
में पढ़िए. हम उसको रोकेंगे नहीं, लेकिन
सड़क पर नहीं. सड़क चलने के लिए है... सरकार का नियम सबके लिए समान रूप से लागू
होता है. हमने सबको कहा कि सड़कों पर अराजकता नहीं फैलने देंगे. प्यार से मानेंगे
तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीक़ा
अपनाएंगे."
उन्होंने कहा, "हमारा काम है संवाद बनाना. आप संवाद से मानेंगे
तो संवाद से, नहीं तो संघर्ष से भी देख लो."
केरल: वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले पीएम मोदी?
इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि नई सरकार को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद मिलेगी (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सीएम बनने पर बधाई दी है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "वीडी सतीशन जी को केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई. उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं."
उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार केरलम की नई सरकार को भरोसा दिलाती है कि जनता की उम्मीदों को पूरा करने में हर संभव मदद की जाएगी."
सतीशन का शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हुआ, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद रहे. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे.
केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
पीएम मोदी को स्वीडन में मिले सम्मान पर संजय राउत बोले, 'इस अवॉर्ड का क्या करना है'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, संजय राउत ने कहा कि पीएम मोदी ने देशवासियों को विदेश जाने के लिए मना किया और खुद चले गए
स्वीडन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस' सम्मान से सम्मानित किया है. इस पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है.
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी अवॉर्ड लेने में सेंचुरी पूरी करेंगे. जिस भी देश में जाते हैं, वहां का सबसे बड़ा अवॉर्ड उन्हें मिलता है...इस अवॉर्ड का क्या करना है? जबकि देशवासियों को महंगाई और बेरोज़गारी जैसा अवॉर्ड मिल रहा है."
संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा की भी तीखी आलोचना करते हुए कहा, "वो हमें कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाओ और ख़ुद लगातार देशों का दौरा कर रहे हैं. अब पीएम 7 देशों के दौरे पर गए हैं."
गौरतलब है कि पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार' सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.
पाकिस्तान ने यूएई के न्यूक्लियर प्लांट पर हुए हमले को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, AHMAD GHARABLI/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने कहा कि वह पूरी तरह से यूएई की जनता और सरकार के साथ खड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो: शहबाज़ शरीफ़)
पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह परमाणु केंद्र को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की है.
पाकिस्तान ने कहा कि न्यूक्लियर ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून, अंतरराष्ट्रीय मानवता क़ानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के नियमों का गंभीर उल्लंघन है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, "यूएई के बराकाह न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. पाकिस्तान पूरी तरह से यूएई की जनता और सरकार के साथ खड़ा है."
इमेज स्रोत, X/@ForeignOfficePk
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किया गया बयान
विदेश मंत्रालय ने कहा, "न्यूक्लियर प्लांट को किसी भी हालत में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. ऐसे ग़ैर-जिम्मेदाराना क़दम इंसानों की ज़िंदगी, पर्यावरण, वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए बहुत ख़तरनाक साबित हो सकते हैं."
"पाकिस्तान सभी पक्षों से अपील करता है कि वे पूरी तरह संयम बरतें, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवता क़ानून के तहत अपनी ज़िम्मेदारियां निभाएं. ऐसे क़दमों से बचें जो तनाव को और बढ़ा सकते हैं और जिनके असर क्षेत्र से बाहर तक जा सकते हैं."
इससे पहले भारत ने भी इस हमले की निंदा की थी. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा, "ऐसे कार्य अस्वीकार्य हैं और तनाव बढ़ाने का काम करते हैं. हम तत्काल संयम बरतने और संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का आह्वान करते हैं."
सुप्रीम कोर्ट ने उमर ख़ालिद को ज़मानत नहीं देने वाले अपने ही फ़ैसले पर उठाए सवाल
इमेज स्रोत, JS Grewal/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली दंगे के आरोप में जेल में बंद हैं अभियुक्त उमर ख़ालिद (फ़ाइल फ़ोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में उमर ख़ालिद को ज़मानत न देने के अपने ही फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं.
लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा कि यह फ़ैसला 2021 में तीन जजों की बेंच के यूनियन ऑफ़ इंडिया बनाम केए नजीब के फ़ैसले का ठीक से पालन नहीं करता. उसमें कहा गया था कि अगर केस की सुनवाई बहुत लंबी खिंच जाए तो ग़ैरक़ानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) मामलों में भी ज़मानत दी जा सकती है.
जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने यह बातें उस समय कहीं जब उन्होंने सैयद इफ्तिख़ार अंद्राबी की ज़मानत मंज़ूर की.
अंद्राबी 6 साल से जेल में हैं और उन पर आरोप है कि उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी से 'आतंकवाद' को फ़ंड किया.
अदालत ने कहा, "उमर ख़ालिद को जमानत न देने के फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच के फ़ैसले का पालन नहीं किया गया. बेल नियम है और जेल अपवाद, यह सिद्धांत यूएपीए जैसे कड़े क़ानूनों में भी लागू होता है."
कोर्ट ने 2024 में हुए गुरविंदर सिंह बनाम यूनियन ऑफ़ इंडिया के फ़ैसले पर भी नाराज़गी जताई, क्योंकि उसमें केए नजीब के फ़ैसले को लागू नहीं किया गया.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आज के जजमेंट की लिखित कॉपी अभी उपलब्ध नहीं हो पाई है.
यूपी: लखीमपुर खीरी में ट्रक और वैन में टक्कर, 10 लोगों की मौत, प्रशांत पांडेय, लखीमपुर खीरी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, डीएम ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में ट्रक और मैजिक वैन में टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई.
लखीमपुर खीरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह हुआ, जब एक मैजिक वैन लखीमपुर से बहराइच की तरफ जा रही थी.
उन्होंने कहा, "धौरहरा कोतवाली इलाक़े के भरेहटा गांव के पास बहराइच की तरफ से आ रहे ट्रक से मैजिक वैन की भिड़ंत हो गई. हादसे में 10 लोगों मौत हो गई."
डीएम ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएँ भी शामिल हैं. छह लोग बहराइच ज़िले के निवासी हैं. बाक़ी लोगों की पहचान की जा रही है.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर हादसे को लेकर दुःख जताया है और मृतकों के परिवारों की मदद और घायलों के इलाज की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं.
ईरान के पूर्व कमांडर बोले, 'हमारी सहनशीलता की एक सीमा'
इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी से दुनिया के देशों को नुक़सान हो रहा (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व कमांडर मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिकी नाकाबंदी को दुनिया के देशों के लिए नुक़सानदायक बताया है.
मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी जितनी लंबी चलेगी, उतना ही दुनिया के देशों को नुक़सान होगा.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, "हमारी सहनशीलता की एक सीमा है और सशस्त्र बल खुद को तैयार कर रहे हैं. होर्मुज़ स्ट्रेट व्यापार के लिए खुला है लेकिन सैन्य कार्रवाई के लिए नहीं."
उन्होंने कहा, "हक़ीक़त यह है कि अमेरिका पूरी तरह फंसा हुआ है. एक तरफ वह लड़ना चाहता है और अगले दो-तीन दिनों में मैदान में उतर भी सकता है. लेकिन दूसरी ओर अमेरिकी सेना ट्रंप से कह रही है कि ऐसा करने से अमेरिकी फ़ौजी पकड़े जा सकते हैं."
दरअसल, पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्धविराम तोड़ने की धमकियां दी हैं.
उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम 'लाइफ़ सपोर्ट' पर है. रविवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान का समय निकलता जा रहा है.