रूस में भारतीय दूतावास ने कहा है
कि रविवार को मॉस्को क्षेत्र में हुए एक ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत
हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं.
दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, "आज मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन
हमले में एक भारतीय कर्मी की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं. दूतावास के अधिकारियों ने घटनास्थल का
दौरा किया और अस्पताल में भर्ती घायल कर्मियों से मुलाक़ात की."
भारतीय दूतावास ने यह भी कहा कि
अधिकारी ज़रूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों
के साथ काम कर रहे हैं.
इससे पहले रूसी अधिकारियों ने
दावा किया कि मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन की ओर से बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए.
रूसी अधिकारियों के मुताबिक़,
इन हमलों में तीन लोगों की मौत हुई है.
क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव
ने कहा कि राजधानी के उत्तर में स्थित ख़िमकी में एक घर में एक महिला की मौत हुई,
जबकि पोगोरेलकी गांव में एक पुरुष और एक महिला की
जान गई.
वहीं, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा कि शहर की एक ऑयल रिफ़ाइनरी
पर हुए हमलों में 12 लोग घायल हुए हैं.
रूस की सेना ने दावा किया कि 556
ड्रोन्स को इंटरसेप्ट किया गया.
वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले
यूक्रेन के शहरों पर रूस के घातक हमलों के जवाब में "पूरी तरह जायज़"
थे.
इस हफ़्ते की शुरुआत में रूस की तरफ़
से किए गए बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले में कीएव में 24 लोगों की मौत हुई थी.