न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिराज को क्यों नहीं मिला मौक़ा? गिल ने बताई वजह

इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल नहीं करने पर बात की.
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनसे पूछा गया कि सिराज को इस मैच में क्यों नहीं खिलाया गया. इसके जवाब में गिल ने कहा कि टीम ने इस मैच के लिए सबसे बेहतर गेंदबाज़ी आक्रमण चुना था.
उन्होंने कहा, "सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज़ हैं. उन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन इन सबके अलावा वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त भी हैं."
"हमने भारत के लिए साथ में डेब्यू किया था. इससे पहले भी हमारी अच्छी दोस्ती थी. इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए भी बहुत मुश्किल फ़ैसला था."
गिल ने आगे कहा कि कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन-से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं और कौन बेहतर गेंदबाज़ी कर रहे हैं.
उन्होंने बताया कि मैंने मैच से पहले सिराज से बात की थी. उन्हें बताया था कि इस मैच में उन्हें खेलने का मौक़ा नहीं मिलेगा. मुझे नहीं पता कि वह मेरे फ़ैसले से सहमत थे या नहीं, लेकिन उन्होंने इसके पीछे की वजह समझी.
गिल ने कहा, "हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह हमेशा अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं होता. सिराज भी यह बात समझते हैं."




















