पाकिस्तान में कोयला खदान हादसे में 34 लोगों की मौत

इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के क्वेटा जिले के सोरेंज इलाके में कोयला खदान हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई है.
अधिकारियों ने कहा है कि उनके शव बरामद कर लिए गए हैं. कल इस क्षेत्र में हुई दुर्घटना हताहतों की संख्या के लिहाज से इस वर्ष बलूचिस्तान में हुई सबसे बड़ी कोयला खदान दुर्घटना है.
पीडीएमए के ऑपरेशन मैनेजर मुहम्मद फहद ने शुक्रवार सुबह कहा कि दो और खनिकों के शवों को निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है.
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफ़राज बुगती ने ख़ान और खनिज विभाग से तत्काल रिपोर्ट मांगी है और हादसों के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए एक पारदर्शी जांच कराने का निर्देश दिया है.
बलूचिस्तान के खनिज मंत्री मीर शोएब नोशिरवानी ने कहा कि दुर्घटना में मारे गए खनिकों के परिवारों को पांच लाख रुपये और घायलों को तीन लाख का रुपये मुआवजा दिया जाएगा.
सोरेंज बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से लगभग 40 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। यह एक पहाड़ी क्षेत्र है जहाँ बड़ी संख्या में कोयले की खदानें हैं.
सोरेंज और उसके आसपास के इलाकों में पहले भी कोयला खान दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.











