'टॉस जीतने पर भी बधाई देंगे', पाकिस्तान के पीएम भारत के ख़िलाफ़ एक 'गुमनाम' जीत पर बोलकर निशाने पर आए

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुक़ाबला अपने रोमांच और कड़ी प्रतिद्वंद्विता के लिया जाना जाता है. लेकिन दोनों टीमों के बीच हालिया मुक़ाबला एक अलग ही माहौल में हुआ.
यह मुक़ाबला हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 में खेला गया, जो आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों के बजाय छह-छह खिलाड़ियों वाली टीमों के बीच खेली जाने वाली एक विशेष प्रतियोगिता है.
पाकिस्तान ने मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर भारत को चार विकेट से हरा दिया. हालांकि, यह नतीजा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर दोनों टीमों के बीच होने वाले आम मुक़ाबलों से काफ़ी अलग था.
पाकिस्तान की इस जीत पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम को बधाई दी.
शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, "हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 के पहले मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ शानदार चार विकेट से जीत के लिए हमारे खिलाड़ियों को बधाई! यह क्रिकेट का एक अच्छा मुक़ाबला था."
उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी और उनकी टीम की भी तारीफ़ की. उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी और उन्हें समर्थन देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की.
हालांकि, प्रधानमंत्री की ओर से इस जीत का सार्वजनिक तौर पर जश्न मनाना सभी को पसंद नहीं आया. क्रिकेट प्रशंसकों ने उन्हें याद दिलाने का मौक़ा नहीं गंवाया कि यह सिर्फ़ हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस था, वर्ल्ड कप नहीं.

इमेज स्रोत, Getty Images
शहबाज़ शरीफ़ की पोस्ट पर क्रिकेट प्रशंसकों की तंज़ भरी प्रतिक्रियाएं
सबसे मज़ेदार प्रतिक्रियाओं में से एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा की पैरोडी अकाउंट की थी. इस अकाउंट ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में पाकिस्तान को कथित "हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस विश्व कप" जीतने की बधाई दी.
पैरोडी अकाउंट ने लिखा, "भारत के ख़िलाफ़ हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस विश्व कप का मुक़ाबला जीतने पर बधाई. अब विजय परेड का समय है."
वरिष्ठ खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता भी शरीफ़ की पोस्ट देखकर हैरान रह गए. उन्होंने सिर्फ़ इतना पूछा, "सच में??"
ख़ुद को अफ़ग़ान बताने वाले अजमल ज़ादरान नाम के एक यूज़र ने एक्स पर लिखा है, ''एक वक़्त ऐसा आएगा जब ये टॉस जीतने पर भी ट्वीट करेंगे. जब असली काम दूसरे लोग संभाल रहे हों, तो प्रधानमंत्री के पास बस टॉस और छोटे-मोटे मैचों पर ट्वीट करने का ही काम बचता है.''
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने तंज़ करते हुए लिखा है, ''हमने भारत को हरा दिया' कहने की इतनी जल्दी है कि फैक्ट-चेक करने की भी जहमत नहीं उठाई. पाकिस्तान अपने शुरुआती मुक़ाबले में यूएई से हार गया था.''
''और इससे आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि पाकिस्तान किस स्तर की क्रिकेट खेल रहा है कि उस देश के प्रधानमंत्री हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस के बारे में ट्वीट कर रहे हैं.''
वहीं, पाकिस्तान के एक प्रशंसक ने भी शरीफ़ की बधाई पर तंज़ किया.
लाहौरी गाई नाम के यूज़र ने लिखा, "कृपया हमें शर्मिंदा करना बंद करें." इसके बाद उन्होंने लिखा, "पिछले पाँच साल में आईसीसी के हर मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की बुरी तरह हार हुई है और आप हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस की ऐसी जीत का जश्न मना रहे हैं, जिसकी कोई अहमियत नहीं है."
दरअसल, पुरुषों के दो प्रमुख विश्व कप में भारत का पाकिस्तान के ख़िलाफ़ रिकॉर्ड काफ़ी मज़बूत रहा है. भारत ने वनडे विश्व कप में दोनों टीमों के बीच हुए सभी आठ मुक़ाबले जीते हैं. वहीं, टी20 विश्व कप में भारत 8-1 से आगे है. पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में एकमात्र जीत 2021 में मिली थी.
खेल पत्रकार गौरव कालरा ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इस प्रतिक्रिया की तुलना पेरिस ओलंपिक 2024 में नीरज चोपड़ा के पीछे रहते हुए पाकिस्तान के अरशद नदीम के गोल्ड मेडल जीतने के समय की गई प्रतिक्रियाओं से की.
कालरा ने लिखा, "बहुत बड़ा. उतना ही बड़ा जितना अरशद का नीरज को हराकर ओलंपिक गोल्ड जीतना. शायद उससे भी बड़ा. कभी-कभी लगता है कि हम सब किसी सिमुलेशन में जी रहे हैं."
एक अन्य पत्रकार भरत रामराज ने प्रधानमंत्री की ओर से इस जीत का जश्न मनाने पर सवाल उठाते हुए लिखा, "एक प्रधानमंत्री हॉन्ग कॉन्ग सिक्सर्स के बारे में बात कर रहे हैं."
स्पोर्ट्स में डेटा पर काम करने वाले पत्रकार अज़ीम सिद्दीक़ी ने लिखा है, ''किसी को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ को बताना चाहिए कि हॉन्ग कॉन्ग सुपर सिक्सेस कोई गंभीर टूर्नामेंट नहीं है. कृपया टीम को बधाई देना बंद करें.
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के एक प्रशंसक श्रीनि मामा ने लिखा, "यह कैसी बधाई है!"
आखिर में, एक प्रशंसक ने मज़ाकिया अंदाज में पुष्टि की कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की पोस्ट कोई पैरोडी नहीं थी. उन्होंने लिखा, "नहीं, यह कोई पैरोडी अकाउंट नहीं है."

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत का प्रदर्शन
हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस कप के सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहना होगा.
भारत का ग्रुप चरण का एक मुक़ाबला शनिवार, 31 अक्तूबर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के ख़िलाफ़ बाक़ी है.
यूएई पहले ही पाकिस्तान को एक विकेट से हरा चुका है, जबकि पाकिस्तान ने इस हार के बाद वापसी करते हुए भारत को चार विकेट से मात दी. इस वजह से ग्रुप सी में तीनों टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुँचने की दौड़ में बनी हुई हैं.
यूएई के ख़िलाफ़ जीत से भारत को दो अंक मिलेंगे और तीनों टीमें अंकों के मामले में बराबरी पर आ जाएंगी. इसके बाद नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप की अंतिम स्थिति तय होगी.
ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने के लिए भारतीय टीम के सामने ये समीकरण हैं:
अगर भारत पहले बल्लेबाज़ी करता है: भारत को 104/116/128/140 रन बनाने होंगे और यूएई को क्रमशः 30/40/50/60 रन पर रोकना होगा.
अगर भारत लक्ष्य का पीछा करता है: भारत को 31/41/51/61/71/81 रन का लक्ष्य क्रमशः 1.2/1.3/1.4/1.5/1.5 ओवर में हासिल करना होगा.
भारत के लिए यूएई के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करना ज़रूरी है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि यूएई के ख़िलाफ़ जीत के बावजूद भारत तीसरे स्थान पर रह सकता है, क्योंकि उसका नेट रन रेट बेहद खराब यानी -9.072 है.
ज़ाहिर है, अगर भारत यह मुक़ाबला हार जाता है तो वह तीसरे स्थान पर रहेगा और उसे बाउल सेमीफाइनल में खेलना होगा.
भारत और यूएई के बीच मुक़ाबला शनिवार को मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर सुबह 10:35 बजे (हॉन्ग कॉन्ग के स्थानीय समयानुसार) या भारतीय समयानुसार सुबह 8:05 बजे शुरू होगा.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

























