You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में भाग लेने की मिली अनुमति

दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के सेलेक्शन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दे दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा और सौरभ यादव

  1. भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में 20 अरब डॉलर का निवेश किया- मार्को रुबियो

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत को लेकर जानकारी दी है.

    मार्को रुबियो ने कहा, "आज हमारी एक बहुत ही सार्थक बैठक हुई. अमेरिका जिस तरह से इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र को देखता है, उसमें भारत की भूमिका केंद्रीय है और यह सिर्फ़ 'क्वाड' के ज़रिए ही नहीं बल्कि द्विपक्षीय स्तर पर भी है.”

    उन्होंने आगे कहा, "आप इसे उन 20 अरब डॉलर के निवेश के रूप में भी देख सकते हैं, जो भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में किया है. आप इसे 'पैक्स सिलिका' में उनकी भागीदारी और उन अन्य अवसरों में भी देख सकते हैं."

    गौरतलब है कि रुबियो क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए 23 से 26 मई तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे.

  2. विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में भाग लेने की मिली अनुमति

    दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के सेलेक्शन ट्रायल्स में भाग लेने की अनुमति दे दी है.

    न्यूज़ वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिकहाई कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ की नीति को 'भेदभादपूर्ण' बताया है.

    कोर्ट ने कहा, "भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) की सेलेक्शन पॉलिसी साफ़ तौर पर भेदभावपूर्ण है और यह डब्ल्यूएफ़आई को फोगाट जैसी मशहूर खिलाड़ियों पर विचार करने का कोई अधिकार नहीं देती, खासकर तब जब उन्होंने मैटरनिटी लीव की वजह से खेल से ब्रेक लिया हो."

    कोर्ट ने कहा कि 'किसी महिला के साथ मैटरनिटी लीव लेने की वजह से भेदभाव नहीं किया जा सकता.'

    दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ़ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की खंडपीठ ने आदेश में कहा कि विनेश फोगाट ने साल 2025 में सबएडिकल के लिए आवेदन किया था और इसलिए वह उस साल किसी भी चैंपियनशिप या प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकीं, क्योंकि उन्होंने ने जुलाई 2025 में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था.

    2026 एशियन गेम्स के लिए 30 और 31 मई को ट्रायल्स होने हैं.

    इससे पहले 11 मई को विनेश फोगाट उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचीं थी और भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) के अधिकारियों से वहां होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति मांगी थी.

  3. कानपुर कमिश्नरेट में आईटीबीपी जवानों के पहुंचने पर हंगामा, घेरने के दावे से पुलिस का इनकार, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    कानपुर में शनिवार को उस वक्त असामान्य स्थिति बन गई जब अर्धसैनिक बल आईटीबीपी के लगभग पचास जवान हथियारों के साथ पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गए.

    जवान अपने साथी विकास सिंह की मां के इलाज में कथित लापरवाही और अस्पताल पर कार्रवाई न होने से नाराज़ थे. विकास सिंह का आरोप है कि उनकी मां को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान संक्रमण इतना बढ़ गया कि बाद में दूसरे अस्पताल में महिला का हाथ काटना पड़ा. इस मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पर कार्रवाई में देरी के आरोप लगाए जा रहे हैं.

    अर्धसैनिक बल के जवानों के कमिश्नरेट परिसर को अपने कब्ज़े में लेने की बात से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इनकार किया है.

    एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने मीडिया से कहा, "आईटीबीपी का एक जवान बात करने के लिए अपने कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आया था. उस दौरान उनके साथी बाहर खड़े थे. इस पर उनसे बात की गई तो उन्होंने जवानों को वापस भेज दिया."

    पुलिस कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दोबारा स्पष्ट रिपोर्ट मांगी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच, तथ्यों के आधार पर होगी और अगर लापरवाही साबित हुई तो क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    विपिन टाडा ने मीडिया को बताया, "आईटीबीपी का जवान कुछ दिन पहले आवेदन लेकर आया था जिसमें उनका आरोप था कि अस्पताल द्वारा लापरवाही पूर्वक इलाज करने के कारण उनकी मां का हाथ काटना पड़ा."

    "मामला स्वास्थ्य विभाग का होने के कारण आवेदन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजा गया था. उनके अनुसार डॉक्टरों की कमेटी गठित कर सभी पहलू की जांच कराई गई थी लेकिन जो रिपोर्ट आई उस पर जवान अपने अधिकारियों को लेकर आया. उसने कुछ बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज कराई."

    उन्होंने आगे बताया, "मुख्य चिकित्सा अधिकारी और जवान बातचीत के बाद फिर से जांच के लिए राज़ी हुए हैं. जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी."

    अर्धसैनिक बल कानपुर कमांडेंट गौरव प्रसाद ने मीडिया को बताया, "हमारे जवान की मां का हाथ कट गया है उसी संबंध में कल कमिश्नर से अप्वाइंटमेंट लिया था."

    "आज मेरे अधिकारी और जवान आये थे. मैं अंदर बैठा था, बाहर जवान खड़े थे. शायद मीडिया ने इसे ग़लत रूप में ले लिया है. यहां (कमिश्नरेट बिल्डिंग) कोई घेरने की कार्रवाई नहीं हुई है. हमें कमिश्नर सर की तरफ से पूरा सपोर्ट है."

  4. कॉकरोच जनता पार्टी पर क्या बोले केरल बीजेपी अध्यक्ष?

    केरल में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कॉकरोच जनता पार्टी पर प्रतिक्रिया दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे इसमें एक क्लासिक 'इन्फ्लुएंस ऑपरेशन' के ज़्यादातर लक्षण दिखाई दे रहे हैं, जिसे एक बनावटी नैरेटिव सेट करने और उम्मीद है कि एक आंदोलन खड़ा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है.”

    राजीव ने कहा, “मुझे यह तो नहीं पता की कॉकरोच जनता पार्टी या इसे जो भी कहते हों, उसके पीछे कौन लोग हैं.”

    उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से इस पूरी कोशिश का मकसद अस्थिरता पैदा करना है. यह साफ़ तौर पर प्लान किया गया है. पश्चिम बंगाल और असम में चुनावों में मिली बड़ी हार के ठीक बाद यह अचानक सामने आया है.”

    इससे पहले 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी की वेबसाइट को बंद कर दिया गया है.

    अभिजीत दीपके ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "सरकार ने हमारी मशहूर वेबसाइट को बंद कर दिया है."

    "हमारी वेबसाइट पर 10 लाख कॉकरोच सदस्य बने थे. 6 लाख कॉकरोच ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग वाली याचिका पर साइन भी किए थे."

  5. त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह को भोपाल कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    त्विषा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल की ज़िला अदालत ने शुक्रवार को अभियुक्त और त्विषा के पति समर्थ सिंह को सात दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

    अदालत ने उन्हें 23 मई से 29 मई तक पुलिस हिरासत में रखने की अनुमति दी है साथ ही त्विषा के परिवार की मांग को मानते हुए कोर्ट ने समर्थ सिंह का पासपोर्ट भी ज़ब्त करने के आदेश दिये हैं.

    त्विषा के परिवार की ओर से वकील शुभांक दीक्षित ने बीबीसी को बताया, “अदालत ने पुलिस की मांग पर सात दिन की रिमांड मंजूर की है.”

    इससे पहले शुक्रवार 22 मई को अभियुक्त समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया था.

    भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था, “पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेकर भोपाल ला रही है और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.”

    दूसरी ओर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है.

    त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कहा कि चूंकि महिला की मौत शादी के छह महीने के भीतर हुई है इसलिए “सभी संदेह दूर करने” के लिए दूसरा पोस्टमार्टम जल्द से जल्द कराया जाना चाहिए.

    हाईकोर्ट ने एम्स दिल्ली के निदेशक से विशेषज्ञों की टीम गठित करने का आदेश दिया है. अदालत ने कहा कि राज्य सरकार विशेषज्ञों को विशेष विमान से भोपाल लाने की व्यवस्था करेगी और पोस्टमार्टम भोपाल में ही कराया जाएगा.

  6. पेट्रोल डीज़ल के दाम फिर बढ़ने पर कांग्रेस ने किया तंज़, 'रुपये और पेट्रोल में 100 पार होने की लगी है होड़'

    कांग्रेस ने डॉलर के मुकाबले रुपये के कमज़ोर होने और पेट्रोल की बढ़ती क़ीमतों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने कहा, "आज भारत के लोग देख रहे हैं और यह सोच रहे हैं कि 100 का आंकड़ा पहले कौन पार करेगा. डॉलर के मुकाबले कमज़ोर होता रुपया या देश में पेट्रोल की क़ीमतें."

    कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर दी गई वर्क फ़्रॉम होम करने की सलाह पर निशाना साधा है.

    कांग्रेस नेता डॉली शर्मा ने कहा, "मोदी सरकार ने जनता से कहा वर्क फ़्रॉम होम करिए. अब नरेंद्र मोदी बताएं कि असल में कितने लोग वर्क फ़्रॉम होम कर सकते हैं और किन वर्गों के लिए यह संभव है."

    "प्रवासी मज़दूर और कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले मज़दूर घर से काम नहीं कर सकते जबकि उन्हें महंगे गैस सिलेंडर खरीदने पड़ रहे हैं. आलम ये है कि मज़दूर गांव की ओर लौट रहे हैं."

    ग़ौरतलब है किशनिवार को पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. 15 मई से अब तक यह तीसरी बार दाम बढ़े हैं.

  7. ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता- सर्जियो गोर

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी विदेशी मंत्री मार्को रुबियो की हुई बैठक के बारे में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जानकारी साझा की है.

    सोशल मीडिया पर सर्जियो गोर ने कहा, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक में शामिल होना बहुत अच्छा रहा."

    उन्होंने कहा, "हमने सुरक्षा, व्यापार और अहम तकनीकों के क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की, ये ऐसे क्षेत्र हैं जो दोनों देशों को मजबूत बनाते हैं. भारत, अमेरिका का एक बहुत महत्वपूर्ण साझेदार है."

    एक और पोस्ट में सर्जियो गोर ने कहा, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को व्हाइट हाउस आने के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर लिखा, "अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई. हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति, वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे."

  8. ईरान जंग से पस्त 27 देश वर्ल्ड बैंक से मांग रहे हैं आर्थिक मदद

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, ईरान जंग की शुरुआत के बाद से अब तक 27 देशों ने मदद के लिए वर्ल्ड बैंक से गुहार लगाई है.

    इन देशों का कहना है कि ईरान के कारण उनकी अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, रॉयटर्स ने जिन दस्तावेज़ के हवाले से यह बात कही है उस दस्तावेज़ में न तो देशों के नाम बताए गए हैं और न ही मांगी गई फ़ंडिंग की सटीक राशि बताई गई है.

    वर्ल्ड बैंक ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, 28 फ़रवरी को ईरान और अमेरिका-इसराइल के बीच संघर्ष शुरू होने के बाद से दुनियाभर के ऊर्जा बाज़ारों में काफ़ी उथल-पुथल हुई है.

    इसका असर सप्लाई चेन पर पड़ा है और विकासशील देशों तक ज़रूरी खाद (फर्टिलाइज़र) की खेप पहुँचने में भी रुकावट आई है.

    कीनिया और इराक़ के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे युद्ध के असर से निपटने के लिए वर्ल्ड बैंक से तुरंत आर्थिक मदद मांग रहे हैं.

    इस युद्ध की वजह से कीनिया में ईंधन की क़ीमतें तेज़ी से बढ़ गई हैं जबकि इराक़ की तेल से होने वाली कमाई में भारी गिरावट आई है.

    ये 27 देश उन 101 देशों में शामिल हैं, जिन्हें वर्ल्ड बैंक की इमरजेंसी फ़ाइनेंसिंग व्यवस्था तक पहुंच हासिल है.

  9. पुतिन ने छात्रावास पर हमला करने का आरोप लगाया, यूक्रेन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई के दिए निर्देश

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर पूर्वी यूक्रेन के कब्जे वाले इलाके में एक छात्रावास पर घातक हमला करने का आरोप लगाया है. पुतिन ने जवाबी कार्रवाई करने का प्रण लिया है.

    रूस समर्थित स्थानीय गवर्नर के मुताबिक़, लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क शहर में रात के समय हुए हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए. उन्होंने बताया कि 11 लोग अब भी लापता हैं.

    यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने स्टारोबिल्स्क में रूस की विशेष रुबिकॉन ड्रोन सैन्य इकाई के मुख्यालय पर हमला किया है.

    हालांकि यूक्रेनी सेना ने यह नहीं बताया कि क्या यह वही इमारत थी, जिसे रूस ने निशाना बनाए जाने की बात कही है.

    वहीं राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आसपास “कोई सैन्य ठिकाना, ख़ुफ़िया एजेंसियों की फ़ैसिलीटी या उनसे जुड़ी सेवाएं मौजूद नहीं थीं.”

    उन्होंने शुक्रवार को मॉस्को आयोजित एक समारोह में कहा, “इसलिए यह दावा करने का कोई आधार नहीं है कि हमारे एयर डिफ़ेंस या इलेक्ट्रॉनिक वॉरफ़ेयर सिस्टम की वजह से इमारत पर हमला किया गया.”

    पुतिन ने रूसी सेना को जवाबी कार्रवाई करने की तैयारी करने का आदेश दिया है.

  10. अभिजीत दीपके ने कहा- सरकार ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' की वेबसाइट बंद कर दी

    'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी की वेबसाइट को बंद कर दिया गया है.

    अभिजीत दीपके ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "सरकार ने हमारी मशहूर वेबसाइट को बंद कर दिया है."

    "हमारी वेबसाइट पर 10 लाख कॉकरोच सदस्य बने थे. 6 लाख कॉकरोच ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग वाली याचिका पर साइन भी किए थे."

    उन्होंने लिखा, "सरकार कॉकरोच से इतनी डरी हुई क्यों है? लेकिन यह तानाशाही रवैया भारत के युवाओं की आंखें खोल रहा है. हमारा सिर्फ़ इतना जुर्म है कि हम अपने लिए बेहतर भविष्य की मांग कर रहे थे. लेकिन हमें इतनी आसानी से ख़त्म नहीं किया जा सकता. हम अभी एक नया घर बना रहे हैं. कॉकरोच कभी नहीं मरते."

    इससे पहले अभिजीत दीपके ने बताया था कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है, एक्स अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई है.

  11. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  12. यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज

    उत्तर प्रदेश की कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यूपी के में महोबा शनिवार को कोतवाली नगर थाने में बीजेपी कार्यकर्ता नीरज रावत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है.

    एएसपी वंदना सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, "22 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ सरकारी काम में बाधा डाल रहे थे. इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक रास्ता भी रोक दी थी."

    उन्होंने बताया, "अजय राय ने प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की. इस मामले में कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है. कार्रवाई की जा रही है."

    गौरतलब है कि अजय राय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से 2014, 2019 और 2024 में चुनाव लड़ा.

  13. त्विषा शर्मा केस: अभियुक्त समर्थ सिंह की आज कोर्ट में पेशी, जांच कर रहे एसीपी ने ये बताया

    त्विषा शर्मा मामले में अभियुक्त समर्थ सिंह को आज यानी शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.समर्थ सिंह त्विषा सिंह के पति हैं.

    इस मामले पर एसआईटी टीम के प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने कहा, "हमारी टीम ने अभियुक्त समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ़्तार किया है."

    उन्होंने बताया, "आज हम उसे कोर्ट में पेश करेंगे. हम समर्थ सिंह का सात दिन का रिमांड मांगेंगे. पुलिस कमिश्नर की ओर से आज दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जिसमें इस मामले पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी."

    वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को त्विषा शर्मा मामले की सीबीआई जांच की सिफ़ारिश की है.

    त्विषा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं, जिनके साथ कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न हुआ था और पिछले हफ़्ते भोपाल में उनकी मौत हो गई थी.

    12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित घर में त्विषा का शव मिला था.

    उनके परिवार का आरोप है कि उनकी हत्या की गई, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने ख़ुदकुशी की.

    हालांकि, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बीबीसी से बातचीत में कहा था, "यह साफ़तौर पर आत्महत्या का मामला है, हत्या का नहीं."

  14. पाकिस्तान के फील्ड मार्शल ने तेहरान में ईरानी विदेश मंत्री से की मुलाक़ात

    पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की है.

    बीबीसी फ़ारसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दोनों के बीच देर रात तक बातचीत चली.

    ईरानी सरकार के आधिकारिक एक्स हैंडल पर बताया गया, "बैठक में दोनों पक्षों ने युद्ध ख़त्म करने के लिए चल रही ताज़ा कोशिशों पर चर्चा की. साथ ही मध्य-पूर्व में शांति और सुरक्षा को मज़बूत करने के तरीक़ों पर बात हुई."

    दूसरी ओर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका लगातार आसिम मुनीर से संपर्क में है.

    उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने अच्छा काम किया है. हम इस पूरे मामले में उनके साथ काम कर रहे हैं और आगे भी ऐसा ही करेंगे."

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान समझौता करने के लिए तैयार है.

    ट्रंप ने कहा, "ईरान समझौता करने के लिए तैयार है, देखते हैं आगे क्या होता है. लेकिन हमने उन पर सख़्त कार्रवाई की, हमारे पास कोई और विकल्प नहीं था, क्योंकि ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिल सकता. उन्हें यह नहीं मिलना चाहिए."

  15. चीन: कोयला खदान में हुआ धमाका, 90 लोगों की मौत

    चीन में एक कोयला खदान में धमाका हुआ है. इस हादसे में क़रीब 90 लोगों की मौत हो गई है. यह जानकारी चीन के सरकारी मीडिया ने दी है.

    धमाका शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम 7:29 बजे हुआ, तब खदान में 247 मज़दूर काम कर रहे थे. मौके पर बचाव अभियान जारी है.

    सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया, "शांक्सी प्रांत में तोंगझोउ ग्रुप की खदान में हुए गैस धमाके वजह से हुए हादसे में 90 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है."

    हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि घायलों का इलाज किया जा रहा है. बाक़ी लोगों को खोजने के प्रयास भी जारी हैं.

    उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाए और जो लोग इसके लिए ज़िम्मेदार हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए.

  16. नीट पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्र के परिवार से राहुल गांधी ने की बात

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर ज़िले के छात्र प्रदीप मेघवाल के पिता से फोन पर बात की. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ नीट परीक्षा रद्द होने के बाद प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या कर ली थी.

    एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी की परिवार से फोन पर बात करवाई. राहुल गांधी ने दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी.

    कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर फोन पर हुई बातचीत का वीडियो जारी किया गया है. परिवार का कहना है कि नीट पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने से छात्र प्रदीप बहुत निराश था, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली.

    परिवार ने राहुल गांधी को बताया कि उन पर 11 लाख रुपये का क़र्ज़ है, जो बच्चों की पढ़ाई के लिए लिया गया था.

    कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर लिखा, "पीड़ित परिवार की मांग है कि पेपर लीक करने वालों को सख़्त सज़ा मिले और उन्हें न्याय मिले."

    कांग्रेस ने कहा, "कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मज़बूती से खड़ी है. हम परिवार को न्याय दिलाएंगे और इस ग़लती के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए."

    नीट-यूजी की मुख्य परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी. हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को इसे आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया था.

    इसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एलान किया कि 21 जून को परीक्षा फिर आयोजित की जाएगी.

  17. अभिजीत दीपके ने कहा- सीजेपी का इंस्टा पेज हैक हो गया है

    कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है.

    अभिजीत दीपके ने अपने एक्स अकाउंट से किए गए पोस्ट में लिखा, "अपने किसी भी प्लेटफ़ॉर्म तक हमारा एक्सेस नहीं है. इस पोस्ट के बाद जो भी पोस्ट होगी, उसे कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए."

    उन्होंने लिखा, "कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम पेज हैक हुआ. मेरा पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हुआ. एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी गई. बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया."

    कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम के 2.17 करोड़ फ़ॉलोअर्स हो गए हैं जो कि सत्ताधारी बीजेपी के फॉलोवर्स से दोगुने से ज़्यादा हैं.

  18. पेट्रोल-डीज़ल महंगा होने पर विपक्षी पार्टियों की तीखी प्रतिक्रिया

    भारत में एक बार फिर पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा हुआ है. इसके बाद कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार की आलोचना की है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल पर नौ दिन में पांच रुपए बढ़ा दिए. आज फिर पेट्रोल और डीज़ल महंगा कर दिया गया."

    कांग्रेस ने लिखा, "मोदी को बस तेल कंपनियों के फ़ायदे की चिंता है. एक तरफ जहाँ दुनियाभर की सरकारें अपनी जनता को राहत दे रही हैं, मोदी सरकार जनता को ही लूटने में लगी है. कभी तो जनता के भले के बारे में सोच लो, कब तक पूंजीपतियों का फ़ायदा कराते रहोगे?"

    दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने कहा है कि महंगाई आसमान छू रही है और ये बीजेपी सरकार की 'ग़लत आर्थिक और विदेश नीतियों' का नतीजा है.

    समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने एक्स पर लिखा, "15 दिन में तीसरी बार पेट्रोल डीज़ल के दाम इस भाजपा सरकार ने बढ़ा दिए. सीएनजी की क़ीमतें भी बढ़ा दी गईं."

    आगे लिखा, "महंगाई आसमान छू रही है, भाजपा सरकार की ग़लत आर्थिक और विदेश नीतियों का ये दुष्परिणाम है, पहले से मंदी की मार झेल रही जनता पर ये दोहरा तिहरा भाजपाई प्रहार है. महंगाई और बढ़ने वाली है, अराजकता अपराध और बर्बादी का दौर आने वाला है और इसकी ज़िम्मेदार ये भाजपा की सरकार होगी."

    भारत में शनिवार यानी 23 मई को ही पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. यह 10 दिन के भीतर तीसरी बढ़ोतरी है.

  19. पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल के दाम में छह रुपए प्रति लीटर की कटौती

    पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें कम की गई हैं. पाकिस्तान की सरकार ने ईद-उल-अज़हा से पहले शुक्रवार को पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये कम करने का एलान किया है.

    बीबीसी उर्दू ने पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम डिवीज़न के बयान का हवाला देते हुए बताया, पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर घटाई गई है, वहीं डीज़ल की क़ीमत भी 6.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई है.

    अब पेट्रोल की क़ीमत 403.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 402.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    पिछले हफ़्ते भी पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें पांच पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई थीं.

    हालांकि, इससे पहले पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें क़रीब 15 पाकिस्तानी रुपये बढ़ाई गई थीं.

    पाकिस्तान में मार्च से अब तक पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतें पांच बार बढ़ाई गई हैं. मार्च में पहली दफ़ा पेट्रोल की क़ीमत में इज़ाफ़े से पहले इसकी क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर थी.

  20. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहली बार भारत दौरे पर आए

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले आधिकारिक भारत दौरे पर शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी.

    सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. शनिवार को वह कोलकाता पहुंचे और यह उनका पहला भारत दौरा है. बाद में आज वह नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे. इस मुलाक़ात में व्यापार, तकनीक, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है."

    गोर ने एक अन्य एक्स पोस्ट में कहा, "क्वाड बैठक ट्रंप की उस सोच को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है, जिससे अमेरिका-भारत साझेदारी और मज़बूत हो सके."

    गौरतलब है कि रुबियो 23 से 26 मई तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे.

    रुबियो क्वॉड गुट के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने नई दिल्ली आ रहे हैं. क्वॉड में अमेरिका, जापान, भारत और ऑस्ट्रेलिया हैं.