लाइव, मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 साल की उम्र में भोपाल में निधन

मशहूर उर्दू शायर और साहित्यकार बशीर बद्र का बुधवार को भोपाल में निधन हो गया. वह 91 वर्ष के थे. परिवार के मुताबिक़ उन्होंने दोपहर क़रीब 12 बजे अंतिम सांस ली.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह

  1. मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 साल की उम्र में भोपाल में निधन, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बशीर बद्र

    इमेज स्रोत, RAHAT BADR

    इमेज कैप्शन, बशीर बद्र लंबे समय से डिमेंशिया से जूझ रहे थे

    मशहूर उर्दू शायर और साहित्यकार बशीर बद्र का बुधवार को भोपाल में निधन हो गया. वह 91 वर्ष के थे. परिवार के मुताबिक़ उन्होंने दोपहर क़रीब 12 बजे अंतिम सांस ली.

    बीबीसी से बात करते हुए बशीर बद्र की पत्नी डॉक्टर राहत बद्र ने इस ख़बर की पुष्टि की है.

    बशीर बद्र लंबे समय से डिमेंशिया से जूझ रहे थे. परिवार के मुताबिक़ पिछले कुछ समय से उनकी सेहत लगातार ख़राब रह रही थी उन्हें लोगों को पहचानने में दिक्कत हो रही थी.

    उर्दू शायरी को आसान और बोलचाल की भाषा में नई पहचान देने वाले बशीर बद्र ने पारंपरिक अंदाज़ से अलग अपनी शैली विकसित की थी.

    उनकी ग़ज़लों में मोहब्बत, तन्हाई, रिश्तों और रोज़मर्रा की जिंदगी के अनुभव दिखाई देते थे. उनके कई शेर आज भी मुशायरों और सोशल मीडिया पर अक्सर सुनाई देते हैं.

    साल 1969 में उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी. इसके बाद 1974 में मेरठ कॉलेज के उर्दू विभाग में बतौर लेक्चरर नियुक्त हुए और 1990 तक वहां पढ़ाया.

    साहित्य जगत में 1974 से 1990 के बीच का दौर उनके रचनात्मक जीवन का अहम समय माना जाता है. इसी दौरान उनकी शायरी ने देश और विदेश में पहचान बनाई.

    परिवार के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार बुधवार शाम को किया जा सकता है, हालांकि समय अभी तय नहीं हुआ है.

    बशीर बद्र की शायरी
  2. कीनिया में बोर्डिंग स्कूल में आग लगी, 16 स्टूडेंट्स की मौत, कीसा वांदेरा, बीबीसी अफ़्रीका, नैरोबी और बेसिलियोह रुकांगा, नैरोबी

    कीनिया के स्कूल में आग लगने से 18 स्टूडेंट्स की मौत

    इमेज स्रोत, Robert Maina

    इमेज कैप्शन, पुलिस के मुताबिक़ राहत और बचाव कार्य जारी है

    कीनिया की राजधानी नैरोबी से लगभग 120 किलोमीटर पश्चिम में स्थित गिलगिल के एक बोर्डिंग स्कूल में आग लगने से 16 स्टूडेंट्स की मौत हो गई है.

    घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने पत्रकारों को यह जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए 74 अन्य स्टूडेंट्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    कीनिया रेड क्रॉस और पुलिस के मुताबिक़, उतुमिशी गर्ल्स स्कूल में यह आग गुरुवार तड़के उस समय लगी, जब स्टूडेंट्स सो रहे थे.

    पुलिस ने कहा कि बचाव और राहत अभियान जारी है. अधिकारी अब तक आग लगने के कारण का पता नहीं लगा पाए हैं.

    कीनिया रेड-क्रॉस ने बताया कि आपातकालीन सहायता दल मौके पर मौजूद हैं और मदद मुहैया करा रहे हैं.

    पुलिस कमांडर मसूद म्विनी ने स्कूल के बाहर मौजूद अभिभावकों और लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "यह बेहद दुखद और पीड़ादायक स्थिति है."

    कीनिया के बोर्डिंग स्कूलों में आग लगने की घटनाएं असामान्य नहीं हैं.

    हाल के वर्षों में ऐसे कई घातक हादसे सामने आए हैं. हॉस्टल में स्टूडेंट्स की ज्यादा तादाद और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन न करना अक्सर बड़ी संख्या में हताहतों की वजह माना जाता है.

  3. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    भारत का रुपया गिर रहा है लेकिन दूसरे कई एशियाई देशों की मुद्रा मज़बूत कैसे हो रही है?

    कर्नाटक: सिद्धारमैया देंगे इस्तीफ़ा, डीके शिवकुमार बनेंगे मुख्यमंत्री

    'हेटर्स कहेंगे कि तुम 15 के नहीं हो...', गेल, रसेल से लेकर सचिन तक हुए वैभव के मुरीद, किसने क्या

    इस अमेरिकी सीनेटर की किस बात से ख़फ़ा हैं पाकिस्तान के सोशल मीडिया यूज़र्स

  4. सीबीएसई ने ऑन-स्क्रीनिंग मार्किंग सिस्टम से जुड़े विवाद पर क्या कहा

    सीबीएसई

    इमेज स्रोत, G

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई ने अपने ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया है

    ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार को कहा कि उसका मूल्यांकन प्लेटफ़ॉर्म पूरी तरह सुरक्षित है.

    सीबीएसई ने कहा, ''ये मजबूत आईटी प्लेटफ़ॉर्म है. वास्तविक मूल्यांकन पोर्टल में किसी भी तरह की सेंध या तकनीकी कमजोरी की कोई सूचना नहीं मिली है.''

    सीबीएसई ने कहा, ''इस प्लेटफ़ॉर्म का अधिकृत सुरक्षा ऑडिट के ज़रिए परीक्षण और सर्टिफ़िकेशन किया गया है. साथ ही यह मज़बूत डिजिटल बुनियादी ढांचे से लैस है, जिसमें आंसर-शीट्स पुस्तिकाओं की सुरक्षित स्कैनिंग और प्रोसेसिंग के लिए कई स्तरों पर क्वालिटी चेक और सुरक्षा उपाय हैं.''

    बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, '' स्टूडेंट्स की आंसर-शीट्स पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कई क्वालिटी कंट्रोल प्रोसेस के तहद प्रोसेस किया गया है.''

    सीबीएसई ने स्टूडेंट्स और अभिभावकों से किसी भी भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करने की अपील की है.

    सीबीएसई की 10वीं और 12वीं क्लास के नतीजे आने के बाद बड़ी तादाद में स्टूडेंट्स ने अपनी स्कैन कॉपी मांगी है.

    ये स्टूडेंट्स ऑन-स्क्रीन मार्किंग से संतुष्ट नहीं हैं. इसलिए बड़ी तादाद में आंसर शीट्स को दोबारा जांचने की मांग उठ रही है.

  5. बीजेपी ने चार राज्यों में बनाए नए पार्टी अध्यक्ष, जानिए दिल्ली में कमान किसके हाथ

    हर्ष मल्होत्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हर्ष मल्होत्रा दिल्ली में बीजेपी के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं

    भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए पार्टी अध्यक्षों की नियुक्ति की है.

    दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया है.

    वहीं पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है.

    हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता पार्टी की नई अध्यक्ष होंगी, जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को पार्टी प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है.

    पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार की ओर से जारी लिखित बयान के मुताबिक़ सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं.

  6. सीबीएसई रिजल्ट में राहुल गांधी के ' हेर-फेर' के आरोपों पर धर्मेंद्र प्रधान क्या बोले

    राहुल गांधी और धर्मेंद्र प्रधान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सीबीएसई रिजल्ट में 'हेर-फेर' के राहुल गांधी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है.

    गुरुवार को उन्होंने पत्रकारों से कहा,'' राहुल गांधी एक अलग मानसिकता में पहुंच चुके हैं. निरंतर चुनाव हारने के कारण वो फ्रस्ट्रेशन में जा चुके हैं. उन्होंने एसआईआर का विरोध किया. ईवीएम का विरोध किया. डिजिटल इंडिया का विरोध किया. भारत की वैज्ञानिक प्रगति के साथ वो नहीं हैं.''

    उन्होंने कहा, ''मैं खुद इस विसंगति और अव्यवस्था का सरकार की ओर से दायित्व लेता हूं. उनसे अनुरोध करता हूं उनका इस संबंध में कोई भी बयान देना ठीक नहीं है. मैं पहले ही कह चुका हूं कि ये राजनीति का समय नहीं है. बच्चों का मानसिक तनाव और न बढ़े इसलिए इस तरह के बयान न दें.''

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) परीक्षा परिणामों में 'हेर-फे़र' का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार और 'कोएम्प्ट एडुटेक' नाम की कंपनी को इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराया है.

    हालांकि सीबीएसई ने राहुल गांधी के इन आरोपों को ख़ारिज किया है.

    सीबीएसई के मुताबिक़ राहुल गांधी के आरोप ग़लत, भ्रामक और तथ्यों पर आधारित नहीं हैं.

  7. टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने कल्याण बनर्जी के ख़िलाफ़ ओम बिरला को की शिकायत

    काकोली घोष दस्तीदार

    इमेज स्रोत, ANI

    तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिख कर अपनी ही पार्टी के सांसद कल्याण बनर्जी पर संसद परिसर में अपने साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है.

    इसके साथ ही उन्होंने कल्याण बनर्जी के ख़िलाफ़ महिला सांसदों के प्रति स्त्री-विरोधी व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है.

    यह शिकायत ऐसे समय आई है जब विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद टीएमसी के नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं.

    लोकसभा स्पीकर को लिखे अपने पत्र में काकोली घोष दस्तीदार ने शिकायत को औपचारिक रूप से दर्ज करने की अनुमति मांगी है और कल्याण बनर्जी के ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई की मांग की है.

    इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार ने पार्टी के तमाम पदों से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को भेजे पत्र में इस्तीफे़ की जानकारी दी थी.

    हालांकि उन्होंने पार्टी में बने रहने की बात कही थी.

  8. यूक्रेन युद्ध में रूस के लगभग पांच लाख सैनिक मारे गए, ब्रिटेन की सबसे बड़ी ख़ुफ़िया एजेंसी का दावा, फ्रैंक गार्डनर, सुरक्षा मामलों के संवाददाता और हेनरी मूर

    रूस-यूक्रेन युद्ध

    इमेज स्रोत, EPA

    ब्रिटेन की सबसे बड़ी ख़ुफ़िया एजेंसी जीसीएचक्यू के मुताबिक़ 2022 में शुरू हुए यूक्रेन युद्ध में रूस के लगभग पांच लाख सैनिक मारे गए हैं.

    एजेंसी ने कहा है कि यूक्रेन पर पूरे तौर पर हमले के बाद से अब तक रूस के पांच लाख सैनिकों की मौत हुई है.

    ये आंकड़े ब्रिटेन की ख़ुफ़िया एजेंसी जीसीएचक्यू की निदेशक एन किस्ट-बटलर ने अपने पहले सार्वजनिक भाषण में साझा किए.

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्रेमलिन ब्रिटिश धरती पर जासूसी की कई साजिशों के पीछे रहा है और हाल के वर्षों में ब्रिटेन समेत अन्य नेटो देशों के ख़िलाफ़ एक अघोषित "हाइब्रिड युद्ध" चला रहा है.

    रूस और यूक्रेन दोनों ही समय-समय पर एक-दूसरे के सैन्य नुकसान के आंकड़े जारी करते रहे हैं, लेकिन अपने नुक़सान के बारे में विस्तृत जानकारी देने से बचते रहे हैं.

    हालांकि, फ़रवरी में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमिर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि 2022 से अब तक यूक्रेन के 55,000 सैनिक मारे जा चुके हैं.

  9. पटना में 14 लोगों को ले जा रही नाव पलटी, अब तक दो शव मिले, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना

    पटना में नाव दुर्घटनाग्रस्त

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    पटना में गुरुवार की सुबह एक नाव गंगा नदीं में पलट गई. नाव में सवार सात लोगों को बचा लिया गया है.

    पटना जिला प्रशासन ने बताया कि अब तक दो लोगों के शव मिले हैं. सात लोगों को बचा लिया गया है. जबकि अन्य पांच लोग लापता हैं. बचाव कार्य जारी है.

    प्रशासन ने बताया कि गुरुवार की सुबह लगभग पौने छह बजे बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के समीप बिंद टोली के 14 लोग नाव पर चढ़कर समस्तीपुर जिला के सुल्तानपुर दियारा, मोहिउद्दीननगर गए थे.

    अक्सर लोग परवल तोड़ने और खेती-किसानी के दूसरे कामों के लिए वहां जाते हैं.

    वापस लौटने के क्रम में तेज हवाओं के कारण सुल्तानपुर दियारा, समस्तीपुर के पास नाव पलट गई. ख़बर लिखे जाने तक सात लोगों को बचा लिया गया था. लेकिन पांच लोग लापता हैं. अब तक दो शव बरामद हो चुके हैं.

    समस्तीपुर और पटना जिला प्रशासन मिलकर राहत कार्य चला रहे हैं.

  10. क्रिस गेल ने क्यों कहा वैभव सूर्यवंशी को नई सिक्स मशीन

    क्रिस गेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिग्गज़ बल्लेबाज़ क्रिस गेल ने आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी की तारीफ़ की है.

    क्रिस गेल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''वैभव शानदार खिलाड़ी हैं. कमाल का मनोरंजन किया इस युवा खिलाड़ी ने! नई सिक्स मशीन!''

    वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा आईपीएल में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा है.

    वैभव सूर्यवंशी मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक 65 छक्के लगा चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल का टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है.

    अब वैभव सूर्यवंशी किसी एक टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    सूर्यवंशी ने आईपीएल की एक पारी में दस या उससे अधिक छक्के लगाने के मामले में भी क्रिस गेल की बराबरी कर ली है.

    अब दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार बार किसी आईपीएल पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं.

  11. पीएम मोदी ने दी ईद-उल अज़हा की बधाई, क्या कहा

    ईद-उल अज़हा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-अज़हा (बक़रीद) पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लोगों को इस त्योहार की बधाई देते हुए लिखा, ''ये त्योहार समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और मजबूत करे. सबकी कामयाबी और अच्छी सेहत की कामना करता हूं. यह अवसर लोगों के जीवन में सुख, शांति और सौहार्द लेकर आए.''

    पूरे देश में आज ईद उल-अज़हा मनाई जा रही है. ईद-उल-अज़हा को बक़रीद या कुर्बानी की ईद के नाम से भी जाना जाता है.

    ईद-उल-अज़हा या ईद-उज़-ज़ोहा ये ईद इस्लामिक कैलेंडर के आख़िरी महीने ज़िलहिज्ज की दसवीं तारीख़ को मनाया जाता है.

    ये ईद मुसलमानों के एक पैग़म्बर और हज़रत मोहम्मद के पूर्वज हज़रत इब्राहिम की क़ुर्बानी को याद करने के लिए मनाई जाती है.

    मुसलमानों का विश्वास है कि अल्लाह ने इब्राहिम की भक्ति की परीक्षा लेने के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज़ की क़ुर्बानी मांगी. इब्राहिम ने अपने जवान बेटे इस्माइल को अल्लाह की राह में क़ुर्बान करने का फ़ैसला कर लिया.

  12. त्विषा शर्मा मामले में सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम ज़मानत रद्द

    त्विषा शर्मा

    इमेज स्रोत, TWISHA SHARMA'S FAMILY

    त्विषा शर्मा मामले में बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनकी सास गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द कर दी है.

    इस फै़सले के साथ ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के लिए गिरिबाला सिंह को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लेने का रास्ता साफ़ हो गया है.

    अब सीबीआई उनसे विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी की मांग कर सकती है.

    इससे पहले, सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने त्विषा शर्मा की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई की थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का संज्ञान खुद ही लिया था. अदालत ने कहा कि वह इस मामले को स्वयं इसलिए सुन रही है क्योंकि यह धारणा बन रही थी कि निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है क्योंकि मृतका के पति एक वकील हैं और उनकी सास जिला जज रह चुकी हैं.

    अदालत ने कहा था, "हम पीड़ितों के परिजनों और अभियुक्तों, दोनों से यह कहना चाहते हैं कि वे मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर बयान देने के बजाय अपनी बात जांच एजेंसी के सामने दर्ज कराएं, ताकि जांच पर कोई पूर्वाग्रह या नकारात्मक प्रभाव न पड़े."

    त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल के घर में मृत पाई गईं थीं.

    त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.

    समर्थ सिंह ने पिछले शुक्रवार को जबलपुर में सरेंडर किया था, जिसके बाद शनिवार को उन्हें 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

    इसके साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस ने त्विषा की सास और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द करने के लिए हाई कोर्ट का रुख़ किया था.

  13. सचिन तेंदुलकर ने बताया वैभव सूर्यवंशी कैसे मारते हैं इतने सिक्सर

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कई शानदार पारियां खेली हैं

    मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुक़ाबले में हैदराबाद के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 29 गेंदों पर 97 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी की तारीफ़ की है.

    सचिन ने उनकी बल्लेबाज़ी की तारीफ़ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, '' वैभव का बैट स्विंग (बल्ला घुमाने की तकनीक) शानदार है. साथ ही वह पैरों की तरफ़ आने वाली गेंदों पर अपना अगला पैर अच्छी तरह हटा लेते हैं, जिससे उन्हें खुलकर शॉट खेलने और आसानी से छक्के लगाने की आज़ादी मिलती है.''

    वैभव सूर्यवंशी मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक 65 छक्के लगा चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ क्रिस गेल का टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है.

    अब वैभव सूर्यवंशी किसी एक टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    सूर्यवंशी ने आईपीएल की एक पारी में दस या उससे अधिक छक्के लगाने के मामले में भी क्रिस गेल की बराबरी कर ली है.

    अब दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार बार किसी आईपीएल पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं.

  14. इसराइली सेना ने लेबनान पर बड़े हमले की तैयारी शुरू की

    बुधवार को इसराइल के हमले में दक्षिणी शहर टायर से उठता धुआं

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, बुधवार को इसराइल के हमले में दक्षिणी शहर टायर से उठता धुआं

    इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के बड़े हिस्सों को खाली करने का आदेश जारी किया है.

    उसने नए हमलों से पहले इन इलाकों को ‘युद्ध क्षेत्र’ घोषित कर दिया है.

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने लोगों से ज़हरानी नदी के उत्तर की ओर जाने को कहा है.

    यह नदी इसराइल सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर है.

    आईडीएफ़ ने कहा कि वह "बेहद सख़्ती" से कार्रवाई करेगा.

    उसने हिज़्बुल्लाह पर बार-बार युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया.

    बुर्ज अल-शामली में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, टायर के नज़दीक बुर्ज अल-शामली में इसराइली हमले में कम से कम 15 लोग मारे गए

    17 अप्रैल को लागू हुए युद्धविराम के बाद यह सबसे बड़ा निकासी आदेश है, जो लेबनान के लगभग 14 फ़ीसदी क्षेत्र को प्रभावित करता है.

    इससे पहले बुधवार को इसराइल ने दक्षिणी शहर टायर पर हवाई हमले किए.

    हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

    उसने कहा कि उसके लड़ाकों की इसराइली सैनिकों के साथ झड़प हुई.

    बुधवार को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि दक्षिणी लेबनान में तैनात सैनिकों और उत्तरी इसराइल के नागरिकों पर हिज़्बुल्लाह ने ड्रोन हमले किए हैं.

    इसके बाद उन्होंने अपने जमीनी सैन्य अभियान को और बढ़ाने की बात कही थी.

  15. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    सीबीएसई ने राहुल गांधी के 'रिज़ल्ट में हेर-फेर' के आरोपों पर दिया जवाब

    अगले तीन दिन पड़ेगी भीषण गर्मी, जानिए कब से मिल सकती है राहत

    'आईपीएल में कहां लेंगे मुझे', यह बात कहने वाले गेंदबाज़ ने क्वालिफ़ायर वन में कैसे रचा इतिहास

    वाराणसी गंगा इफ़्तार केस: आरोप, धाराएँ और क़ानूनी सवालों में उलझा मामला