नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिनर पार्टी में हुई फ़ायरिंग के बाद कहा कि वह इसको लेकर घबराए नहीं.
रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिनर पार्टी में हुई फ़ायरिंग के बाद कहा कि वह इसको लेकर घबराए नहीं.
डोनाल्ड ट्रंप ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को इंटरव्यू दिया. इसमें कहा, "मैं घबराया नहीं था. मैं ज़िंदगी को समझता हूं. हम एक क्रेज़ी वर्ल्ड में रहते हैं."
ट्रंप से इंटरव्यू में पूछा गया कि जेडी वेंस को सबसे पहले कमरे से बाहर निकाला गया, उन्हें क्यों नहीं? इस पर ट्रंप ने कहा कि वह अपनी इच्छा से वहां रुके हुए थे.
उन्होंने कहा, "मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है... मैं जानना चाहता था कि क्या चल रहा है."
गौरतलब है कि वॉशिंगटन हिल्टन होटल में कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में शनिवार को फ़ायरिंग हो गई थी. इसके बाद जल्दबाज़ी में राष्ट्रपति ट्रंप और उप राष्ट्रपति वेंस को वहां से निकाला गया.
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों का बीजेपी में विलय स्वीकार कर लिया.
संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पोस्ट में इसकी पुष्टि की है.
जिन सांसदों का बीजेपी में विलय हुआ है, वो हैं राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता.
राज्यसभा की वेबसाइट अब दिखा रही है कि ये सात सांसद बीजेपी सांसदों की सूची में शामिल हो गए हैं.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस बदलाव के बाद बीजेपी की राज्यसभा में बीजेपी सांसदों की संख्या 113 हो गई है.
राघव चड्ढा ने 24 अप्रैल को 6 सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ी थी. उन्होंने कहा था कि दो-तिहाई से अधिक सांसदों के पार्टी छोड़ने पर दल बदल क़ानून लागू नहीं होगा.
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा था कि वो इन सांसदों को राज्यसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित करने की मांग करेंगे.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची रूस पहुंच चुके हैं. यहां पर उन्होंने कहा कि वो रूस से लगातार बातचीत करते रहे हैं, बस युद्ध की वजह से कुछ समय से मुलाक़ातें नहीं हो सकीं.
रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में अब्बास अराग़ची ने कहा, "हमने अपने रूसी दोस्तों से युद्ध से जुड़े हालात और मौजूदा स्थिति पर चर्चा और ताज़ा हालात की समीक्षा करेंगे. यह स्वाभाविक है कि ज़रूरी तालमेल भी किया जाए."
अराग़ची ने पाकिस्तान का ज़िक्र करते हुए कहा, "इस देश ने ईरान-अमेरिका की बातचीत में मध्यस्थ की अहम भूमिका निभाई है. हमने पाकिस्तान में अपने दोस्तों से अच्छी बातचीत की, अल्लाह का शुक्र है कि यह बहुत सफल यात्रा रही."
उन्होंने कहा, "हमने अब तक जो हुआ उसकी समीक्षा की और आगे बातचीत किस तरह और किन शर्तों पर जारी रह सकती है, इस पर चर्चा की."
गौरतलब है कि इससे पहले अब्बास अराग़ची पाकिस्तान और ओमान गए थे, जहां पर मध्य पूर्व के ताज़ा हालात को लेकर चर्चा हुई थी.
आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी किया. उन्होंने इसमें आप को छोड़ने के कारण बताए.
राघव चड्ढा ने कहा, "मैं एक चार्टर्ड अकाउंटेंट हूं, मेरे सामने बेहतरीन करियर था, मैं उसे छोड़कर राजनीति में आया."
उन्होंने कहा, "मैंने जिस पार्टी को 15 साल तक ख़ून-पसीने से सींचा, उसने मुझे काम करने से रोका, संसद में बोलने से रोका जाता है. ये राजनीतिक दल आज चंद भ्रष्ट लोगों के हाथ में रह गया है, जो देश के लिए नहीं बल्कि अपने निजी फ़ायदे के लिए काम करते हैं."
"ऐसी स्थिति में मेरे सामने तीन ऑप्शन थे. पहला, मैं राजनीति ही छोड़ दूं. दूसरा, मैं इस पार्टी में रहकर चीज़ें ठीक करने की कोशिश करूं, जो कि हुआ नहीं. तीसरा, मैं अपनी एनर्जी और एक्सपीरियंस लेकर दूसरे दल के साथ पॉज़िटिव पॉलिटिक्स करूं. इसलिए मैंने अकेले ने नहीं, बल्कि कुल 7 सांसदों ने आम आदमी पार्टी से रिश्ता तोड़ दिया."
राघव चड्ढा ने हाल ही में 6 सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ी थी. उन्होंने कहा था कि दो-तिहाई से अधिक सांसदों के पार्टी छोड़ने पर दल बदल क़ानून लागू नहीं होगा.
सात सदस्यों के निकलने के बाद पार्टी के राज्यसभा में सिर्फ़ तीन सांसद रह जाएंगे.
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली हाई कोर्ट में जस्टिस स्वर्णकांता के सामने पेश नहीं होंगे.
केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को चिट्ठी लिखकर कहा है कि आबकारी मामले में सीबीआई की अपील याचिका पर वो ख़ुद या उनके वकील पेश नहीं होंगे.
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पूरी विनम्रता और न्यायपालिका के प्रति सम्मान के साथ, मैंने जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को यह पत्र लिखा है. इसमें बताया है कि गांधीजी के सत्याग्रह के सिद्धांतों पर चलते हुए, मेरे लिए या मेरे वकील के लिए इस केस को उनकी अदालत में आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा."
उन्होंने लिखा, "मैंने यह कठिन फ़ैसला इसलिए लिया है क्योंकि मुझे साफ़ तौर पर लगा कि उनकी अदालत में चल रही कार्यवाही उस मूल सिद्धांत को पूरा नहीं करती कि न्याय सिर्फ़ होना ही नहीं चाहिए बल्कि होता हुआ दिखना भी चाहिए."
केजरीवाल ने कहा, "अगर मैं ख़ुद या वकील के ज़रिए इन कार्यवाहियों में शामिल भी हो जाऊं, तो उससे कोई ख़ास फ़ायदा नहीं होगा."
केजरीवाल ने एक वीडियो भी पोस्ट किया. इसमें उन्होंने कहा, "जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा जी से न्याय मिलने की मेरी उम्मीद टूट चुकी है. अपनी अंतरात्मा की आवाज़ सुनते हुए, गांधी जी के सिद्धांतो को मानते हुए और सत्याग्रह की भावना के साथ, मैंने फ़ैसला किया है कि मैं इस केस में उनके सामने पेश नहीं होऊंगा और कोई दलील भी नहीं रखूंगा."
केजरीवाल ने कहा, "जस्टिस स्वर्णकांता के दोनों बच्चे केंद्र सरकार के लिए काम करते हैं. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता उनके बच्चों को केस सौंपते हैं."
गौरतलब है कि दिल्ली की शराब नीति मामले से जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को हटाने की अरविंद केजरीवाल और अन्य की याचिका को दिल्ली हाई कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया था.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि रविवार को इसराइली हमलों में 14 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं. जबकि 37 लोग घायल हुए हैं.
यह हमला ऐसे समय में हुआ, जब दोनों देशों के बीच पिछले सप्ताह गुरुवार को ही युद्धविराम तीन हफ़्तों के लिए बढ़ाया गया था.
समझौते के तहत इसराइल को यह अधिकार है कि वह किसी भी समय अपनी सुरक्षा के लिए ज़रूरी क़दम उठा सकता है.
हमले से पहले इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) के प्रवक्ता ने पहले दक्षिणी लेबनान के कई गांवों को चेतावनी दी. उन्होंने लिखा था कि लोगों को तुरंत छोड़ना चाहिए, वहां रहना उनकी जान के लिए ख़तरा होगा.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा कि आईडीएफ़ एक्टिव है और ताक़त के साथ काम कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि हिज़्बुल्लाह की कार्रवाई युद्धविराम को तोड़ रही है.
पश्चिमी अफ़्रीका के देश माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की एक आत्मघाती ट्रक धमाके में मौत हो गई.
माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा के परिवार ने बताया कि उनकी मौत राजधानी बमाको के पास उनके घर पर हुए आत्मघाती ट्रक धमाके में हुई.
वहां के सरकारी टीवी ने कुछ घंटे बाद पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि कैमारा पहले घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई.
रिपोर्टों के मुताबिक़ माली के राष्ट्रपति असीमी गोइता को सुरक्षित जगह ले जाया गया क्योंकि उनके घर को भी निशाना बनाया गया था.
माली के चरमपंथी संगठन आज़ावाद लिबरेशन फ्रंट ने कहा कि माली की सेना में रखे गए रूसी भाड़े के सैनिकों ने दो दिन की लड़ाई के बाद किदाल से हटने पर सहमति जताई है. फ्रंट ने दावा किया कि अब शहर उनके नियंत्रण में है.
माली इस समय बड़े पैमाने पर हिंसा और अस्थिरता से गुज़र रहा है. राजधानी बमाको और कई शहरों में चरमपंथी समूहों ने हमले किए हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी के दौरान हुई फ़ायरिंग पर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की प्रतिक्रिया आई है.
बराक ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी. लेकिन हम सबकी ज़िम्मेदारी बनती है कि हम यह सुनिश्चित करें कि हिंसा का लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है"
उन्होंने लिखा, "यह हमें यह भी याद दिलाता है कि यूएस सीक्रेट सर्विस एजेंट हर दिन कितनी बहादुरी दिखाते हैं. मैं उनका आभारी हूं. हमले में घायल हुए एजेंट का भी मैं शुक्रगुज़ार हूं."
बता दें कि डिनर कार्यक्रम में फ़ायरिंग के बाद संदिग्ध शख़्स को हिरासत में ले लिया गया था.
इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से जानकारी साझा की थी. उन्होंने हमलावर को 'बीमार' बताया.
गौरतलब है कि वॉशिंगटन हिल्टन में होने वाले इस कार्यक्रम में हर साल राष्ट्रपति, कई कैबिनेट मंत्री और प्रशासन के बड़े अधिकारी आते हैं. इसके अलावा सैकड़ों पत्रकार भी मौजूद रहते हैं.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची रूस यात्रा पर जा रहे हैं. यहां पर वो राजधानी मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात करेंगे.
यह जानकारी ईरानी स्टूडेंट्स न्यूज़ एजेंसी ने रूस में ईरान के राजदूत काज़ेम जलाली के हवाले से दी है.
काज़ेम जलाली ने आगे कहा कि यह मुलाक़ात आज यानी सोमवार को होगी. उन्होंने बताया कि अराग़ची रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें ताज़ा हालात, युद्धविराम और उससे जुड़ी घटनाओं पर चर्चा होगी.
रूस के विदेश मंत्रालय ने भी रविवार को पुष्टि की कि अराग़ची बातचीत के लिए मॉस्को आएंगे.
गौरतलब है कि इससे पहले अब्बास अराग़ची पाकिस्तान और ओमान गए थे, जहां पर मध्य पूर्व के ताज़ा हालात को लेकर चर्चा हुई थी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान महिला पत्रकार नोरा ओ'डोनल को 'शर्मनाक' कहा.
दरअसल, सीबीएस न्यूज़ के 60 मिनट्स नामक प्रोग्राम में ट्रंप का इंटरव्यू पत्रकार नोरा ले रही थीं. तभी उन्होंने व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर में गोली चलाने वाले संदिग्ध शख़्स के मैनिफ़ेस्टो (मक़सद) का ज़िक्र किया. हमलावर ने ट्रंप के एपस्टीन से जुड़े होने का ज़िक्र किया था जिसे पत्रकार ने ट्रंप के सामने पढ़कर सुनाया.
इस पर ट्रंप ने कहा, "मुझे पता था तुम ये पढ़ोगी, क्योंकि तुम लोग बहुत ख़राब हो. हां, उसने लिखा था. लेकिन मैं न तो बलात्कारी हूं और न ही मैंने किसी का बलात्कार किया."
ट्रंप ने आगे कहा, "तुमने किसी बीमार आदमी की बकवास पढ़ी? मुझे उन चीज़ों से जोड़ा गया जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं. मुझे पूरी तरह से बरी कर दिया गया था."
ट्रंप ने फिर कहा, "मैंने मैनिफ़ेस्टो पढ़ा. वो बीमार आदमी है. लेकिन तुम्हें शर्म आनी चाहिए कि तुमने वो पढ़ा, क्योंकि मैं वैसा नहीं हूं."
नोरा ने साफ़ किया कि वो शब्द उनके नहीं हैं. लेकिन ट्रंप ने कहा कि उन्हें टीवी पर ये नहीं पढ़ना चाहिए था.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.