लाइव , जीएसएलवी ने नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 को ऑर्बिट में स्थापित किया

इसरो ने श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट के ज़रिए एनवीएस-03 नेविगेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में स्थापित कर दिया है.

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह

  1. जीएसएलवी ने नेविगेशन सैटेलाइट NVS-03 को ऑर्बिट में स्थापित किया

    सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट की तस्वीर

    इसरो ने श्रीहरिकोटा से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट के ज़रिए एनवीएस-03 नेविगेशन सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में स्थापित कर दिया है.

    शुक्रवार को इसरो ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट ने एनवीएस-03 सैटेलाइट को सफलतापूर्वक ऑर्बिट में स्थापित कर दिया है.

    जीएसएलवी-एफ 18/एनवीएस-03 मिशन के पूरा होने पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में इसरो के वैज्ञानिकों ने एक-दूसरे को बधाई दी.

    जीएसएलवी-एफ 18 रॉकेट ने एनवीएस-03 सैटेलाइट अगली पीढ़ी के नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम का तीसरा सैटेलाइट है, जिसे आईआरएनएसएस सिरीज़ की नेविगेशन सेवाओं को लगातार जारी रखने के लिए तैयार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इसरो चीफ़ डॉ वी. नारायणन ने कहा, " यह एक स्ट्रैटिजिक एसेट है, जो देश को पोज़िशन, नेविगेशन और टाइमिंग तक स्वतंत्र पहुंच देता है."

    इसरो चीफ़ ने कहा, "नेविगेशन सैटेलाइटों का उपयोग आम नागरिकों से जुड़े कामों के लिए भी किया जाता है. इसके ज़रिए ट्रेनों की रियल-टाइम ट्रैकिंग के साथ-साथ गाड़ियों और समुद्री जहाज़ों को भी ट्रैक किया जाता है. साथ ही, यह 'वन नेशन वन टाइम' प्रोजेक्ट का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है."

    उन्होंने बताया कि, 'गगन' के साथ मिलकर नेविगेशन सेवाओं के ज़रिए व्यापक वैश्विक नेविगेशन इकोसिस्टम में भारत के योगदान को दर्शाता है.

  2. दिल्ली के मंगोलपुरी में जूते की फैक्ट्री में लगी आग में कम से कम चार लोगों की मौत

    दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक जूता फ़ैक्ट्री में लगी आग
    इमेज कैप्शन, दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक जूता फ़ैक्ट्री में लगी आग

    दिल्ली में मंगोलपुरी के इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को जूते की एक फैक्ट्री में लगी आग में चार लोगों की मौत हो गई.

    पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात क़रीब 9.30 बजे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-1 स्थित बी-293/294 में हुई.

    पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौक़े पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया. दिल्ली अग्निशमन सेवा के मुताबिक, आग बुझाने के लिए क़रीब 20 दमकल गाड़ियों को मौक़े पर भेजा गया.

    पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर छह लोग बेहोशी की हालत में मिले. सभी को तुरंत इलाज के लिए मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया.

    इन छह लोगों में से चार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो का अस्पताल में इलाज जारी है. अधिकारी ने कहा, "आगे की तलाशी और बचाव अभियान जारी है. क़ानून के मुताबिक़ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है."

    समाचार एजेंसी एएनआई से फ़ायर ऑफ़िसर (एडीओ) पारस कुमार ने बताया, "फ़ायर सर्विस को रात क़रीब 9:31 से 9:32 बजे के बीच मंगोलपुरी की एक फ़ैक्ट्री के अंदर आग लगने की सूचना मिली थी. वहां से छह लोगों को रेस्क्यू किया गया है और उन सभी को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है."

    उन्होंने बताया कि, "यह जूते बनाने वाली यूनिट है, जहां इस परिसर में जूते बनाए और रखे जाते हैं."

    फ़ायर ऑफ़िसर पारस कुमार के मुताबिक़, "आग की शुरुआत बेसमेंट से हुई थी. हमने इसे बेसमेंट के अंदर ही रोक लिया और आगे फैलने नहीं दिया."

  3. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.