26/11 मुंबई हमला: कब कहाँ क्या हुआ था?

हमले के दौरान ताजमहल होटल के बाहर पहरा देता एक सुरक्षाकर्मी
इमेज कैप्शन, हमले के दौरान ताजमहल होटल के बाहर पहरा देता एक सुरक्षाकर्मी
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

18 साल पहले 26 नवंबर 2008 को हुआ चरमपंथी हमला एक ऐसी पहचान है, जिसे मुंबई कभी अपने नाम नहीं करना चाहता था.

लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित और भारी हथियारों से लैस दस चरमपंथियों ने मुंबई की कई जगहों और प्रतिष्ठित इमारतों पर हमला कर दिया था. यह हमला चार दिन तक चला. मुंबई हमलों में 164 लोग मारे गए थे.

साल 2008 में 26 नवंबर की उस रात अचानक मुंबई गोलियों की आवाज़ से दहल उठी. हमलावरों ने मुंबई के दो पाँच सितारा होटलों, एक अस्पताल, रेलवे स्टेशन और एक यहूदी केंद्र को निशाना बनाया.

(ये लेख पहली बार 26 नवंबर 2021 को छपा था)

शुरू में किसी को अंदाज़ा नहीं था कि इतना बड़ा हमला हुआ है, लेकिन धीरे-धीरे इस हमले के पैमाने और गंभीरता का अंदाज़ा होने लगा. 26 नवंबर की रात ही आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुंबई पुलिस के कई आला अधिकारी भी इस हमले में अपनी जान गंवा बैठे.

लियोपोल्ड कैफ़े और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से शुरू हुई गोलीबारी ताजमहल होटल में जाकर ख़त्म हुई. उस रात कहां क्या-क्या हुआ?

लियोपोल्ड कैफ़े

लियोपोल्ड कैफ़े मुंबई का मशहूर लैंडमार्क है. यहां कई विदेशी पर्यटक आते हैं. यही कारण था कि हमलावरों ने इसको निशाना बनाया.
इमेज कैप्शन, लियोपोल्ड कैफ़े मुंबई का मशहूर लैंडमार्क है. यहां कई विदेशी पर्यटक आते हैं. यही कारण था कि हमलावरों ने इसको निशाना बनाया.

मुंबई पुलिस और जाँच अधिकारियों के मुताबिक़, हमलावर दो-दो के गुटों में बंटे हुए थे. लियोपोल्ड कैफ़े पहुंचे दो हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियाँ चलाईं.

इस कैफ़े में ज़्यादातर विदेशी आते हैं. विदेशी पर्यटकों के बीच यह कैफ़े काफ़ी लोकप्रिय है. वहाँ मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हमलावरों ने जमकर गोलियाँ चलाईं और वहाँ से निकल गए.

आधिकारिक आँकड़ों के मुताबिक़, लियोपोल्ड कैफ़े में हुई गोलीबारी में 10 लोग मारे गए.

छत्रपति शिवाजी टर्मिनस

हमले के दौरान स्टेशन पर अफ़रा तफ़री मच गई थी
इमेज कैप्शन, हमले के दौरान स्टेशन पर अफ़रा तफ़री मच गई थी.

सबसे ज़्यादा अफ़रा-तफ़री इस भीड़-भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर मची. मुंबई का छत्रपति शिवाजी टर्मिनस देश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक है.

यहाँ बड़ी संख्या में रेल यात्री मौजूद थे. हमलावरों ने यहाँ अंधाधुंध गोलियाँ चलाईं. जाँच अधिकारियों के मुताबिक़, यहाँ हुई गोलीबारी में अजमल आमिर कसाब और इस्माइल ख़ान शामिल थे.

बाद में अजमल आमिर कसाब पकड़ा गया, लेकिन इस्माइल ख़ान मारा गया. यहाँ हुई गोलीबारी में सबसे ज़्यादा 58 लोग मारे गए.

ओबेरॉय होटल

हमले के अगले दिन ली गई ओबेरॉय होटल की तस्वीर
इमेज कैप्शन, हमले के अगले दिन ली गई ओबेरॉय होटल की तस्वीर

ओबेरॉय होटल व्यापारिक तबके के बीच काफ़ी लोकप्रिय है. इस होटल में भी हमलावर भारी मात्रा में गोला-बारूद लेकर घुसे थे.

माना जाता है कि उस समय होटल में 350 से ज़्यादा लोग मौजूद थे. यहाँ हमलावरों ने कई लोगों को बंधक भी बना लिया.

राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवानों ने यहाँ दोनों हमलावरों को मार दिया.

ताजमहल होटल

गोलीबारी और धमाकों के बीच ताजमहल होटल में लगी आग लोग शायद ही भूल पाएँ.

यह इमारत 105 साल पुरानी है. गेटवे ऑफ़ इंडिया के पास स्थित ताजमहल होटल विदेशी पर्यटकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है.

होटल पर जब हमला हुआ, तब वहाँ रात के खाने का समय था और बहुत सारे लोग इकट्ठा थे. तभी अचानक अंधाधुंध गोलियाँ चलने लगीं.

सरकारी आँकड़ों के मुताबिक़, ताजमहल होटल में 31 लोग मारे गए और चार हमलावरों को सुरक्षाकर्मियों ने मार दिया.

कामा अस्पताल

कामा अस्पताल एक चैरिटेबल अस्पताल है. इसका निर्माण एक अमीर व्यापारी ने 1880 में कराया था.

मुंबई पुलिस के मुताबिक़, चार हमलावरों ने एक पुलिस वैन को अगवा कर लिया और उसके बाद लगातार गोलियाँ चलाते रहे.

इसी क्रम में वे कामा अस्पताल में भी घुसे. कामा अस्पताल के बाहर मुठभेड़ के दौरान आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे, मुंबई पुलिस के अशोक कामटे और विजय सालसकर मारे गए.

नरीमन हाउस

चबाड़ हाउस
इमेज कैप्शन, हमले के एक साल बाद ली गई इस तस्वीर में चबाड़ हाउस में लगी गोलियों के निशान देखे जा सकते हैं
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव ने चुनी हैं ये ख़ास कहानियाँ

बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़

और जानें

समाप्त

इसके अलावा हमलावरों ने नरीमन हाउस को भी निशाना बनाया. नरीमन हाउस को चबाड़ सेंटर के नाम से भी जाना जाता है. नरीमन हाउस में भी हमलावरों ने कई लोगों को बंधक बनाया था.

जिस इमारत में हमलावर घुसे थे, वह यहूदियों की मदद के लिए बनाया गया एक सेंटर था, जहाँ यहूदी पर्यटक भी अक्सर ठहरते थे.

इस सेंटर में यहूदी धर्मग्रंथों की एक बड़ी लाइब्रेरी और उपासनागृह भी है. यहाँ एनएसजी कमांडो को कार्रवाई करने के लिए हेलिकॉप्टर से बगल वाली इमारत में उतरना पड़ा.

कार्रवाई हुई और हमलावर मारे भी गए, लेकिन किसी भी बंधक को बचाया नहीं जा सका. यहाँ सात लोग और दो हमलावर मारे गए.

चबाड़ हाउस पर हुए हमले में इसका संचालन करने वाले गेवरील और उनकी पत्नी रिवका भी मारे गए थे. उनका दो साल का बेटा मोशे बच गया था. यहाँ हुए हमले में छह यहूदी मारे गए थे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.