लाइव , पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें घटीं, एक लीटर के दाम हुए इतने

पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमतों को एक बार फिर कम किया है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • pakistan social media sensation
  • pakistan china astronaut
  • नरेंद्र मोदी और बालेन शाह
  • कॉप-31
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें घटीं, एक लीटर के दाम हुए इतने

    पेट्रोल
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी की गई नई दरें 26 नवंबर से लागू होंगी

    पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीज़ल की क़ीमतों को एक बार फिर कम किया है.

    ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (ओजीआरए) की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, पेट्रोल की क़ीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है. इसके बाद पेट्रोल का नया भाव 314 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

    वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत में भी 5 रुपये प्रति लीटर कम की गई हैं. इसके बाद डीज़ल की नई कीमत 348 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, सरकार की ओर से जारी की गई नई दरें 26 नवंबर से लागू होंगी.

    पाकिस्तान के अख़बार द डॉन के अनुसार, पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की मौजूदा क़ीमतें 18 जुलाई को निर्धारित दरों से भी नीचे आ गई हैं. उस समय पेट्रोल की कीमत 354.35 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की कीमत 316.15 रुपये प्रति लीटर थी.

    हालांकि, सरकार पेट्रोल पर अब भी 114 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 100 रुपये प्रति लीटर टैक्स और ड्यूटी वसूल रही है.

    नोट: ख़बर में रुपये का मतलब पाकिस्तानी रुपये से है

  2. कॉकरोच जनता पार्टी का आज नागपुर में प्रदर्शन, क्या बोले अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका

    अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) गुरुवार को नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी, सेव कॉन्स्टिट्यूशन' कार्यक्रम करेगी. यह प्रदर्शन शाम 4 बजे संविधान चौक पर होना है.

    इससे पहले सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि देश में डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है.

    उन्होंने गुरुवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "जनवरी से जून 2026 के बीच, मेटा द्वारा 54 लाख पोस्ट डिलीट कर दिए. हर बार एक ही कारण दिया जाता है कि ऐसा सरकार के कहने पर हुआ है या नियमों का पालन करते हुए ऐसा किया गया."

    "इस देश में ऐसा क्या हो गया है कि सिर्फ़ छह महीनों में 54 लाख पोस्ट डिलीट करने पड़े? जबकि पीएम मोदी से समर्थन से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम पुश करता है, जबकि बाबासाहेब से जुड़े कंटेंट को एल्गोरिदम नीचे कर देता है. हम मुद्दे उठाने की कोशिश करते हैं, तब भी एल्गोरिदम इसे ख़त्म कर देता है."

    रांका ने कहा, "इस देश में खुलेआम तरीके से डिजिटल सेंसरशिप लागू की जा रही है, जिसे हम बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करेंगे. हम एकजुट होकर इसके ख़िलाफ़ अपनी आवाज़ उठाएंगे."

    वहीं, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया. साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पीएम मोदी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि अन्य पॉलिटिकल पोस्ट को दबाया जा रहा है.

  3. ट्रंप के फ़ैसले पर डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता ने कहा- अगले साल ये टैरिफ़ ख़त्म कर देंगे

    डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिका ने भारत समेत अपने कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर कई तरह के नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है. अमेरिकी कांग्रेस की सदस्य ग्रेस मेंग ने कड़ी आलोचना की है.

    ग्रेस मेंग ने बुधवार को कहा कि अगले साल डेमोक्रेट्स के अमेरिकी कांग्रेस में कंट्रोल हासिल करने के बाद इन टैरिफ़ को ख़त्म करने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेसनल एशियन पैसिफ़िक अमेरिकन कॉकस (सीपीएसी) की अध्यक्ष ग्रेस मेंग ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के टैरिफ़ के कारण एशियाई अमेरिकी, मूल हवाईयन और प्रशांत द्वीप समूह के लोगों के लिए जीवनयापन महंगा हो गया है.

    उन्होंने कहा, "ट्रंप की व्यापार नीतियों का सबसे ज़्यादा असर इन समुदायों के छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है."

    मेंग ने अपने बयान में, "ट्रंप की लापरवाह व्यापार नीतियों ने अमेरिका में एशियाई मूल के लोगों के स्वामित्व वाले क़रीब 30 लाख कारोबारों को बुरी तरह प्रभावित किया है."

    ग्रेस मेंग ने कहा कि अगले साल सीपीएसी के सदस्य अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद-1 के तहत संसद को व्यापार से जुड़े फ़ैसले लेने का अधिकार वापस दिलाने की कोशिश करेंगे.

    दूसरी ओर, भारत ने बुधवार को कहा कि वह ट्रेड को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.

  4. पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली ने अंतरिक्ष में पहुंचकर इक़बाल का कौन-सा शेर पढ़ा?

    पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली ने चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंच चुके हैं.

    चीन शेनझोउ-24 मिशन के तहत तीन एस्ट्रोनॉट्स को तियांगोंग स्पेस स्टेशन भेजा गया है. इनमें कमांडर तांग होंगबो, फ़्लाइट इंजीनियर वू यी और पाकिस्तान के पायलट मुहम्मद ज़ीशान अली शामिल हैं. ज़ीशान अली को मिशन में पेलोड स्पेशलिस्ट की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, स्पेस स्टेशन पहुंचने पर ज़ीशान अली ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अंतरिक्ष में पहुंचने और चीनी स्पेस स्टेशन में प्रवेश करने वाले पहले पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट बनकर बेहद ख़ुश हैं.

    इस दौरान उन्होंने अल्लामा इक़बाल की मशहूर पंक्तियां भी सुनाईं.

    उन्होंने उर्दू में कहा, ''सितारों से आगे जहां और भी हैं, अभी इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं.''

    इसके बाद उन्होंने इन पंक्तियों का चीनी भाषा में अनुवाद भी अपने साथियों को सुनाया, जिसे वहां मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने ख़ूब सराहा.

  5. ईरान के विदेश मंत्री का आरोप- अमेरिका को फिर युद्ध लड़ने के लिए भड़का रहा इसराइल

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची
    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने कहा कि ईरान पर रासायनिक हथियार विकसित करने और उन्हें छिपाने के आरोप बेबुनियाद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने केमिकल वेपन बनाने के इसराइल के आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है.

    विदेश मंत्री अराग़ची ने बुधवार को कहा कि ईरान पर रासायनिक हथियार विकसित करने और उन्हें छिपाने के आरोप बेबुनियाद हैं और इनका मक़सद क्षेत्र में तनाव बढ़ाना है.

    दरअसल, इससे पहले इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ईरान पर केमिकल वेपन विकसित करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा है कि इसराइल ईरान को ऐसी क्षमता हासिल नहीं करने देगा.

    इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बयान जारी किया.

    उन्होंने कहा, "इसराइली शासन ने न्यूक्लियर, केमिकल या बायोलॉजिकल वेपन पर रोक लगाने वाली किसी भी संधि में शामिल होने से इनकार किया है. उसके पास सैकड़ों परमाणु हथियार हैं. उसने इस क्षेत्र के सात देशों पर हमला किया है और तीन देशों के इलाकों पर क़ब्ज़ा किया है. पिछले एक साल में ही उसने ईरान के ख़िलाफ़ दो नाकाम युद्धों में अमेरिका को भी घसीटा है."

    "अब यह युद्ध भड़काने वाला देश बेशर्मी से ईरान पर आरोप लगा रहा है. ईरान परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर करने वाला देश है, केमिकल वेपन पर रोक लगाने वाले संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) का सदस्य है और ख़ुद भी केमिकल वेपन का शिकार रहा है. ये हथियार वेस्ट जर्मनी ने सद्दाम हुसैन के शासन को दिए थे. इसके बावजूद इसराइल आरोप लगा रहा है कि ईरान दवा बनाने वाली फ़ैक्ट्रियों में ऐसे ख़तरनाक हथियार बना रहा है और उन्हें छिपा रहा है."

    अराग़ची ने कहा कि इस तरह की बयानबाज़ी से इसराइल अमेरिका युद्ध में घसीटना चाह रहा है.

    गौरतलब है कि इसराइल के रक्षा मंत्री ने अपने आरोपों से जुड़ा कोई सबूत सामने नहीं रखा था.

  6. मिस्र: हाइवे पर टैंकर में आग लगने से 31 लोगों की मौत, 21 घायल, एलेक्स फिलिप्स

    टैंकर
    इमेज कैप्शन, हाइवे पर एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आसपास से गुज़र रहे कई वाहन भी आ गए

    मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे के बाद आग लगने से 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए.

    मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, हाइवे पर एक ईंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आसपास से गुज़र रहे कई वाहन भी आ गए.

    यह हादसा काहिरा के वर्राक इलाके के रिंग रोड पर हुआ. घटना के बाद आसपास के अस्पतालों में झुलसे हुए और धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी झेल रहे लोगों का इलाज किया गया.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हाइवे पर आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का गुबार दिखाई दिया. आग इतनी भीषण थी कि आसपास खड़े कई वाहन भी जलकर ख़ाक हो गए.

    हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक आग लगने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की है. वहीं, सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईंधन टैंकर पलट गया था, जिससे उसमें भरा पेट्रोल सड़क पर फैल गया और आसपास के वाहन भी इसकी चपेट में आ गए.

    सरकारी अख़बार अल-अहराम ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि निजी ठेकेदार के स्वामित्व वाला टैंकर हाइवे से गुज़र रहा था. इसी दौरान उसके सामने हाई-वोल्टेज बिजली का तार गिर गया. इससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया. टैंकर डिवाइडर पार करते हुए पलट गया और उसमें आग लग गई.

  7. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.