तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपक नहीं जला, क्या मुश्किल में पड़ सकती है सीएम विजय की सरकार?

इमेज स्रोत, screengrab
- Author, विजयानंद अरुमुगम
- पदनाम, बीबीसी तमिल संवाददाता
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 7 मिनट
मदुरै के ज़िलाधिकारी समेत चार अधिकारियों के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अदालत की अवमानना का मामला दायर किया गया है. आरोप है कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपस्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया गया.
हालांकि, मदुरै के ज़िलाधिकारी की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्होंने अदालत के आदेश पर अमल करने के लिए हर संभव क़दम उठाए थे.
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने चेतावनी दी है, "सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अमल करने से इनकार करने के लिए टीवीके सरकार को नतीजे भुगतने होंगे."
क्या आदेश पर अमल न करने के कारण टीवीके सरकार को क़ानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा? क़ानूनी विशेषज्ञों का इस बारे में क्या कहना है?
सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै ज़िले की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन एक बार दीपक जलाने की सशर्त अनुमति दी थी.
हालांकि, कार्तिगई दीपम के दिन पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाया गया. मंदिर प्रशासन ने उचिप पिल्लयार मंडपम में कार्तिगई दीपम जलाया, जहां आम तौर पर दीपक जलाया जाता है.
अदालत के आदेश का जान-बूझकर उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए वकील रामसुप्पु ने बुधवार (25 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट में अदालत की अवमानना की याचिका दायर की.
यह याचिका मदुरै के ज़िलाधिकारी, मदुरै शहर के पुलिस आयुक्त, हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त और तिरुपरनकुंद्रम सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी के ख़िलाफ़ दायर की गई है.
याचिका में कहा गया है कि अधिकारियों ने 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट के आदेश और उस पर अमल करने के लिए मद्रास हाई कोर्ट को दिए गए आश्वासन की पूरी तरह अनदेखी की.
इससे पहले, बुधवार सुबह सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस अरविंद कुमार और विपुल पंचोली की पीठ के सामने तिरुपरनकुंद्रम मामले की सुनवाई हुई.
ज़िलाधिकारी ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, TWITTER/H.RAJA
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
मदुरै के ज़िलाधिकारी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत का ध्यान इस ओर दिलाया कि पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाया गया.
उन्होंने उस समय मदुरै के ज़िलाधिकारी की ओर से अदालत में एक बयान पेश किया. उन्होंने कहा कि वह यह बयान इसलिए पेश कर रहे हैं, ताकि विरोधी पक्ष के इस मुद्दे को उठाने से पहले अदालत को इसकी जानकारी हो.
बयान में मदुरै के ज़िलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने अदालत के आदेश पर अमल करने के लिए हर संभव क़दम उठाए थे.
ज़िलाधिकारी ने कहा कि मंदिर प्रशासन ने दीपक जलाने जाने वाले लोगों के नाम नहीं दिए थे. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि दीपक जलाने की व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए थे.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि चूंकि मंदिर हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के नियंत्रण में है, इसलिए विभाग के आयुक्त से ज़रूरी क़दम उठाना सुनिश्चित करने को कहा गया था.
ज़िलाधिकारी ने कहा कि ट्रस्टी बोर्ड ने बताया था कि मंदिर में लंबे समय से चली आ रही परंपराओं को ध्यान में रखते हुए यह फ़ैसला लिया गया था.
उन्होंने कहा, "इसी वजह से दीपक जलाने के लिए जाने वाले लोगों के नामों की सिफ़ारिश नहीं की गई."
ज़िलाधिकारी ने यह भी कहा कि दीपक नहीं जलाए जाने के लिए वह माफ़ी मांगते हैं. उन्होंने कहा कि ज़िला प्रशासन ने मंदिर की अनुमति से 'दीपक रखने की जगह' पर दीपक जलाने की हर संभव कोशिश की थी.
हालांकि, याचिकाकर्ता के वकील ने दलील दी कि "दीपक नहीं जलाना अदालत के आदेश का उल्लंघन था."
याचिकाकर्ता के वकील ने यह भी दलील दी कि "उचिप पिल्लयार मंदिर के पास जलाए गए दीपक को वहां से ले जाकर दीपस्तंभ पर जलाया जाना चाहिए था."
उन्होंने अदालत से इस मामले में पहल करने और अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया.
'नतीजे भुगतने होंगे' - बीजेपी

तिरुपरनकुंद्रम का मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बन गया है. कांग्रेस, वीसीके और वामपंथी दलों ने पहाड़ी की चोटी पर दीपक नहीं जलाने के फ़ैसले का स्वागत किया है.
हालांकि, तमिलनाडु बीजेपी के नेता एन नागेंद्रन ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि उसने उपचुनावों में अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने और सत्ता में बने रहने के लिए न्यायपालिका की गरिमा का सम्मान नहीं किया.
तमिलनाडु बीजेपी की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने कहा है कि क़ानून मंत्री का सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश पर अमल किए बिना काम करना निंदनीय है.
मद्रास हाई कोर्ट में केंद्र सरकार के वरिष्ठ वकीलों में से एक राममूर्ति कहते हैं, "तिरुपरनकुंद्रम दीपम के मुद्दे में मुझे संवैधानिक व्यवस्था का पतन दिखाई देता है. 20 नवंबर को जारी सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कहा गया था कि एक बार दीपक जलाया जा सकता है. हालांकि, मंत्री सीटीआर निर्मलकुमार और वन्नियारसु पहाड़ी की चोटी पर दीपक जलाने का विरोध कर रहे थे."
"जब उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी, तो उन्होंने कहा था कि वे संविधान के प्रति प्रतिबद्ध हैं. लेकिन इसके बजाय उन्होंने अदालत के आदेश का उल्लंघन किया है. इसे असंवैधानिक माना जा सकता है."
क्या विजय सरकार मुश्किल में पड़ेगी?

इमेज स्रोत, ANI
वरिष्ठ वकील केएम विजयन कहते हैं, "सरकार को इस मामले में किसी बड़ी मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ेगा. अदालत के आदेश का उल्लंघन करने पर अवमानना का नोटिस जारी किया जाएगा. सरकार इस पर सफ़ाई देगी. इस मामले में सज़ा मिलने की संभावना कम है."
"हमें यह देखना होगा कि अदालत के आदेश पर अमल करने को लेकर सरकार का क्या रुख़ है. पिछले दस साल तक तिरुपरनकुंद्रम की ज़्यादा चर्चा नहीं हुई. अब हर चीज़ को राजनीति के नज़रिए से देखा जा रहा है."
इसी तरह की राय रखने वाले वरिष्ठ वकील सत्यचंद्रन कहते हैं, "अदालत में प्रक्रियागत समस्याओं के कारण उस याचिका पर सुनवाई नहीं हुई. इसके लिए तमिलनाडु सरकार को ज़िम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. इससे अदालत की अवमानना की कार्रवाई किए जाने की संभावना कम हो जाती है."
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए सत्यचंद्रन ने कहा, "नियमों के मुताबिक़, फ़ैसला सिर्फ़ मंदिर प्रशासन को लेना है. यह नहीं कहा जा सकता कि इससे संविधान की अवमानना हुई है. सार्वजनिक व्यवस्था अलग है. क़ानून-व्यवस्था अलग है. सार्वजनिक व्यवस्था का मतलब बड़े दंगे होने से रोकना है. तिरुपरनकुंद्रम मामले में यह कहने का कोई आधार नहीं है कि संवैधानिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है."
कर्नाटक सरकार के सचिव के ख़िलाफ़ क्या है मामला?

इमेज स्रोत, FaceBook
अदालत की अवमानना से जुड़ा टीआर धनंजय बनाम वासुदेवन का मामला अहम माना जाता है. 1995 में कर्नाटक में शहरी विकास सचिव रहे वासुदेवन के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना का मामला दायर किया गया था.
बेंगलुरु नगर निगम में डीआर धनंजय की पदोन्नति से जुड़े अदालत के आदेश का पालन नहीं करने के लिए आईएएस अधिकारी वासुदेवन के ख़िलाफ़ अदालत की अवमानना का मामला दायर किया गया था.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था, "सरकारी अधिकारी होने के बावजूद क़ानून के सामने सभी बराबर हैं."
अदालत ने आदेश का उल्लंघन करना क़ानून के शासन के ख़िलाफ़ बताते हुए उन्हें एक महीने की जेल की सज़ा सुनाई थी.
सत्यचंद्रन ने तमिलनाडु बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में से एक एच राजा के ख़िलाफ़ दायर अदालत की अवमानना के मामले का ज़िक्र करते हुए कहा, "इस एक मामले को छोड़ दें, तो हाल के वर्षों में अदालत की अवमानना के बारे में ज़्यादा बात नहीं हुई है."
जस्टिस सीटी सेल्वम और निर्मल कुमार की पीठ ने अपने स्तर पर अदालत की अवमानना के मामले पर सुनवाई शुरू की थी.
22 अक्तूबर 2018 को एच राजा मद्रास हाई कोर्ट में ख़ुद पेश हुए और ग़ुस्से और भावनाओं में बहकर बोलने के लिए माफ़ी मांगी.
इसके बाद मद्रास हाई कोर्ट ने अदालत की अवमानना का मामला बंद कर दिया. इसका ज़िक्र करते हुए सत्यचंद्रन ने सुप्रीम कोर्ट में मदुरै के ज़िलाधिकारी की ओर से दाख़िल माफ़ीनामे का हवाला दिया.
उन्होंने कहा, "एच राजा के माफ़ी मांगने के बाद अदालत की अवमानना का मामला बंद कर दिया गया था. यही बात मदुरै के ज़िलाधिकारी पर भी लागू होती है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.






















