लाइव, 'पीठ में छुरा घोंपा', विजय की पार्टी को कांग्रेस के समर्थन पर डीएमके ने और क्या कहा?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़े उलटफेर के बाद अभिनेता से नेता बने विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को इजाज़त दीजिए. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक कर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ईरान ने कहा, 'हमलावरों की धमकियां बंद रुकें तो होर्मुज़ स्ट्रेट खुल सकता है'

    आईआरजीसी के वॉरशिप (साल 2024 की तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने जहाज़ मालिकों को सहयोग करने के लिए धन्यवाद दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने संकेत दिया है कि अगर 'धमकियाँ' खत्म हुईं तो होर्मुज़ जलडमरूमध्य फिर से खुल जाएगा.

    आईआरजीसी ने जहाज़ मालिकों को "ईरानी नियमों के अनुसार होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने में उनके सहयोग" के लिए धन्यवाद दिया है.

    इस बयान में आगे कहा गया है, "हमलावरों की धमकियों के खत्म होने और नई प्रक्रियाओं के तहत इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित और स्थायी तौर पर गुजरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी."

    यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा के कुछ ही घंटों बाद आया है, जिसमें उन्होंने बताया था कि 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को रोकने का दावा किया है. यह एक अमेरिकी अभियान है, जिसका मकसद जहाज़ों को होर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने में मदद करना था.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि बातचीत के लिए "कम से कम, विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत में शामिल होने की सच्ची कोशिश" की जरूरत है.

    उन्होंने आगे कहा है, "इसके लिए 'अच्छी नीयत' की जरूरत है, जिसका मतलब 'बातचीत' है, 'बहस' नहीं.

    उन्होंने यह भी कहा है कि बातचीत का मतलब हुक्म, धोखा, जबरन वसूली या जबरदस्ती नहीं होता.

    इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच ताजा घटनाक्रमों के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया.

    अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध और नाकेबंदी एक समझौते के साथ खत्म हो सकती है, लेकिन अगर ईरान किसी समझौते पर राजी नहीं होता है, तो बमबारी और तेज हो सकती है.

  3. 'पीठ में छुरा घोंपा', विजय की पार्टी को कांग्रेस के समर्थन पर डीएमके ने और क्या कहा?

    विजय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़े उलटफेर के बाद अभिनेता से नेता बने विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

    तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष ने टीवीके को समर्थन दिया है जिसके बाद डीएमके ने इस फ़ैसले को ‘पीठ में छुरा घोंपने’ वाला बताया है.

    चार मई को आए पांच विधानसभा चुनावों के परिणामों में से तमिलनाडु विधानसभा में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने इतिहास रचा है.

    उनकी पार्टी को 108 सीटें मिली हैं, जो बहुमत से महज़ 10 कम हैं. वहीं सत्तारूढ़ डीएमके की हार हुई है, उसे 59 सीटों पर जीत मिली है, जबकि एआईएडीएमके को 47 सीटों पर जीत मिली है.

    बुधवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा है.

    इस बीच तमिलनाडु कांग्रेस ने बताया है कि टीवीके ने सरकार बनाने के लिए आधिकारिक तौर पर कांग्रेस का समर्थन मांगा था. कांग्रेस को इन चुनावों में 5 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है.

    तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष सेल्वापेरुंथगई के. ने कहा है कि कांग्रेस ने उन्हें समर्थन पत्र सौंप दिया है और ये हाई कमान का फ़ैसला है.

    डीएमके बोली- ‘पीठ में छुरा घोंपा’

    डीएमके के प्रवक्ता सर्वनन अन्नादुरई

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीएमके के प्रवक्ता सर्वनन अन्नादुरई ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया है

    कांग्रेस के इस फ़ैसले को ख़ासा चौंकाने वाला समझा जा रहा है क्योंकि कांग्रेस अब तक तमिलनाडु में डीएमके की एक मज़बूत पार्टनर रही है.

    दोनों ही दल राज्य से लेकर केंद्र स्तर तक के चुनाव साथ लड़ते आ रहे हैं और हालिया विधानसभा चुनाव दोनों ने साथ मिलकर लड़ा था.

    कांग्रेस के टीवीके को समर्थन देने के संकेतों के बाद डीएमके खुलकर कांग्रेस के ख़िलाफ़ आई गई है.

    डीएमके ने इस कदम को अपने लंबे समय के राष्ट्रीय सहयोगी का “पीठ में छुरा घोंपने” वाला बताया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए डीएमके के प्रवक्ता सर्वनन अन्नादुरई ने कहा, “कांग्रेस पार्टी ने टीवीके के साथ गठबंधन करने और उसे समर्थन देने का फ़ैसला किया है. मुझे लगता है कि उन्होंने पीठ में छुरा घोंपा है.”

    डीएमके ने कांग्रेस पर तमिलनाडु के लोगों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है.

    डीएमके प्रवक्ता ने कहा “रिटर्निंग ऑफिसर के जीत के प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर की स्याही सूखने से पहले ही उन्होंने गठबंधन करने का फैसला कर लिया.”

    डीएमके प्रवक्ता ने कहा, “हमने हर कदम पर कांग्रेस का समर्थन किया है और हमारे नेता एके स्टालिन ने ही राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाया था.”

  4. अपने नेताओं के बयान और सोशल मीडिया पोस्ट पर तृणमूल कांग्रेस ने यह कहा

    ममता बनर्जी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी का आरोप है कि उनकी पार्टी को चुनाव में ग़लत तरीके से हराया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसके कुछ नेताओं ने हाल के समय में मीडिया के सामने अपने विचार रखे हैं जो पार्टी का आधिकारिक बयान नहीं है.

    टीएमसी ने कहा, ''हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि मीडिया में दिए गए या सोशल मीडिया पर शेयर किए गए ऐसे बयान संबंधित व्यक्ति के निजी विचार हैं. जब तक कि उचित माध्यम से आधिकारिक रूप से न बताया जाए, इन्हें पार्टी के आधिकारिक रुख़ नहीं समझा जाए.''

    टीएमसी ने इस मामले में किसी ख़ास नेता के किसी बयान का ज़िक्र नहीं किया है.

    पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत हुई है. चुनावों में बीजेपी को 207 और टीएमसी को 80 सीटें मिली हैं.

    चुनाव परिणाम आने के बाद टीएमसी के कई नेताओं ने बयान दिए हैं और जिनमें टीएमसी की हार और बीजेपी की जीत पर टिप्पणी की गई है.

    ममता बनर्जी ने हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया है और कहा कि बीजेपी ने चुनाव चुरा लिया है.

    यहाँ तक कि ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया और सवाल किया कि जब उन्हें अनुचित तरीके़ से हराया गया है, तो वह इस्तीफ़ा क्यों दें.

    उन्होंने कहा, "मेरे इस्तीफ़े का सवाल ही नहीं उठता. हमें जनादेश से नहीं बल्कि साज़िश के ज़रिए हराया गया है.''

  5. मीडिया दिग्गज और सीएनएन के संस्थापक टेड टर्नर का 87 साल की उम्र में निधन, इरान यंग्स, कल्चर रिपोर्टर

    टेड टर्नर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, केबल न्यूज़ नेटवर्क (सीएनएन) ने अपने संस्थापक टेड टर्नर के निधन की घोषणा की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सीएनएन न्यूज़ चैनल शुरू करने वाले मीडिया दिग्गज टेड टर्नर का 87 साल की उम्र में निधन हो गया है. टर्नर ने सीएनएन चैनल शुरू करके 24 घंटे की आधुनिक न्यूज़ संस्कृति की शुरुआत की थी.

    टर्नर ने 1980 में 'केबल न्यूज़ नेटवर्क' को पहले लगातार ख़बर चलाने वाले समर्पित न्यूज़ चैनल के तौर पर शुरू किया था, जो जल्द ही मीडिया जगत का एक अहम हिस्सा बन गया.

    सीएनएन के सीईओ और चेयरमैन मार्क थॉम्पसन ने एक बयान में कहा, "टेड एक बेहद सक्रिय और समर्पित लीडर थे. वे निडर, साहसी थे और हमेशा अपनी अंतरात्मा की आवाज़ सुनने और अपने फ़ैसलों पर भरोसा करने के लिए तैयार रहते थे."

    "वे सीएनएन की मार्गदर्शक आत्मा थे और हमेशा रहेंगे. टेड एक ऐसे विशाल व्यक्तित्व हैं जिनके कंधों पर हम खड़े हैं."

    शुरुआत में सीएनएन को काफ़ी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन साल 1981 में अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर हुए जानलेवा हमले और 1986 में चैलेंजर स्पेस शटल दुर्घटना जैसी घटनाओं की तेज़ और लगातार कवरेज देकर उसने अपनी अहमियत साबित कर दी.

    1990-1991 के खाड़ी युद्ध के दौरान लगातार अपडेट्स देकर इस नेटवर्क ने सचमुच अपनी एक अलग पहचान बना ली.

  6. बिहार: अनंत सिंह पर 'अश्लील डांस' और हथियार लहराने के मामले में एफ़आईआर दर्ज, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना

    अनंत सिंह ने कहा है कि उन्होंने कोई क़ानून नहीं तोड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अनंत सिंह ने कहा है कि उन्होंने कोई क़ानून नहीं तोड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार के गोपालगंज ज़िले में एक समारोह में ''अश्लील डांस'' के साथ ही प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों के अवैध प्रदर्शन के मामले में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    यह घटना 2 और 3 मई की दरमियानी रात की है.

    गोपालगंज के सेमराव गांव में एक उपनयन संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें अनंत सिंह दिख रहे हैं और उनके साथ उनके समर्थक भी हैं.

    गोपालगंज के मीरगंज थाने में दर्ज एफ़आईआर के मुताबिक़, ''कार्यक्रम में खुलेआम एक महिला अश्लील नृत्य कर रही थी और प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियारों का अवैध प्रदर्शन किया जा रहा था.''

    एफ़आईआर गोपालगंज ज़िला फ़ॉरेंसिक साइंस यूनिट में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक नवीन कुमार ने दर्ज कराई है.

    इस एफ़आईआर में लिखा है, “भीड़ में शामिल एक व्यक्ति के पास एके-पैटर्न (प्रतिबंधित बोर) की राइफ़ल है, जिसकी बैरल साफ दिखाई दे रही है. साथ ही अन्य लोगों की तरफ से लाइसेंसी हथियारों को लहराकर आम जनता में दहशत और भय पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है.”

    वहीं अनंत सिंह ने इस एफ़आईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''ये गलत है. हम पर बेवजह कार्रवाई की जा रही है. मैंने कोई कानून नहीं तोड़ा है. प्रोग्राम में लोग इंजॉय करते हैं. हमने किसी का कुछ बिगाड़ा होता, किसी पर गोली चलवा देते तो गलत होता. हम जब गए तो वहां स्थानीय थाने वाले मौजूद थे, लेकिन किसी ने आपत्ति नहीं जताई.''

    अनंत सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि वो शाम 7 बजे से साढ़े दस बजे तक कार्यक्रम में थे. उनका हथियार लहराने वाले व्यक्तियों से कोई संबंध नहीं है.

  7. होर्मुज़ स्ट्रेट में अमेरिका के 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम' को लेकर एक एक्सपर्ट क्या कह रहे हैं?

    होर्मुज़ स्ट्रेट सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कई बार अपनी नीति बदली है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका के होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों को निकालने वाले अपने "प्रोजेक्ट फ़्रीडम" ऑपरेशन को रोक ने पर एक विशेषज्ञ ने प्रतिक्रिया दी है.

    उनका मानना है कि इस फ़ैसले का संकेत है कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी समझौते पर सहमति बनने की संभावना है.

    थिंक टैंक 'इंटरनेशनल क्राइसिस ग्रुप' में ईरान प्रोजेक्ट के डायरेक्टर अली वाएज़ के मुताबिक़, ''ट्रंप के सामने दो विकल्प थे. ऑपरेशन को जारी रखना जो स्पष्ट तौर पर कोई नतीजा नहीं दे रहा था, या फिर ऑपरेशन को रोककर यह देखना कि क्या समस्या का कोई राजनयिक हल निकल सकता है."

    उन्होंने बीबीसी रेडियो 4 के 'टुडे' कार्यक्रम में बताया कि 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम' पर ईरान की प्रतिक्रिया, जिसमें जहाज़ों पर गोलीबारी और संयुक्त अरब अमीरात पर हमले शामिल हैं, शायद इन घटनाओं ने ट्रंप को यह मानने पर मजबूर कर दिया कि यह ऑपरेशन "समस्या का हल नहीं करने वाला है" और यह उन्हें "वापस युद्ध में घसीट सकता है."

    अमेरिका के इस अचानक आए बदलाव पर वाएज़ कहते हैं कि उनकी नज़र में "इस प्रशासन में कोई वास्तविक नीति-निर्धारण प्रक्रिया मौजूद नहीं है."

    उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति किसी तय प्रक्रिया के बजाय अपनी तात्कालिक भावनाओं के आधार पर फ़ैसले लेते हैं, इसलिए इसमें टिकाऊपन नज़र नहीं आता है.

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए शुरू किए गए अमेरिकी अभियान को "कुछ समय के लिए" रोका जाएगा.

    ट्रंप ने कहा कि एक दिन पहले शुरू किया गया "प्रोजेक्ट फ्रीडम" आपसी सहमति से रोका जा रहा है क्योंकि ईरान के साथ समझौते की दिशा में काफ़ी प्रगति हुई है.

  8. हंता वायरस के संदिग्ध मरीज़ों को जहाज़ से उतारकर भेजा गया हॉस्पिटल, डब्लूएचओ ने इतने मामलों की पुष्टि की

    स्वास्थ्यकर्मी

    इमेज स्रोत, @DrTedros

    इमेज कैप्शन, डब्लूएचओ ने कहा है कि 6 मई तक सामने आए आठ मामलों में अब तक लैब टेस्टिंग से 3 हंता वायरस केस कन्फ़र्म हुए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइज़ेशन (डब्लूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम गेब्रेयासेस ने बताया है कि हंता वायरस के तीन संदिग्ध मरीज़ों को एक जहाज़ से निकाला गया है और उन्हें इलाज के लिए नीदरलैंड्स ले जाया जा रहा है.

    गेब्रेयासेस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, ''जहाज़ के ऑपरेटरों के साथ मिलकर यात्रियों और क्रू की सेहत पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, और ज़रूरत पड़ने पर उचित चिकित्सा सहायता और उन्हें बाहर निकालने में मदद के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है.''

    उनके मुताबिक़, जहाज़ पर मौजूद यात्रियों और जो लोग पहले ही जहाज़ से उतर चुके हैं, उनके लिए निगरानी और फ़ॉलोअपका काम जहाज़ के ऑपरेटरों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों के सहयोग से शुरू कर दिया गया है.

    इससे पहले डब्लूएचओ ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि स्विस अधिकारियों ने एमवी होंडियस क्रूज़ शिप के एक पैसेंजर में हंता वायरस के केस की पुष्टि की है.

    डब्लूएचओ ने बताया, ''स्विस अधिकारी ने शिप के ऑपरेटर के एक ईमेल के जवाब में पैसेंजर की सेहत से जुड़ी ताज़ा जानकारी के बारे में बताया था और कहा था कि वह स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख के एक हॉस्पिटल में भर्ती हो गए हैं, जहां उनका इलाज हो रहा है.''

    इंटरनेशनल हेल्थ रेगुलेशन्स (आईएचआर) के अनुसार, डब्लूएचओ संबंधित देशों के साथ मिलकर इंटरनेशनल कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में मदद कर रहा है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि जो लोग संभावित रूप से संक्रमण के संपर्क में आए हैं, उन पर नज़र रखी जाए और बीमारी का आगे फैलाव कम हो.

    डब्लूएचओ के मुताबिक़ 6 मई तक सामने आए आठ मामलों में अब तक लैब टेस्टिंग से 3 हंता वायरस केस कन्फ़र्म हुए हैं.

  9. ट्रंप ने दी चेतावनी, 'ईरान समझौते के लिए नहीं माना तो और तेज़ होगी बमबारी'

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अपनी नई पोस्ट में ईरान को फिर से चेतावनी दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच ताज़ा घटनाक्रमों के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है.

    अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध और नाकेबंदी एक समझौते के साथ ख़त्म हो सकती है, लेकिन अगर ईरान किसी समझौते पर राज़ी नहीं होता है, तो बमबारी और तेज़ हो सकती है.

    बमबारी की चेतावनी देते हुए उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा, "दुख की बात है कि यह बमबारी पहले के मुक़ाबले कहीं ज़्यादा बड़े पैमाने पर और ज़्यादा तेज़ होगी."

    उन्होंने कहा कि अगर ईरान वह देने पर राज़ी हो जाता है जिस पर सहमति बनी थी और जिसे उन्होंने "एक बड़ी कल्पना" बताया है, तो 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' ख़त्म हो जाएगा.

    राष्ट्रपति ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर ईरान किसी समझौते पर राज़ी नहीं होता है, तो बमबारी फिर से शुरू हो जाएगी.

    इससे पहले एक एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस का मानना ​​है कि वह ईरान के साथ युद्ध ख़त्म करने को लेकर एक 'मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग' पर सहमति के क़रीब है.

    एक्सियोस ने दो अमेरिकी अधिकारियों और दो अन्य सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

  10. विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा किया पेश

    विजय ने विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा

    इमेज स्रोत, @Congress4TS

    इमेज कैप्शन, विजय ने सबसे बड़ी पार्टी के नेता के तौर पर राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा है

    तमिलनाडु विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है.

    विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा है. विजय की पार्टी को चुनावों में 108 सीटें मिली हैं, जो बहुमत से महज़ 10 कम हैं.

    इस बीच तमिलनाडु कांग्रेस ने बताया है कि टीवीके ने सरकार बनाने के लिए आधिकारिक तौर पर कांग्रेस का समर्थन मांगा है. कांग्रेस को इन चुनावों में 5 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है.

    कांग्रेस ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए टीवीके को समर्थन देने पर सहमति जताई है. एआईसीसी के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडनकर की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "हमारा समर्थन इस शर्त पर होगा कि टीवीके इस गठबंधन से उन सांप्रदायिक ताक़तों को दूर रखे जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं करतीं."

    तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है, इसलिए तब तक नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

    तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ डीएमके की हार हुई है, उसे 59 सीटों पर जीत मिली है, जबकि एआईएडीएमके को 47 सीटों पर जीत मिली है.

  11. पश्चिम बंगाल में बीजेपी का दावा, 'टीएमसी के लोग ख़ुद को बीजेपी नेता और कार्यकर्ता बता रहे हैं'

    देबजीत सरकार

    इमेज स्रोत, @Bjp_Debjit

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा है कि बिना अनुमति के कोई भी पार्टी का सदस्य नहीं बन सकता है

    पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने दावा किया है कि कुछ दलों के लोग और ख़ासकर टीएमसी के लोग ख़ुद को बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता बता रहे हैं, ये बीजेपी के लोग नहीं हैं.

    उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''ये लोग अपने आप को बीजेपी के होने का दावा कर रहे हैं, ये स्वघोषित बीजेपी वाले हैं. इस तरह से बीजेपी में योगदान नहीं किया जाता है.''

    देबजीत सरकार ने कहा, ''जो आम लोगों पर अत्याचार करते हैं, उन्हें नुक़सान पहुंचाते हैं, वे रातों-रात बीजेपी के नहीं हो सकते हैं.''

    उनका कहना है कि जब तक पार्टी किसी को नहीं अपनाती है तब तक कोई ख़ुद को बीजेपी का नहीं बता सकता है.

    उन्होंने कहा, ''क़ानून अपना काम करेगा. बीजेपी साफ़ और पारदर्शी पश्चिम बंगाल के लिए खड़ी है. किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व को किसी भी हालत में पार्टी में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी.''

    पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस के दफ़्तरों पर हमले, आगजनी, तोड़फोड़ और पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले की ख़बरें भी सामने आई हैं.

  12. होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रते समय फ्रांसीसी कंपनी के जहाज़ पर हमला, पॉल प्रादिएर, पेरिस

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए शुरू किए गए अमेरिकी अभियान को "कुछ समय के लिए" रोका जाएगा (सांकेतिक तस्वीर)

    फ़्रांस के शिपिंग ग्रुप ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रते समय उनके एक जहाज़ पर हमला हुआ.

    फ़्रांसीसी शिपिंग कंपनी सीएमए सीजीएम के मुताबिक़, उसका जहाज़ 'सैन एंटोनियो' मंगलवार, 5 मई को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहा था, तभी उसे निशाना बनाया गया.

    इस हमले में जहाज़ को नुक़सान हुआ और चालक दल के कुछ सदस्य घायल हो गए.

    कंपनी ने बयान में कहा कि घायल चालक दल के सदस्यों को जहाज़ से निकालकर इलाज कराया गया.

    हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि हमला किसने किया, लेकिन ईरान पहले कह चुका है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की अनुमति के बिना गुज़रने वाले जहाज़ों को निशाना बनाया जाएगा.

  13. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने किस बात पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का जताया आभार

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय शांति का हवाला दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए शुरू किए गए अमेरिकी अभियान को "कुछ समय के लिए" रोका जाएगा.

    सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यह फ़ैसला पाकिस्तान के अनुरोध पर लिया है, जिसने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रहेगी.

    ट्रंप के इस फ़ैसले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उनके साहसी नेतृत्व और होर्मुज़ स्ट्रेट में 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम' को रोकने के संबंध में उनकी ओर से समय पर किए गए एलान के लिए आभारी हूँ."

    उन्होंने कहा है कि इस संवेदनशील समय में पाकिस्तान और अन्य मित्र देशों की ओर से किए गए अनुरोध पर ट्रंप की उदार प्रतिक्रिया क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देगी.

    शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मन बिन सलमान की ओर से ट्रंप को किए गए अनुरोध का ख़ास ज़िक्र किया.

    शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा, ''पाकिस्तान उन सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जो संयम को बढ़ावा देते हैं और, बातचीत और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम करते हैं.''

    उन्होंने कहा है कि "हमें पूरी उम्मीद है कि मौजूदा प्रगति एक ऐसे स्थायी समझौते की ओर ले जाएगी, जो इस क्षेत्र और उससे बाहर भी स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करेगा."

  14. होर्मुज़ स्ट्रेट पर ऑपरेशन रोकने के ट्रंप के प्लान को ईरानी मीडिया कैसे देख रहा है?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट से फंसे हुए जहाज़ों को निकालने का अमेरिकी अभियान "कुछ समय के लिए" रोका जाएगा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से मंगलवार को होर्मुज़ स्ट्रेट से फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए अभियान शुरू करने का एलान किया गया था.

    इस अमेरिकी अभियान को "कुछ समय के लिए" रोकने की घोषणा के बाद बीबीसी को ईरान के वरिष्ठ अधिकारी से कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिला है.

    लेकिन कई ईरानी मीडिया आउटलेट ट्रंप के इस एलान को ईरान की जीत की तरह देख रहे हैं.

    आईआरजीसी से जुड़ी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने लिखा है, ''ट्रंप पीछे हट गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ऑपरेशन की नाकामी को छिपाने की कोशिश की है.''

    वहीं ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने इसे 'अमेरिका की हार' कहा है. इसने कहा है कि ट्रंप ने अपना 'आख़िरी कार्ड' इस्तेमाल कर लिया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि होर्मुज़ स्ट्रेट से फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए शुरू किया गया अमेरिकी अभियान "कुछ समय के लिए" रोका जा रहा है.

  15. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके के पास बहुमत नहीं पर ये पार्टियां दे सकती हैं समर्थन

    ममता बनर्जी ने क्या एसआईआर को सबसे बड़ा मुद्दा बनाकर भूल की?

  16. आईपीएल के प्लेऑफ़ मुक़ाबलों का शेड्यूल जारी, कहां होगा फ़ाइनल

    आईपीएल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ़ मुक़ाबलों का कार्यक्रम जारी कर दिया है.

    अब आईपीएल 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

    2026 के प्लेऑफ़ शेड्यूल के मुताबिक़ पहला क्वालिफ़ायर मैच धर्मशाला में खेला जाएगा. वहीं एलिमिनेटर और दूसरा क्वालिफ़ायर मैच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा.

    पहले क्वालिफ़ायर में जीतने वाली टीम सीधे फ़ाइनल मैच खेलेगी और हारने वाली टीम क्वालिफ़ायर 2 में जाएगी.

    न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.

  17. असम: हिमंत बिस्वा सरमा ने सीएम पद से दिया इस्तीफ़ा, नए सीएम के चयन पर क्या कहा?

    हिमंत बिस्वा सरमा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हिमंत बिस्वा सरमा ने असम के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

    असम विधानसभा की 126 सीटों पर हुए चुनाव में से बीजेपी ने 82 सीटें हासिल की हैं. जबकि कांग्रेस सिर्फ़ 19 सीटें ही जीत सकी है.

    राज्य में नए मुख्यमंत्री के चयन के बारे में हिमंत बिस्वा सरमा से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ''जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी, दोनों को हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पर्यवेक्षक नियुक्त किया है.''

    हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ''मुख्यमंत्री कौन होगा, अगला नेता कौन होगा. इसका फ़ैसला (बीजेपी) विधायक दल करेगा. विधायक दल की बैठक के बाद बीजेपी और एनडीए फिर से लोक भवन जाएंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. लेकिन विधायक दल का नेता अभी चुना नहीं गया है, इसलिए हमें प्रक्रिया पूरी होने का इंतज़ार करना चाहिए.''

  18. चीन और ईरान के विदेश मंत्रियों की बीजिंग में मुलाक़ात, क्या बात हुई

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्री वांग यी की ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से बुधवार को बीजिंग में मुलाक़ात हुई है

    चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने बुधवार को बीजिंग में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से बातचीत की.

    चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने यह जानकारी दी. हालांकि बातचीत का ब्योरा नहीं दिया है.

    इससे पहले, ईरान की फ़ार्स समाचार एजेंसी ने बताया था कि अराग़ची, वांग के साथ “द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम” पर चर्चा करेंगे.

    अराग़ची की यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अगले सप्ताह निर्धारित चीन यात्रा से पहले हो रही है. ट्रंप चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

    अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमले शुरू करने के बाद ट्रंप ने अपनी चीन यात्रा टाल दी थी.

  19. राहुल गांधी ने कहा- ‘वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार’

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    राहुल गांधी ने विधानसभा चुनावों के नतीजों को बाद एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार. लोकसभा के 240 बीजेपी सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है. पहचानना मुश्किल नहीं - क्या उन्हें बीजेपी की भाषा में ''घुसपैठिए'' कहें?''

    ''और हरियाणा? वहाँ तो पूरी सरकार ही ''घुसपैठिया'' है.''

    ''जो संस्थाएँ अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं - वो खुद ''रिमोट कंट्रोल्ड हैं.''

    '' उन्हें असली डर सच्चाई का है. क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते.''

    ''इससे पहले उन्होंने कहा था कि असम और बंगाल के चुनाव नतीजों से साफ़ है कि चुनाव आयोग की मदद से बीजेपी चुनाव चोरी कर रही है.''

    उन्होंने एक्स पर लिखा, ''हम ममता जी से सहमत हैं. बंगाल में 100 से ज़्यादा सीटें चुराई गई हैं.''

    ''मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा चुनाव में भी ऐसा हुआ है. चुनाव चोरी, संस्था चोरी और अब चारा ही क्या है.''

    पश्चिम बंगाल में टीएमसी पिछले 15 साल से सत्ता में थी. लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में उसे करारी हार का सामना करना पड़ा है.

    चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने 293 सीटों में से 207 सीटें जीत ली हैं. वहीं तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती हैं. कांग्रेस ने 2 सीटें जीती हैं.

  20. अमेरिका में भारत के निवेश पर सर्जेई गोर ने क्या कहा

    सर्जेई गोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में अमेरिकी राजदूत सर्गेई गोर ने कहा है कि अमेरिका में भारत का निवेश तेजी से बढ़ रहा है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में निवेश रिकॉर्ड स्तर पर फिर से अमेरिका की ओर लौट रहा है. भारतीय कंपनियां टेक, मैन्युफैक्चरिंग और फार्मास्यूटिकल्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में 20.5 अरब डॉलर से अधिक निवेश करने की योजना बना रही हैं. इसमें वे 12 भारतीय कंपनियां भी शामिल हैं जिन्होंने सिर्फ़ आज ही 1.1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है.''

    उन्होंने कहा, ''ये साझेदारियां अमेरिका में नौकरियां पैदा कर रही हैं और सप्लाई चेन को मजबूत बना रही हैं. ये इस बात का प्रमाण है कि जब दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र आपस में कारोबार करते हैं, तो सभी को फ़ायदा होता है.''