अमेरिका में राहुल गांधी के बयानों पर विवाद, विदेश में बोलने से उन्हें क्या फ़ायदा होता है?

राहुल गांधी ने 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बात की
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने 17 नवंबर को न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बात की (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत की अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक आपदा' की स्थिति में बताया. उन्होंने बेरोज़गारी, कमज़ोर पड़ते उद्योगों और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का ज़िक्र किया.

इसके बाद उन्होंने चुनावी प्रक्रिया पर अपने आरोप दोहराए और कहा कि दुनिया के मामलों में भारत की भूमिका कमज़ोर हुई है.

इसके बाद भारत में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया. बीजेपी ने राहुल गांधी पर विदेशी धरती से भारत की छवि और उसकी लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख को नुक़सान पहुंचाने का आरोप लगाया.

कांग्रेस ने जवाब दिया कि सरकार अर्थव्यवस्था की स्थिति से ज़्यादा इस बात को लेकर परेशान है कि राहुल गांधी इन मुद्दों पर बोल रहे हैं और दुनिया उनकी बात सुन रही है.

लेकिन इस आरोप-प्रत्यारोप के पीछे एक सवाल बार-बार सामने आता है, राहुल गांधी भारत से जुड़े विवादित मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर क्यों उठाते हैं?

क्या यह सोची-समझी रणनीति है? क्या विदेश में मिलने वाली चर्चा से उन्हें भारत की राजनीति में कोई फ़ायदा होता है?

अमेरिका में राहुल गांधी ने क्या कहा?

17 नवंबर को राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स और टीचर्स से बातचीत की. चर्चा का संचालन द न्यूयॉर्क टाइम्स की पत्रकार लिडिया पोलग्रीन ने किया.

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "साफ़ बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा की स्थिति में है. यही सच्चाई है. मीडिया भी इसे नज़रअंदाज़ करता है. लेकिन भारत में बेरोज़गारी की बहुत बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था में भी गंभीर दिक़्क़तें हैं."

राहुल गांधी ने दावा किया कि छोटे और मझोले कारोबार और खेती भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन यह रीढ़ टूट चुकी है. उन्होंने केंद्र सरकार की 'मेक इन इंडिया' और 'स्टार्ट-अप इंडिया' जैसी योजनाओं की भी आलोचना की.

इसी बातचीत में उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के अपने आरोप भी दोहराए. इधर, बीजेपी ने राहुल गांधी के आर्थिक दावों का जवाब दिया.

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ़ (अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष) जैसी संस्थाएं भारत को तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था मानती हैं.

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 फ़ीसदी आर्थिक वृद्धि का ज़िक्र करते हुए राहुल गांधी के 'आर्थिक आपदा' वाले बयान पर सवाल उठाया.

क्या राहुल गांधी जानबूझकर विवाद खड़ा करते हैं?

न्यूयॉर्क में राहुल गांधी ने भारत में बेरोज़गारी और उद्योगों की हालत पर सवाल उठाए.
इमेज कैप्शन, न्यूयॉर्क में राहुल गांधी ने भारत में बेरोज़गारी और उद्योगों की हालत पर सवाल उठाए
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

बीबीसी न्यूज़ हिंदी के लिए दुष्यंत कुमार के साथ हुई बातचीत में वरिष्ठ पत्रकार शरद गुप्ता ने कहा कि वे नहीं मानते कि राहुल गांधी किसी तय रणनीति के तहत विदेश जाकर विवादित बयान देते हैं.

वह कहते हैं, "बहुत से लोग ऐसे होते हैं, जो बोलते हुए ख़ुद पर काबू नहीं रख पाते. राहुल गांधी उन्हीं में से हैं. मगर वह जो बोलते हैं, मन से बोलते हैं. वह अपनी बोली गई बात में विश्वास करते हैं. ऐसा नहीं है कि वह इसलिए बोलते हैं कि कोई विवाद खड़ा हो. वह सिर्फ़ वही बोलते हैं, जो उन्हें सही लगता है. लेकिन वो जो भी बोलते हैं उसके बाद विवाद खड़ा हो जाता है."

शरद गुप्ता के मुताबिक़, राहुल गांधी अपनी बात कहते हैं और उसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो जाता है.

न्यूयॉर्क में दिए गए बयानों के बाद भी ऐसा ही हुआ.

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी के आरोपों को ग़लत और बेबुनियाद बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपने विदेशी दौरों के ज़रिए भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को कमज़ोर करने की कोशिश करते हैं.

कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने इसका जवाब दिया.

उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था और महंगाई की स्थिति से परेशान नहीं है. उसकी परेशानी यह है कि राहुल गांधी इन मुद्दों पर बोल रहे हैं और दुनिया उनकी बात सुन रही है.

शिकागो में चुनावों पर क्या कहा?

18 नवंबर को राहुल गांधी यूनिवर्सिटी ऑफ़ शिकागो पहुंचे. यहां प्रोफ़ेसर रॉबर्ट पेप के साथ उनकी बातचीत हुई.

कार्यक्रम का मुख्य विषय ईरान युद्ध और दुनिया में भारत की भूमिका था. लेकिन सवाल-जवाब के दौरान बातचीत भारत के चुनावों तक पहुंची.

राहुल गांधी से पूछा गया कि अगर विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया पर इतना संदेह है, तो वह चुनाव लड़ता क्यों है?

उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव लड़ना बंद कर देता है, तो इससे भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को नुक़सान पहुंचेगा. राहुल गांधी ने 2014 के लोकसभा चुनाव का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि उस चुनाव में जीत-हार के कुछ अंतर उन्हें समझ नहीं आए थे और तभी उन्हें लगा था कि कुछ ग़लत हुआ है.

लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उस समय उनके पास कोई सबूत नहीं था, इसलिए वे सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कह सके.

राहुल गांधी ने दावा किया कि बाद में उन्हें सबूत मिले और उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को दिखाए. उनके मुताबिक़, पार्टी नेताओं ने उनसे इसे सार्वजनिक ना करने के लिए कहा.

इस बयान के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर पलटवार किया.

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत में सरकार और प्रधानमंत्री की आलोचना करते हैं और विपक्ष विरोध प्रदर्शन भी करता है. अगर देश में लोकतांत्रिक आज़ादी नहीं होती, तो यह सब कैसे हो पाता?

विदेश में बोलना क्या रणनीति का हिस्सा है?

अर्थव्यवस्था की आलोचना के साथ राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें भारत की संभावनाओं पर भरोसा है.
इमेज कैप्शन, अर्थव्यवस्था की आलोचना के साथ राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें भारत की संभावनाओं पर भरोसा है

राहुल गांधी के विदेशी दौरों पर बीजेपी की प्रतिक्रिया कोई नई बात नहीं है. उनके बयानों के बाद यह सवाल बार-बार उठता है कि क्या ऐसे मंच चुनना उनकी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है.

शरद गुप्ता कहते हैं कि विदेशी मंच पर जाने का एक फ़ायदा यह हो सकता है कि किसी नेता की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनती है.

वह कहते हैं, "जो दिखता है, वो बिकता है. अगर आपको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनानी है, तो आप अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जाते हैं."

शरद गुप्ता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हैं.

उनके मुताबिक़, वाजपेयी भी प्रधानमंत्री बनने से पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जाते थे और इससे उनकी पहचान भारत के बाहर भी बनी.

शरद गुप्ता का कहना है कि विदेशी मंच किसी नेता को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने अपनी बात रखने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर देते हैं. लेकिन क्या इससे भारत की राजनीति में भी फ़ायदा मिलता है?

शरद गुप्ता कहते हैं, "इसका घरेलू राजनीति में बहुत फ़ायदा मिलेगा, ऐसा नहीं लगता."

शरद गुप्ता के मुताबिक राहुल गांधी की शिकायत रही है कि जब वह भारत में सार्वजनिक रूप से बोलते हैं, तो मीडिया उनकी बात को पर्याप्त जगह नहीं देता. राहुल गांधी यह भी कहते रहे हैं कि संसद में उनकी आवाज़ दबाई जाती है और उन्हें अपनी बात पूरी तरह रखने का अवसर नहीं मिलता.

शरद गुप्ता कहते हैं, "शायद उन्हें लगता है कि विदेशी मंचों से होते हुए उनकी आवाज़ यहां आ जाएगी."

राहुल गांधी ने शिकागो की बातचीत में भी इससे मिलती-जुलती बात कही.

उन्होंने कहा कि उन्हें शिकागो, कोलंबिया और हार्वर्ड जैसे विदेशी विश्वविद्यालयों में जाने की अनुमति मिलती है, लेकिन भारत में दिल्ली यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों में ऐसी बातचीत का अवसर नहीं मिलता.

वरिष्ठ पत्रकार सबा नक़वी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के कार्यक्रम 'दिनभर' में राहुल गांधी के विदेशी मंचों पर बोलने को लेकर लंबी चर्चा की.

वह कहती हैं कि यह समझना मुश्किल है कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जाकर भारत के बारे में ऐसी बातें क्यों कहते हैं, जिन पर बाद में देश में राजनीति शुरू हो जाती है.

सबा नक़वी इसे राहुल गांधी की लंबी चर्चाओं में दिलचस्पी से जोड़ती हैं.

वह कहती हैं, "मुझे लगता है कि जैसे यह उनका शौक़ है."

उनके मुताबिक़, कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक अमेरिकी पत्रकार के साथ राहुल गांधी ने जैसी बातचीत की, वैसी चर्चा भारत में भी स्वतंत्र पत्रकारों के साथ हो सकती है.

सबा नक़वी मानती हैं कि भारत का कोई केंद्रीय विश्वविद्यालय शायद राहुल गांधी को ऐसा मंच देने के लिए न बुलाए. लेकिन कांग्रेस पार्टी ख़ुद देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर सकती है.

इन कार्यक्रमों में राहुल गांधी अर्थव्यवस्था, रोज़गार, शिक्षा, चुनाव और लोकतंत्र जैसे मुद्दों को सीधे उन लोगों के बीच उठा सकते हैं, जिनकी ज़िंदगी पर इनका असर पड़ता है.

बीजेपी के आरोप

बीजेपी का आरोप है कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि ख़राब करते हैं. शरद गुप्ता इस तर्क से सहमत नहीं हैं.

उनका कहना है कि अब भारत में कही गई कोई बात देश की सीमाओं तक नहीं रहती. कोई नेता संसद, रैली या प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जो कहता है, वह भी दुनिया तक पहुंचता है.

शरद गुप्ता कहते हैं, "राहुल गांधी पर बार-बार यह आरोप लगता है कि वह विदेश जाकर देश की छवि ख़राब कर रहे हैं. यह ठीक बात नहीं है. क्योंकि जो वह यहां बोलेंगे, वह भी तो विदेश में जाएगा."

उनके मुताबिक़, भारत के मुद्दों पर दुनिया की नज़र रहती है और अब दर्शकों को घरेलू और विदेशी हिस्सों में बांटना आसान नहीं है.

वह कहते हैं, "अब ग्लोबल ऑडिएंस है. आप यहां संसद में बोलें या देश में कहीं बोलें, बात विदेश तक जाएगी."

शरद गुप्ता का कहना है कि अगर राहुल गांधी से विदेश में भारत को लेकर सवाल पूछा जाता है, तो केवल जगह की वजह से उनसे जवाब न देने की उम्मीद नहीं की जा सकती.

वह कहते हैं, "अगर उनसे विदेश की धरती पर कोई सवाल किया जाए, तो वह यह तो नहीं कहेंगे कि देश की धरती पर सवाल नहीं पूछा गया, इसलिए जवाब नहीं दूंगा."

क्या विपक्ष के नेता को देश के भीतर ज़्यादा बोलना चाहिए?

शिकागो में राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि विपक्ष चुनाव लड़ना नहीं छोड़ेगा.
इमेज कैप्शन, शिकागो में राहुल गांधी ने चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए और कहा कि विपक्ष चुनाव लड़ना नहीं छोड़ेगा

सबा नक़वी मानती हैं कि राहुल गांधी को किसी भी मंच पर अपनी बात रखने का पूरा हक़ है. लेकिन लोकसभा में विपक्ष के नेता जैसे अहम संसदीय पद पर होने के कारण उन्हें भारत से जुड़े मुद्दों पर देश के भीतर ज़्यादा बात करनी चाहिए.

उनकी राय में कांग्रेस को देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे मंच तैयार करने चाहिए, जहां राहुल गांधी स्वतंत्र पत्रकारों और आम लोगों के साथ लंबी बातचीत कर सकें.

सबा नक़वी को नहीं लगता कि विदेश जाकर भारत की अर्थव्यवस्था, नौकरियों और चुनावों पर बोलने से राहुल गांधी को घरेलू राजनीति में कोई ख़ास लाभ होता है.

इस मुद्दे पर उनकी और शरद गुप्ता की राय लगभग एक जैसी है.

शरद गुप्ता मानते हैं कि विदेशी मंच किसी नेता की अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने में मदद कर सकते हैं. लेकिन इससे भारत की राजनीति में बड़ा फ़ायदा होगा, यह ज़रूरी नहीं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.