पीएम मोदी की सोना न ख़रीदने की अपील पर अखिलेश यादव ने की ये टिप्पणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है. इसके लिए उन्होंने कुछ रास्ते भी बताए हैं.
पीएम की अपील के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव ख़त्म होते ही संकट याद आ गया.
दरअसल, पीएम मोदी ने रविवार को सोना न ख़रीदने, विदेश यात्रा कम करने, पेट्रोल कम इस्तेमाल करने और वर्क फ्रॉम होम की अपील की है.
इस पर अखिलेश यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, "सोना न ख़रीदने की अपील जनता से नहीं, भाजपाइयों को अपने भ्रष्ट लोगों से करनी चाहिए क्योंकि जनता तो वैसे भी 1.5 लाख रुपए तोले का सोना नहीं ख़रीद पा रही है. भाजपाई ही अपनी काली कमाई का स्वर्णीकरण करने में लगे हैं."
उन्होंने लिखा, "वैसे सारी पाबंदियां चुनाव के बाद ही क्यों याद आईं हैं? भाजपाइयों ने चुनाव में जो हज़ारों चार्टर हवाई यात्राएं कीं वो क्या पानी से उड़ रहीं थीं? वो क्या होटलों में नहीं ठहर रहे थे या सिलेंडर की फ़ोटो लगाकर खाना बनाकर खा रहे थे? भाजपाइयों ने चुनाव में वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से प्रचार क्यों नहीं किया? सारी पाबंदियां जनता के लिए ही हैं क्या?"
अखिलेश यादव ने लिखा, "इस तरह की अपील से तो व्यापार-कारोबार-बाज़ार में मंदी या महंगाई की आशंका की वजह से डर के साथ घबराहट, बेचैनी, निराशा फैल जाएगी. सरकार का काम अपने अकूत संसाधनों का सदुपयोग करके आपातकालीन हालातों से उबारना होता है, भय या अफ़रातफ़री फैलाना नहीं."
गौरतलब है कि ईरान-अमेरिका की तनातनी के बीच पीएम मोदी की ओर से विदेशी मुद्रा बचाने की अपील रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई.