लाइव , अमेरिका ने बहरीन में अपने नागरिकों के लिए फिर चेतावनी जारी की

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से हमलों का ख़तरा बढ़ा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • कार्बी समुदाय के 15,000 लोगों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह

  1. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिराज को क्यों नहीं मिला मौक़ा? गिल ने बताई वजह

    शुभमन गिल मोहम्मद सिराज
    इमेज कैप्शन, गिल ने कहा कि कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन-से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं और कौन बेहतर गेंदबाज़ी कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल नहीं करने पर बात की.

    मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनसे पूछा गया कि सिराज को इस मैच में क्यों नहीं खिलाया गया. इसके जवाब में गिल ने कहा कि टीम ने इस मैच के लिए सबसे बेहतर गेंदबाज़ी आक्रमण चुना था.

    उन्होंने कहा, "सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज़ हैं. उन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन इन सबके अलावा वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त भी हैं."

    "हमने भारत के लिए साथ में डेब्यू किया था. इससे पहले भी हमारी अच्छी दोस्ती थी. इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए भी बहुत मुश्किल फ़ैसला था."

    गिल ने आगे कहा कि कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन-से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं और कौन बेहतर गेंदबाज़ी कर रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि मैंने मैच से पहले सिराज से बात की थी. उन्हें बताया था कि इस मैच में उन्हें खेलने का मौक़ा नहीं मिलेगा. मुझे नहीं पता कि वह मेरे फ़ैसले से सहमत थे या नहीं, लेकिन उन्होंने इसके पीछे की वजह समझी.

    गिल ने कहा, "हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह हमेशा अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं होता. सिराज भी यह बात समझते हैं."

  2. अमेरिका ने बहरीन में अपने नागरिकों के लिए फिर चेतावनी जारी की

    अमेरिका
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यात्रियों को सुरक्षा अलर्ट, उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बहरीन में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एक बार फिर चेतावनी जारी की है. इसमें अमेरिकी नागरिकों से 'ज़्यादा से ज़्यादा सतर्क और तैयार' रहने की सलाह दी गई है.

    रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा गया कि बहरीन में अमेरिकी नागरिकों को सशस्त्र हमलों के बढ़ते ख़तरे को देखते हुए सतर्क रहना चाहिए.

    बयान के मुताबिक़, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से हमलों का ख़तरा बढ़ा है. ईरान क्षेत्र में अमेरिकी अधिकारियों और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यात्रियों को सुरक्षा अलर्ट, उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है.

    इससे पहले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया है.

    आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला "ईरान के हवाई क्षेत्र का लगातार उल्लंघन और उसके ख़िलाफ़ आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में किया गया.

  3. ट्रंप ने जताई जेनसन हुआंग की वापसी की इच्छा, कहा- एनवीडिया और अमेरिका के लिए अच्छा होगा

    ट्रंप जेनसन हुआंग
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी में नियुक्त करेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी में नियुक्त करेगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह कंपनी और अमेरिका, दोनों के लिए सबसे अच्छा होगा.

    इसके पहले एलन मस्क ने भी जेनसन हुआंग की तारीफ की थी. उन्होंने 14 नवंबर को एक्स पोस्ट में कहा था कि हुआंग ने कंपनी की सप्लाई चेन को शानदार तरीक़े से संभाला.

    मस्क के मुताबिक, कंपनी के कई अहम सौदे लिखित कॉन्ट्रैक्ट के बजाय हुआंग के साथ आपसी भरोसे और सहमति पर हुए थे. उन्होंने कहा कि हुआंग के बिना इनमें से कुछ अहम सौदे हाथ से निकल सकते हैं.

    खु़द जेनसन हुआंग ने 17 नवंबर को इसी मुद्दे पर एक एक्स पोस्ट किया था. उन्होनें कहा था कि उनके कंपनी छोड़ने के बाद एनवीडिया के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों ने उनसे सीईओ के तौर पर वापस लौटने की अपील की है.

    हुआंग ने कहा था कि अगर कंपनी का बोर्ड यह तय करता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो वह सीईओ के तौर पर लौटने के लिए तैयार हैं.

    एक के बाद एक लगातार दो अफ़ेयर्स की ख़बरें सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को इस्तीफ़ा दे दिया था.

    पहली ख़बर में एक कारोबारी महिला के साथ उनके संबंधों की बात सामने आई. इस महिला पर चीनी जासूस होने का आरोप लगाया गया है.

  4. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पीएम मोदी से मुलाक़ात की, द्विपक्षीय बातचीत जारी

    बालेन शाह मोदी
    इमेज कैप्शन, बालेन शाह दो दिन के भारत दौरे पर आए हैं

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाक़ात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हो रही है.

    इससे पहले राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का औपचारिक स्वागत किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे.

    बालेन शाह को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने एक्स पर इसका वीडियो भी पोस्ट किया.

    राष्ट्रपति भवन में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भारतीय और नेपाली प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाक़ात की.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बताया कि पीएम मोदी ने आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का स्वागत किया.

    उन्होंने बताया कि दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. साथ ही, द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने के नए रास्तों पर भी चर्चा करेंगे.

  5. परिसीमन पर पीएम और गृह मंत्री का क्या फ़ॉर्मूला है? जयराम रमेश ने पूछा

    जयराम रमेश
    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा कि मॉनसून सत्र को अब तक स्थगित नहीं किया गया है. ऐसे में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इसे दोबारा कब बुलाया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने संसद के शीतकालीन सत्र और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा. बशर्ते शीतकालीन सत्र होना है.

    उन्होंने संसद के मॉनसून सत्र को दोबारा बुलाए जाने को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि इस सत्र को अब तक स्थगित नहीं किया गया है. ऐसे में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इसे दोबारा कब बुलाया जाएगा.

    जयराम रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों का ज़िक्र करते हुए परिसीमन पर भी सवाल उठाए.

    उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का परिसीमन को लेकर क्या फ़ॉर्मूला है, अगर ऐसा कोई फ़ॉर्मूला है तो.

    उन्होंने लिखा कि इस मामले पर जारी सस्पेंस से दो बातें सामने आती हैं. या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ख़ुद असमंजस में हैं और अपनी ही बयानबाज़ी में उलझ गए हैं या फिर कुछ गंभीर योजना बनाई जा रही है.

  6. बिसलेरी ने कहा, 'हमारा पानी पीने के लिए सुरक्षित' FSSAI के नोटिस पर दी सफ़ाई

    बिसलेरी
    इमेज कैप्शन, बिसलेरी ने बताया कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है (सांकेतिक तस्वीर)

    बिसलेरी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) की ओर से नोटिस जारी किए जाने की ख़बरों पर सफ़ाई दी है.

    कंपनी की तरफ से एक्स पोस्ट में बताया गया कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है.

    कंपनी के मुताबिक, सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक प्लांट में पानी के एक बैच की जांच की गई थी. यह प्लांट कंपनी के 143 प्लांट्स में से एक है.

    30 सितंबर 2025 को एफ़एसएसएआई ने इस प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे.

    छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी. जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

    कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के ख़िलाफ़ अपील की. इसके बाद एफ़एसएसएआई ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा.

    बिसलेरी के मुताबिक, रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली. हालांकि, लैब ने सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई.

    कंपनी ने कहा कि दोनों जांच के नतीजों में अंतर था. इसलिए उसने उसी सैंपल की जांच एफ़एसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक दूसरी लैब में कराई.

    इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली.

    बिसलेरी ने बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को अपनी जांच रिपोर्ट एफ़एसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी थी.

    इसके बाद उसे एफ़एसएसएआई की तरफ़ से कोई जवाब नहीं मिला. कंपनी को लगा कि मामला बंद हो गया है.

    कंपनी का कहना है कि उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के ज़रिए कोई नोटिस नहीं मिला है. साथ ही, वह एफ़एसएसएआई की वेबसाइट पर भी इस नोटिस को नहीं ढूंढ पाई है.

    बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. कंपनी के मुताबिक, उसकी निर्माण प्रक्रिया के 10 चरणों में 90 से ज़्यादा तरह की जांच की जाती हैं.

    कंपनी ने कहा कि वह नियामक प्रक्रिया में एफ़एसएसएआई का सहयोग करती रहेगी. साथ ही उसने दावा किया कि बिसलेरी का पानी पीने के लिए सुरक्षित है.

  7. भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ, आख़िरी दिन नहीं निकला नतीजा

    न्यूजीलैंड
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से दूसरी पारी में डेवॉन कॉनवे ने सबसे ज़्यादा 65 रन बनाए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है. मैच ड्रॉ होने के समय न्यूज़ीलैंड ने पांच विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से डेरिल मिचेल 49 रन और ग्लेन फ़िलिप्स 26 रन बनाकर क्रीज़ पर थे.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की तरफ़ से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी तरफ़ से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  8. यूक्रेन में रूसी हमले के 14 घंटे बाद मलबे से ज़िंदा निकाला गया 7 साल का बच्चा, हफ़्सा ख़लील और जेसिका लैम्ब

    यूक्रेन
    इमेज कैप्शन, यूक्रेन में रिहायशी इमारत पर यह हमला रविवार तड़के हुआ, उस समय लोग सो रहे थे

    यूक्रेन में रूसी हमले के बाद एक रिहायशी इमारत के मलबे से सात साल के बच्चे को ज़िंदा निकाला गया है. बचावकर्मियों ने उसे 14 घंटे बाद बाहर निकाला.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, यह हमला रविवार तड़के कीएव क्षेत्र के डाइमर में हुआ था. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, इस हमले में नौ लोगों की मौत हुई है.

    कीएव क्षेत्रीय प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि मलबे से एक 79 साल की महिला को भी ज़िंदा निकाला गया है.

    उन्होंने बताया कि महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    तकाचेंको के मुताबिक़, हमला एक निजी घर पर भी हुआ. बिला त्सेरकवा में हुए इस हमले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई. घर में आग भी लग गई.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि कीएव के विश्नेवे इलाक़े में एक अलग हमले में तीन लोगों की मौत हुई और 13 घायल हो गए.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि डाइमर से बचाए गए बच्चे की हालत स्थिर है. उसे अस्पताल ले जाया गया है.

    ज़ेलेंस्की और यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस ने भी बच्चे को बचाए जाने की पुष्टि की है.

  9. इसराइल में किसकी बनेगी सरकार? नेतन्याहू और आइज़नकोट की बातचीत बेनतीजा

    नेतन्याहू आइज़नकोट
    इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू इसराइल में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़नकोट के बीच गठबंधन सरकार बनाने को लेकर बातचीत बेनतीजा रही है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, दोनों नेताओं की पार्टियों के प्रतिनिधियों ने रविवार को चार घंटे तक बातचीत की. यह बातचीत का दूसरा दौर था. इससे पहले दोनों पक्षों ने पिछले रविवार को भी मुलाक़ात की थी.

    दोनों पार्टियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि गठबंधन को लेकर बातचीत का ताज़ा दौर ख़त्म हो गया है.

    बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों के बीच एक और बैठक होगी. हालांकि, इसकी तारीख़ नहीं बताई गई है.

    इसराइल के पूर्व सेना प्रमुख गादी आइज़नकोट के पास सरकार बनाने के लिए छह दिसंबर तक का समय है. इस समयसीमा को 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है.

    अक्टूबर में हुए चुनाव में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को संसद में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था.

    गादी आइज़नकोट के गठबंधन के पास 48 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए उसे 61 सीटों की ज़रूरत है. लेकिन गठबंधन में अब तक सरकार बनाने के तरीक़े पर सहमति नहीं बन पाई है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं. इस सिस्टम में प्रधानमंत्री का पद बारी-बारी से नेतन्याहू और आइज़नकोट के पास रह सकता है. इसराइल में पहले भी ऐसी व्यवस्था लागू हो चुकी है.

  10. ट्रंप का दावा: ईरान ने अब तक 81 हज़ार प्रदर्शनकारियों को मारा है

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमज़ोर और अप्रभावी मानते हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने पिछले एक सप्ताह में ही एक वर्ष में सबसे अधिक हमलावर ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं.

    उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह बात कही.

    ट्रंप ने लिखा कि उन्होंने तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव को लेकर दो भविष्यवाणियां की थीं.

    पहली यह कि अगर डेमोक्रेट्स जीते तो शेयर बाज़ार में भारी गिरावट आएगी. ट्रंप ने कहा कि ऐसा हुआ है.

    दूसरी भविष्यवाणी यह थी कि ईरान अपने हमले और तेज़ करेगा. ट्रंप के मुताबिक, ऐसा भी हुआ है.

    ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अब तक 81 हज़ार प्रदर्शनकारियों को मार डाला है.

    उन्होंने दावा किया कि ईरान ने जो ड्रोन और मिसाइलें दाग़ीं, उन सभी को मार गिराया गया. उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ.

    ट्रंप ने कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमज़ोर और अप्रभावी मानते हैं.

    ट्रंप ने यह भी दावा किया कि डेमोक्रेट्स और ईरान ने तेल की क़ीमतें ऊंची रखने की पूरी कोशिश की. उनके मुताबिक़, चुनाव के बाद तेल की क़ीमतों में रिकॉर्ड गिरावट आई है.

    उन्होंने कहा कि मतदाताओं को वोट देने से पहले यह बात समझनी चाहिए थी. ट्रंप ने पूरे चुनाव को "बहुत अजीब" भी बताया.

  11. बिसलेरी के पानी को जांच में बताया गया असुरक्षित, FSSAI ने मुक़दमा चलाने की दी मंजूरी

    बिसलेरी
    इमेज कैप्शन, कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया गया था इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई (सांकेतिक तस्वीर)

    भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है.

    एफ़एसएसएआई ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है.

    बिसलेरी इंटरनेशनल ने इस मामले पर बयान जारी कर अपने पानी को सुरक्षित बताया.

    एफ़एसएसएआई के मुताबिक़, कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया गया था. जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई. इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया.

    कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया. वहां भी जांच में पानी को असुरक्षित पाया गया. इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएचएस) की मौजूदगी मिली.

    एफ़एसएसएआई के अनुसार, जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन पाया गया है.

    इसके बाद कंपनी के ख़िलाफ़ इसी क़ानून के तहत मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी गई है.

  12. जीत से पांच विकेट दूर टीम इंडिया, पांचवें दिन का खेल रोमांचक मोड़ पर

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, भारत की तरफ़ से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह को एक विकेट मिला है

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज आखिरी दिन है.

    न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में 190 से ज्यादा रन बना लिए हैं, लेकिन उसके पांच विकेट गिर चुके हैं. भारत के पास अब भी 150 से ज्यादा रनों की बढ़त है.

    ग्लेन फ़िलिप्स और डेरिल मिचेल क्रीज़ पर मौजूद हैं. न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से दूसरी पारी में अभी तक डेवॉन कॉनवे ने सबसे ज़्यादा 65 रन बनाए हैं.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की तरफ़ से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी तरफ़ से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  13. नवी मुंबई के तुर्भे में लगी भीषण आग, धुएं का गुबार फैला

    नवी मुंबई
    इमेज कैप्शन, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे

    नवी मुंबई के तुर्भे में स्थित महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के ऑयल वेयरहाउस में भीषण आग लग गई है. आग के बाद आसपास के इलाक़े में धुएं का घना गुबार फैल गया.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है.

    वीडियो में एक इमारत आग की लपटों से घिरी नज़र आ रही है. दमकलकर्मी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे थे.

    आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

  14. पाकिस्तान-ए ने भारत-ए को 48 रन से हराया, तिलक वर्मा का शतक बेकार

    तिलक वर्मा
    इमेज कैप्शन, भारत की तरफ़ से कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रन बनाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए ने भारत-ए को 48 रन से हरा दिया.

    पाकिस्तान ने रविवार को खेले गए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 313 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय टीम 265 रन पर ऑलआउट हो गई.

    पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    पाकिस्तान की तरफ़ से हसन नवाज़ ने सबसे ज़्यादा 79 रन बनाए. माज़ सदाकत ने 59 और फ़रहान यूसुफ़ ने 56 रन की पारी खेली.

    भारत की तरफ़ से कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रन बनाए. वहीं, अभिषेक शर्मा ने 70 रन और शहबाज़ अहमद ने 56 रन बनाए.

    पाकिस्तान के गेंदबाज़ अली रज़ा और हसन नवाज़ ने तीन-तीन विकेट लिए.

    मैच के दौरान एक और बात चर्चा में रही. टॉस के समय पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद और भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.

  15. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.