लाइव, सीबीएसई का पोर्टल एक जून से खुलेगा, स्टूडेंट्स के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को कहा कि पोस्ट-रिज़ल्ट गतिविधियों के लिए पोर्टल एक जून से खुलेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, सुमंत सिंह

  1. सीबीएसई का पोर्टल एक जून से खुलेगा, स्टूडेंट्स के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर

    सीबीएसई 12वीं बोर्ड के स्टूडेंट्स

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिज़ल्ट आने के बाद कॉपी जांचने की नई प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शुक्रवार को कहा कि पोस्ट-रिज़ल्ट गतिविधियों के लिए पोर्टल एक जून से खुलेगा.

    पोस्ट-रिज़ल्ट गतिविधियों में उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन जैसी चीज़ें शामिल हैं. साथ ही बोर्ड ने स्टूडेंट्स की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है.

    सीबीएसई ने एक्स पर एक बयान में कहा कि जो स्टूडेंट्स उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उनके लिए प्रक्रिया को 'पारदर्शी और तकनीकी अड़चनों से मुक्त बनाने' के लिए यह फ़ैसला लिया गया है.

    बयान में कहा गया, "जो स्टूडेंट्स पोस्ट-रिज़ल्ट एक्टिविटीज़ पोर्टल पर आवेदन करना चाहते हैं, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीकी अड़चनों से मुक्त बनाए रखने के लिए यह तय किया गया है कि निर्धारित पोर्टल अब 1 जून 2026 से खुलेगा."

    सीबीएसई ने कहा, "यह फ़ैसला मूल्यांकन के सर्वोच्च मानकों और प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है."

    बोर्ड ने स्टूडेंट्स के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किया है.

    हेल्पलाइन: 1800 11 8004

    ईमेल: resultcbse2026@cbseshiksha.in

    सीबीएसई 12वीं बोर्ड का रिज़ल्ट आने के बाद कॉपी जांचने की नई प्रक्रिया ऑनस्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) पर सवाल उठ रहे हैं. विपक्ष ने भी इस व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है.

    सीबीएसई के अनुसार, इस साल 12वीं की परीक्षा में 17 लाख 68 हजार 962 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे. इनमें से 4 लाख 4 हजार 319 स्टूडेंट्स ने री-इवैल्यूशन के लिए आवेदन किया है. यानी क़रीब 22.85 फ़ीसदी स्टूडेंट्स ने पुनर्मूल्यांकन की मांग की है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल: दूसरे क्वालिफ़ायर में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच दो बार क्यों हुआ टॉस

    शुभमन गिल और रियान पराग

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह मैच न्यू चंडीगढ़ में हो रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफ़ायर मुक़ाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस जीत लिया है. टीम के कप्तान रियान पराग ने पहले बल्लेबाज़ी चुनी है.

    मैदान में दो बार टॉस हुआ. पहली बार जब गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने सिक्का उछाला और रियान पराग ने कॉल ली, तो रेफरी को सुनाई नहीं दिया, जिसके बाद दूसरी बार टॉस किया गया.

    यह मैच न्यू चंडीगढ़ में हो रहा है. इस मैच को जीतने वाली टीम खिताब के लिए फ़ाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिडे़गी.

    पहले क्वालिफ़ायर में आरसीबी ने गुजरात को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

  3. रोमानिया में 'रूसी ड्रोन' टकराने के बढ़ा तनाव, क्रेमलिन से आई प्रतिक्रिया

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, एएफ़पी के मुताबिक़, रूसी वाणिज्य दूतावास में तैनात कॉन्सुल को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया गया है

    रोमानिया की रिहायशी इमारत से 'रूसी ड्रोन' के टकराने की घटना पर रूसी राष्ट्रपति कार्यालय और विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया आई है.

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रोमानिया में ड्रोन घटना से "वाक़िफ़" हैं.

    तास ने यह भी कहा कि इस घटना के जवाब में रूस के दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' यानी निष्कासित जाने के फ़ैसले पर रूसी विदेश मंत्रालय 'जल्द प्रतिक्रिया देगा'.

    तास के मुताबिक़, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा है कि 'रोमानिया में ड्रोन को लेकर मचे हंगामे' का इस्तेमाल 'पश्चिमी देश' यूक्रेन युद्ध से ध्यान हटाने के लिए कर रहे हैं.

    रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत से रूसी ड्रोन के टकराने से दो लोग घायल हो गए हैं.

    रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी' था.

    इस घटना के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया था.

    इसके बाद स्थानीय मीडिया में ऐसी रिपोर्ट्स आईं कि रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान ने कहा है कि उनका प्रशासन दक्षिण-पूर्वी शहर कॉन्स्टांटा में रूसी वाणिज्य दूतावास में तैनात रूसी दूत को निष्कासित करेगा और दूतावास को बंद कर देगा.

    एएफ़पी के मुताबिक़, रूसी दूत को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया गया है.

  4. कार्टून: उनका भी मिड डे मील?

    बीबीसी कार्टून
    इमेज कैप्शन, बरेली में शिक्षकों को गायों के लिए चारा दान करने के आदेश पर आज का कार्टून
  5. ऋषभ पंत लखनऊ की कप्तानी से हटे, फ़्रेंचाइज़ी ने क्या कहा?

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पंत की कप्तानी में एलएसजी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने कहा है कि फ़्रेंचाइज़ी ने ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.

    एलएसजी के मुताबिक़, पंत ने ख़ुद ही कप्तानी से हटने का अनुरोध किया था.

    एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, "ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ फ़्रेंचाइज़ी से संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है."

    उन्होंने कहा, "ऐसे फ़ैसले कभी आसान नहीं होते. कप्तान के तौर पर ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं."

    ऋषभ पंत साल 2025 में एलएसजी से जुड़े थे. उनसे पहले टीम की कप्तानी केएल राहुल कर रहे थे.

    दिल्ली कैपिटल्स से रिलीज़ किए जाने के बाद पंत को एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था.

    पंत की कप्तानी में एलएसजी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है. आईपीएल 2025 में एलएसजी प्वॉइंट्स टेबल पर सातवें स्थान पर थी, जबकि इस साल टीम दसवें स्थान पर है.

  6. पंजाब के स्थानीय चुनावों में आम आदमी पार्टी को बढ़त, बीजेपी का क्या है हाल?

    आम आदमी पार्टी के समर्थक

    इमेज स्रोत, Mayank Mongia/BBC

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के समर्थक जश्न मना रहे हैं

    पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए जा रहे हैं. अब तक के नतीजों के मुताबिक़, राज्य की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सबसे ज़्यादा सीटें जीतकर पहले स्थान पर है.

    बीबीसी पंजाबी सेवा के मुताबिक़, शाम चार बजे तक के घोषित परिणामों में आम आदमी पार्टी ने 772 सीटें जीती हैं.

    कांग्रेस 304 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 227 सीटें जीती हैं.

    शिरोमणि अकाली दल ने 153 सीटें जीती हैं, जबकि बीजेपी को अब तक 91 सीटें और बहुजन समाज पार्टी को 6 सीटें मिली हैं.

    शाम चार बजे तक कुल 1553 सीटों के परिणाम घोषित हुए हैं. वोटों की गिनती अभी जारी है.

    पंजाब में मंगलवार, 26 मई को निकाय चुनावों के लिए मतदान हुआ था. शुक्रवार को 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित किए जा रहे हैं.

  7. शेयर बाज़ार में लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट, सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़का

    भारतीय शेयर बाज़ार

    इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुक्रवार को कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,278.69 अंक तक नीचे गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय शेयर बाज़ार में लगातार तीसरे दिन भी गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को सेंसेक्स 1,092 अंक लुढ़क गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह गिरावट कमज़ोर मानसून के अनुमान और अमेरिका-ईरान युद्धविराम से जुड़ी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच आई है.

    पीटीआई के मुताबिक़, शुक्रवार को बाज़ार के अंतिम मिनटों में तेज़ बिकवाली के दबाव की वजह से 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,092.06 अंक यानी 1.44 प्रतिशत गिरकर 74,775.74 पर बंद हुआ.

    दिन में कारोबार के दौरान यह 1,278.69 अंक यानी 1.68 प्रतिशत टूटकर 74,589.11 तक पहुंच गया था.

    वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ़्टी 359.40 अंक यानी 1.50 प्रतिशत फिसलकर 23,547.75 पर बंद हुआ.

    सेंसेक्स

    इमेज स्रोत, BSEIndia

  8. क्वाड गुट पर चीन की टिप्पणी के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय का आया बयान

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, MEAIndia

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा कि क्वाड किसी के विरोध के लिए नहीं है

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने क्वाड गुट पर चीन की टिप्पणी के बाद प्रतिक्रिया दी है.

    शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान जायसवाल से सवाल किया गया कि 'हाल ही में क्वाड की बैठक के बाद चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्वाड सहयोग को किसी तीसरे पक्ष को टारगेट नहीं करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि वे इस तरह के गुटीय टकराव का समर्थन नहीं करते.'

    इस पर रणधीर जायसवाल ने कहा, "क्वाड किसी (उद्देश्य) के लिए है, यह किसी के विरोध के लिए नहीं है. क्वाड प्रोजेक्ट्स को एक साथ करने के लिए है, इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए है."

    उन्होंने कहा, "क्वलाइमेट एक्शन, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और अन्य कई क्षेत्रों में क्वाड कई पहल और प्रोजेक्ट्स लेकर आया है."

    क्वाड देशों में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं.

    इस हफ़्ते मंगलवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने बैठक की थी. भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के मुताबिक़, बैठक में इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र में समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी.

    चीन ने इस बैठक का विरोध किया था. चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा था कि चीन ऐसे 'छोटे समूहों' का समर्थन नहीं करता.

    माओ ने कहा, "हम हमेशा मानते रहे हैं कि देशों के बीच सहयोग से क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा मिलना चाहिए और उसका निशाना किसी तीसरे पक्ष को नहीं बनाया जाना चाहिए."

    उन्होंने कहा था, "हम ख़ास 'छोटे समूहों' या गुटीय टकराव का समर्थन नहीं करते और किसी भी सहयोग को क्षेत्र के देशों के बीच आपसी भरोसे और सहयोग को कमज़ोर नहीं करना चाहिए."

  9. रूसी ड्रोन के रिहायशी इमारत से टकराने के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया

    तोइउ ओआना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना ने बताया कि इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी मूल का' था

    रोमानिया की एक रिहायशी इमारत से रूसी ड्रोन के टकराने के बाद रोमानिया ने रूस के राजदूत को तलब किया है और कहा है कि देश की सुरक्षा उसकी 'सर्वोच्च प्राथमिकता' है.

    रोमानिया की विदेश मंत्री तोइउ ओआना के मुताबिक़, रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि गालाती के अपार्टमेंट की इमारत से टकराने वाला ड्रोन 'रूसी मूल का' था.

    इस घटना पर रूस की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    ओआना ने कहा, "विदेश मंत्रालय आधिकारिक तौर पर यह बताएगा कि रूस की इस ग़ैर-ज़िम्मेदाराना हरकत का दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों पर क्या असर पड़ेगा."

    रोमानिया के राष्ट्रपति ने देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद की बैठक भी बुलाई है.

    क्या है मामला?

    रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि शुक्रवार को यूक्रेन सीमा के पास रोमानिया के गालाती शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत से रूसी ड्रोन के टकराने से दो लोग घायल हो गए हैं.

    आपात विभाग ने बताया कि ड्रोन में मौजूद विस्फोटक के फट जाने से इमारत की 10वीं मंज़िल पर आग लग गई.

    रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि स्थानीय समयानुसार गुरुवार-शुक्रवार की रात क़रीब 1 बजे के बाद दो एफ़-16 लड़ाकू विमान और एक हेलिकॉप्टर तैनात किए गए.

    यूरोपीय संघ के नेताओं ने इसे 'स्पष्ट और गंभीर उल्लंघन' बताया है, जबकि नेटो ने कहा है कि "रूस का लापरवाह व्यवहार सभी के लिए ख़तरा है."

  10. मौसम विभाग ने हरियाणा-राजस्थान के इन इलाक़ों के लिए जारी किया आंधी-पानी का अलर्ट

    मौसम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आईएमडी ने यह अलर्ट अगले दो घंटे के लिए जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाक़ों में तेज़ हवाएं चलने और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

    आईएमडी ने यह अलर्ट अगले दो घंटे के लिए जारी किया है.

    मौसम विभाग के बयान में कहा गया, "अगले 2 घंटे के दौरान हरियाणा के चरखी दादरी, लोहारू, महेंद्रगढ़ और राजस्थान के सादुलपुर, पिलानी में धूल भरी आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की बहुत अधिक आशंका है."

    आईएमडी के मुताबिक़, इस दौरान इन इलाक़ों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं.

  11. सुप्रीम कोर्ट ने विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल में शामिल होने की दी अनुमति

    विनेश फोगाट

    इमेज स्रोत, Luke Hales/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय कुश्ती महासंघ ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को रेसलर विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के लिए होने वाले ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ये ट्रायल 30 और 31 मई को होने हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने शुक्रवार को यह आदेश दिया.

    अदालत भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफ़आई) की याचिका पर सुनवाई कर रही थी. इसमें दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें विनेश फोगाट को ट्रायल में शामिल होने की अनुमति दी गई थी.

    पीटीआई के मुताबिक़, कोर्ट ने डब्ल्यूएफ़आई की ओर से पेश वकील से कहा, "हाई कोर्ट आदेश दे चुका है, जिससे उम्मीद और अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. अब उन्हें (विनेश) यह कहकर वापस घर भेजना कि हम कुछ नहीं कर सकते, ठीक नहीं होगा."

  12. दिल्ली: नीट यूजी का री-एग्ज़ाम देने वाले स्टूडेंट्स को डीटीसी बस में फ़्री यात्रा की सुविधा

    नीट परीक्षा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीट यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी (सांकेतिक तस्वीर)

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी में 21 जून को नीट (यूजी) की परीक्षा देने वाले कैंडिडेट्स को डीटीसी बस में मुफ़्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''21 जून को होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दिल्ली सरकार वैध प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाने पर सभी डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देगी.''

    उन्होंने लिखा, ''छात्रों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण इस दिन किसी भी अभ्यर्थी को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह हमारी प्राथमिकता है.''

    पेपर लीक के कारण रद्द हुई नीट अंडर ग्रेजुएट की परीक्षा अब दोबारा 21 जून को होगी.

    राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सरकार की मंज़ूरी के बाद शुक्रवार को परीक्षा की नई तारीख़ घोषित की.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, "नीट यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद परीक्षा रद्द करने का फ़ैसला लिया गया."

    उन्होंने बताया था कि दोबारा परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी.

  13. अब तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    इंदिरा गांधी ने रुपए को जानबूझकर कमज़ोर क्यों किया था, सोवियत संघ हुआ था नाराज़

    सबरीमाला केस में बड़ा सवाल, क्या अदालतें धार्मिक प्रथाओं की जाँच कर सकती हैं?

  14. पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बीच आरबीआई ने अर्थव्यवस्था को लेकर क्या कहा

    आरबीआई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    देश में पेट्रोल-डीजल क़ीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ने की आशंका के बीच भारतीय रिज़र्व बैंक ने कहा है मौजूदा दिक्क़तों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शुक्रवार को जारी अपनी सालाना रिपोर्ट में आरबीआई ने कहा कि महंगे ईंधन, सप्लाई चेन की दिक्कतों और वैश्विक बाजारों से आने वाली चुनौतियों के बावजूद चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास यात्रा मजबूत बनी रहेगी.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि मजबूत मैक्रोइकोनॉमिक फंडामेंटल्स अर्थव्यवस्था को सहारा देंगे.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, कॉरपोरेट और बैंकिंग क्षेत्र की मजबूत बैलेंस शीट और सरकार की ओर से पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) पर लगातार दिया जा रहा जोर भारत की मजबूत विकास दर के लिए सकारात्मक संकेत हैं.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में जियोपॉलिटिकल रिस्क एक बार फिर वैश्विक आर्थिक वृद्धि पर सबसे बड़ा दबाव बनकर उभरा है.

    इसमें यह भी कहा गया कि फरवरी 2026 के अंत में मध्यपूर्व में संघर्ष भड़कने का नकारात्मक असर वैश्विक आर्थिक वृद्धि और महंगाई के अनुमानों में दिखाई दे रहा है.

  15. सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी हाई कोर्ट को दिया ये अहम निर्देश

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, GE

    सुप्रीम कोर्ट ने मुक़दमों के निपटारे में देरी पर चिंता जताते हुए देश के सभी हाई कोर्ट को निर्देश दिया है कि किसी मामले में आदेश सुरक्षित रखने की तारीख़ से तीन महीने के भीतर फ़ैसला सुना दिया जाए.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फ़ैसलों में देरी से अदालत में न्याय के लिए आने वाले लोगों को को अपूरणीय क्षति होती है. इससे न्याय मिलने की प्रक्रिया प्रभावित होती है.

    क़ानूनी ख़बरों और विश्लेषण की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़ चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने शुक्रवार को कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े मामलों में और अधिक तेजी से फै़सला लिया जाना चाहिए.

    बेंच ने कहा कि जमानत याचिकाओं पर आदेश यथासंभव उसी दिन सुनाया जाए.

    अगर आदेश सुरक्षित रखा जाता है, तो उसे अगले दिन तक सुनाकर अपलोड किया जाए.

    जमानत या सजा-स्थगन का आदेश सुनाए जाने के तुरंत बाद उसकी सूचना जेल प्रशासन को भेजी जाए.

    विचाराधीन कैदी या दोषी व्यक्ति को संभव हो तो उसी दिन या अधिकतम अगले दिन रिहा किया जाए.

  16. सिद्धारमैया ने राहुल गांधी से की मुलाक़ात, क्या है इरादा?

    सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, AICC

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने के बाद कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शुक्रवार सुबह अपने बेटे यतींद्र सिद्धारमैया के साथ 10, जनपथ स्थित आवास पर राहुल गांधी से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात को इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि सिद्धारमैया राज्यसभा की सीट की पेशकश पहले ही ठुकरा चुके हैं.

    सिद्धारमैया कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपनी आगे की राजनीतिक भूमिका पर चर्चा करेंगे.

    सिद्धारमैया यह भी कह चुके हैं कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान की ओर से सुझाई गई किसी केंद्रीय जिम्मेदारी में उनकी ख़ास दिलचस्पी नहीं है.

  17. यूपी: हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरा, छह मजदूरों की मौत, गौरव गुलमोहर, बीबीसी हिन्दी के लिए

    हमीरपुर में पुल गिरे

    इमेज स्रोत, GAURAV GULMOHAR

    उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात निर्माणाधीन पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत हो गई है. जबकि मलबे में दबे तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है.

    स्थानीय प्रशासन के मुताबिक यह हादसा गुरुवार देर रात हुआ, जब पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. अचानक निर्माणाधीन ढांचा गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए.

    मृत मजदूरों में दो हमीरपुर और चार बांदा जिले के रहने वाले थे.

    एडिशनल एसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "पुल गिरने से छह मजदूरों की मौत हो चुकी है. मलबे में दबे तीन मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है. जब हादसा हुआ तब मजदूर काम कर रहे थे."

    क्या हादसा देर रात आये अंधी-तूफान के कारण हुआ? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अभी हम घटनास्थल पर मौजूद हैं जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकता है लेकिन जो दोषी होंगे निश्चित ही उनपर कार्रवाई होगी."

    हमीरपुर

    इमेज स्रोत, GAURAV GULMOHAR

    अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य रातभर जारी रहा.

    जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मज़दूरों को बाहर निकाला गया.

    घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

    हादसे के बाद पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

    जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं.

    अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

    जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा केवल खराब मौसम की वजह से हुआ या निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही भी थी.

    गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं.

    मौसम विभाग ने पहले ही खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की थी.

  18. कर्नाटक के राज्यपाल ने सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा मंज़ूर किया, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सिद्धारमैया

    इमेज स्रोत, DREES MOHAMMED/AFP via Getty Images

    कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है और उनसे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रखने को कहा है.

    राज्यपाल गहलोत बुधवार रात फैमिली इमरजेंसी के कारण इंदौर चले गए थे.

    इसके बाद सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर राजभवन पहुंचे और अपना इस्तीफ़ा राज्यपाल के विशेष सचिव को सौंप दिया.

    कर्नाटक के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी मुख्यमंत्री का इस्तीफ़ा राज्यपाल की अनुपस्थिति में उनके विशेष सचिव को सौंपा गया.

    सिद्धारमैया का इस्तीफ़ा स्वीकार होने के बाद अब कांग्रेस पार्टी कल या रविवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाने की घोषणा कर सकती है.

    सिद्धारमैया और उनके संभावित उत्तराधिकारी डीके शिवकुमार नई मंत्रिपरिषद के गठन पर पार्टी नेतृत्व से चर्चा करने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं.

    एक वरिष्ठ मंत्री ने नाम न छापने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, ‘’राहुल गांधी ने मंगलवार को सिद्धारमैया से मुलाक़ात के दौरान कहा था कि नई मंत्रिपरिषद में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) दलितों और अल्पसंख्यकों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए."

    सिद्धारमैया ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा कि वह सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाक़ात कर उनका धन्यवाद करने के लिए दिल्ली जा रहे हैं.

    सिद्धारमैया के एक क़रीबी सहयोगी ने इस संवाददाता को बताया, "वह अपने समर्थक नेताओं की एक सूची भी साथ लेकर गए हैं, जिन्हें नई मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने की सिफारिश की जाएगी."

  19. गुजरात के गिर जंगलों में दो शेरों की मौत, ख़तरनाक बेबेसिया संक्रमण फैलने का ख़तरा

    गुजरात

    इमेज स्रोत, ANI

    गुजरात के गिर के जंगलों में दो शेरों की मौत हो गई है. आशंका है कि बेबेसिया संक्रमण से इन शेरों की मौत हुई है.

    बीबीसी गुजराती की ख़बर के मुताबिक़ वन विभाग ने एहतियात के तौर पर संक्रमण के लक्षणों वाले 17 शेरों को अलग कर दिया है. आशंका है कि अन्य शेरों को भी बेबेसिया हो सकता है. उन्हें दूसरे शेरों से अलग (क्वारंटीन) रखा जा रहा है.

    इससे पहले 2020 में, इस महामारी के कारण 20 से अधिक एशियाई शेरों की मौत हो गई थी.

    बेबेसिया या बेबेसिओसिस पैरासाइट की वजह से होने वाली बीमारी है. ये लाल रक्त कोशिकाओं को नष्ट कर देती है. इससे मलेरिया जैसे लक्षण पैदा होते हैं जैसे कि तेज बुख़ार, थकान और खू़न की कमी.

    हालांकि, गुजरात के वन और पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा है "वन विभाग'' की ओर से एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं और वर्तमान स्थिति चिंताजनक नहीं है.

    2018 में, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) से शेरों में एक संक्रामक बीमारी फैल गई थी, जिससे लगभग 30 शेरों की मौत हो गई थी,

    वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उस समय शेरों को सीडीवी संक्रमण के साथ-साथ बेबेसिया भी हो गया था.

  20. अमेरिकी वित्त मंत्री ने ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंधों में ढील को लेकर क्या कहा

    स्कॉट बेसेंट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ईरान को बातचीत की मेज पर लाने में दो चीज़ों ने अहम भूमिका निभाई है. पहली सैन्य कार्रवाई और दूसरा आर्थिक दबाव.

    उन्होंने कहा कि ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने या उसकी फ़्रीज की गई संपत्तियों को जारी करने की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से आगे बढ़ेगी.

    बेसेंट ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगियों की ओर से उठाए गए सैन्य कदमों के साथ-साथ कड़े आर्थिक प्रतिबंधों ने ईरान पर इतना दबाव बनाया कि वह बातचीत के लिए तैयार हुआ.

    यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बातचीत जारी है.

    बेसेंट ने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावनाएं बन रही हैं, हालांकि अंतिम फ़ैसला अमेरिकी राष्ट्रपति के हाथ में होगा.