ईरान की चेतावनी- अगर लेबनान पर हमला हुआ तो यह समझौते का उल्लंघन होगा

इमेज स्रोत, Iranian Foreign Ministry / Handout/Anadolu via Getty Images
ईरान ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि अगर इसराइल ने लेबनान पर हमला किया तो इसे अमेरिका के साथ हुए समझौते का उल्लंघन माना जाएगा.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा, "इस समझौते को दो हिस्सों में देखा जाए. एक तरफ़ ईरान और हिज़्बुल्लाह हैं, दूसरी तरफ़ अमेरिका और इसराइल."
अराग़ची ने साफ़ कहा, "लेबनान में लड़ाई का ख़त्म होना, पूरे युद्ध के ख़त्म होने का हिस्सा है. यानी जब तक लेबनान में लड़ाई और क़ब्ज़ा ख़त्म नहीं होता, तब तक युद्ध पूरी तरह ख़त्म नहीं माना जाएगा."
उन्होंने चेतावनी दी, "अगर इसराइल लेबनान पर हमला करता है या लेबनान की ज़मीन पर क़ब्ज़ा बनाए रखता है, तो इसे समझौते का उल्लंघन माना जाएगा."
अराग़ची की यह टिप्पणी उस समय आई है जब इसराइल ने दावा किया कि दक्षिणी लेबनान में उसने चरमपंथियों पर हमला किया है.
इसके बाद लेबनान के हिज़्बुल्लाह ने भी कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई में इसराइली सैनिकों पर मिसाइल और ड्रोन दागे हैं.
दूसरी ओर, ईरान-अमेरिका समझौते की घोषणा के बाद इसराइल के कई नेताओं ने इसकी आलोचना की है. साथ ही इसराइल ने यह कहा है कि उसके सैनिकों की लेबनान के बफ़र ज़ॉन्स में मौजूदगी बनी रहेगी.

























