कर्नाटक: शनिवार को होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक, डीके शिवकुमार ने क्या कहा, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस विधायक दल की औपचारिक बैठक कल यानी शनिवार शाम 4 बजे होगी.
कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के सचिव अल्लामाप्रभु पाटिल ने एक अधिसूचना में कहा कि यह बैठक विधानसभा के कॉन्फ़्रेंस हॉल में आयोजित की जाएगी.
अधिसूचना में कहा गया, "बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद में सदन के नेता एनएस भोसाराजू और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में मौजूद रहेंगे."
शिवकुमार के एक क़रीबी नेता के मुताबिक़, नए चुने गए सीएलपी नेता मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए सदस्यों की सूची को अंतिम रूप देने दिल्ली जाएंगे. नेता ने कहा, "फ़िलहाल 1 जून, 3 जून और 5 जून की तारीख़ों पर चर्चा हो रही है."
इससे पहले शिवकुमार ने दिल्ली में मीडिया से कहा था कि वह शपथ ग्रहण समारोह की तारीख़ तय करने से पहले विधायक दल की बैठक के नतीजे का इंतज़ार करेंगे.
उन्होंने कहा, "शपथ ग्रहण समारोह पर फ़ैसला लेने से पहले मुझे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से सलाह करनी होगी."
हालांकि, कर्नाटक में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.
सिद्धारमैया और शिवकुमार ने दिन में पार्टी के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात कर उनका आभार जताया और आशीर्वाद लिया. शिवकुमार ने पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग से भी मुलाक़ात की.
सोशल मीडिया पोस्ट में शिवकुमार ने सिद्धारमैया की जमकर तारीफ़ की.
उन्होंने लिखा, "भगवान न तो वरदान देते हैं और न ही श्राप. वह सिर्फ़ अवसर देते हैं. असल में मायने यह रखता है कि हम उन अवसरों का क्या करते हैं. सिद्धारमैया जी का जीवन इस सोच की बेहतरीन मिसाल है."
शिवकुमार ने कहा, "मैसूर के एक साधारण गांव से लेकर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनने तक का उनका सफ़र दृढ़ता, संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है. मुख्यमंत्री पद से हटते समय मैं कर्नाटक के लोगों के लिए उनकी वर्षों की सेवा और नेतृत्व के प्रति दिल से आभार और गहरा सम्मान व्यक्त करता हूं."



















