You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
टाइमआउट में हार्दिक पांड्या से बातचीत और बदल गया तिलक वर्मा का 'टाइम'
सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ एक वक़्त तक मुंबई इंडियंस का स्कोर 14 ओवर में चार विकेट के नुक़सान पर था 103 रन.
क्रीज़ पर थे कप्तान हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा. तिलक वर्मा 22 गेंदों पर सिर्फ़ 19 रन बनाकर खेल रहे थे.
तभी मैच में अंपायर ने टाइमआउट का इशारा किया. टाइमआउट के दौरान कप्तान हार्दिक पांड्या तिलक वर्मा से कुछ कहते नज़र आए.
ये साफ़ नहीं हो पाया कि दोनों के बीच क्या बातचीत हुई लेकिन हाव भाव से पांड्या थोड़े आक्रमक नज़र आ रहे थे.
उसके बाद तिलक वर्मा जब क्रीज़ पर लौटे तो उनका अंदाज़ एकदम बदला हुआ था. फिर तो उन्होंने गुजरात टाइटंस के गेंदबाज़ों पर वो कहर बरपाया जिसकी शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. तिलक ने अगली 23 गेंदों पर तूफ़ानी 82 रन ठोक दिए.
अंत में वो 45 गेंदों पर 101 रन बनाकर नॉट आउट रहे और मुंबई इंडियंस का स्कोर 199 तक पहुंचा दिया. उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और आठ चौके लगाए.
जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी
वर्मा ने मुंबई इंडियंस की ओर से आईपीएल में सबसे तेज़ शतक लगाने के सनत जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.
जयसूर्या ने साल 2008 में आईपीएल के पहले सीज़न में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ 45 गेंदों पर शतक बनाया था.
आईपीएल में किसी भी खिलाड़ी ने अपनी टीम की पारी के आख़िरी 6 ओवरों में इतने रन नहीं बनाए जितने तिलक वर्मा ने कल के मैच में बनाए.
उनकी पारी का दूसरा हिस्सा कितना विध्वंसक था इसका अंदाज़ा इस बात से लग जाता है कि अपनी पारी की पहली 20 गेंदों तक वो एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाए थे उसके बाद उन्होंने गियर बदला और 45 गेंद पर शतक पूरा किया.
ख़राब फॉर्म से जूझ रहे थे तिलक
'टाइमआउट में दिख रहे इस डिस्कशन वीडियो' पर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना था कि हार्दिक पांड्या तिलक वर्मा की सुस्त बल्लेबाज़ी से नाराज़ थे. दिलचस्प ये है कि ख़ुद हार्दिक पांड्या भी क्रीज़ पर कुछ रंग नहीं जमा पाए और 16 गेंदों पर उन्होंने सिर्फ़ 15 रन बनाए.
दोनों ने सिर्फ़ 38 गेंदों पर 81 रन की पार्टनरशिप की.
इस इनिंग्स से पहले तिलक वर्मा इस आईपीएल में बुरे फॉर्म से गुज़र रहे थे.
उन्होंने पांच इनिंग्स में सिर्फ़ 43 रन बनाए थे.
सोमवार को हुए मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से हरा दिया.
मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाए.
तिलक वर्मा के अलावा नमन धीर ने 32 गेंदों पर 45 रन बनाए. जवाबी पारी खेलने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ऑल आउट हो गई.
गुजरात टाइटंस के लिए सबसे ज़्यादा 26 रन वॉशिंगटन सुंदर ने बनाए. मुंबई इंडियंस के लिए अश्विनी कुमार ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए.
एशिया कप से सुर्ख़ियों में आए
साल 2025 में खेले गए एशिया कप से तिलक वर्मा चर्चा में आए थे. 28 सितंबर 2025 को टूर्नामेंट के फ़ाइनल मैच में वर्मा ने बेहतरीन बैटिंग करके भारत को पाकिस्तान पर रोमांचक जीत दिला दी थी.
जीत के लिए 147 रनों का सामना करने उतरी भारतीय टीम का स्कोर 12.2 ओवर में 4 विकेट पर 77 रन था. लेकिन वर्मा ने शिवम दुबे के साथ 60 रन की पार्टनरशिप करके भारत को जीत के क़रीब पहुंचा दिया.
वो 53 गेंदों पर 69 रन बनाकर नॉट आउट रहे और भारत को पांच विकेट से जीत दिला दी.
नंबूरी ठाकुर तिलक वर्मा तेलंगाना के मेडचल से है. वह एक साधारण मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं.
छोटी उम्र में ही तिलक बीएचईएल (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड) के कर्मचारियों के लिए बने इलाक़े में आकर बस गए थे. उनके पिता एक इलेक्ट्रिशियन हैं और माँ गायत्री देवी होममेकर हैं.
उनके बड़े भाई तरुण वर्मा एक बैडमिंटन खिलाड़ी हैं. तिलक वर्मा ने 11 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया और साथ ही अपनी पढ़ाई भी जारी रखी.
तिलक वर्मा का भारतीय टीम में चयन साल 2023 में हुआ था.
उनके पिता नंबूरी नागराजू ने बीबीसी से कहा था, "मैं चाहता था कि मेरे दोनों बेटे तरुण और तिलक डॉक्टर बनें और लोगों की सेवा करें. लेकिन तरुण ने बैडमिंटन का रुख़ किया और तिलक को क्रिकेट से प्यार हो गया."
उन्होंने बताया, "तिलक ने मुझसे कहा था कि अगर मैं डॉक्टर बनूंगा तो केवल मेरे क़रीबी लोग ही मुझे जानेंगे, लेकिन अगर मैं क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा तो पूरी दुनिया मुझे पहचानेगी."
2019 में आए फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट में
तिलक वर्मा ने 2019 में विजयनगरम में आंध्र प्रदेश बनाम हैदराबाद मैच से फ़र्स्ट क्लास में डेब्यू किया. उन्होंने पहली पारी में 5 रन और दूसरी पारी में 34 रन बनाए थे.
उसी साल उन्होंने हैदराबाद के लिए सौराष्ट्र के ख़िलाफ़ अपना पहला लिस्ट ए मैच और सर्विसेज के ख़िलाफ़ टी20 मैच खेला था.
बाद में तिलक ने 2022 में पहली बार आईपीएल में अपने प्रदर्शन का जलवा दिखाया. उन्होंने 14 मैचों में 36.09 के औसत और 131.02 के स्ट्राइक रेट से 397 रन बनाए. इस दौरान तिलक ने दो अर्धशतक भी लगाए.
तिलक वर्मा क्रिकेटर सुरेश रैना से प्रेरित हैं. रैना की तरह, तिलक वर्मा भी बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी और दाएं हाथ से गेंदबाज़ी करते हैं. उन्हें कवर ड्राइव और स्ट्रेट ड्राइव खेलना पसंद है.
तिलक वर्मा के पिता ने कहा, "मेरा बेटा सुरेश रैना को पसंद करता है. इसलिए वह उनकी तरह बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी और दाएं हाथ से गेंदबाज़ी करता है."
क्रिकेट विश्लेषक सी. वेंकटेश ने तिलक वर्मा के चयन के दौरान बीबीसी से बात की थी.
उन्होंने तब कहा था, "वह निरंतरता के साथ खेलते हैं. उनका स्ट्राइक रेट अच्छा है. रोहित शर्मा पहले ही कह चुके हैं कि उनमें तीनों फ़ॉर्मेट में खेलने की क्षमता है. टीम इंडिया के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज़ के रूप में वह एक अच्छा हथियार साबित हो सकते हैं."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.