भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच हुआ बड़ा समझौता, मिलकर पूरा करेंगे ये एजेंडा
इमेज स्रोत, Dean Purcell / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी
भारत और न्यूज़ीलैंड ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना बढ़ाकर करीब 35 हज़ार करोड़ करने का लक्ष्य रखा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ही न्यूज़ीलैंड के ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन से मुलाक़ात की. इसमें 10 समझौतों (एमओयू) समेत 18 बड़े फ़ैसलों पर साइन हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दोनों देशों ने फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी एफ़एटीए को जल्द लागू करने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प भी लिया.
मोदी और लक्सन ने अपनी मीटिंग के दौरान पश्चिम एशिया संघर्ष पर चिंता जताई और सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की.
संयुक्त बयान में कहा गया, "उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट से आवाजाही की पूरी स्वतंत्रता और व्यापारमार्ग की बहाली की मांग की, साथ ही शिपिंग पर किसी भी रोक का विरोध किया."
दोनों नेताओं ने संघर्ष का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान पाने के लिए बातचीत, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के पालन की अहमियत दोहराई.
गौरतलब है कि पीएम मोदी छह से 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा पर थे, जिसके अंतिम चरण में न्यूज़ीलैंड पहुंचे. वो आज ही नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
ईरान से फिर बातचीत करने से ठीक पहले अमेरिका ने रखी ये मांग
इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तनाव और संघर्ष के बावजूद दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने पर सहमत हुए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका ने ईरान से शनिवार को प्रस्तावित वार्ता से पहले होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर सार्वजनिक आश्वासन देने की मांग की है. अमेरिकी प्रशासन चाहता है कि ईरान आधिकारिक रूप से घोषणा करे कि होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है और वह कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी नहीं करेगा.
सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस यह भी चाहता है कि ईरान सार्वजनिक रूप से स्वीकार करे कि कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी करना एक ग़लती थी.
अमेरिकी मीडिया ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि ईरान ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकारों के साथ निजी बातचीत में स्वीकार किया कि जहाज़ों पर गोलीबारी 'एक ग़लती' थी.
हालांकि, ईरान ने इसके लिए अपने ही एक बाग़ी गुट को ज़िम्मेदार ठहराया है.
दरअसल, जून में अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम समझौते में ईरान ने कॉमर्शियल जहाज़ों को सुरक्षित मार्ग देने का वादा किया था.
सीबीएस न्यूज़ के अनुसार, वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ईरान का कहना है कि कट्टरपंथियों का एक बाग़ी गुट कॉमर्शियल जहाज़ों पर गोलीबारी कर दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहा है.
एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया, "वे (ईरानी) फिर बातचीत की मेज़ पर आए और कहा कि हमसे ग़लती हो गई बातचीत जारी रखें."
मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, एसपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल
इमेज स्रोत, DrNarottamMisra/ANI
इमेज कैप्शन, नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने बीती रात नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की क़तार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा का दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट कट गया है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.
नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने बीती रात नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की क़तार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, "यह जाम सुबह 5 बजे तक लगा रहा और क़रीब 11 घंटे तक चला. जाम 20 से 25 किलोमीटर तक फैला हुआ था. इससे चार ज़िले प्रभावित हुए- दतिया, झांसी, शिवपुरी और ग्वालियर. इनमें सबसे ज़्यादा असर ग्वालियर पर पड़ा. कई बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थीं."
उन्होंने कहा, "हमने पूरी रात प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे. सुबह क़रीब 4 बजे हमने फिर से पुलिस बल बुलाया और उन्हें दोबारा समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फ़ायदा नहीं हुआ. इसके बाद उनकी तरफ़ से पथराव शुरू हो गया. भीड़ को पीछे हटाने के लिए हमने आंसू गैस के गोले छोड़े."
"प्रदर्शनकारी दफ़्तर की इमारत के अंदर चले गए और वहीं से फिर पथराव करने लगे. हमारे आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए. एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."
वानखेड़े ने बताया कि कई वाहनों को पलट दिया गया और उनके शीशे तोड़ दिए गए. पुलिस की तीन-चार गाड़ियों और कई ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए, जिससे बड़े स्तर पर हिंसा हुई.
उन्होंने कहा, "इतना सब होने के बावजूद दतिया प्रशासन और पुलिस ने न तो लाठीचार्ज किया और न ही जवाब में पथराव किया. हमने पूरी कोशिश की कि मामला शांति से सुलझ जाए, लेकिन जब वे नहीं माने तो हमें आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा."
दतिया के कलेक्टर ने कहा कि फ़िलहाल हम अंदर मौजूद प्रदर्शनकारियों से बाहर आने की अपील कर रहे हैं. अगर वे एक-एक करके बाहर आते हैं और अपने घर चले जाते हैं, तो हमें कोई परेशानी नहीं है, हम उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करना चाहते.
उन्होंने कहा, "लेकिन अगर वे बात नहीं मानते और पांच-दस लोगों के समूह में बाहर आने की कोशिश करते हैं, तो हम सख़्त कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं. हम इस स्थिति से सख़्ती से निपटेंगे."
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने हरा दिया था.
दतिया में उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द होने की वजह से होने जा रहा है.
साल 1998 के बैंक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राजेंद्र भारती को तीन साल की सज़ा सुनाई थी.
इसके बाद उनकी सदस्यता चली गई थी. इसी वजह से चुनाव आयोग ने उपचुनाव का एलान किया.
फ़िलिपींस में 'बावी' तूफ़ान का कहर, भूस्खलन में 15 लोगों की मौत, इन देशों में अलर्ट, केली एनजी
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, 'बावी' तूफ़ान क़रीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) तक के क्षेत्र में फैला है
दक्षिणी फ़िलिपींस में दशकों के सबसे शक्तिशाली तूफ़ानों में से एक 'बावी' के प्रभाव से हुए भूस्खलन में क़रीब 15 लोगों की मौत हो गई है.
पूर्वी एशिया के कई देश भी इस भीषण तूफ़ान के असर को लेकर अलर्ट हो गए हैं.
'बावी' तूफ़ान क़रीब 1,000 किलोमीटर (620 मील) तक के क्षेत्र में फैला है, जो प्रशांत महासागर से होते हुए ताइवान की ओर बढ़ रहा है. इसका आकार लगभग फ़्रांस के बराबर बताया जा रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार, तूफ़ान के कारण ताइवान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों के साथ-साथ जापान के दूरदराज़ द्वीपों में भारी बारिश होने की संभावना है. शनिवार को इसके दक्षिण-पूर्वी चीन के तट से टकराने का अनुमान है.
तूफ़ान के ख़तरे को देखते हुए कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जबकि स्कूलों में क्लासेज़ स्थगित कर दी गई हैं. वहीं, लोग आवश्यक वस्तुओं का इकट्ठा कर रहे हैं, जिससे सुपरमार्केट की कई शेल्फ़ खाली हो गई हैं.
फ़िलिपींस के मिंडानाओ द्वीप पर भारी बारिश के कारण कई परिवार भूस्खलन की चपेट में आ गए. बचाव दल अब भी लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं.
ब्रिटेन की पूर्व मंत्री की मौत के मामले में 26 वर्षीय युवक गिरफ़्तार, माइकल शील्स मैकनामी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, 78 वर्षीय एन विडकंब का शव गुरुवार सुबह उनके घर पर मिला (फ़ाइल फ़ोटो)
ब्रिटेन की पूर्व सांसद और सरकार में मंत्री रह चुकीं 78 वर्षीय एन विडकंब की मौत के मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय एक युवक को हत्या के संदेह में गिरफ़्तार किया है.
डेवॉन और कॉर्नवाल पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ़्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि ब्रिटिश नागरिक आरोपी को डेवॉन के न्यूटन एबॉट से हिरासत में लिया गया है. फ़िलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.
दरअसल, पूर्व कंज़र्वेटिव मंत्री और रिफ़ॉर्म यूके की प्रवक्ता रह चुकीं एन विडकंब का शव गुरुवार सुबह डार्टमूर क्षेत्र के हेटर गांव स्थित उनके घर में मिला था. पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे.
मामले की शुरुआती जांच में काउंटर टेरर पुलिसिंग की टीम भी शामिल हुई थी, लेकिन फ़िलहाल इस घटना को आतंकवाद से जुड़ा नहीं माना जा रहा है.
असिस्टेंट चीफ़ कांस्टेबल मैट लॉन्गमैन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह संकेत मिले कि हत्या के पीछे कोई राजनीतिक मक़सद था. उन्होंने यह भी कहा कि फ़िलहाल यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि अभियुक्त एन विडकंब को जानता था या नहीं.
उन्होंने बताया कि जांच अभी शुरुआती चरण में है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह आगे आकर जांच में सहयोग करे.
इस घटना पर शुक्रवार दोपहर प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया.
पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के राष्ट्रपति से बातचीत में क्या कहा
इमेज स्रोत, Arif Hudaverdi Yaman/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर शहबाज़ शरीफ़ ने बताया कि उनकी मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से बातचीत की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की है.
पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने बताया है कि उन्होंने पेज़ेश्कियान से चर्चा के दौरान इस बात पर ज़ोर दिया है कि शांति कायम रखने के लिए कूटनीति ज़रूरी है.
शहबाज़ शरीफ़ ने शुक्रवार देर रात को एक्स पोस्ट में लिखा, "आज मैंने अपने भाई ईरान के राष्ट्रपति डॉ मसूद पेज़ेश्कियान से बात की. हमने बदलते हालात पर चर्चा की और इस बात पर ज़ोर दिया कि हाल के महीनों में मिली शांति को बचाने के लिए संयम, बातचीत और कूटनीति ज़रूरी है."
उन्होंने लिखा, "मैंने दोहराया कि पाकिस्तान स्थायी शांति के लिए ईमानदार और सच्चा मध्यस्थ बनने की भूमिका निभाने को तैयार है. हमने यह भी तय किया कि इस्लामाबाद की हाल की यात्रा के दौरान बने द्विपक्षीय सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा."
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति स्थापित करवाने और युद्ध को पूरी तरह ख़त्म कराने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026: स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराया, सेमीफ़ाइनल में इस टीम से होगा सामना
इमेज स्रोत, David Ramos/Getty Images
इमेज कैप्शन, मैच ख़त्म होने से ठीक पहले 88वें मिनट में स्पेन के खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने गोल किया
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026 के दूसरे क्वार्टर फ़ाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है.
लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में स्पेन की ओर से फ़ाबियन रूइज़ और मिकेल मेरिनो ने गोल किए, जबकि बेल्जियम की तरफ़ से चार्ल्स डी केटेलारे ने एकमात्र गोल किया.
फ़ाबियन रूइज़ ने मैच के पहले हाफ़ के 30वें मिनट में गोल दागा. हालांकि, स्पेन की यह बढ़त ज़्यादा समय तक नहीं रही, क्योंकि चार्ल्स डी केटेलारे ने हाफ़ टाइम से पहले ही 41वें मिनट में गोल करके मैच में बेल्जियम की वापसी करा दी.
इसके बाद मैच ख़त्म होने से ठीक पहले 88वें मिनट में स्पेन के खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने गोल करके अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी.
अब सेमीफ़ाइनल में स्पेन का सामना मौजूदा उपविजेता फ़्रांस से होगा. यह मुक़ाबला डलास स्टेडियम में खेला जाएगा.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.
बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.