अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने देश में फिर से बड़े पैमाने पर ईंधन कटौती के तहत कई प्रतिबंधों की घोषणा की है.
चंदन कुमार जजवाड़े, संदीप राय
अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने देश में फिर से बड़े पैमाने पर ईंधन कटौती के तहत कई प्रतिबंधों की घोषणा की है.
इसके तहत नेताओं और अधिकारियों के वाहनों की ख़रीद, विदेश यात्राओं पर रोक और ईंधन आपूर्ति समेत बाज़ारों के खुले रहने के समय में कटौती गई है.
बीबीसी ऊर्दू के मुताबिक़, सरकारी अधिसूचना के अनुसार अगले तीन महीनों के लिए सरकारी वाहनों के लिए ईंधन आपूर्ति में 50 प्रतिशत की कमी की जाएगी. हालांकि, सशस्त्र बलों, नागरिक सशस्त्र बलों, कानून प्रवर्तन एजेंसियों, आवश्यक सेवाओं और संघीय राजस्व बोर्ड के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी."
खर्च में कटौती के उपायों के तहत, सभी प्रकार के सरकारी वाहनों की ख़रीद पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि आईटी उपकरणों को छोड़कर अन्य वस्तुओं की ख़रीद पर भी रोक लगा दी गई है.
बहुत ज़रूरी विदेश यात्राओं की स्थिति में, केंद्रीय मंत्री, सरकारी अधिकारी और अन्य अधिकारी केवल इकोनॉमी क्लास में ही यात्रा कर सकेंगे.
सरकार ने निर्देश दिया है कि आधिकारिक बैठकें टेली कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएं, जबकि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों को छोड़कर आधिकारिक रात्रिभोज आयोजित करना प्रतिबंधित रहेगा.
खर्च कम करने के उपायों के तहत, शादी समारोहों में केवल एक ही व्यंजन परोसने का निर्देश भी बरकरार रखा गया है.
दुकानों, बाजारों, मंडियों और शॉपिंग मॉल को रात 9 बजे तक बंद करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि विवाह हॉल, टेंट और व्यावसायिक आयोजन स्थलों को रात 10 बजे तक खुले रखने की छूट दी गई है.
रेस्तरां, कैफे और अन्य खाद्य एवं पेय पदार्थ बेचने वाली दुकानें रात 11 बजे बंद हो जाएंगी. हालांकि टेकअवे और होम डिलीवरी सेवाएं इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगी.
पाकिस्तान सरकार ने साफ़ किया है कि कटौती उपायों से छूट के लिए हर मामले पर अलग से विचार किया जाएगा और संबंधित सिफ़ारिशें प्रधानमंत्री को अनुमोदन के लिए भेजी जाएंगी. केंद्र सरकार ने प्रांतीय और क्षेत्रीय सरकारों को भी इसी तरह के उपाय अपनाने का सुझाव दिया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस से तेल और गैस ख़रीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ़ लगाने वाले एक बिल के अमेरिकी संसद में पास होने के बाद भारत की प्रतिक्रिया बहुत सधी रही है.
अब अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा है कि 'ऊर्जा सुरक्षा के मामले में भारत के लोगों की प्राथमिकता सबसे ऊपर है.'
रूस से तेल और गैस ख़रीदारों में भारत और चीन शीर्ष देशों में से आते हैं.
क्वात्रा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "भारत के लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सबसे पहले आती है."
क्वात्रा ने कहा, "हमारे फै़सले उपलब्धता, किफ़ायत, बाज़ार की स्थितियों और व्यावसायिक व्यवहारिकता से तय होते हैं. भारत अपने कच्चे तेल की 85 प्रतिशत से ज़्यादा और अपनी प्राकृतिक गैस की क़रीब आधी ज़रूरत आयात करता है."
उन्होंने कहा, "जब हालिया संघर्षों के कारण वैश्विक आपूर्ति पर दबाव पड़ा, तब भारत ने अपने लोगों को क़ीमतों में अचानक बढ़ोतरी से बचाने के लिए निर्णायक क़दम उठाए. इससे वैश्विक ऊर्जा बाज़ारों को स्थिर रखने और एक बड़े संकट को रोकने में भी मदद मिली."
भारतीय राजदूत ने कहा, "हमारी ख़रीदारी एक मूल राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी को दिखाती है. अपने लोगों के लिए पर्याप्त, किफ़ायती और निर्बाध ऊर्जा सुनिश्चित करने के लिए अपनी सीमाओं से बाहर विकल्प तलाशना."
उन्होंने कहा कि भारत मध्य पूर्व, अफ़्रीका, लैटिन अमेरिका, यूरेशिया और अमेरिका के विभिन्न साझेदारों से ईंधन ख़रीदता है.
उन्होंने कहा, "भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता है. फिर भी, एक औसत भारतीय की ऊर्जा खपत दुनिया के औसत के एक-तिहाई से भी कम और एक औसत अमेरिकी की खपत के दसवें हिस्से के बराबर है. हमारी ऊर्जा ज़रूरतें बढ़ेंगी और उन्हें बढ़ना भी चाहिए."
भारतीय राजदूत ने कहा कि विश्वसनीय और किफ़ायती ऊर्जा आपूर्ति घरों, खेतों, अस्पतालों, स्कूलों, कारख़ानों और परिवहन को चलाती है, लोगों की आजीविका की रक्षा करती है और आर्थिक विकास को बनाए रखती है.
ग़ौरतलब है कि इस बिल के पास होने के बाद एक अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने भारत और चीन को रूस के अलावा अन्य देशों से तेल और गैस ख़रीदने की नसीहत दी थी.
चीन पहले ही अमेरिकी क़ानून को अंतरराष्ट्रीय क़ानून से अलग बताते हुए इसे मानने की बाध्यता से इनकार कर दिया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
क़ेशम हवाई क्षेत्र में अमेरिकी सेना के एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराने का ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ड्रोन को गुरुवार सुबह स्थानीय समयानुसार 10.12 बजे एक 'आधुनिक हवाई रक्षा प्रणाली' की मदद से मार गिराया गया.
बयान के अनुसार, नष्ट किया गया ड्रोन अमेरिकी सेना का था और इसे क़ेशम में निशाना बनाया गया था.
आईआरजीसी ने आगे दावा किया कि यह अपनी तरह का 53वां अमेरिकी ड्रोन था जिसे ईरानी सेना ने नष्ट किया है.
इस दावे पर अमेरिकी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

इमेज स्रोत, ANI
भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच तीसरे और आख़िरी टी-20 मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने धुआंधार बल्लेबाज़ी करते हुए 30 गेंदों में शतक जड़ा है.
वो 34 गेंदों पर 108 रन बनाकर आउट हुए.
वो टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं.
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और सलामी बल्लेबाज़ों संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के साथ अच्छी शुरुआत की.
अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के मारे थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में पारदर्शिता की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाख़िल की गई है.
यह याचिका जानी-मानी वकील और अधिकार कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज और अमृता जोहरी ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के ज़रिए दायर की है.
सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर 22 सितंबर को सुनवाई करने की बात कही है.
याचिका में मांग की गई है कि एसआईआर के तहत नोटिस पाने वाले 33 लाख से ज़्यादा मतदाताओं की सूची तत्काल सार्वजनिक की जाए.
साथ ही, चुनाव आयोग से यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसीज़ (तार्किक खामियां)' किसे माना जाएगा और इसके लिए क्या मानदंड तय किए गए हैं.
याचिकाकर्ताओं के मुताबिक़, नोटिस में मतदाताओं को नोटिस जारी करने के कारण स्पष्ट रूप से बताए जाने चाहिए. साथ ही पर्याप्त और उचित नोटिस दिए बिना किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटाए जाने की मांग की है.

इमेज स्रोत, Getty Images
किन आधार पर नोटिस दिए गए
याचिका के मुताबिक़, दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची में एन्यूमरेशन चरण के बाद 97.5 लाख मतदाता शामिल हैं.
इनमें से 33.13 लाख से ज़्यादा मतदाताओं को 'नो मैपिंग' या 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसीज़' के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं.
इनमें करीब 13.8 लाख मतदाता 'नो मैपिंग' और 19.33 लाख 'तार्किक खामियों' श्रेणी में हैं.
याचिकाकर्ताओं ने 'लॉजिकल डिस्क्रेपेंसीज़' की श्रेणी के लिए आधिकारिक परिभाषा, मानदंड, एल्गोरिद्म से जुड़े पैरामीटर और संचालन संबंधी दिशा-निर्देश सार्वजनिक करने की मांग की है.
उनका कहना है कि मतदाताओं को जारी नोटिस में कई मामलों में केवल सामान्य आधार बताए गए हैं, जिससे संबंधित मतदाता यह समझ नहीं पाते कि उनके ख़िलाफ़ किस तथ्य या रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.
सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की तीन सदस्यीय पीठ एसआईआर से जुड़ी अन्य याचिकाओं के साथ इस पर सुनवाई करेगी.
अंजलि भारद्वाज ने कहा है कि चुनाव आयोग को अपारदर्शी और मनमाने तरीक़े से एसआईआर कराने की इजाज़त नहीं दी जा सकती.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
रूस से तेल और गैस ख़रीदने वाले देशों पर 100% तक टैरिफ़ लगाने वाले एक बिल के अमेरिकी संसद में पास होने पर चीन ने प्रतिक्रिया दी है.
चीन ने कहा है कि वह लगातार इस तरह के फ़ैसलों का विरोध करता है, जिसका आधार अंतरराष्ट्रीय क़ानून में नहीं है और जिसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से मंज़ूरी नहीं मिली है.
चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक़, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन तीसरे पक्ष के किसी दबाव में आने वाला नहीं.
गुओ ने कहा, "चीन ने हमेशा दुनिया भर के देशों के साथ समानता और पारस्परिक लाभ के आधार पर सामान्य आर्थिक और व्यापारिक सहयोग किया है. ऐसा सहयोग किसी तीसरे पक्ष को निशाना नहीं बनाता और न ही यह किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप या दबाव के अधीन है."
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट 2026 पारित किया है.
यह क़ानून ट्रंप को रूस पर प्रतिबंध लगाने और भारत और चीन जैसे उसके प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर 100% टैरिफ़ लगाने का अधिकार देता है.
इस बिल के पास होने के बाद एक अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने चीन और भारत को अपना रवैया सुधारने की चेतावनी दी.

इमेज स्रोत, Getty Images
नेपाल के सेना प्रमुख अशोक राज सिग्देल ने बीजिंग में चीन के रक्षा मंत्री डोंग जुन से मुलाक़ात की है.
नेपाल की सेना के अनुसार, इस मुलाक़ात में दोनों देशों के आपसी हितों और सैन्य संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सिग्देल एक सप्ताह की चीन यात्रा पर हैं. वह चीन की सरकार के निमंत्रण पर 13 सितंबर को बीजिंग के लिए रवाना हुए थे और 19 सितंबर को नेपाल लौटने वाले हैं.
बुधवार को डोंग के साथ हुई बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी हितों और द्विपक्षीय सैन्य संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.
सिग्देल ने बुधवार को चीन के नेशनल डिफ़ेंस यूनिवर्सिटी का भी दौरा किया और 13वें बीजिंग शियांगशान फोरम के उद्घाटन में हिस्सा लिया.
15 से 17 सितंबर तक आयोजित होने वाला शियांगशान फोरम अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा संवाद का एक प्रमुख मंच है.
इस यात्रा के दौरान सिग्देल के वरिष्ठ चीनी सैन्य अधिकारियों से मिलने और भविष्य में सैन्य सहयोग पर चर्चा करने की भी उम्मीद है.
इसमें नेपाल-चीन के संयुक्त सैन्य अभ्यास सगरमाथा फ़्रेंडडशिप की अगली तैयारियों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है.
नेपाल और चीन 2017 से सगरमाथा फ़्रेंडशिप सैन्य अभ्यास कर रहे हैं.


इमेज स्रोत, @SenBlumenthal
अमेरिकी डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने भारत और चीन को रूस के अलावा अन्य देशों से तेल और गैस ख़रीदने की नसीहत दी है.
अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव में रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले एक बिल के पास होने पर बोल रहे थे, जिसके तहत रूस से तेल और गैस ख़रीदने वाले पाँच सबसे बड़े ख़रीदार देशों पर 100% तक टैरिफ़ लगाया जा सकता है.
इस बिल के पारित होने के बाद डेमोक्रेटिक सीनेटर ब्लूमेंथल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "चीन और भारत, बेहतर होगा कि आप अपना रवैया सुधारें. अपना तेल और गैस कहीं और से खरीदें. तुष्टीकरण की कोई रणनीति नहीं चलेगी."
कांग्रेस ने इसे भारत के लिए धमकी बताया है और सरकार पर अमेरिका के सामने सरेंडर करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल से लिखा, "भारत को ये धमकी अमेरिकी सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने दी है. अमेरिका ने भारत पर 100% टैरिफ़ लगाने का बिल पास किया है. मोदी अमेरिका के आगे पूरी तरह सरेंडर हो चुके हैं."
"अमेरिका जितना कहता है, मोदी एजेंट की तरह उतना ही करते हैं. यूपीआई पर चार्ज लगाना हो, पाकिस्तान से सीज़फ़ायर करना हो, या टैरिफ़ को लेकर चुप्पी साध लेनी हो.”
कांग्रेस ने आगे लिखा, "मोदी हर तरह से अमेरिका को ख़ुश करने में लगे हैं. अमेरिका के पास मोदी से जुड़ा कुछ ऐसा राज़ है, जिसकी वजह से मोदी पूरी तरह कॉम्प्रोमाइज़ हो चुके हैं.”
हालांकि इस बिल के पास होने पर भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "भारत अपने 1.4 अरब लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है."

इमेज स्रोत, @aligarhpolice
अलीगढ़ में सचिन राघव नाम के एक शख़्स की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस ने इस वीडियो के बारे में बयान जारी किया है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक राघव क्षत्रिय करणी सेना के स्थानीय पदाधिकारी हैं.
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने एक वीडियो बयान जारी कर बताया, “थाना सिविल लाईन- सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोगों के द्वारा सचिन राघव नाम के व्यक्ति से मारपीट की जा रही है."
"यह वीडियो सिविल लाइन थाना क्षेत्र से संबंधित है, इसमें सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. सिविल लाइन पुलिस ने कुछ लोगों को इसमें हिरासत में लिया है. अन्य विधिक कार्यवाही जारी है.”
उन्होंने कहा, “कुछ दिन पहले सचिन राघव के भाई सुंदर राघव ने जातिसूचक टिप्पणी की थी. इस संबंध में भी सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. दोनों मामलों में जांच जारी है. दोनों ही मामलों में वीडियो साक्ष्यों की पुष्टि की जाएगी और जो भी दोषी होगा उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.”
एसएसपी ने लोगों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने से परहेज करने का आग्रह किया है.
इंस्टाग्राम पर सचिन राघव का एक पेज है, जिसके प्रोफ़ाइल में लिखा है, “युवा ज़िला अध्यक्ष, करणी सेना.” साथ ही, इसमें “गौ रक्षक दल का संस्थापक” भी लिखा गया है. इस पेज पर क़रीब डेढ़ लाख फॉलोवर हैं.

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर दीये जलाने को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है.
दरअसल, मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर लाखों दीये जलाने का कार्यक्रम रखा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, "उज्जैन के कटेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे महाकाल कॉरिडोर (उज्जैन) के शिप्रा नदी के किनारे 25 लाख दीया जलाया जाएगा. इसके लिए 30,000 वॉलंटियर लगाए जाएंगे."
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पत्रकारों से कहा, "आज दुनिया के सबसे मशहूर नेता, हमारे प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है. हम दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ यह दिन मनाएंगे. उनके अच्छे शासन के प्रतीक के तौर पर, 'सेवा संकल्प महा अभियान' शुरू किया जा रहा है."
उधर, राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में सरकार की सुस्ती पर निशाना साधा है.
उन्होंने पर लिखा, "बालाघाट (मध्य प्रदेश) में 30 से ज़्यादा आदिवासी बच्चों की बीमारी, कुपोषण और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के बीच मौत हो चुकी है. संवेदनहीनता का आलम यह है मासूमों की मौतें होती रहीं, लेकिन कार्रवाई सुस्त रही, सरकार सोती रही."
"मुख्यमंत्री जी, दीये जलाने और उत्सव मनाने से फुर्सत मिल गई हो तो ज़रा राज्य की ज़मीनी हालत भी देखिए. बीमारी, पोषण और साफ पानी की कमी और चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था नन्हें बच्चों की जान ले रही है. मिलावटी दवाइयां और ज़हरीली अवैध शराब सैकड़ों परिवारों को तबाह कर रही हैं. मैं इंदौर आ रहा हूं."
उन्होंने आरोप लगाया, "सामने आ रही भयावह घटनाएं बता रही हैं कि मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था आज देश भर में सबसे ज़्यादा बर्बाद है."
राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर 'भारत की सबसे भ्रष्ट और सबसे कुशासित सरकार' होने का आरोप लगाया.

इमेज स्रोत, Kostiantyn Liberov/Libkos/Getty Images
रूसी समाचार एजेंसी तास ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया है कि रूसी सेना ने रात भर यूक्रेनी इलाक़ों पर बड़े पैमाने पर हमला किया है.
रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया, "इन यूक्रेन के मेटलर्जी और रेडियो-इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों से जुड़े ठिकानों, देश के रक्षा उद्योग और ऊर्जा इंफ़्रास्ट्रकचर से संबंधित केंद्रों को निशाना बनाया गया. ये हमले कीएव, ज़ापोरिज़िया और ओडेसा इलाक़े में किए गए."
मंत्रालय ने कहा, "रूसी बलों ने ज़मीन, समुद्र और हवा से दागे गए सटीक निशाने वाले हथियारों के साथ-साथ ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया. इसमें यूक्रेन के समुद्री जहाज़ों को भी निशाना बनाया गया."
इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़लेंस्की ने बुधवार को बताया था कि एक मिनी बस पर हुए ड्रोन हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है.
इसके साथ ही कई समाचार एजेंसियों की तस्वीरों में रूसी हमले के बाद के हालात दिखाए गए हैं.
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता संदीप राय आज रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर यूरोपीय संघ कनाडा को अपना पहला एसोसिएट मेंबर बनाने के लिए आगे बढ़ता है, तो अमेरिका उसके (ईयू) के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सकता है.
डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "अगर वे ऐसा करते हैं, अगर मुझे लगता है कि यह किसी भी तरह से शत्रुतापूर्ण कदम है, तो मैं यूरोप पर बहुत भारी टैरिफ़ लगा दूंगा या कई चीजों के मामले में यूरोप के साथ व्यापार रोक दूंगा."
उन्होंने कहा, "अगर इरादा अच्छा है, तो ठीक है. लेकिन अगर इरादा ख़राब है, तो हम यूरोप पर बहुत भारी टैरिफ लगाएंगे."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कनाडा के ईयू का सहयोगी सदस्य बनने की संभावना को ‘हंसी की बात’ बताया और कहा कि "कनाडा के साथ पूरा मामला ही ऐसा है. कनाडा एक ख़राब व्यापारिक साझेदार रहा है."
कनाडा और अमेरिका के संबंध हाल के महीनों में काफ़ी ख़राब हुए हैं और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी यूरोपीय संघ के साथ संबंधों को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
अपने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा, "वह कनाडा के लिए ‘दरवाजा खोलने’ पर काम करना चाहती हैं. इसके तहत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दोनों पक्षों के बीच क़रीबी संबंध स्थापित किए जा सकते हैं."
उन्होंने बुधवार सीधे तौर पर अमेरिका का नाम लिए बगैर कहा, "यह किसी के ख़िलाफ़ साझेदारी नहीं है, बल्कि हमारी साझा ताक़त के लिए है."

इमेज स्रोत, AFPTV / AFP via Getty Images
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार और हूती हथियारबंद गुट के बीच लड़ाई तेज़ हो गई है और दोनों पक्ष मारिब, तैज़ और होदेइदा सहित कई मोर्चों पर हमलों का दावा कर रहे हैं.
अल-मसीरा टीवी चैनल ने बताया है, ''सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के हवाई हमलों में तैज़ ज़िले के अल-धिकरा और अल-हौबान क्षेत्रों और खुदेर ज़िले के अल-रहीदा क्षेत्र में स्थित संचार टावरों को निशाना बनाया गया.'
यमन की सरकारी सेना का कहना है कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने मक्का बंदरगाह शहर के पास हूती ठिकानों और सैन्य उपकरणों को निशाना बनाया जबकि सरकारी बलों ने उत्तरी मारिब में ड्रोन हमले भी किए.
वहीं हूती गुट ने दावा किया, "सऊदी सेना ने पिछले 24 घंटों में उनके नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर 40 हवाई हमले किए हैं. हूती विद्रोहियों के अनुसार, इसके जवाब में उन्होंने सऊदी शहर खमीस मुशैत में एक हवाई अड्डे और यानबू में तेल ठिकानों को निशाना बनाया."
ऐसी ख़बरें हैं कि सऊदी अरब ने अपने एयर डिफ़ेंस सिस्टम को मज़बूत करने के लिए फ्रांस, ब्रिटेन, पाकिस्तान और मिस्र से सहयोग और हवाई सुरक्षा के लिए मदद का आग्रह किया है, क्योंकि लगातार हमलों के कारण उसके मिसाइलों का भंडार कम होता जा रहा है.
अमेरिका ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह यमन में चल रहे अभियानों में प्रत्यक्ष भूमिका नहीं निभाएगा, लेकिन वह क्षेत्र की स्थिति पर क़रीबी नज़र बनाए हुए है.

इमेज स्रोत, Abeer Khan/Bloomberg via Getty Images
अमेरिका में भारत जैसे देशों के ख़िलाफ़ 100% तक टैरिफ़ के प्रावधान वाले विधेयक के पास होने पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश टिप्पणी की है.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "तुष्टिकरण ने कभी लाभ नहीं दिया है और न ही कभी देगा."
उन्होंने अपनी पोस्ट में विदेश व्यापार विभाग के पूर्व अधिकारी और दिल्ली स्थित थिंक टैंक ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (जीटीआरआई) के निदेशक अजय श्रीवास्तव के एक पोस्ट को शेयर किया है.
अजय श्रीवास्तव ने अपनी पोस्ट में लिखा, "अमेरिका अब भारत को 100% तक के टैरिफ़ की धमकी दे सकता है. अमेरिकी कांग्रेस ने प्रतिबंधों को एक शक्तिशाली व्यापारिक हथियार में बदल दिया है."
"यह अधिनियम अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस के कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के पांच सबसे बड़े ख़रीदारों से आने वाले सामान पर100% तक अतिरिक्त टैरिफ़ लगाने की अनुमति देता है. चीन के बाद रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार भारत इसका एक संभावित निशाना है."
अजय श्रीवास्तव के मुताबिक़, भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का 88% से अधिक आयात करता है. जुलाई 2026 में रूस ने 7.27 अरब डॉलर का कच्चा तेल उपलब्ध कराया, जो भारत के कुल 14.21 अरब डॉलर के कच्चे तेल आयात का 51.1% था.
उन्होंने बताया है कि भारत के लिए कच्चे तेल के अन्य सप्लायर इस दौरान रूस से काफी पीछे थे, जिनमें यूएई- 10.8%, सऊदी अरब- 9.6% दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं.
अजय श्रीवास्तव के मुताबिक़, "चीन अधिक रूसी कच्चा तेल ख़रीदता है, लेकिन भारत को अमेरिका की ओर से अधिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि अमेरिका को चीन की ओर से अधिक मजबूत जवाबी कार्रवाई की आशंका है."

इमेज स्रोत, ANI
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बिहार में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का कार्यक्रम रखा गया है.
बिहार बीजेपी के इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित कई नेता शाम को दीया जलाएगें.
दीया जलाने के कार्यक्रम का आयोजन करने का आदेश कई सरकारी विभागों में भी दिया गया है. इसे राज्य सरकार के विभिन्न विभागों ने 'सेवा संकल्प अभियान' का नाम दिया गया है.
यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी राज्य के दो करोड़ स्टूडेंट्स और 6 लाख शिक्षकों से अपील की है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों में भी दीया जलाने के निर्देश दिए गए है.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दीया जलाने के कार्यक्रम की आलोचना की है.
उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद' का दीया नामक सरकारी कार्यक्रम बिहार जैसे ग़रीब राज्य में 100 करोड़ रुपये के दीया-बाती और तेल के साथ बाढ़ प्रभावितों का जिया भी जलाएगा."
वहीं पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीया जलाने को कितनी बेचैन है सरकार? सारी शर्म को ताक पर रख दिया. राज्य के 18 ज़िले बाढ़ प्रभावित हैं."
पप्पू यादव ने लिखा, "इस दौरान सारे शिक्षकों को मोदी जी के जन्मदिन पर दीया जलाने के अभियान में लगाना, इनके बेशर्मी के विश्वगुरु होने का प्रमाण है."

इमेज स्रोत, @Whiteknight_IA
सेना की जम्मू-स्थित 'व्हाइट नाइट कॉर्प्स' ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि 16 और 17 सितंबर की दरमियानी रात उधमपुर के ब्रट्टल इलाक़े में जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिज़र्व पैरामिलिट्री फोर्स के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया गया था.
सेना ने कहा कि इलाक़े में चरमपंथियों की मौजूदगी की ख़ुफ़िया जानकारी मिलने के बाद बुधवार रात क़रीब 9 बजे यह अभियान शुरू किया गया था जिसमें दो चरमपंथी मारे गए.
व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने कहा कि ख़राब मौसम, मुश्किल इलाक़े और कम विज़िबिलिटी के बावजूद जवानों ने यह अभियान चलाया.
इस अभियान में मारे गए चरमपंथियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़ाव की अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.
सेना ने कहा, "अभियान अभी भी जारी है और इलाक़े में तलाशी और निगरानी का काम चल रहा है. किसी भी बचे हुए ख़तरे का पता लगाने और उसे ख़त्म करने के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं."
उधमपुर ज़िले में भारतीय सेना की रणनीतिक 'नॉर्दर्न कमांड' और एक एयर फ़ोर्स बेस है.
पहलगाम में हुए हमले के जवाब में जब भारत ने पिछले साल 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था, तब इस एयर फ़ोर्स बेस पर ड्रोन और मिसाइल हमले हुए थे.