शुभेंदु ने बारुईपुर में रेप के बाद हत्या के मामले में किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक किशोरी के साथ रेप और हत्या के मामले में बारुईपुर का दौरा कर किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की.
कोलकाता से सटे दक्षिण 24-परगना जिले के बारुईपुर में रविवार को तालाब से एक किशोरी का शव बरामद किया गया था. उसके साथ रेप के बाद उसे जिंदा हालत में ही बोरे में भर कर तालाब में फेंक दिया गया था.
इसके बाद इलाके के लोगों की नाराजगी भड़क उठी और उन्होंने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. रेप और हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त समेत तीन लोगों, आनंद सरदार, प्रभाष मंडल और दिवाकर सरदार को को गिरफ्तार किया गया है. सोमवार को उसी तालाब से एक और व्यक्ति का शव बरामद हुआ था.
शुभेंदु ने बारुईपुर जाने से पहले इस घटना की जांच के लिए गठित एसआईटी के सदस्यों के साथ राज्य सचिवालय में बैठक की और जांच की प्रगति की जानकारी ली.
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जांच की प्रगति का जायजा लेने और पीड़िता के माता-पिता और इलाके के जनप्रतिनिधियों से मुलाक़ात करने बारुईपुर पहुंचे हैं.
मुख्यमंत्री सीधे पुलिस अधीक्षक के दफ्तर पहुंचे और वहां किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात कर उनको जांच शीघ्र पूरी कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने का भरोसा दिया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने परिवार को सरकार के पूर्ण समर्थन का भी भरोसा दिया. मुख्यमंत्री के साथ पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता भी थे.
इससे पहले मंत्री अग्निमित्रा पाल और भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की थी. उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में विधायक सिउली साहा और पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य भी मौके पर पहुंचे.
पार्टी के बागी खेमे की सांसद काकोली घोष दस्तीदार और सयानी घोष ने भी बारुईपुर का दौरा किया.
बारपुईपुर सायनी घोष के जादवपुर संसदीय क्षेत्र में ही आता है. लेकिन स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और नारे लगाए.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने इलाक़े के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इसमें सायनी के अलावा ऋतब्रत घोष और इलाक़े के विधायक विमान बनर्जी भी मौजूद थे.
इस बैठक के बाद सोनारपुर दक्षिण की विधायक रूपा गांगुली ने पत्रकारों को बताया, "मुख्यमंत्री ने हमसे घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली है. उन्होंने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए. मुख्यमंत्री ने दोषियों को ऐसी सजा देने की बात कही जो नजीर बने, ताकि भविष्य में ऐसी घटना फिर से नहीं हो."





























