लाइव, मध्य प्रदेश: सागर ज़िले में कम से कम नौ लोगों की मौत, ज़हरीली शराब पीने का शक़

सागर की ज़िलाधिकारी ने कहा है कि जिनमें भी लक्षण हैं या पिछले 24 से 48 घंटों में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया है, उन्हें डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम
  • महिला का रेस्क्यू
  • ग़ज़ा में इन बच्चों ने तीन साल बाद कार्टून देखा
  • ओलंपिक के इतिहास का वो काला दिन
  • नेपाल से बाढ़ में बह कर आई मछली
  • गंगा का पानी गलियों में भी भर गया है.
  • नेपाल बाढ़ की ड्रोन फ़ुटेज

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. मध्य प्रदेश: सागर ज़िले में कम से कम नौ लोगों की मौत, ज़हरीली शराब पीने का शक़

    सागर ज़िले के चीफ़ मेडिकल एंड हेल्थ आफ़िसर देवेश पटेरिया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सागर ज़िले के चीफ़ मेडिकल एंड हेल्थ आफ़िसर देवेश पटेरिया

    मध्य प्रदेश के सागर ज़िले में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से कम से सम 9 लोगों की मौत हो गई है.

    सागर ज़िले के चीफ़ मेडिकल एंड हेल्थ आफ़िसर देवेश पटेरिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "अभी तक नौ से दस मौतों का आंकड़ा सामने आया है. इलाक़े के तीन गांवों में डॉक्टरों की टीमें लगी हुई हैं और घर-घर जाकर बीमार लोगों की पहचान की जा रही है."

    उन्होंने संदेह जताया कि यह ज़हरीली शराब का मामला हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि करने से इंकार कर दिया.

    देवेश पटेरिया के मुताबिक़ क़रीब 25 लोगों को बीमार होने के बाद इलाज के लिए रेफर किया गया है.

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैंने प्रभारी मंत्री को निर्देश दिए हैं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने, सख्त से सख्त कदम उठाने और पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं. हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी."

    इन मौतों और लोगों के बीमार होने की घटना बंडा तहसील के चार गांवों से जुड़ी हैं.

    सागर ज़िले की डीएम (ज़िलाधिकारी) प्रतिभा पाल ने कहा, "सुबह से कथित तौर पर अवैध शराब के सेवन से बीमार होने और मौतों की ख़बरें सामने आई हैं... डॉक्टरों की टीम और एसडीएम की टीम भी आसपास के इलाक़ों में मौजूद है."

    "जिसमें चिन्हित किए गए दो गांव नूरा और घुघरू भी शामिल हैं, जहां स्क्रीनिंग की जा रही है. जिन्हें भी लगता हो कि उनमें किसी तरह का कोई लक्षण है या पिछले 24 से 48 घंटों में किसी भी तरह की शराब का सेवन किया हो, वे अपनी जांच ज़रूर करा लें."

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "कुछ दिन पहले भी यहां ऐसी ही घटना हुई थी. पूरे राज्य में शराब माफिया खुलेआम काम कर रहे हैं और मासूम लोगों की जान ख़तरे में डाल रहे हैं."

  2. पीएम मोदी के भाषण पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'छात्रों की गूंज सुनिए, इधर-उधर की बातें मत करिए'

    मल्लिकार्जुन खड़गे और मोदी

    इमेज स्रोत, ANI/ DPR PMO

    इमेज कैप्शन, डीयू के श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (एसआरसीसी) में भाषण के दौरान पीएम मोदी ने 'नाराज़ फूफा' और दिमाग़ी नक्सली जैसे शब्दों का ज़िक्र किया (सांकेतिक तस्वीर)

    शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (एसआरसीसी) में पीएम मोदी के भाषण पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल खड़े किए हैं.

    खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मोदी जी कल दिल्ली विश्वविद्यालय के एसआरसीसी गए थे. यह देश के युवाओं, शिक्षा और उनके भविष्य पर संवाद का मौक़ा था. लेकिन अफ़सोस, युवाओं के सवालों का सामना करने के बजाय भाषण फिर एक राजनीतिक प्रचार में बदल गया."

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "मोदी जी के काम करने का तरीका है- लोकतंत्र में सवालों को दबाने के लिए विपक्ष को साल दर साल एक नया एडजेक्टिव देना, ताकि उनकी ख़ुद की नाकामियाँ छिपी रहे. नाराज़ फूफा, दिमाग़ी नक्सल, अर्बन नक्सल, ख़ान मार्केट गैंग, आंदोलनजीवी, परजीवी."

    खड़गे ने आरोप लगाया कि 'एडजेक्टिव बदलते रहते हैं, पर मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियाँ नहीं बदलतीं. मोदी जी, आउटरीच तभी करनी पड़ती है, जब आप आउट ऑफ़ रीच हो जाते हैं.'

    उन्होंने आगे लिखा, "प्रधानमंत्री जी ने अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाया. देश का युवा भी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर खड़ा है. इस रिपोर्ट कार्ड में है - बेरोज़गारी, वर्षों से अटकी सरकारी भर्तियाँ, पेपर लीक से परेशान विद्यार्थी, महँगी होती शिक्षा, घटते छात्रवृत्ति के मौक़े और विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर बढ़ता दबाव. 'छात्रों की गूंज सुनिए' इधर-उधर की बातों से समाधान नहीं निकलेगा."

    शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज में हुए कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधा था.

    डीयू के श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (एसआरसीसी) उन्होंने 'नाराज़ फूफा' और दिमाग़ी नक्सली का ज़िक्र था.

  3. पीएम के भाषण पर बोली सीजेपी: 'छात्रों की चुनौतियों पर बात करने के बजाय दिमाग़ी नक्सल जैसी बकवास का सहारा'

    मोदी

    इमेज स्रोत, DPR PMO/ANI

    इमेज कैप्शन, शनिवार को पीएम मोदी दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे

    दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स (एसआरसीसी) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कई लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "वाह. भारत के सबसे प्रतिष्ठित कॉलेजों में से एक में जाकर और एक बार फिर सवाल पूछने वाली युवा पीढ़ी को 'दिमाग़ी नक्सल' कहना, किसी प्रधानमंत्री के सबसे शर्मनाक काम में से एक होना चाहिए. वह भी शिक्षक दिवस के दिन."

    पीएम मोदी ने 15 अगस्त के अपने भाषण का ज़िक्र करते हुए शनिवार को कहा, "होम्योपैथी का इलाज बीमारी को कुछ समय के लिए और उभार देता है. जैसे ही मैंने ये गोली दी, सारे दिमाग़ी नक्सल बाहर आने लगे. मगर जनता उनका असली रंग देख रही है."

    सौरव दास ने लिखा, "वह इस बारे में बात कर सकते थे कि एसआरसीसी के शिक्षकों को मेडिकल और चाइल्डकेयर लीव नहीं मिलने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन क्यों करना पड़ा. वह एसआरसीसी के छात्रों को जर्जर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर करने का वादा कर सकते थे. वह हाइपर-कॉम्पिटिशन के उस भारी दबाव को स्वीकार कर सकते थे, जिसका वे सामना कर रहे हैं."

    सौरव दास के मुताबिक़, "वह इस बारे में भी बात कर सकते थे कि एक दशक में क़रीब 1 लाख स्कूल बंद हो गए हैं. क़रीब 9 करोड़ युवा भारतीय बिना किसी नौकरी, शिक्षा या ट्रेनिंग के फंसे हुए हैं. स्कूल के 73% छात्र हायर सेकेंडरी शिक्षा पूरी करने से पहले पढ़ाई छोड़ देते हैं. वह पिछले 12 साल में अपनी ही सरकार में शिक्षा बजट को आधा किए जाने पर भी जवाब दे सकते थे."

    सौरव दास ने आरोप लगाया, "इसके बजाय, प्रधानमंत्री ने शिक्षक दिवस का इस्तेमाल एक और राजनीतिक भाषण के लिए किया, जिसमें युवा भारतीयों की पूरी एक पीढ़ी को इसलिए बदनाम किया गया क्योंकि उनकी नज़र में उन्होंने माफ़ न करने वाला काम किया है- जो है सत्ता में बैठे लोगों से सवाल करना."

    वहीं सीजेपी के एक अन्य प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लिखा, "एसआरसीसी जैसे प्रतिष्ठित कॉलेज के शताब्दी समारोह में जाकर आप उम्मीद करते कि प्रधानमंत्री शिक्षा, नौकरियों, छात्रों के सामने मौजूदा चुनौतियों पर बात करेंगे."

    इसके बजाय, उन्होंने "दिमाग़ी नक्सल" जैसी बकवास का सहारा लिया.

    जब आपक ‘एंटायर पॉलिटिकल साइंस’ की डिग्री लेते हैं तो ऐसा ही होता है.

    शनिवार को एसआरसीसी में हुए कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा था. उन्होंने अपने भाषण में 'दिमागी नक्सल' और 'नाराज़ फूफा' जैसे शब्दों का ज़िक्र किया था.

  4. निशु आज़ाद ने पुलिस सुरक्षा की मांग की, कहा, 'घर पर पत्थरबाज़ी की जा रही है'

    निशु आज़ाद ने अपने घर पर कथित हमले की यह तस्वीर साझा की है

    इमेज स्रोत, @Nishuazad11

    इमेज कैप्शन, निशु आज़ाद ने अपने घर पर कथित हमले की यह तस्वीर साझा की है

    कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकर्ता निशु आज़ाद ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है.

    उन्होंने लिखा, "मैं पुलिस अधिकारियों से सम्मान के साथ अनुरोध करती हूं कि कृपया ज़रूरी सुरक्षा मुहैया कराएं, क्योंकि मुझे अपनी सुरक्षा को लेकर सच में चिंता हो रही है. आपकी फ़ौरन सहायता की बहुत ही सराहनीय होगी."

    साथ ही निशु आज़ाद ने इस पोस्ट में अपना एक वीडियो और घर के बाहर की तस्वीर भी साझा की है.

    उन्होंने कहा, "अब तो हद ही हो गई है. ये लोग धमकी देने के साथ-साथ मेरे घर के सामने खड़े होकर, मुझे चिल्ला-चिल्लाकर भड़काऊ बातें कर रहे हैं."

    निशु ने कहा, "अब मेरे परिवार की सुरक्षा कौन करेगा, अगर ये लोग कल को मेरे घर के अंदर घुस गए. मां-पिताजी के साथ कुछ किया तो कौन ज़िम्मेदार होगा?"

    इसके बाद निशु आज़ाद ने अपने एक्स हैंडल पर एक अन्य वीडियो और तस्वीर में आरोप लगाया कि किसी ने उनके घर पर पत्थर फेंके हैं. उन्होंने सवाल किए हैं कि अगर उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है तो कौन ज़िम्मेदार होगा."

    दरअसल निशु आज़ाद ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वो कह रही थीं, "स्वतंत्र भारद्वाज का एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है देश भर में, जिसमें वो ख़ुद स्वीकार कर रहा है कि उसने मेरे पापा का सर फोड़ा और उस पर हत्या के प्रयास का मामला लगना चाहिए था, 307 धारा लगनी चाहिए थी."

    निशु आज़ाद के इस पोस्ट के बाद स्वतंत्र भारद्वाज के मामले में सीजेपी ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की थी और उसके बाद पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की थी.

  5. क्या स्वतंत्र भारद्वाज ने वायरल वीडियो डिलीट कराने की गुज़ारिश की थी? पॉडकास्ट की होस्ट ने ये कहा

    स्वतंत्र भारद्वाज और नेहा सिंह राठौड़

    इमेज स्रोत, Swatantra Bhardwaj/X, @imrowdy_rathore

    इमेज कैप्शन, स्वतंत्र भारद्वाज ने नेहा सिंह राठौड़ के पॉडकास्ट शो में जो दावे किए उसके बाद वो काफ़ी चर्चा में आया

    सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे किए जा रहे हैं कि सीजेपी समर्थक निशु आज़ाद के पिता संजय आज़ाद पर हमला करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज ने अपना पॉडकास्ट इंटरव्यू डिलीट कराने के लिए होस्ट को 66 बार कॉल किए.

    यह भी दावा किया जा रहा है कि इसकी गुज़ारिश करते हुए वह रोता रहा, लेकिन होस्ट ने ऐसा नहीं किया.

    सोशल मीडिया पर चल रहे इस दावे पर स्वतंत्र का इंटरव्यू करने वाले प्लेटफ़ॉर्म ‘द कैज़ुअल टॉक’ की होस्ट नेहा सिंह राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर एक बयान जारी कर कहा, “एक पोस्टर सोशल मीडिया पर काफ़ी तेज़ी से सर्कुलेट किया जा रहा है. इसमें लिखा है कि स्वतंत्र भारद्वाज ने 66 बार कॉल किया और रोते रहा कि पॉडकास्ट डिलीट कर दो, लेकिन मैंने डिलीट नहीं किया.”

    उन्होंने आगे कहा, “पोस्टर में एक तरफ स्वतंत्र भारद्वाज की फ़ोटो लगाई गई है और एक तरफ मेरी. नीचे लिखा है स्वतंत्र भारद्वाज को इस मामी ने पॉडकास्ट कर के जेल में डलवा दिया.”

    नेहा सिंह राठौड़ ने कहा, “मेरे ख़िलाफ़ यह फ़ेक प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है. हमने पॉडकास्ट रिकॉर्ड होने के बाद स्वतंत्र से पूछा था, लेकिन उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई और न ही इसे फ़िल्टर करने को कहा. उन्होंने कहा कि ‘जैसे आपने शूट किया है वैसे ही पोस्ट’ कर दें."

    दरअसल हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज को कॉकरोच जनता पार्टी की कार्यकर्ता निशु आज़ाद के पिता पर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान जानलेवा हमले की बात स्वीकार करते हुए देखा गया.

    इसी वीडियो में भारद्वाज ने यह भी दावा किया कि राजनीतिक संबंधों के चलते उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.

    वीडियो वायरल होने के बाद सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे थे और स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ़्तारी की मांग की थी.

    सीजेपी ने थाने के बाहर प्रदर्शन भी किए, जिसके बाद स्वतंत्र के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई और बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.

  6. आठ हाई कोर्ट को मिले नए चीफ़ जस्टिस, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की नियुक्ति

    द्रौपदी मुर्मु

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत के आठ हाई कोर्ट के लिए चीफ़ जस्टिस की नियुक्ति की है. जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना जबकि जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.

    शनिवार देर रात क़ानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इन नियुक्तियों की जानकारी दी.

    किन हाई कोर्ट के लिए हुए नियुक्ति

    दिल्ली हाई कोर्ट के मौजूदा जज जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है.

    इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी को बॉम्बे हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है.

    बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस रविंद्र वी. घुगे कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं.

    जबकि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल अब राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे.

    जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया गया है, वे इसी हाई कोर्ट में जज थे.

    शनिवार को हुई नियुक्तियों में ओडिशा हाई कोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है.

    गुजरात हाई कोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का चीफ़ जस्टिस बनाया गया है.

    वहीं राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.

  7. अमेरिका और ईरान के बीच फिर लड़ाई में तेज़ी, दोनों ने एक-दूसरे के जहाज़ों पर किए हमले, ग्रेस एलिज़ा गुडविन और मैक्स मात्ज़ा

    अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे से जुड़े जहाज़ों को निशाना बनाया है

    इमेज स्रोत, @CENTCOM

    इमेज कैप्शन, अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे से जुड़े जहाज़ों को निशाना बनाया है, यह तस्वीर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने जारी की है

    अमेरिका और ईरान ने शनिवार को जहाज़ों पर एक-दूसरे के ख़िलाफ़ जवाबी हमले किए. यह एक सप्ताह पहले लड़ाई शुरू होने के बाद हमलों का ताजा दौर है. इससे पहले क़रीब एक महीने तक हालात आमतौर पर शांत थे.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर एक ताज़ा वीडियो शेयर करते हुए लिखा,"अमेरिकी सेना की सटीकता और पेशेवर रवैये ने एम/टी काइलो को आज ओमान की खाड़ी में डुबा दिया. यह समंदर में समा गया."

    अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने ईरान से जुड़े दो तेल टैंकरों को "स्थायी रूप से निष्क्रिय" कर दिया, जिनमें से एक ख़ार्ग द्वीप के पास था, और ओमान की खाड़ी में एक तीसरे टैंकर को "पूरी तरह नष्ट" कर दिया.

    ईरान के सरकारी मीडिया ने हमलों की पुष्टि की और कहा कि जवाब में उसने अमेरिका से जुड़े तीन जहाज़ों को निशाना बनाया. इसके अलावा, उसने होर्मुज़ स्ट्रेट से "बिना अनुमति" के गुज़र रहे तीन तेल टैंकरों पर भी हमला किया.

    बीबीसी ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) से ईरान के इन ताजा दावों पर प्रतिक्रिया मांगी है.

    ये हमले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से मौजूदा संघर्ष को "छोटी बात" बताए जाने के एक दिन बाद हुए. छह महीने से चल रहे युद्ध को ख़त्म करने की दिशा में अब तक बहुत कम प्रगति दिखाई दी है. उन्होंने शनिवार के हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    ईरान की ताजा जवाबी कार्रवाई की ख़बर अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के सोशल मीडिया पर एक कमेंट के कुछ घंटे बाद हुई है.

    हेगसेथ ने लिखा, "यह आसान है: अगर ईरान अमेरिकी जहाज़ों पर गोली चलाता है, तो हम उनके तेल टैंकरों को नष्ट कर देंगे और डुबो देंगे."

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, अमेरिकी हमले से पहले ईरान ने दो अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाया था. इसके बाद अमेरिका ने ईरान से जुड़े तीन तेल टैंकरों पर हमला किया.

    सेंटकॉम ने कहा कि उसने दिन में इससे पहले ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) की ओर से किए गए कई हमलों को "सफलतापूर्वक टाल दिया". इन हमलों में एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक को निशाना बनाया जा रहा था.

    सेंटकॉम ने कहा कि किसी भी अमेरिकी सैनिक को नुक़सान नहीं पहुंचा.

  8. झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान थी अहम भूमिका, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी न्यूज़ हिंदी के लिए

    राज्य सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ा था (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, @JmmJharkhand

    इमेज कैप्शन, राज्य सरकार में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ा था (फ़ाइल फ़ोटो)

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के क़रीबी और झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से अचानक निधन हो गया. वह गिरिडीह सदर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विधायक थे.

    जेएमएम ने अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है.

    इसमें पार्टी ने कहा, "उनका जाना पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा."

    शनिवार की रात सोने की तैयारी कर रहे सोनू के सीने में उठे दर्द के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उन्हें तत्काल गिरिडीह के एक निजी अस्पताल ले गए.

    लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया नहीं जा सका.

    निधन से महज कुछ घंटे पहले 5 सितंबर को वह शिक्षक दिवस और गिरिडीह के इस्लामिया उर्दू मिडिल स्कूल के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे.

    90 के दशक से जेएमएम से जुड़े सुदिव्य सोनू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के क़रीबी माने जाते थे.

    साल 2019 में पहली बार विधायक और फिर 2024 में चुनाव जीतकर वह कैबिनेट मंत्री बने थे.

    उनके पास नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति और खेलकूद जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी.

    हाल ही में जेपीएससी-जेएसएससी विद्यार्थी आंदोलन के दौरान सरकार और स्टूडेंट्स के बीच मध्यस्थता में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी.

  9. महिला एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया, पाकिस्तान हुई थी 55 रन पर ऑलआउट

    भारतीय महिला क्रिकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महिला एशिया कप के एक मुक़ाबले में भारत ने पाकिस्तान को बड़ी आसानी से 7 विकेट से हरा दिया.

    56 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. लेकिन फिर हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा की आक्रामक बैटिंग की वजह से भारत ने आसानी से जीत हासिल कर ली.

    भारत की दोनों सलामी बल्लेबाज़ कम स्कोर पर आउट हो गईं. शेफाली वर्मा ने 6 गेंदों पर 12 रन बनाए, लेकिन फ़ातिमा सना ने उन्हें आउट कर दिया.

    दूसरी सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना को भी फ़ातिमा सना ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. इसके बाद भारत का स्कोर 18 रन पर दो विकेट हो गया.

    तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आईं प्रतिका रावल भी सिर्फ़ चार रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने अच्छी बल्लेबाज़ी की और भारत को जीत दिला दी. कौर 18 और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नॉट आउट रहीं. भारत ने नवें ओवर में ही जीत हासिल कर ली.

    पाकिस्तान की कप्तान फ़ातिमा सना ने तीनों विकेट लिए.

    इससे पहले पाकिस्तान की टीम सिर्फ़ 55 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. भारत की ओर से श्री चरणी ने सिर्फ़ 7 रन देकर तीन विकेट और प्रेमा रावत ने सिर्फ़ 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.

  10. यूक्रेन युद्ध: पुतिन और ट्रंप के वार्ताकारों के बीच बंद दरवाज़े के भीतर क्या बातचीत हुई?, जारोस्लाव ल्युकीव और इमोर्गन जेम्स

    पुतिन, विटकॉफ और कुशनर

    इमेज स्रोत, Gavriil GRIGOROV / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराने की कोशिशें एक बार फिर से तेज़ हुई हैं

    अमेरिका ने एक बार फिर से यूक्रेन में युद्ध ख़त्म करने की कोशिशें तेज की हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शीर्ष वार्ताकारों ने मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात की है.

    क्रेमलिन की ओर से जारी किए गए फुटेज में स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को पुतिन का अभिवादन करते हुए दिखाया गया.

    पुतिन ने कहा कि मौजूदा स्थिति "इतनी आसान नहीं है". उन्होंने कहा कि रूस बताएगा वह "हालात को किस तरह देखता है."

    विटकॉफ ने तीन दिनों के लिए एक-दूसरे की राजधानियों पर हमले रोकने पर यूक्रेन के साथ सहमत होने के लिए पुतिन को धन्यवाद दिया. रविवार को ये दूत आगे की वार्ता के लिए यूक्रेन की राजधानी कीएव जाएंगे.

    शुक्रवार को ट्रंप ने कहा था कि विटकॉफ और कुशनर "युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव अपने साथ ला रहे हैं." अब तक, अमेरिका और उसके सहयोगियों के शांति समझौता कराने के प्रयास विफल रहे हैं.

    शनिवार को क्रेमलिन में हुई वार्ता के दौरान पुतिन ने यह भी कहा कि "किसी भी स्थिति में, चाहे कुछ भी हो, ऐसे संपर्क बेशक हमेशा उपयोगी होते हैं."

    उन्होंने शांति स्थापित करने के ट्रंप के प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया.

    उन्होंने दूतों से कहा कि वह उनके साथ काम करने में "सहज" हैं.

    रूसी सरकारी मीडिया के अनुसार, वार्ता रूस की राजधानी के केंद्र में स्थित पुतिन के आधिकारिक आवास में बंद दरवाजों के पीछे जारी रही और तीन घंटे तक चली.

    शनिवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, “मैंने अभी-अभी अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रतिनिधियों से बात की है. उन्होंने आज ही रूसी पक्ष के साथ काम करना शुरू कर दिया है. इसके बाद से ही हम बातचीत की प्रक्रिया में शामिल शहरों पर हवाई हमले रोकने के लिए तैयार हैं."

  11. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.