लाइव, पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर ईरान गए, हूती विद्रोहियों को लेकर दिया 'संदेश'

पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने अपनी हालिया तेहरान यात्रा के दौरान हूती विद्रोहियों के संबंध में वार्ता की है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दुनिया भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर क्या बोले मोहन भागवत?
  • दशहरे पर दिल्ली में जलेगा कॉकरोच का पुतला
  • भारत में हो रहे आंदलनों पर बोले मोहन भागवत
  • फ़्रांस हिंसा पर बोले ट्रंप
  • फ़्रांस हिंसा: आगजनी के बीच ड्रिंक इंजॉय करता दिखा कपल
  • टाइगर श्रॉफ़ पर फ़ायरिंग मामले में चश्मदीद ने आंखों देखा हाल बताया
  • अखबार डिलीवरी का ऐसा तरीका कि वायरल हो गया ये शख़्स
  • यहां की महिलाओं ने हाथों में तलवार लेकर किया डांस

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर ईरान गए, हूती विद्रोहियों को लेकर दिया 'संदेश'

    पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने अपनी हालिया तेहरान यात्रा के दौरान हूती विद्रोहियों के संबंध में वार्ता की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, यह दावा तुर्की की अनादोलु एजेंसी ने एक पाकिस्तानी सूत्र के हवाले से कहा है कि "मुनीर ने ईरान से कहा कि वे यमन के हूती विद्रोहियों को सऊदी अरब पर हमले रोकने के लिए राज़ी करे."

    सूत्र ने यह भी कहा कि मुनीर ने "मक्का रक्षा संधि के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा के प्रति पाकिस्तान की प्रतिबद्धता" पर ज़ोर दिया.

    बता दें कि मक्का समझौते के तहत पाकिस्तान, तुर्की और सऊदी अरब ने एक-दूसरे की रक्षा करने पर सहमति जताई है.

    ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान के अख़बार डॉन ने बुधवार को एक रिपोर्ट में लिखा कि सेना प्रमुख मुनीर की तेहरान यात्रा का उद्देश्य "संदेश पहुंचाना" था.

    रिपोर्ट के अनुसार, यात्रा का मक़सद यह भी पता लगाना था कि इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन अब भी बातचीत का आधार बन सकता है या नहीं.

    हालांकि, अख़बार ने लिखा कि बैठकों के बाद "कोई महत्वपूर्ण प्रगति या औपचारिक समझौता नहीं हुआ."

  3. कर्नाटक: देवी की प्रतिमा रखने वाला हौदा ले जा रहा हाथी बेकाबू हुआ, हादसा बचा, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरू से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    शिवमोग्गा में दशहरा जुलूस के दौरान 650 किलोग्राम वज़नी हौदा ढो रहा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया
    इमेज कैप्शन, शिवमोग्गा में दशहरा जुलूस के दौरान 650 किलोग्राम वज़नी हौदा ढो रहा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया

    कर्नाटक के शिवमोग्गा में दशहरा जुलूस के दौरान 650 किलोग्राम वज़नी हौदा ढो रहा एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया. इससे काफ़ी तनाव पैदा हो गया.

    हौदा एक चौकोर लकड़ी का मंच होता है. इसमें देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा रखी जाती है.

    कुछ समय के प्रशिक्षण के बाद हौदा हाथी के ऊपर रखा जाता है.

    सोमन्ना नामक हाथी तब जाकर रुका, जब हौदा एक तरफ़ झुक गया और नीचे गिर पड़ा. इसके बाद हाथी आगे नहीं बढ़ सका.

    हाथी सोमन्ना पहले भी दशहरा जुलूस का हिस्सा रह चुका है. इस बार उसे एक हफ़्ते के प्रशिक्षण के बाद हौदा ढोने के लिए चुना गया था.

    पिछले वर्षों में हौदा उठाने वाला हाथी सागर भी सोमन्ना के साथ मौजूद था.

    यह पहली बार था जब हाथी प्रशांत स्वर्ण हौदा लेकर चल रहा था.
    इमेज कैप्शन, यह पहली बार था जब हाथी प्रशांत स्वर्ण हौदा लेकर चल रहा था

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहा, "हमें नहीं पता कि हाथी अचानक क्यों बेकाबू हो गया. सौभाग्य से वह मुड़कर जुलूस के शुरुआती स्थान की ओर लौट गया."

    उन्होंने कहा, "उसके पीछे लोगों की संख्या कम थी. इसी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई."

    यह पहली बार है जब हौदा ले जा रहा कोई हाथी इस हद तक बेकाबू हुआ कि हौदा लगभग गिर गया.

    वहीं, मैसूरु में हाथी प्रशांत ने लाखों लोगों के बीच देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा के साथ 750 किलोग्राम वज़नी स्वर्ण हौदा शांतिपूर्वक ढोया.

    यह पहली बार था जब हाथी प्रशांत स्वर्ण हौदा लेकर चल रहा था.

    हाथी प्रशांत विश्व प्रसिद्ध मैसूरु दशहरा जुलूस में भाग लेने का काफ़ी अनुभव रखता है.

  4. ओडिशा में गिरफ़्तार दो सामाजिक कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग तेज़ हुई, राखी घोष, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    दो सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रैंडल सेक्वेरा और लक्ष्मण नायक को गिरफ़्तार कर लिया गया
    इमेज कैप्शन, दो सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रैंडल सेक्वेरा और लक्ष्मण नायक को गिरफ़्तार कर लिया गया

    ओडिशा में आदिवासी और दलित समुदायों के साथ काम करने वाले दो सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रैंडल सेक्वेरा और लक्ष्मण नायक को गिरफ़्तार किए जाने के बाद उनकी रिहाई की मांग तेज़ हो गई है.

    यह मामला वेदांता की प्रस्तावित सिजिमाली बॉक्साइट खनन परियोजना के ख़िलाफ़ चल रहे आंदोलन से जुड़ा है.

    दोनों की गिरफ़्तारी 16 अक्तूबर को रायगड़ा झड़प मामले में हुई.

    पुलिस ने दोनों को कालाहांडी ज़िले के भवानीपटना से गिरफ़्तार कर रायगड़ा उप-जेल भेज दिया.

    उन पर हत्या के प्रयास, दंगा, डकैती और आपराधिक धमकी समेत भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    मानवाधिकार और सामाजिक संगठनों ने इन गिरफ़्तारियों की निंदा की है.

    बॉक्साइट खनन के लिए जमीन लीज़ पर दिए जाने का विरोध कर रहे थे ये कार्यकर्ता
    इमेज कैप्शन, बॉक्साइट खनन के लिए जमीन लीज़ पर दिए जाने का विरोध कर रहे थे ये कार्यकर्ता

    उनका कहना है कि यह सिजिमाली और कुटरूमाझी पहाड़ियों में बॉक्साइट खनन के विरोध को दबाने की कोशिश है.

    संगठनों ने दोनों कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई और शांतिपूर्ण जन आंदोलन को अपराध की तरह पेश करने की कार्रवाई बंद करने की मांग की है.

    गौरतलब है कि वर्ष 2023 में ओडिशा सरकार ने रायगड़ा और कालाहांडी में लगभग 1,549 हेक्टेयर क्षेत्र में बॉक्साइट खनन के लिए वेदांता को 50 साल की लीज़ दी थी.

    तब से स्थानीय आदिवासी समुदाय इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि ग्राम सभाओं की सहमति के बिना खनन नहीं किया जा सकता.

  5. हरदीप सिंह पुरी की तस्वीर को लेकर राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने पूछे ये सवाल

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की अमेरिकी न्याय विभाग की वेबसाइट पर जारी एक तस्वीर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के मुंबई दौरे को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब वे वियतनाम में निजी दौरे पर गए हैं और इसको लेकर भाजपा उनकी आलोचना कर रही है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "रुबियो मुंबई पहुँचे, यूएसडीओजे (अमेरिका न्याय विभाग) ने एपस्टीन और पुरी की तस्वीर जारी की. प्रिय बीजेपी और आरएसएस कार्यकर्ताओं, आपको क्या लगता है, ये किस देश-विरोधी गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?"

    बता दें कि अमेरिका के न्याय विभाग की वेबसाइट पर एक तस्वीर मौजूद है जिसको लेकर विवाद पैदा हो गया है. इस तस्वीर में भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और जेफ़री एपस्टीन को देखा जा सकता है. हालांकि तस्वीर में न कोई कैप्शन दिया गया है और न ही इसके प्रकाशन की तारीख उपलब्ध है.

    इस तस्वीर से जुड़े आरोपों को लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीजेपी की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    ध्यान रहे कि जेफ़री एक अमेरिकी फाइनेंसर और सेक्स अपराधी था, जिस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और सेक्स ट्रैफिकिंग का गंभीर आरोप था. साल 2019 में जेल में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. बीती जनवरी में अमेरिका ने 'एपस्टीन फाइल्स' जारी की थीं.

    हरदीप सिंह पुरी
    इमेज कैप्शन, हरदीप सिंह पुरी (फ़ाइल फोटो)

    एप्सटीन से अकेले में न मिलने के दावे पर उठे सवाल

    एप्सटीन के मुद्दे पर हरदीप सिंह पुरी ने पूर्व में एक बयान दिया था. उन्होंने मीडिया से कहा था कि उनकी जेफ़्री एप्स्टीन से केवल तीन या अधिकतम चार बार मुलाक़ात हुई थी. ये मुलाक़ातें किसी निजी हैसियत से नहीं, बल्कि इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट या आईसीएम के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में हुई थीं.

    यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोमवार को ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर ट्वीट करके हरदीप सिंह पुरी से सवाल पूछा है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "हेलो हरदीप सिंह पुरी, क्या आप इस कमरे को पहचानते हैं? क्या आपकी तथाकथित 'डिजिटल इंडिया' से जुड़ी बैठकें जेफ़्री एप्स्टीन के साथ इसी कमरे में हुई थीं? आपने दावा किया था कि आप उनसे कभी अकेले नहीं मिले थे. थोड़ा शर्म कीजिए और कम से कम अब तो कैबिनेट की बैठकों में शामिल होना बंद कर दीजिए."

    शिवसेना उद्धव ठाकरे दल के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने भी एक्स पर हरदीप पुरी से जुड़े फ़ोटो को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने लिखा, "मोदीजी, एक मंत्री हरदीप पुरी जेफ्री एपस्टीन से अकेले में मिल रहे हैं? किसका संदेश लेकर मिले? ये शुरुआत है, आगे-आगे देखो क्या होने जा रहा है?"

    इस पोस्ट में उन्होंने आगे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठन के आधिकारिक हैंडल को टैग करके लिखा- "रेजीम चेंज होगा! जय हिंद!"

    ग़ौरतलब है कि एक दिन पहले दशहरा के मौके पर आरएसएस मुख्यालय पर मोहन भागवत ने "रेजीम चेंज" को लेकर आए कुछ बयानों की आलोचना की थी.

    इस मामले में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी एक्स पर प्रतिक्रिया दी और लिखा, "क्या पुरी ने यह दावा नहीं किया था कि उनकी एप्स्टीन के साथ कभी कोई निजी मुलाक़ात नहीं हुई थी?"

    इस मामले में एनसीपी(एसपी) के प्रवक्ता अनीश गवांडे ने भी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने पूछा- "ये तस्वीरें गंभीर सवाल खड़े करती हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को यह बताना चाहिए कि वह जेफ़्री एपस्टीन से क्यों मिल रहे थे, भले ही वह एक राजदूत की हैसियत से ही क्यों न हो."

  6. अमेरिका में रिफ़ाइनरी में रिलायंस के निवेश को लेकर यह बोले अमेरिकी राजदूत

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जामनगर दौरे की ये तस्वीर एक्स पर पोस्ट की है
    इमेज कैप्शन, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने जामनगर दौरे की ये तस्वीर एक्स पर पोस्ट की है

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बुधवार को गुजरात के जामनगर में मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की तेल रिफ़ाइनरी का दौरा किया.

    इस दौरे में रुबियो के साथ अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर मौजूद रहे, उन्होंने एक्स पर दौरे की एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें उन दोनों के अलावा अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट मौजूद हैं.

    साथ ही गोर ने पोस्ट में लिखा, "मुझे मार्को रुबियो के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की जामनगर रिफ़ाइनरी का दौरा करने का सम्मान मिला. पिछले एक वर्ष में भारत के अमेरिका से एलपीजी आयात में तेज़ बढ़ोतरी हुई है. यह 10 प्रतिशत से कम से बढ़कर 67 प्रतिशत तक पहुंच गया है.

    "इसके साथ ही अमेरिका, भारत का सबसे बड़ा एलपीजी आपूर्तिकर्ता बन गया है. अमेरिका में पिछले 50 वर्षों में बनने वाली पहली नई तेल रिफ़ाइनरी में रिलायंस का प्रस्तावित निवेश भी एक बड़ा अवसर है. इससे अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने और रोज़गार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है."

    बता दें कि भारत के पश्चिमी तट पर स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के स्वामित्व वाली दुनिया की सबसे बड़ी तेल रिफ़ाइनरी में रूस और वेनेज़ुएला समेत कई देशों से कच्चा तेल आयात होता है. इसके बाद उसे रिफ़ाइन करके तैयार ईंधन वैश्विक बाज़ारों में भेजा जाता है.

    इस व्यवस्था से मध्य-पूर्व में पैदा होने वाले संकटों के दौरान भी ईंधन की आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलती है.

    ट्रंप प्रशासन वैश्विक स्तर पर डीज़ल की बढ़ती क़ीमतों को कम करने की कोशिश कर रहा है. रुबियो की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब ईरान में युद्ध और होर्मुज़ स्ट्रेट में बाधाओं के कारण ईंधन की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया है.

    अगले महीने होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले ईंधन की बढ़ती क़ीमतें एक अहम राजनीतिक मुद्दा बन गई हैं.

  7. एशियाई पैरा गेम्स: पैरा धाविका प्रीति पाल ने जीता सिल्वर मेडल

    भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल ने एक दिन पहले भी सिल्वर मेडल जीता था
    इमेज कैप्शन, भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल ने एक दिन पहले भी सिल्वर मेडल जीता था

    भारतीय पैरा एथलीट प्रीति पाल ने बुधवार को एशियाई पैरा खेलों में महिलाओं की 100 मीटर टी35 स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीत लिया.

    प्रीति पाल ने 29.53 सेकंड का समय लेकर आइची-नागोया 2026 एशियाई पैरा खेलों में अपना दूसरा पदक हासिल किया है.

    प्रीति ने बीते मंगलवार को महिलाओं की 200 मीटर टी35 स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था.

    उनके शानदार प्रदर्शन की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट लिखकर प्रशंसा की है और उन्हें पदक जीतने पर बधाई दी है.

    भारतीय धाविका प्रीति दो बार की पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता हैं. उन्होंने देश की प्रमुख पैरा एथलीटों में अपनी पहचान बनाई है.

    उन्होंने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एक रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते हैं.

    उत्तर प्रदेश के एक ग्रामीण किसान परिवार में जन्मीं प्रीति को जन्म से ही शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा.

    प्रीति ने पाँच साल की उम्र में कैलिपर्स पहनना शुरू किया. उन्होंने आठ वर्षों तक उनका इस्तेमाल किया.

  8. स्पिनर अमित मिश्रा दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे, मिली ये ज़िम्मेदारी

    पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा
    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की एक फ्रेंचाइज़ी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने घोषणा की है कि गेंदबाज़ अमित मिश्रा उनकी टीम के स्पिन बॉलिंग कोच होंगे.

    इस घोषणा के साथ पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए हैं.

    अमित मिश्रा ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल के कई सीज़न खेले हैं. उन्होंने आईपीएल में कुल चार टीमों के साथ 162 मैच खेले और 174 विकेट लिए.

    वह 103 मैचों में 110 विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं.

    43 साल के इस गेंदबाज़ ने 2025 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था.

    दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक आईपीएल का एक भी टाइटल नहीं जीता है, पिछले सीज़न में वह छठे नंबर पर रही.

    अमित मिश्रा का एक वीडियो दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया है, जिसमें अमित मिश्रा कह रहे हैं, "हम दिल्ली वालों को वह ख़ुशख़बरी देने की कोशिश करेंगे जिसका इंतज़ार वे लंबे समय से कर रहे हैं."

  9. टेस्ला और स्पेसएक्स के विलय पर एलन मस्क ने ये कहा

    एलन मस्क
    इमेज कैप्शन, एलन मस्क (फ़ाइल फ़ोटो)

    एलन मस्क ने कहा है कि वह अपनी दो सबसे बड़ी कंपनियों, टेस्ला और स्पेसएक्स, को आपस में मिलाने पर विचार कर रहे हैं.

    मस्क ने मंगलवार को वित्तीय विश्लेषकों के साथ हुई एक कॉल में कहा, "मुझे लगता है कि यह अच्छा विचार है? हां."

    यह कॉल स्पेसएक्स के तिमाही नतीजों पर चर्चा के लिए आयोजित की गई थी.

    हालांकि मस्क ने कहा कि इस प्रस्तावित विलय को अभी अंतिम नहीं माना जाना चाहिए. इसके लिए शेयरधारकों की मंज़ूरी भी ज़रूरी होगी.

    उन्होंने बताया कि दोनों कंपनियों में इस संभावित विलय की समीक्षा के लिए विशेष समितियां बनाई गई हैं.

    टेस्ला की अनुमानित क़ीमत क़रीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर और स्पेसएक्स की क़ीमत क़रीब 2 ट्रिलियन डॉलर आंकी जाती है.

    ऐसे में इन दोनों कंपनियों का विलय इतिहास के सबसे बड़े विलयों में से एक हो सकता है.

    इस ख़बर के बाद आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में स्पेसएक्स के शेयर 8 फ़ीसदी तक चढ़ गए.

    रॉकेट, प्रक्षेपण यान और स्टारलिंक इंटरनेट सैटेलाइट बनाने वाली स्पेसएक्स अब दूसरी टेक्नोलॉजी कंपनियों के लिए क्लाउड कंप्यूटिंग के क्षेत्र में भी अपने कारोबार का विस्तार कर रही है.

    इन कंपनियों में एंट्रॉपी और गूगल भी शामिल हैं.

    यह डिवीज़न अब स्पेसएक्स का सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने वाला कारोबार बन गया है.

    कंपनी के ताज़ा तिमाही नतीजों के मुताबिक, इस डिवीज़न ने 7.5 अरब डॉलर की आमदनी हासिल की है. वहीं स्टारलिंक से 2.5 अरब डॉलर की आमदनी हुई है.

  10. दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने पर ग्रैप-1 लागू, किस-किस पर असर

    21 अक्तूबर को एक्यूआई 244 होने पर ग्रैप-1 लागू हुआ है.
    इमेज कैप्शन, 21 अक्तूबर को एक्यूआई 244 होने पर ग्रैप-1 लागू हुआ है

    दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण बढ़ने के बाद बुधवार को ग्रैप-1 लागू कर दिया गया है.

    वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के जारी आदेश के मुताबिक़, 20 अक्तूबर को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 179 था, जो 'मॉडरेट' श्रेणी में आता है. लेकिन सिर्फ़ एक दिन बाद यह बढ़कर 244 पहुंच गया, जिससे हवा की गुणवत्ता 'पुअर' श्रेणी में दर्ज की गई है.

    ग्रैप का पहला चरण एक्यूआई 201 से 300 यानी खराब स्तर की होने पर लागू किया जाता है.

    बता दें कि ग्रैप का पूरा नाम 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' है. यह दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए आपातकालीन उपायों की एक चरणबद्ध योजना है, जिसे प्रदूषण के स्तर (एक्यूआई) के अनुसार लागू किया जाता है. इसे सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग लागू करता है.

    आयोग ने यह भी कहा है कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता 'पुअर' श्रेणी में बनी रह सकती है.

    ग़ौरतलब है कि 20 अक्तूबर को दशहरा मनाया गया, इस दौरान कई इलाकों में रावण के पुतले फूंके गए और आतिशबाज़ी हुई.

    इनपर पर रोक रहेगी ​‌

    ग्रैप-1 प्रदूषण के शुरुआती स्तर पर लागू की जाने वाली रोकथाम करने वाली व्यवस्था है, ताकि हवा की गुणवत्ता और खराब होने से रोकी जा सके. इसका मक़सद प्रदूषण को और बढ़ने से रोकना और धूल, वाहनों व औद्योगिक स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन को कम करना है. ​‌

    • कूड़ा, पत्तियां और अन्य कचरा खुले में जलाने पर रोक.
    • ढाबों, रेहड़ियों और व्यावसायिक रसोईघरों में कोयला और लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध.
    • डीज़ल जेनरेटर के उपयोग पर पाबंदी, केवल आपात स्थितियों में छूट.
    • ज़्यादा धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर जुर्माना या ज़ब्ती की कार्रवाई.
    • दिल्ली में 10 साल से पुराने डीज़ल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों पर प्रतिबंध जारी.
  11. रूसी सरकारी मीडिया ने एक अमेरिकी नागरिक की रिहाई का दावा किया, क्या है पूरा मामला

    स्टीफ़न हबर्ड की तस्वीर (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, स्टीफ़न हबर्ड की तस्वीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूसी स्टेट मीडिया ने रूसी राष्ट्रपति के हवाले से कहा है कि रूस एक अमेरिकी नागरिक को रिहा करने पर सहमत हो गया है.

    यह वो अमेरिकी नागरिक है जिन्हें यूक्रेन की ओर से लड़ने के आरोप में जेल भेजा गया था.

    सरकारी मीडिया के मुताबिक़, पुतिन ने यह जानकारी सेंट पीटर्सबर्ग में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ के साथ बातचीत के दौरान दी.

    उन्होंने कहा कि स्टीफ़न हबर्ड को पुल्कोवो एयरपोर्ट ले जाया गया है.

    मिशिगन के रहने वाले हबर्ड की उम्र 72 साल थी, जब उन्हें 2024 में लगभग सात साल की सज़ा सुनाई गई थी. उन्हें खुली जेल में भेजने का आदेश दिया गया था.

    अभियोजकों ने उन पर आरोप लगाया था कि वे पूर्वी शहर इज़ीयुम में एक रक्षा इकाई के साथ काम कर रहे थे. दो साल पहले रूसी बलों ने उन्हें वहीं से पकड़ लिया था.

    अमेरिकी विदेश विभाग पहले ही हबर्ड को "ग़लत तरीक़े से हिरासत में रखा गया" व्यक्ति घोषित कर चुका है.

    मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पुतिन के साथ बातचीत में हबर्ड का मामला उठाया था.

    ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "देखिए क्या होता है. हम हबर्ड के मामले पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं."

    बीबीसी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए व्हाइट हाउस से संपर्क किया है.

  12. राष्ट्रपति ट्रंप के विशेष दूत की रूसी राष्ट्रपति से मुलाक़ात, क्या है एजेंडा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और रूसी राष्ट्रपति पुतिन
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और रूसी राष्ट्रपति पुतिन (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ बुधवार को सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिल रहे हैं.

    दोनों रूस-यूक्रेन के बीच कई सालों से चल रहे युद्ध को ख़त्म करने के प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे.

    यह बातचीत उस मुलाक़ात के एक दिन बाद हो रही है, जिसमें विटकॉफ़ ने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मुलाक़ात की थी. एक अमेरिकी अधिकारी ने इस बैठक को "सकारात्मक और रचनात्मक" बताया.

    यूक्रेन पहले अमेरिका पर ख़ुफ़िया जानकारी साझा न करने का आरोप लगा चुका है. अमेरिका ने इस आरोप को "हैरान करने वाला" बताया.

    मंगलवार को ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूसी मिसाइल हमलों से जुड़ी ख़ुफ़िया जानकारी को लेकर अमेरिका के साथ सहयोग अब फिर से शुरू हो गया है.

    ज़ेलेंस्की और उनके यूरोपीय सहयोगियों का कहना है कि अब वे ओस्लो में तय किए गए प्रस्तावों पर रूस के जवाब का इंतज़ार कर रहे हैं.

    फ़िनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब मंगलवार को ओस्लो में हुई बातचीत में शामिल थे, उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करने के प्रस्तावों पर "वास्तविक प्रगति" हुई है. हालांकि उन्होंने इसके बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी. उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया में धैर्य रखने की ज़रूरत होगी.

    ध्यान देने वाली बात यह है कि विटकॉफ़ बातचीत के बाद हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस में शामिल नहीं हुए.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर वीडियो लिंक के ज़रिए बैठक में शामिल हुए.

    बाद में एक अमेरिकी अधिकारी ने बातचीत को "बहुत उपयोगी और रचनात्मक" बताया. उन्होंने कहा कि "अगले क़दमों" को लेकर अमेरिका, यूक्रेन और यूरोपीय देशों के बीच काफ़ी व्यावहारिक सहमति बनी है.

  13. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आपतक ख़बरें पहुंचा रहे थे. मैं बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    लाइव पेज की प्रमुख़ ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें. हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित प्रमुख ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं-

  14. भारत में विपक्ष और स्टूडेंट्स के प्रदर्शनों पर क्या बोले मार्को रुबियो

    मार्को रुबियो
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करेगा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत में विपक्ष और छात्रों के विरोध प्रदर्शनों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

    दरअसल, भारत दौरे पर आए रुबियो से बुधवार को विपक्ष और स्टूडेंट्स के विरोध प्रदर्शनों को लेकर सवाल किया गया.

    इस पर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, "यह भारत का अंदरूनी राजनीतिक मामला है. मैं उनकी राजनीति में दख़ल नहीं देने जा रहा हूं. यहां लोकतंत्र है, चुनाव होते हैं, इसलिए मैं उनके अंदरूनी राजनीतिक मामलों पर अपनी राय नहीं दूंगा. अमेरिका में हर दिन विरोध प्रदर्शन होते हैं."

    अमेरिकी विदेश मंत्री ने अंत में दोहराया कि अमेरिका भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि इन मामलों पर फ़ैसला लेना और उनसे निपटना भारतीय जनता का काम है.

    वहीं, भारत में हाल के महीनों में हुए प्रदर्शनों पर पुलिस की सख़्त कार्रवाई को लेकर संयुक्त राष्ट्र के 16 एक्सपर्ट्स ने मंगलवार को चिंता जताई है.

    संयुक्त राष्ट्र के एक्सपर्ट्स ने भारतीय अधिकारियों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने, उसकी रक्षा करने और मानवाधिकार उल्लंघनों के मामलों में न्याय करने की अपील की है.

  15. स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के 3,897 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक

    स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया
    इमेज कैप्शन, बैंक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच की ज़िम्मेदारी सौंपी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (एसबीआई) के 3,897 ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर सामने आने की बात सामने आई है.

    शुरुआती जांच में डार्क वेब पर मौजूद क़रीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें ग्राहकों के 3,897 रिकॉर्ड में उनकी निजी जानकारी मिली.

    बैंक के मुताबिक़, लीक होने वाले डेटा में ग्राहकों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नाम, लिंग, ईमेल आईडी, घर के पते, बैंक शाखा और सीआईएफ नंबर शामिल हैं. इसके अलावा, लीड आईडी, कर्ज और लीड से जुड़े रिकॉर्ड की जानकारी और कुछ अन्य फ़ाइलें भी इसमें शामिल बताई गई हैं.

    बैंक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच की ज़िम्मेदारी सौंपी है. यह एजेंसी डेटा लीक के नेचर और उसके दायरे का व्यापक आकलन करेगी, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके.

    एसबीआई ने बीएसई और एनएसई को लिखे पत्र में कहा, "हम बताना चाहते हैं कि इस घटना का बैंक के मुख्य कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार जारी रखने की क्षमता पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. बैंक के मुख्य काम बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से चल रहे हैं. इस मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और ज़रूरत के अनुसार सुधार और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं."

    एसबीआई ने कहा कि हम भरोसा दिलाते हैं कि बैंक इस स्थिति पर लगातार नज़र रख रहा है और लागू नियमों के अनुसार सभी ज़रूरी कदम उठा रहा है.

  16. जम्मू कश्मीर का शख़्स रूस में लापता, परिवार का दावा- अधिकारियों ने हिरासत में लिया, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    एजाज़ अहमद
    इमेज कैप्शन, परिवार का दावा है कि नौकरी के सिलसिले में रूस गए शख़्स को वहां के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर के उरी के सैदपोरा गांव के रहने वाले 39 वर्षीय एजाज़ अहमद गिलानी के रूस में लापता होने का मामला सामने आया है.

    परिवार का दावा है कि नौकरी के सिलसिले में रूस गए गिलानी को वहां के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है.

    परिजनों के मुताबिक़, उन्हें सेना में शामिल होने या जेल जाने के लिए कहा गया. परिवार ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर गिलानी का पता लगाने और उन्हें भारत वापस लाने की अपील की है.

    एजाज़ अहमद गिलानी दो बेटियों और एक बेटे के पिता हैं.

    उनकी पत्नी शमीमा बेगम ने बीबीसी को बताया कि 19 सितंबर को उनके पति को एक अज्ञात एजेंट का फ़ोन आया था. फ़ोन करने वाले ने उन्हें रूस में नौकरी दिलाने की बात कही थी.

    शमीमा के मुताबिक़, "गिलानी 20 सितंबर को दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से उन्होंने बहरीन होते हुए रूस की यात्रा की. 22 सितंबर को गिलानी ने फ़ोन कर जानकारी दी थी कि उन्होंने रूस में एक कंपनी में कूरियर बॉय के तौर पर काम शुरू कर दिया है."

    परिवार के अनुसार, 13 अक्तूबर तक उनकी गिलानी से व्हाट्सऐप के ज़रिए नियमित बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद अचानक संपर्क टूट गया.

    शमीमा बेगम ने बताया कि अगले दिन, 14 अक्तूबर को गिलानी ने एक दूसरे नंबर से फ़ोन किया. उन्होंने बताया कि रूसी अधिकारियों ने किसी अज्ञात मामले में उन्हें हिरासत में ले लिया है.

    गिलानी के बहनोई सैयद मोहम्मद इश्फ़ाक़ के मुताबिक़, परिवार की 14 अक्तूबर को हिरासत के दौरान गिलानी से कुछ देर बात हुई थी. उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान गिलानी काफ़ी डरे हुए लग रहे थे.

    शमीमा के अनुसार, 16 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने परिवार को संदेश भेजकर बताया कि गिलानी हिरासत में हैं. परिवार ने जब उनसे गिलानी से बात कराने की गुज़ारिश की, तो उस व्यक्ति ने इसके बदले ढाई लाख रूसी रूबल की मांग की. हालांकि, उसने हिरासत में लिए जाने की वजह स्पष्ट नहीं की.

    शमीमा ने बताया कि इसके बाद से परिवार का गिलानी से कोई संपर्क नहीं हो पाया है.

    वहीं, बारामूला ज़िला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है.

  17. पैरा एशियन गेम्स 2026: भारत ने तीसरे दिन जीते 3 गोल्ड मेडल, टैली में इस नंबर पर पहुंचा

    सचिन खिलारी
    इमेज कैप्शन, सचिन खिलारी ने पुरुषों के शॉटपुट एफ़46 इवेंट में स्वर्ण पदक जीता (फ़ाइल फ़ोटो)

    जापान के नागोया में जारी पैरा एशियन गेम्स में भारत ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 गोल्ड मेडल अपने नाम किए.

    आयुष वर्मा, प्रवीण कुमार और सचिन खिलारी ने अपने-अपने इवेंट में गोल्ड जीतकर देश का मान बढ़ाया.

    दिन का पहला गोल्ड आयुष वर्मा ने पुरुषों के शॉटपुट एफ़53 इवेंट में जीता. इसके बाद प्रवीण कुमार ने पुरुषों के हाई जंप टी64 इवेंट में चैंपियन बनकर भारत को दूसरा गोल्ड दिलाया. वहीं, सचिन खिलारी ने पुरुषों के शॉटपुट एफ़46 इवेंट में स्वर्ण पदक जीता.

    तीसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 12 मेडल जीते. इनमें 3 गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं.

    इस प्रदर्शन के साथ भारत के कुल मेडल की संख्या 47 हो गई है.

    भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 12 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज़ मेडल जीते हैं. मेडल टैली में भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया है.

  18. पाकिस्तान में शख़्स गिरफ़्तार, अमेरिकी डाक सेवा को करोड़ों डॉलर का नुक़सान पहुंचाने का आरोप, अनबरसन एथिराजन और फैन वांग

    फ़हीम अकरम
    इमेज कैप्शन, अभियुक्त की पहचान 33 वर्षीय फ़हीम अकरम के रूप में हुई है

    पाकिस्तान की साइबर क्राइम एजेंसी ने एक शख़्स को गिरफ़्तार किया है, जिस पर नकली डाक टिकटों की बिक्री का कारोबार चलाने का आरोप है.

    आरोप है कि इस धोखाधड़ी के कारण अमेरिकी डाक सेवा (यूएस पोस्टल सर्विस) को 12.6 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ.

    अभियुक्त की पहचान 33 वर्षीय फ़हीम अकरम के रूप में हुई है. उन पर फ़र्ज़ी वेबसाइट के ज़रिए अमेरिकी ग्राहकों को नकली डाक टिकट और शिपिंग लेबल बेचने का आरोप है.

    अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक़, फ़हीम अकरम वर्ष 2023 से LabelsBank.com नाम की वेबसाइट चलाते थे. इस वेबसाइट के ज़रिए वह नकली अमेरिकी डाक टिकट और शिपिंग लेबल बेचते थे. अधिकारियों ने अब इस वेबसाइट को बंद कर दिया है.

    फ़्लोरिडा की एक फ़ेडरल ग्रैंड जूरी ने पिछले महीने अकरम के ख़िलाफ़ आरोप तय किए थे. अकरम पर इन सालों के दौरान हज़ारों अमेरिकी ग्राहकों को 50 लाख से अधिक नकली शिपिंग लेबल बेचने का आरोप है.

    इस महीने की शुरुआत में, अमेरिकी डाक विभाग ने उन्हें पकड़ने में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति को 1 लाख डॉलर तक का इनाम देने का एलान किया था.

  19. इराक़ ने ईरान के साथ लगने वाली सीमा चौकी अगले आदेश तक बंद की

    ईरान
    इमेज कैप्शन, इराक़ी सरकार की ओर से अभी तक इस फ़ैसले के पीछे की आधिकारिक वजह नहीं बताई गई (फ़ाइल फ़ोटो)

    इराक़ के प्रधानमंत्री अली अल-ज़ैदी ने ईरान के साथ देश की शालमचेह सीमा चौकी को अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया है.

    न्यूज़ नेटवर्क अल जज़ीरा ने इराकी सरकार के एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है.

    अधिकारी के मुताबिक़, आने वाले दिनों में इराक़ और ईरान के बीच संचालित कई अन्य सीमा चौकियों को भी चरणबद्ध तरीक़े से बंद किया जा सकता है. हालांकि, इराक़ी सरकार की ओर से अभी तक इस फ़ैसले के पीछे की आधिकारिक वजह नहीं बताई गई.

    इससे पहले, मंगलवार को समाचार वेबसाइट शफ़क़ न्यूज़ ने इराक़ी सरकारी अधिकारियों के हवाले से शालमचेह सीमा चौकी को बंद किए जाने के पीछे तकनीकी कारणों का उल्लेख किया था.

    वहीं, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने मंगलवार को बताया था कि इराक़ी सरकार ने प्याज, टमाटर और आलू से लदे उन सभी ट्रकों को प्रवेश की आधिकारिक अनुमति दे दी है, जो कई दिनों से ईरान-इराक सीमा पर रोके जाने के कारण जमा हो गए थे.

  20. दलेर मेहंदी से जुड़े विवाद पर अभिनेता अनुपम खेर ने ये कहा

    अभिनेता अनुपम खेर
    इमेज कैप्शन, अभिनेता अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के पक्ष में एक वीडियो जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तराखंड के टिहरी (नरेंद्र नगर) में आयोजित मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के साथ हुए विवाद में अब बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर और रैपर बादशाह उनके समर्थन में आए हैं.

    दरअसल, लाइव परफ़ॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंच पर ही टोक दिया था और शो रुकवा दिया था.

    अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के पक्ष में एक वीडियो जारी किया है और इंडस्ट्री के बाक़ी लोगों से भी स्टैंड लेने के लिए कहा है.

    अनुपम खेर ने कहा, "मैंने हाल ही में एक वीडियो देखा, जिसमें दलेर मेहंदी जी मंच पर गा रहे थे और फिर कोई मंत्री जी मंच पर चढ़कर उनसे बदतमीज़ी से बात कर रहे थे, बहुत कुछ कह रहे थे. मैं वहां नहीं था इसलिए मुझे ज़्यादा जानकारी नहीं है. लेकिन मैं दलेर जी को पिछले 25-30 साल से जानता हूं, वो शराब नहीं पीते हैं. जिन लोगों से मैं मिला हूं, उनमें वो सबसे अच्छे इंसानों में से एक हैं."

    "दो तीन सालों से दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं है. हो सकता है कि इस संगठन के साथ उनकी कमिटमेंट रही हो, वो मना न कर पाए हों. ये भी हो सकता है कि उन्होंने केवल लिपसिंग की हो. लेकिन मुझे बुरा फ़ील हुआ, किसी को भी इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए, विशेष तौर पर एक सार्वजनिक मंच पर तो बिल्कुल नहीं. हमारी इंडस्ट्री के लोगों को इस बारे में बोलना चाहिए और स्टैंड लेना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "दलेर जी मुझे आपकी अच्छाई और आपके प्रोफ़ेशनलिज़्म पर पूरा भरोसा है. भगवान आप पर आशीर्वाद बनाए रखें. मैं उम्मीद करता हूं कि आप जल्दी ठीक हो जाएंगे. मुझे खेद है कि आपको इससे गुज़रना पड़ा."

    वहीं, दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने स्पष्ट किया कि दलेर मेहंदी ने शराब नहीं पी थी, बल्कि हाल ही में उनकी एक गंभीर सर्जरी (ऑपरेशन) हुई थी जिसके कारण उनकी तबीयत ठीक नहीं थी.