लाइव , गज़ा में इसराइली हवाई हमले में हमास के आंतरिक सुरक्षा प्रमुख की मौत

गज़ा में हमास की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख नईम अबू नहल का इसराइली हमलों में मौत हो गई है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. गज़ा में इसराइली हवाई हमले में हमास के आंतरिक सुरक्षा प्रमुख की मौत

    गज़ा शहर में 24 नवंबर को हमास की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख नईम अबू नहल के जनाज़े में शामिल लोग
    इमेज कैप्शन, गज़ा शहर में 24 नवंबर को हमास की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख नईम अबू नहल के जनाज़े में शामिल लोग

    गज़ा में हमास की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रमुख नईम अबू नहल की इसराइली हमलों में मौत हो गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, गज़ा में हमास की ओर से संचालित आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, नईम अबू नहल को गज़ा शहर के पश्चिमी इलाक़े में हुए एक हवाई हमले में निशाना बनाया गया.

    50 वर्षीय नईम अबू नहल को इस साल सितंबर में इस पद पर नियुक्त किया गया था.

    उनके पूर्ववर्ती को इसराइली सेना के विशेष बल ने कार्रवाई के दौरान गिरफ़्तार कर लिया था. इसके बाद नहल को यह ज़िम्मेदारी दी गई थी.

    दूसरी ओर, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने भी एक सैन्य अभियान में नईम अबू नहल के मारे जाने की घोषणा की है.

    इससे पहले फ़लस्तीनी राहतकर्मियों और चिकित्सा अधिकारियों ने बताया था कि मंगलवार को गज़ा में दो अन्य इसराइली हवाई हमलों में छह लोगों की मौत हुई.

    अधिकारियों के अनुसार, गज़ा शहर के दक्षिण में स्थित वादी गज़ा क्षेत्र में हुए एक हमले में एक युवक समेत तीन लोगों की मौत हो गई.

    वहीं, खान यूनिस के पश्चिम में स्थित अल-मवासी क्षेत्र के एक पुलिस स्टेशन पर हुए दूसरे हमले में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई.

    आंतरिक मंत्रालय के तहत काम करने वाली गज़ा पुलिस ने दूसरे हमले की निंदा की. पुलिस ने कहा कि यह पुलिस संस्थान को निशाना बनाने के जारी अभियान का हिस्सा है, जिसका मक़सद क्षेत्र में अराजकता फैलाना है.

    इसराइली सेना ने कहा कि उसने इस क्षेत्र में मौजूद "आतंकवादियों" को निशाना बनाया था.

  3. सप्ताह भर में दूसरी बार रियाद के सबसे ऊंचे टावर पर हमला

    पिछले गुरुवार को हूती हमले के बाद रियाद स्थित सऊदी पब्लिक इन्वेस्टमेंट फ़ंड टॉवर को हुए नुक़सान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, पिछले गुरुवार को हूती विद्रोहियों के हमले के बाद रियाद स्थित सऊदी पब्लिक इन्वेस्टमेंट फ़ंड टावर को हुए नुक़सान की तस्वीर

    सऊदी अरब की राजधानी रियाद के वित्तीय ज़िले में स्थित सबसे ऊंचे टावर पर एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार हमला किया गया.

    सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने पुष्टि की कि रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट इलाके में स्थित एक टावर को निशाना बनाया गया है.

    इससे पहले समाचार एजेंसी एएफ़पी ने चश्मदीदों के हवाले से बताया था कि सऊदी पब्लिक इन्वेस्टमेंट फ़ंड के टावर पर हमला हुआ है.

    यमन में हूती विद्रोहियों से लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा.

    "वित्तीय केंद्र (रियाद) के एक टावर को एक कायराना आतंकवादी हमले में निशाना बनाया गया है. अधिकारी घटनास्थल की जांच कर रहे हैं."

    पिछले गुरुवार को भी हूती मिसाइल हमले के बाद इस टावर को नुक़सान पहुंचा था.

  4. यूएई में बस हादसे में 11 लोगों की मौत, मृतकों में भारतीय भी, दूतावास ने ये बताया

    कारों की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    संयुक्त अरब अमीरात के रस अल खैमाह में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शोक जताया है.

    इस हादसे में भारतीय नागरिकों समेत कई लोगों की जान चली गई.

    संयुक्त अरब अमीरात के सात अमीरातों में से एक रस अल खैमाह में एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई. यह जानकारी देश के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को दी.

    मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में कहा कि हादसे के बाद एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं.

    यह दुर्घटना अल वतन रोड पर हुई, जहां बस और ट्रक की टक्कर हो गई थी.

    वहीं, दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने एक्स पोस्ट में कहा कि वह मृतकों के परिजनों से संपर्क में है और हर संभव सहायता व सहयोग उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है.

    दूतावास ने कहा, "इस कठिन घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. इस हादसे में भारतीयों समेत कई लोगों की जान गई है."

    दूतावास के अनुसार, हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं. सहायता के लिए 24 घंटे संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 जारी किया गया है.

  5. कार्टून: लाइक, डिस्लाइक और...

    ईरान में सिंगर को कोड़े मारे जाने के सज़ा पर आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, ईरान में सिंगर को कोड़े मारे जाने के सज़ा पर आज का कार्टून
  6. ईरान: बिना हिजाब गाने वाली गायिका को 74 कोड़े मारने की सज़ा के विरोध में साथ आए संगीतकार

    ईरानी गायिका परास्तो अहमदी
    इमेज कैप्शन, ईरानी गायिका परास्तो अहमदी (फ़ाइल फोटो)

    ईरानियन म्यूज़िक हाउस ने एक बयान जारी कर ईरानी गायिका परास्तो अहमदी और 'कारवांसराय कॉन्सर्ट' बैंड के चार सदस्यों को 74 कोड़े मारने की सज़ा की कड़ी निंदा की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़,संगठन ने मामले के क़ानूनी और न्यायिक पहलुओं की तत्काल और पारदर्शी जांच की मांग की.

    संगठन ने बताया कि उसने पहले इस फ़ैसले को लेकर न्यायपालिका के मीडिया केंद्र के प्रमुख से स्पष्टीकरण मांगा था. जवाब में कहा गया था कि फ़ैसला अभी अंतिम नहीं हुआ है और अंतिम रूप दिए जाने पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी.

    म्यूज़िक हाउस ने मामले की सुनवाई की प्रक्रिया, कलाकारों के बरी होने और केस बंद किए जाने से जुड़े घटनाक्रम पर पारदर्शिता बरतने की मांग की.

    संगठन ने गायन समेत संगीत के क्षेत्र में महिलाओं के पेशेवर रूप से काम करने के अधिकार का समर्थन किया है.

    इन सज़ाओं के लागू होने के बाद सोशल मीडिया पर भी व्यापक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. गायिका और संगीतकार हाना कमकार ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इस सज़ा को "ग़ैर-मानवीय और क्रूर" बताया.

    वहीं, गायक मेहदी याराही, जिन्हें पहले ख़ुद भी 74 कोड़ों की सज़ा मिल चुकी है, ने परास्तो अहमदी के प्रदर्शन का वीडियो दोबारा साझा कर उनके साथ एकजुटता जताई.

    मानवाधिकार कार्यकर्ता ज़ैनब ज़मान ने एक्स पर लिखा, "उनका कॉन्सर्ट वर्चुअल था, लेकिन कोड़े असली थे."

    परास्तो अहमदी और उनके चार साथियों को 'कारवांसराय कॉन्सर्ट' वीडियो जारी करने के मामले में कोड़े मारने की सज़ा दी गई.

    दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर जारी इस वीडियो में परास्तो अहमदी बिना हिजाब के नज़र आती हैं और गीत गाते हुए दिखाई देती हैं.

    वीडियो के प्रकाशन के बाद क़ोम क्रिमिनल कोर्ट ने परास्तो अहमदी और 'कारवांसराय कॉन्सर्ट' समूह के सदस्यों पर मुक़दमा चलाया.

    उन पर साइबर स्पेस में अश्लील और अनैतिक सामग्री तैयार करने और प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया.

  7. बांग्लादेश: फिर कपड़ा कारखानों के मज़दूरों का प्रदर्शन, 70 फ़ैक्ट्रियों में काम ठप

    रेडीमेड कपड़ा उद्योग के मजदूर अपनी न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं
    इमेज कैप्शन, रेडीमेड कपड़ा उद्योग के मजदूर अपनी न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं

    बांग्लादेश में मंगलवार को रेडीमेड कपड़ा उद्योग में काम करने वाले मजदूरों की न्यूनतम मज़दूरी बढ़ाने को लेकर फिर से प्रदर्शनकारी सड़क पर आ गए.

    दूसरी ओर, मालिकों और मज़दूर प्रतिनिधियों के बीच बैठक चली, मगर कोई नतीजा नहीं निकला.

    गाज़ीपुर में कपड़ा कारखानों के मज़दूरों ने मंगलवार को सड़क जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया.

    सुरक्षा बल के सदस्य जब उन्हें हटाने पहुंचे, तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और पीछा करने की घटनाएं हुईं.

    इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए टियर गैस और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया.

    हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है. प्रदर्शन की वजह से ढाका-मयमनसिंह राजमार्ग पर भारी जाम लग गया.

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गाज़ीपुर की लगभग 70 फ़ैक्ट्रियों में छुट्टी घोषित कर दी गई.

    साथ ही, गाज़ीपुर औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस के अनुसार कम से कम 32 फ़ैक्ट्रियों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है.

    न्यूनतम मजदूरी पर नहीं बनी बात

    मंगलवार दोपहर हुई बैठक में मज़दूर प्रतिनिधियों ने न्यूनतम मज़दूरी 22 हज़ार टका (करीब 16 हज़ार, 400 रुपये) करने की मांग रखी.

    इसके जवाब में कपड़ा कारखाना मालिकों ने 15 हज़ार 700 टका (करीब 11 हज़ार, 700 रुपये) न्यूनतम वेतन का प्रस्ताव दिया.

    मंगलवार शाम को यह जानकारी न्यूनतम मज़दूरी बोर्ड के अध्यक्ष सैयद आज़ाद सुभहानी ने पत्रकारों को दी.

    इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के साथ आगे भी बातचीत जारी है.

    मज़दूरी बोर्ड को उम्मीद है कि जल्द ही चर्चा के ज़रिए किसी अंतिम फ़ैसले पर पहुंचा जाएगा.

  8. राहुल गांधी ने ये कहा- 'पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके'

    राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि "उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाया जाना कोई हादसा नहीं था."

    उनका कहना है कि "सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके."

    राहुल गांधी ने कहा कि "ऐसा माहौल बनाया गया था जिसमें राजीव गांधी की हत्या हो जाए."

    उन्होंने यह बात अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ बातचीत के दौरान कही. इस बातचीत का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर साझा किया गया.

    सोनिया गांधी ने 1991 के एक बिहार दौरे का ज़िक्र किया. उन्होंने बताया कि उस दौरे पर राजीव गांधी के साथ 21 साल के राहुल गांधी भी थे. वहां पूर्व प्रधानमंत्री पर पथराव किया गया था और उनके ख़िलाफ़ नारे लगाए गए थे.

    23 मिनट लंबे इस वीडियो में सोनिया गांधी की किताब को लेकर चर्चा की गई.

    सोनिया गांधी की अपनी बेटी प्रियंका और बेटे राहुल गांधी के साथ बातचीत का वीडियो जारी हुआ है
    इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी की अपनी बेटी प्रियंका और बेटे राहुल गांधी के साथ बातचीत का वीडियो जारी हुआ है

    पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई..

    सोनिया गांधी ने याद करते हुए कहा, "जब वह (राहुल गांधी) घर लौटे तो उन्होंने मुझसे कहा, 'मां, अगर हमने पापा की सुरक्षा के बारे में कुछ नहीं किया, तो मुझे पता है कि बहुत जल्द मैं उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटूंगा.'"

    राहुल गांधी ने कहा कि बिहार का वह दौरा उनके लिए आख़िरी चेतावनी जैसा था. उन्होंने कहा, "इस मुद्दे पर मेरा रुख़ बिल्कुल साफ़ था. पापा की सुरक्षा इसलिए हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके."

    उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर उनकी अपने पिता से बहस भी हुई थी.

    प्रियंका गांधी ने भी याद किया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सोनिया गांधी, राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित रहने लगी थीं.

    उन्होंने कहा, "मुझे याद है कि आप चारों तरफ़ जाकर कंटीले तारों की जांच करती थीं. और अगर कोई सुरक्षाकर्मी सोता हुआ मिलता था, तो आप कहती थीं कि वह सो रहा है."

  9. सहारनपुर पुलिस के गलती से दिए 'गार्ड ऑफ़ ऑनर' मामले पर अखिलेश यादव ने ये कहा

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव

    सहारनपुर में पुलिस की ओर से गलती से एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिए जाने के मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.

    अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति को सम्मानित किया गया, उसके बाद जब सफाई दी गई कि यह "गलती" से हुआ, तो यह सम्मान से अधिक अपमान जैसा प्रतीत होता है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट पर यह भी लिखा कि "इस ‘सम्मान रूपी अपमान’ के प्रकरण के बाद हैदराबाद तक में भाजपा के ख़िलाफ़ बहुत आक्रोश फैल गया है."

    ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को पुलिसकर्मियों ने सलामी दी जबकि सुप्रीम कोर्ट के एक जज के लिए इसकी तैयारी की गई थी.

    सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सहारनपुर पुलिस ने इसे गलती बताया और एसपी ने जांच के आदेश दिए थे.

    अखिलेश यादव ने तंज करते हुए लिखा, "दरअसल भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है. या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो.

    साथ ही उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में आगे लिखा, "लगता है कि ’कपड़ों से पहचान लेने का दावा करनेवालों से इस बार बहुत भारी भूल हो गई है."

    अखिलेश यादव ने इस पूरे प्रकरण ने प्रशासनिक सतर्कता और सूचना तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

    उन्होंने सवाल किया, अगर सार्वजनिक रूप से दिखाई देने वाली जानकारी में ऐसी चूक हो सकती है, तो संवेदनशील मामलों में स्थिति कैसी होगी.

  10. राइजिंग स्टार्स 2026: वैभव सूर्यवंशी ने सबसे तेज़ शतक और दोहरा शतक बनाकर इतिहास रचा

    15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के ख़िलाफ़ खेलते हुए यह कारनामा किया है
    इमेज कैप्शन, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के ख़िलाफ़ खेलते हुए यह कारनामा किया है

    वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स के एक ग्रुप मैच में यूएई के ख़िलाफ़ इंडिया ए के लिए 53 गेंदों पर 204 रन की विस्फोटक पारी खेली.

    इस दौरान उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक और सबसे तेज़ दोहरे शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.

    15 साल के इस बल्लेबाज़ ने सिर्फ़ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और जेक फ़्रेज़र-मैकगर्क का रिकॉर्ड एक गेंद पहले ही तोड़ दिया.

    इसके बाद उसने अगला शतक केवल 24 गेंदों में जड़ दिया और 52 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया.

    इसके साथ ही उसने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज़ दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड चैड बोव्स के नाम था, जिन्होंने 103 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था.

    छक्कों का रिकॉर्ड

    अपनी तूफ़ानी पारी के दौरान सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और नया रिकॉर्ड भी बनाया.

    इस युवा सनसनी ने अपनी पारी में 28 छक्के जड़कर नया रिकॉर्ड बना दिया है. सूर्यवंशी लिस्ट ए क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    उन्होंने रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 16-16 छक्के लगाए थे.

    रोहित शर्मा ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ यह कारनामा किया था, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ ने 2022 की विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में उत्तर प्रदेश के ख़िलाफ़ नाबाद 220 रन की पारी के दौरान 16 छक्के लगाए थे.

    सूर्यवंशी इससे पहले दिसंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ 190 रन की शानदार पारी में 15 छक्के लगा चुके थे.

  11. पंजाब में बीजेपी-अकाली गठबंधन पर अरविंद केजरीवाल ने ये कहा

    अरविंद केजरीवाल
    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल

    पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन पर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के लिए बीजेपी किसी के साथ भी गठबंधन कर सकती है.

    उन्होंने कहा कि अकाली दल और बीजेपी समय-समय पर अपने राजनीतिक हितों के अनुसार साथ आते और अलग होते रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "कभी ये साथ आते हैं, कभी अलग हो जाते हैं और फिर दोबारा साथ आ जाते हैं. हमारा गठबंधन पंजाब की जनता के साथ है. हम राज्य के विकास के लिए काम कर रहे हैं."

    उन्होंने दावा किया कि पंजाब के किसान, तीन कृषि कानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन को नहीं भूले हैं.

    उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने काम के आधार पर वोट मांगती है.

    उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर वे सरकार के काम से संतुष्ट हैं तो पार्टी को वोट दें.

  12. कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर हुई बैठक को लेकर रामगोपाल यादव ने दी ये जानकारी

    रामगोपाल यादव(फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, रामगोपाल यादव(फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे से जुड़ी दूसरी बैठक में भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला.

    अब इस मामले में तीसरी बैठक तीन दिन के बाद होने की जानकारी सामने आई है. दिल्ली में मंगलवार को दोनों दलों की बैठक के बाद मीडिया के सामने आकर सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने यह जानकारी दी.

    उन्होंने कहा, "वार्ता नए सिरे से हो रही है, सभी सीटों पर बात करने के लिए समय चाहिए इसलिए टाइम तो लगेगा. अगली बैठक तीन दिन के बाद हो सकती है. एक-दो और बैठकों के बाद इस मामले पर फ़ाइनल फ़ैसला हो जाएगा."

    बता दें कि रामगोपाल वर्मा को अखिलेश यादव ने चार सदस्यीय कमेटी का प्रमुख बनाया, जो कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग पर बात कर रही है.

    इस मामले की पहली बैठक सोमवार और दूसरी बैठक मंगलवार को हुई.

    कांग्रेस की ओर से इस बैठक में कांग्रेस के यूपी इंचार्ज राजेंद्र पाल गौतम और अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए.

    अभी कांग्रेस की ओर से दूसरी बैठक को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

    बैठक में जाने से पहले ही रामगोपाल यादव ने मीडिया के सवालों पर कहा कि हमने कांग्रेस को 26 सीटें दे दी हैं.

    रामगोपाल ने बैठक में शामिल होने से पहले मीडिया से कहा, "हम वही सीट कांग्रेस को दे रहे हैं, जिन सीटों पर वह जीत सकेगी. बैठक में जो कहना था, वो कल कहा था. मैंने उनको (कांग्रेस) अपनी 26 सीटें भी दे दी हैं और फिर आज बात करने जा रहे हैं."

  13. 'अमित शाह-सुखबीर बादल ने अपनी राजनीतिक यात्रा के ताबूत में आख़िरी कील ठोक दी': कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

    पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह
    इमेज कैप्शन, पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह

    पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा कि अकाली दल खुद को गुरु नानक की विचारधारा का प्रतिनिधि बताता है, लेकिन बीजेपी के साथ उसका समझौता उसी विचारधारा के ख़िलाफ़ है.

    पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने चंडीगढ़ में कहा, "प्रकाश पर्व के पवित्र दिन पर अकाली दल और बीजेपी ने जो बात कही है, उससे बड़ा झूठ कोई नहीं हो सकता."

    उन्होंने आगे कहा, "दुर्भाग्य की बात यह है कि मुझे लगता है कि अमित शाह और सुखबीर बादल ने अपनी राजनीतिक यात्रा के ताबूत में आख़िरी कील ठोक दी है."

    उन्होंने आगे कहा, "आपको याद होगा कि दोनों ही पार्टियां कहती थीं कि वे अपने दम पर चुनाव लड़ेंगी, बीजेपी भी यही कह रही थी और अकाली दल भी. लेकिन सच्चाई यह है कि अब इनके पैरों में ताकत नहीं बची है."

    करतारपुर कॉरिडोर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसकी पहल कांग्रेस की सरकार, विशेष रूप से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने की थी.

    साथ ही उन्होंने बीजेपी, अकाली दल और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब जनता उनकी राजनीति को समझ चुकी है और अंतिम फ़ैसला जनता की अदालत में होगा.

  14. ईरान की सात शर्तें पूरी होने तक अमेरिका से बातचीत नहीं होगी: ग़ालिबाफ़

    मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़
    इमेज कैप्शन, ग़ालिबाफ़ ने कहा कि दुश्मन की किसी ग़लती की स्थिति में हम युद्ध का भूगोल बदलने के लिए भी तैयार हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान की संसद के अध्यक्ष और अमेरिका के साथ बातचीत में ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि ईरान की सात शर्तें पूरी होने से पहले कोई बातचीत नहीं होगी.

    उन्होंने मंगलवार को संसद में अपने संबोधन के दौरान यह बात कही.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ग़ालिबाफ़ ने कहा, "हमारा रुख़ वही है, जो हमने पहले बताया था. ईरान की सात शर्तें पूरी होने से पहले कोई क़दम नहीं उठाया जाएगा और न ही कोई बातचीत होगी."

    उन्होंने कहा, "हम दुश्मन की गतिविधियों का जवाब देने के लिए तैयार हैं. दुश्मन की किसी ग़लती की स्थिति में हम युद्ध का भूगोल बदलने के लिए भी तैयार हैं."

    ईरान का कहना है कि उसने अमेरिका के सामने सात मांगों वाला एक प्रस्ताव रखा है.

    ईरान के मुताबिक़, अगर उसकी शर्तें पूरी होती हैं, तो इस अवधि के अंत में होर्मुज़ खोल दिया जाएगा. इसके बाद अमेरिका के साथ स्थायी समझौते के लिए बातचीत शुरू होगी.

    ईरान की शर्तों में सभी मोर्चों पर युद्ध ख़त्म करना शामिल है. इसमें लेबनान पर इसराइल के हमले रोकना, ईरान की समुद्री नाकेबंदी ख़त्म करना और ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध हटाना शामिल है.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  16. बीजेपी और अकाली दल मिलकर लड़ेंगे पंजाब विधानसभा चुनाव, अमित शाह ने एलान किया

    अमित शाह
    इमेज कैप्शन, अमित शाह ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन का एलान किया

    पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने 2027 का विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का फ़ैसला किया है.

    केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस गठबंधन का एलान किया है.

    अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर फ़ैसला किया है कि पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव दोनों दल साथ मिलकर लड़ेंगे.

    अमित शाह ने यह भी कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बना दिया जाएगा.

    गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका किसकी होगी, इस सवाल पर अमित शाह ने कहा कि स्वाभाविक रूप से शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) बड़े भाई की भूमिका में रहेगा.

    उन्होंने कहा कि अकाली दल और बीजेपी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे.

    शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मंगलवार को दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे थे.

    सुखबीर सिंह बादल की बीजेपी नेताओं के साथ बैठक पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह ने प्रतिक्रिया दी थी.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसियों से बात करते हुए कहा था, "मैं दोनों को शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन असली मुद्दे अब भी वहीं हैं."

    "जो किसानों के साथ हुआ, पंजाब के साथ जो किया गया और बादल परिवार ने जो किया. यह अतार्किक, दिशाहीन और पूरी तरह अवसरवादी राजनीति है. मैं इसे पूरी तरह ख़ारिज करता हूं."

  17. अमेरिका ने ईरान की कंपनियों और एक्सचेंज हाउस पर लगाए प्रतिबंध

    ईरान
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ये प्रतिबंध ईरान के वैश्विक ‘शैडो बैंकिंग नेटवर्क’ को रोकने की बड़ी कोशिश का हिस्सा हैं

    अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने सोमवार को ईरान के कई लोगों और संस्थाओं पर नए प्रतिबंध लगाए. मंत्रालय ने इन्हें फ़्रंट कंपनियां और करेंसी एक्सचेंज हाउस बताया है.

    मंत्रालय की वेबसाइट पर जारी सूची में दो दर्जन नाम शामिल हैं. इनमें ईरान के नौ नागरिकों के अलावा मुख्य रूप से तेहरान और दुबई में मौजूद कंपनियां शामिल हैं.

    अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ये प्रतिबंध ईरान के ग्लोबल ‘शैडो बैंकिंग नेटवर्क’ को रोकने की बड़ी कोशिश का हिस्सा हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक़, इस नेटवर्क के ज़रिए अरबों डॉलर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाता है. इससे ईरान को व्यापक प्रतिबंधों के बावजूद विदेशी मुद्रा हासिल करने में मदद मिलती है.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने बयान में कहा, “ईरान की अर्थव्यवस्था डूब रही है और उसके नेता घबराए हुए हैं.”

    उन्होंने कहा, “ईरान का शैडो बैंकिंग सिस्टम आर्थिक रूप से दिवालिया हो चुकी सरकार के लिए आख़िरी वित्तीय सहारा है. वित्त मंत्रालय इन अवैध नेटवर्क को ख़त्म करना जारी रखेगा, जब तक हम इसकी जड़ तक नहीं पहुंच जाते.”

  18. यौन दुर्व्यवहार के आरोपों के बीच अमेरिकी सांसद जिमी गोमेज़ देंगे इस्तीफ़ा

    जिमी गोमेज़
    इमेज कैप्शन, एथिक्स कमेटी की एक रिपोर्ट में जिमी गोमेज़ पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद जिमी गोमेज़ ने सोमवार को कहा कि वह अमेरिकी संसद से इस्तीफ़ा देंगे.

    प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स) की एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट जारी होने के कुछ मिनट बाद ही उन्होंने इस्तीफ़े का एलान किया.

    इसमें कहा गया कि कमेटी को इस बात के ठोस सबूत मिले हैं कि गोमेज़ ने यौन दुर्व्यवहार किया था. इसमें हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स के एक कर्मचारी के साथ उसकी मर्ज़ी के बिना यौन संपर्क भी शामिल है.

    कमेटी ने कहा कि कर्मचारी के साथ गोमेज़ का व्यवहार कम गंभीर यौन अपराध या यौन हमले की श्रेणी में आ सकता है.

    जिमी गोमेज़ ने कहा कि वह रिपोर्ट में सामने आई बातों से पूरी तरह सहमत नहीं हैं. हालांकि, उनके मुताबिक़, "इस्तीफ़ा देने के अलावा उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है."

    उन्होंने बताया कि उनका इस्तीफ़ा एक दिसंबर से लागू होगा. इससे उनके दफ़्तर के कर्मचारियों को लोगों और अपने चुनाव क्षेत्र से जुड़े ज़रूरी मामलों को पूरा करने का समय मिल सकेगा.

    जिमी गोमेज़ ने एक बयान में कहा, "मैं एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट की गंभीरता को समझता हूं. जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं अपनी शादी के बाहर की गई व्यक्तिगत ग़लतियों की पूरी ज़िम्मेदारी लेता हूं."

  19. शेख़ हसीना की वापसी की तारीख़ तय, तारिक़ रहमान से क्या अपील की?

    शेख़ हसीना
    इमेज कैप्शन, हसीना के सहयोगी ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि हसीना की वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश फिर शांति, स्थिरता और तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने कहा कि वह 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटने की योजना बना रही हैं.

    16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है. 1971 में पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद इसी दिन बांग्लादेश ने आज़ादी हासिल की थी.

    न्यूज़ एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के मुताबिक़, मंगलवार को अपनी वापसी की तारीख़ बताते हुए हसीना ने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के ज़रिए उनकी वापसी का इंतज़ाम करने की अपील की.

    हसीना के प्रवक्ता सैयद मोज़म्मेल अली ने बयान में कहा, "5 अगस्त 2024 को शेख़ हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था. अब वह सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफ़र का इंतज़ाम करने की अपील करती हैं."

    हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने एपी से कहा, "यह बहुत मायने रखता है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर यानी विजय दिवस का दिन चुना है."

    अरिन ने यह भी कहा कि उन्हें भरोसा है कि हसीना की वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश फिर शांति, स्थिरता और तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा.

    हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत चली गई थीं. उस समय छात्र आंदोलन के कारण उन्हें 15 साल का शासन छोड़ना पड़ा था. इस आंदोलन में सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे.

    हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई थी. उन्होंने इस फ़ैसले को मानने से इनकार किया है. उनका कहना है कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी.

  20. कन्नौज में स्कूल बस को तेज़ रफ़्तार ट्रक ने मारी टक्कर, चार बच्चों की मौत

    कन्नौज
    इमेज कैप्शन, स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें इलाज के लिए कानपुर रेफ़र किया जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई और करीब 35 घायल हो गए.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पुलिस के मुताबिक़, एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को टक्कर मार दी.

    हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. घायल बच्चों को इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.

    स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. उन्हें इलाज के लिए कानपुर रेफ़र किया जा रहा है.

    वहीं, मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिर्वा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

    कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 5.45 बजे आगरा से लखनऊ की ओर जा रही एक बस में करीब 50 बच्चे और आठ टीचिंग स्टाफ सवार थे.

    उन्होंने आगे बताया कि ये लोग मथुरा से टूर करके कौशांबी लौट रहे थे. ठटिया क्षेत्र में इन्होंने साइड में बस खड़ी कर दी थी. इसी दौरान पीछे से तेज़ रफ़्तार में आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी.