मस्कुलर एंड स्ट्रॉन्ग: लेकिन कई बॉडीबिल्डर्स की कम उम्र में मौत क्यों हो रही है?

एक अध्ययन में पाया गया कि पेशेवर बॉडीबिल्डरों में शौकिया बॉडीबिल्डरों की तुलना में अचानक हृदय गति रुकने (सडन कार्डियक डेथ) से मौत का ख़तरा पाँच गुना से भी अधिक था

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, एक अध्ययन में पाया गया कि पेशेवर बॉडीबिल्डरों में शौकिया बॉडीबिल्डरों की तुलना में अचानक हृदय गति रुकने (सडन कार्डियक डेथ) से मौत का ख़तरा पाँच गुना से भी अधिक था
    • Author, स्टीफ़न रोड्रिगेज़
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़, ब्राज़ील
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

इस महीने की शुरुआत में मेलसन अराउजो ने जिम में अपनी एक तस्वीर पोस्ट की. ऐसा वो अक्सर करते थे. तस्वीर में उन्होंने अपनी वह शानदार बॉडी दिखाई, जिसने उन्हें एक प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर और हज़ारों फ़ॉलोअर्स वाले फ़िटनेस इन्फ़्लुएंसर के तौर पर पहचान दिलाई थी.

लाल बनियान पहने हुए उन्होंने अपनी ऐसी मस्कुलर आर्म्स दिखाईं जो किसी सुपरहीरो की आर्म्स जैसी लग रही थीं.

लेकिन इसके कुछ ही घंटों बाद उत्तर-पूर्वी राज्य बाहिया में अपने घर पर तबीयत बिगड़ने के कारण 35 वर्षीय इस ब्राज़ीलियाई बॉडीबिल्डर की मौत हो गई.

हालांकि अराउजो की मौत की वजह अभी तक साफ़ नहीं हो पाई है. लेकिन वह उन कई बॉडीबिल्डर्स में से एक हैं जिनकी अचानक मौत हुई है.

मई के आखिर में ब्राज़ील के जाने-माने युवा बॉडीबिल्डर गैब्रियल गैनली की 22 साल की उम्र में अचानक दिल की धड़कन रुकने से मौत हो गई थी.

वहीं पिछले साल दो अन्य ब्राज़ीलियाई बॉडीबिल्डर्स की मौत दिल से जुड़ी समस्याओं के कारण हुई. उनकी उम्र 35 और 40 साल थी. उनमें से एक की मौत तो एक कॉम्पिटिशन के दौरान हुई थी.

दुनिया भर में ऐसी ही मौतें देखी गई हैं. इनमें अमेरिकी बॉडीबिल्डर डलास मैककार्वर (जिनकी 2017 में 26 साल की उम्र में मौत हुई) और जर्मन फ़िटनेस इन्फ़्लुएंसर व बॉडीबिल्डर जो लिंडनर (जिनकी 2023 में 30 साल की उम्र में मौत हुई) शामिल हैं.

तो आखिर क्यों कुछ बॉडीबिल्डर्स जो काफ़ी मज़बूत और फ़िट दिखते हैं उनकी कम उम्र में ही अचानक मौत हो रही है?

मार्च 2017 में ओहायो के कोलंबस में आयोजित अर्नोल्ड क्लासिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए डलास मैककार्वर की यह तस्वीर है, उसी वर्ष बाद में उनका निधन हो गया

इमेज स्रोत, Maddie Meyer/Getty Images

इमेज कैप्शन, मार्च 2017 में ओहायो के कोलंबस में आयोजित अर्नोल्ड क्लासिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए डलास मैककार्वर की यह तस्वीर है, उसी वर्ष बाद में उनका निधन हो गया
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

2025 की एक स्टडी में कॉम्पिटिटिव बॉडीबिल्डिंग से जुड़े खतरों के बारे में बताया गया. इस स्टडी में रिसर्चर्स ने 2005 से 2020 के बीच इस खेल की गवर्निंग बॉडी के आयोजित इवेंट्स में हिस्सा लेने वाले लगभग 20 हजार एमेच्योर और प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर्स पर नज़र रखी.

'यूरोपियन हार्ट जर्नल' में पब्लिश हुई इस स्टडी में पाया गया कि प्रोफेशनल बॉडीबिल्डर्स में सडन कार्डियक डेथ (जिसमें दिल अचानक धड़कना बंद कर देता है) से मरने की संभावना एमेच्योर कॉम्पिटिटर्स की तुलना में पांच गुना से ज़्यादा थी.

सडन कार्डियक डेथ युवा और स्वस्थ लोगों में बहुत कम होती है और अक्सर यह पहले से मौजूद कार्डियोवैस्कुलर बीमारी से जुड़ी होती है.

स्टडी में 121 मौतें दर्ज की गईं, जिनमें से 46 को सडन कार्डियक डेथ के तौर पर क्लासिफ़ाई किया गया.

मरने वालों की औसत उम्र 45 साल थी. लेकिन जो एथलीट एक्टिव रूप से कॉम्पिटिशन में हिस्सा ले रहे थे, उनकी औसत उम्र सिर्फ़ 34.7 साल थी.

इटली की पडोवा यूनिवर्सिटी के डॉ. मार्को वेकियाटो इस स्टडी के मुख्य लेखक हैं. उन्होंने कहा कि बॉडीबिल्डर्स की मौत के पीछे कई कारण हो सकते हैं.

इनमें परफॉर्मेंस बढ़ाने वाली दवाओं का "बड़े पैमाने पर इस्तेमाल", कॉम्पिटिशन के लिए तेज़ी से वज़न कम करना और "बहुत ज़्यादा स्ट्रेंथ ट्रेनिंग" शामिल हैं.

डेनमार्क के रिसर्चर्स की एक और स्टडी 2025 में 'सर्कुलेशन' जर्नल में छपी थी. इसमें एनाबॉलिक स्टेरॉयड का इस्तेमाल करने वाले 1,189 पुरुषों पर नज़र रखी गई और 11 साल की अवधि में आम लोगों में से करीब 60 हजार पुरुषों के साथ उनकी तुलना की गई.

इसमें पाया गया कि स्टेरॉयड इस्तेमाल करने वालों में कार्डियोमायोपैथी होने की संभावना लगभग नौ गुना ज़्यादा थी. कार्डियोमायोपैथी एक ऐसी बीमारी है जो दिल की मांसपेशियों को कमज़ोर कर देती है. उनमें हार्ट अटैक का ख़तरा तीन गुना ज़्यादा था. वहीं हार्ट फेलियर का ख़तरा तीन गुना से भी ज़्यादा था.

पुरुषों में सेहत से जुड़ी दूसरी समस्याओं जैसे स्पर्म काउंट कम होना और इरेक्टाइल डिस्फंक्शन के अलावा एनाबॉलिक स्टेरॉयड ब्लड प्रेशर बढ़ा सकते हैं, आर्टरीज में प्लाक जमने की रफ़्तार बढ़ा सकते हैं और दिल की बनावट में भी बदलाव ला सकते हैं.

दरअसल यूरोपियन हार्ट जर्नल की स्टडी में रिसर्चस ने बॉडीबिल्डर्स की ऑटोप्सी को स्टडी किया.

कई मामलों में उनके हार्ट एनलार्ड पाए गए और बाएं वेंट्रिकुलर हाइपरट्रॉफी (हृदय के मुख्य पंपिंग कक्ष का मोटा होना) देखा गया, जिससे हार्ट फेलियोर का खतरा बढ़ सकता है.

कुछ मामलों में टैक्सोलॉजिकल एनालाइज और सार्वजनिक रिपोर्टों से पता चला कि बॉडीबिल्डरों ने एनाबॉलिक ड्रग्स का गलत इस्तेमाल किया था, जिन्हें आमतौर पर पोस्ट-मॉर्टम में नहीं देखा जाता.

कम उम्र में मरने वाले बॉडीबिल्डरों की ऑटोप्सी में अक्सर एनलार्ज हार्ट पाया गया है.

सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने मामलों में से एक अमेरिकी बॉडीबिल्डर डलास मैककार्वर की 2017 में 26 साल की उम्र में हुई मौत थी. वो इस खेल के सबसे बड़े स्टार्स में से एक थे.

पोस्टमार्टम में पता चला कि उनके दिल का वज़न 833 ग्राम था. ये एक वयस्क पुरुष के लिए सामान्य वज़न से दोगुने से भी ज़्यादा था.

एमआरआई स्कैन में स्वस्थ एथलीट का हृदय (दाएं) और हाइपरट्रॉफिक कार्डियोमायोपैथी से प्रभावित हृदय (बाएं) दिखाया गया है, लाल तीर बाएं निलय की दीवार के असामान्य रूप से मोटे होने को दर्शाता है

इमेज स्रोत, Bispo & Zago, 2024, Arquivos Brasileiros de Cardiologia (CC BY)

इमेज कैप्शन, एमआरआई स्कैन में स्वस्थ एथलीट का हृदय (दाएं) और हाइपरट्रॉफिक कार्डियोमायोपैथी से प्रभावित हृदय (बाएं) दिखाया गया है, लाल तीर बाएं निलय की दीवार के असामान्य रूप से मोटे होने को दर्शाता है

अमेरिकी बॉडीबिल्डर्स के पोस्टमार्टम पर 2022 की एक समीक्षा में पाया गया कि औसतन उनके दिल का वज़न सामान्य से लगभग 74 फीसदी ज़्यादा था और बाएं वेंट्रिकल की वॉल उम्मीद से 125 फीसदी तक मोटी थीं.

और एक अलग स्टडी में रिसर्चर्स ने इटली और स्पेन की उन फोरेंसिक रिपोर्ट्स की जांच की जिनमें एनाबॉलिक स्टेरॉयड का इस्तेमाल करने वाले बॉडीबिल्डर्स शामिल थे.

कई मामलों में 20-30 साल की उम्र के युवा एथलीट्स में दिल का आकार बढ़ा हुआ. दिल की मांसपेशियों का बहुत ज़्यादा मोटा होना और गंभीर कोरोनरी आर्टरी डिज़ीज़ पाई गई.

एक 24 वर्षीय बॉडीबिल्डर की प्रमुख कोरोनरी आर्टरीज में 75 फीसदी से ज्यादा ब्लॉकेज पाई गई. उनके परिवार में दिल से जुड़ी बीमारी की कोई हिस्ट्री नहीं थी.

एंडोक्रिनोलॉजिस्ट और स्पोर्ट्स फिजिशियन क्लेटन मैसेडो कहते हैं, "हृदय अन्य मांसपेशियों की तरह ही एक मांसपेशी है."

"मैं हमेशा कहता हूं कि मैं किसी मरीज की बाइसेप्स को देखकर ही उसके हृदय के आकार का अंदाजा लगा सकता हूं, क्योंकि यह बाकी मांसपेशियों के साथ-साथ बढ़ता है."

स्टेरॉयड के बिना वेट ट्रेनिंग करने से हृदय का आकार बढ़ सकता है, लेकिन ये सामान्य और सेहतमंद बदलाव होता है.

जीलियन सोसाइटी ऑफ कार्डियोलॉजी के बाहिया चैप्टर के अध्यक्ष लुइज़ एडुआर्डो फोंटेलेस रिट कहते हैं कि लेकिन जब स्टेरॉयड का इस्तेमाल इन्टेंस वेट ट्रेनिंग के साथ किया जाता है, तो हृदय का आकार बढ़ने के साथ-साथ उसकी ठीक से सिकुड़ने की क्षमता भी कम होने लगती है.

वह कहते हैं, "यह स्थिति हार्ट फेलियर में बदल सकती है. ये आखिरकार ऐसे मोड़ पर पहुंच सकती है जहां इसे ठीक करना मुमकिन नहीं रहता."

हालांकि, कुछ मामलों में दिल की मांसपेशियों का मोटा होना जेनेटिक भी हो सकता है.

रिट कहते हैं, "इसमें कुछ अस्पष्टता भी है."

"यह जेनेटिक कारणों से होने वाली दिल की बीमारी हो सकती है. इसका संबंध एनाबॉलिक स्टेरॉयड से हो सकता है. यह ट्रेनिंग से जुड़ी हो सकती है. या फिर यह इन तीनों का मिला-जुला असर भी हो सकता है."

'एनाबॉलिक स्टेरॉयड के इस्तेमाल का कोई सुरक्षित तरीका नहीं'

26 साल की उम्र में पोषण विशेषज्ञ रोड्रिगो गोएस फ़्लोरिडा में आयोजित एक नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे

इमेज स्रोत, Rodrigo Góes

इमेज कैप्शन, 26 साल की उम्र में पोषण विशेषज्ञ रोड्रिगो गोएस फ़्लोरिडा में आयोजित एक नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहे

पूर्व बॉडीबिल्डर रोड्रिगो गोएस ने बीबीसी न्यूज़ ब्राज़ील को बताया कि 30 साल की उम्र तक उन्होंने बिना किसी दवा के (नेचुरली) कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया. लेकिन उसके बाद मेडिकल देखरेख में स्टेरॉयड "साइकिल" शुरू करने का फ़ैसला किया.

"साइकिलिंग" का मतलब है कुछ हफ़्तों तक एनाबॉलिक स्टेरॉयड लेना और फिर उन्हें लेना बंद कर देना, ताकि शरीर को रिकवर होने का समय मिल सके.

गोएस कहते हैं, "शरीर पर इसके असर ज़बरदस्त होते हैं."

"आप नैचुरल तरीके की तुलना में बहुत तेज़ी से बढ़ते हैं. आपका शरीर ज़्यादा लीन (कम फ़ैट वाला) हो जाता है और आपकी मांसपेशियां तेज़ी से रिकवर होती हैं. इसीलिए यह इतना आकर्षक लगता है."

गोएस अब स्टेरॉयड के दुरुपयोग के ख़िलाफ़ अभियान चलाते हैं

इमेज स्रोत, Rodrigo Góes

इमेज कैप्शन, गोएस अब स्टेरॉयड के दुरुपयोग के ख़िलाफ़ अभियान चलाते हैं

हालांकि मेडिकल देखरेख में सावधानी से डोज़ लेने के बावजूद गोएस को बालों का झड़ना, तनाव, नींद न आना और रात में बहुत ज़्यादा पसीना आने जैसे साइड-इफ़ेक्ट्स का सामना करना पड़ा.

लेकिन उनका कहना है कि सबसे बुरे प्रभाव मनोवैज्ञानिक थे.

उन्होंने बताया, "मुझे इंजेक्शन लगवाने की पूरी प्रक्रिया से कभी सहज महसूस नहीं हुआ. एक तरह से मुझे ऐसा लगता था जैसे मैं कोई नशेड़ी बन गया हूं. यह कहना मुश्किल है, लेकिन मुझे लगता था कि मैं कुछ गलत कर रहा हूं."

गोएस अब स्टेरॉयड के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान चला रहे हैं.

वह कहते हैं, "एनाबॉलिक स्टेरॉयड के इस्तेमाल का कोई सुरक्षित तरीका नहीं है. डॉक्टर्स नुकसान को नियंत्रित कर सकते हैं, लेकिन नुकसान तो होगा ही."

'मैं किसी के बाइसेप्स देखकर ही जान सकता हूं'

स्टेरॉयड से सेहत को होने वाले नुकसान का सही अंदाज़ा लगाने में एक चुनौती यह है कि कई देश स्टेरॉयड से जुड़ी मौतों का व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड नहीं रखते हैं.

ब्राज़ील में एनाबॉलिक स्टेरॉयड से जुड़ी मौतों का कोई आधिकारिक आँकड़ा नहीं है. कई अन्य देश भी मौतों के कारणों में स्टेरॉयड के इस्तेमाल को आमतौर पर दर्ज नहीं करते हैं.

इसके बजाए मौतों को आमतौर पर उनके तात्कालिक कारण, जैसे हार्ट अटैक, स्ट्रोक या कार्डियोमायोपैथी के आधार पर क्लासिफाइड किया जाता है, न कि परफॉर्मेंस बढ़ाने वाली दवाओं की किसी छिपी हुई भूमिका के बेस पर.

मेडिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्टेरॉयड का इस्तेमाल अक्सर पकड़ में नहीं आता क्योंकि एनाबॉलिक स्टेरॉयड शरीर में प्राकृतिक रूप से बनने वाले हार्मोन जैसे ही होते हैं, जिससे मौत के बाद उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है.

इन सभी बातों को मिलाकर देखें तो यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि परफॉर्मेंस बढ़ाने वाली दवाओं से कितनी मौतें जुड़ी हो सकती हैं.

मैसेडो कहते हैं, "मैं रोज़ इस चीज़ से निपटता हूं."

"मैं किसी के बाइसेप्स देखकर ही जान सकता हूं. दुर्भाग्य से जब मैं ऐसे बाइसेप्स देखता हूं, तो अक्सर समझ जाता हूं कि उस व्यक्ति का दिल पहले से ही कमज़ोर हो चुका है या कमज़ोर होना शुरू हो गया है. ज़्यादातर मामलों में इसका नतीजा बाद में सामने आता है."

लुइस बारुचो की अतिरिक्त रिपोर्टिंग के साथ

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.