आईपीएल 2026: कौन हैं महंगे खिलाड़ियों में से एक मथीशा पथिराना, जो पहले ही मैच में हो गए बाहर

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस को 29 रनों से भले ही मात दे दी हो, प्लेऑफ़ में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही टीम केकेआर को एक बड़ा झटका लगा है.

टीम के गेंदबाज़ मथीशा पथिराना मैच में महज़ 8 गेंद फ़ेंक पाए और उन्हें बाहर होना पड़ा. केकेआर ने श्रीलंका के इस गेंदबाज़ को 18 करोड़ रुपये में ख़रीदा था.

मथीशा पथिराना ने बहुत तेज़ी से ख़ुद को विश्व क्रिकेट में सबसे अनोखे टी20 गेंदबाजों में से एक के तौर पर स्थापित किया है.

वह महज़ 23 साल की उम्र में 100 से ज़्यादा टी 20 मैच खेल चुके हैं और उन्हें क्रिकेट के इस फ़ॉर्मेट में स्पेशलिस्ट के तौर पर जाना जाता है.

अक्सर श्रीलंकाई गेंदबाज़ लसिथ मलिंगा की तेज़ गेंदबाज़ी के स्टाइल से जोड़े जाने वाले पथिराना का स्लिंगी, लो-आर्म एक्शन उन्हें एक ऐसा गेंदबाज़ बनाता है जिनको खेलना मुश्किल होता है.

ख़ासकर अंतिम ओवरों (स्लॉग ओवर्स) में यॉर्कर डालने और अपनी गति में बदलाव करने की उनकी काबिलियत उन्हें मुश्किल बना देती है.

एक बार भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मथीशा पथिराना की जमकर तारीफ़ की थी और प्रतिद्वंद्वी टीम को उन पर नज़र रखने की सलाह दी थी.

कौन हैं मथीशा पथिराना

मथीशा पथिराना इस सीज़न पहली बार खेलने उतरे थे लेकिन चोट ने उन्हें जल्द ही बाहर कर दिया. पथिराना दायीं हैमस्ट्रिंग में दिक्कत की वजह से बॉलिंग बीच में ही छोड़कर चले गए.

पथिराना ने साल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की और जल्द ही टीम के अहम खिलाड़ी बन गए.

अबू धाबी टी10 लीग में खेलने के बाद पथिराना ने 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया. उस सीज़न में उन्होंने सिर्फ़ दो मैच खेले थे.

आईपीएल 2023 में पथिराना ने खुद को सीएसके के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ के तौर पर स्थापित किया. उनकी स्लिंग एक्शन वाली यॉर्कर गेंदों ने टीम को पांचवां खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने सीज़न में 19 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 8.01 रहा.

चोट की वजह से आईपीएल 2024 में वह सिर्फ़ छह मैच खेल सके, लेकिन सीएसके ने आईपीएल 2025 से पहले उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया.

उस सीज़न में उन्होंने 12 मैचों में 13 विकेट लिए, हालांकि उनका इकॉनमी रेट बढ़कर 10.14 हो गया.

सीएसके के साथ चार सीज़न में, पथिराना ने एक भरोसेमंद डेथ बॉलर के तौर पर अपनी पहचान बनाई.

साल 2026 की नीलामी में पथिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रक़म देकर टीम के लिए ख़रीदा.

लेकिन चोट के बाद वापसी करने वाले मथीशा पथिराना पहले ही मैच में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ महज़ 8 गेंद फ़ेंक पाए.

आईपीएल के इस सीज़न के 60वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को 29 रनों से हरा दिया है. यह मैच कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेला गया.

केकेआर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 247 रनों का विशाल स्टोर खड़ा कर दिया.

इसमें टीम की ओर से मैच में कुल 22 छक्के लगाए गए और जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 218 रन ही बना पाई.

गिल अपने खिलाड़ियों से क्यों निराश हुए

मैच के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने अपनी टीम की ख़राब फ़ील्डिंग को हार के लिए ज़िम्मेदार ठहराया.

इस मैच में गुजरात टाइटंस ने चार कैच छोड़े, जिनमें फिन एलन का कैच भी शामिल था. एलन ने इस जीवनदान का भरपूर फ़ायदा उठाया और महज़ 35 गेंदों पर 93 रनों की तूफ़ानी पारी खेली.

गुजरात टाइटंस की ख़राब फ़ील्डिंग की हालत यह रही कि केकेआर ने महज़ दो विकेट के नुक़सान पर 20 ओवर में 247 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया.

कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि पूर्व चैंपियन टीम के ख़िलाफ़ कई कैच छोड़ने के बाद वे "जीत के हक़दार नहीं थे."

मैच को जीतने के लिए ख़ुद कप्तान शुभमन गिल ने बेहतरीन पारी खेली. उन्होंने 49 गेंदों पर 85 रनों की पारी खेली, जिसमें सात छक्के और पांच चौके शामिल थे.

यह नहीं गुजरात टाइटंस के दूसरे ओपनर साई सुदर्शन ने भी 28 गेंद पर 53 रन बनाए.

हार के बाद शुभमन गिल ने कहा कि पिच को देखते हुए 200-210 का स्कोर ठीक था.

उन्होंने कहा, "हमने बहुत सारे कैच छोड़ दिए. पिच अच्छी थी, एकाध गेंद रुककर आ रही थी, लेकिन मुझे लगता है कि हमने इस स्कोर तक पहुंचने के लिए अच्छी बल्लेबाज़ी की...हमारी फ़ील्डिंग काफ़ी बेहतर हो सकती थी... 3 बिल्कुल आसान कैच छोड़ना, हम यह मैच जीतना डिजर्व ही नहीं करते थे."

गुजरात टाइटंस ने इस सीज़न खेले गए अपने 13 मैचों में आठ में जीत दर्ज की है जबकि 5 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है.

वहीं केकेआर की टीम अपने 12 मैचों में केवल पांच मैच जीत पाई है और पाइंट्स टेबल में वह 7वें नंबर पर है.

क्या कह रहे हैं फ़ैंस

फ़िन एलन की बल्लेबाज़ी पर कई क्रिकेट फ़ैंस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

गौरव यादव नाम के एक यूज़र ने लिखा, "फ़िन एलन वैसे तो कम चलते हैं लेकिन जिस दिन चलते हैं तो सिर्फ यही खेलते हैं. गेंदबाज़ तो सिर्फ गेंद फेंकते हैं. केकेआर कहीं गुजरात टाइटंस का खेल नहीं बिगाड़ दे."

इंडियन प्रीमियर लीग ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "गेंद को देखो, मारो और आक्रमण को ध्वस्त कर दो. फ़िन एलन ने आज रात शानदार खेल दिखाया."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)