You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, यूएई के न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमले को लेकर इस इस्लामी संगठन का आया बयान

ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. यूएई के न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमले को लेकर इस इस्लामी संगठन का आया बयान

    ऑर्गनाइज़ेशन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की निंदा की है.

    ओआईसी के महासचिवालय ने एक बयान में कहा कि नागरिक प्रतिष्ठानों और अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून का खुला उल्लंघन है.

    इसके साथ ही ओआईसी ने यूएई के साथ एकजुटता दिखाते हुए सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए यूएई की ओर से उठाए गए सभी क़दमों का समर्थन किया.

    अबु धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट को रविवार, 17 मई को निशाना बनाया गया था. ड्रोन हमले की वजह से इस पावर प्लांट के नज़दीक एक बिजली जनरेटर में आग लग गई थी, जिस पर बाद में काबू पा लिया गया.

    हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हमला किसने किया. भारत ने भी पावर प्लांट को निशाना बनाए जाने की निंदा की है.

  2. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के बाद दी चेतावनी

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार धार्मिक नारों की आड़ में 'गुंडागर्दी' के ख़िलाफ़ 'ज़ीरो टॉलरेंस' नीति अपनाएगी.

    अधिकारी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुक़सान पहुंचाने वालों के ख़िलाफ़ राज्य सरकार सख़्त क़ानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.

    मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी कोलकाता के पार्क सर्कस इलाक़े में पुलिस पर पत्थरबाज़ी की घटना के एक दिन बाद आई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कथित अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया था. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

    मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में पत्थरबाज़ी की घटना को 'सुनियोजित' बताया. उन्होंने कहा इस घटना से पहले 'उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट किया था'.

    उन्होंने कहा, "पुलिस कर्मी घायल होंगे और पुलिस (गृह) मंत्री एसी रूम में बैठकर देखते रहेंगे, ऐसे दिन भूल जाइए. अब बंगाल में गुंडागर्दी ख़त्म, ज़ीरो टॉलरेंस. उपद्रवियों को ये संदेश चला जाना चाहिए कि यह सरकार कार्रवाई करेगी."

    शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "पत्थरबाज़ी करना और धार्मिक नारों के साथ गुंडागर्दी करना, ये बंगाल में नहीं होगा."

  3. बीसीसीआई आरटीआई एक्ट के तहत सार्वजनिक संस्था नहीं: केंद्रीय सूचना आयोग

    केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई सूचना का अधिकार क़ानून (आरटीआई एक्ट) के तहत "पब्लिक अथॉरिटी" नहीं है.

    आयोग का कहना है बीसीसीआई न तो सरकार के स्वामित्व में है, न उसके नियंत्रण में है और न ही इसे सरकार से बड़े स्तर पर वित्तीय मदद मिलती है.

    आयोग ने उस अपील को ख़ारिज कर दिया जिसमें यह जानकारी मांगी गई थी कि बीसीसीआई किन प्रावधानों और अधिकारों के तहत भारत का प्रतिनिधित्व करता है और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों का चयन करता है.

    यह आरटीआई साल 2017 में गीता रानी ने दायर की थी. इसमें यह भी सवाल पूछा गया था कि केंद्र और राज्य की सरकारें किस अधिकार के तहत बीसीसीआई को टूर्नामेंट के आयोजन के लिए नेशनल स्टेडियम, पुलिस वगैरह मुहैया कराती हैं.

    सीआईसी ने कहा कि बीसीसीआई तमिलनाडु सोसाइटीज़ रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत पंजीकृत एक निजी स्वायत्त संस्था है और इसकी स्थापना संविधान, संसद, राज्य विधानसभा या किसी सरकारी अधिसूचना के ज़रिए नहीं हुई है.

    सूचना आयुक्त पी आर रमेश ने अपने आदेश में कहा, "बीसीसीआई को आरटीआई एक्ट की धारा 2(एच) के तहत 'पब्लिक अथॉरिटी' नहीं माना जा सकता और इस क़ानून के प्रावधान इस पर लागू नहीं होते."

  4. योगी आदित्यनाथ ने सड़कों पर नमाज़ को लेकर कहा, 'प्यार से मानेंगे तो ठीक, नहीं तो...'

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में 'सड़कों पर नमाज़ पढ़ने' को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जगह की कमी होने पर सड़कों पर नमाज़ पढ़ने की बजाय 'शिफ़्ट में नमाज़ पढ़ें'.

    उन्होंने कहा कि अगर लोग 'प्यार से मानेंगे तो ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे'.

    योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कहा, "लोग मुझसे पूछते हैं कि आपके यहां यूपी में क्या सड़कों पर सचमुच नमाज़ नहीं होती? मैं कहता हूं कतई नहीं होती. आप जाकर देख लो."

    उन्होंने कहा, "सड़कें चलने के लिए हैं या कोई भी व्यक्ति चौराहे पर आकर तमाशा बना देगा? उसको सड़क रोकने का क्या अधिकार है? आवागमन बाधित करने का कौन-सा अधिकार है? जहां उसका (नमाज़ का) स्थल होगा, वहां जाकर करे."

    मुख्यमंत्री ने 'जनसंख्या' को लेकर भी टिप्पणी की है.

    उन्होंने कहा, "उन लोगों ने मुझसे कहा, साहब कैसे होगा? हमारी जनसंख्या ज़्यादा है. मैंने कहा, शिफ़्ट में कर लो. तुम्हारे घर में रहने की जगह नहीं है, तो संख्या नियंत्रित कर लो. और अगर सामर्थ्य नहीं है तो क्यों संख्या बढ़ाए जा रहे हो?"

    उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'अगर सिस्टम के साथ रहना है' तो नियम और क़ानून को मानना होगा.

    योगी आदित्यनाथ ने कहा, "नमाज़ पढ़नी आवश्यक है तो आप शिफ़्ट में पढ़िए. हम उसको रोकेंगे नहीं, लेकिन सड़क पर नहीं. सड़क चलने के लिए है... सरकार का नियम सबके लिए समान रूप से लागू होता है. हमने सबको कहा कि सड़कों पर अराजकता नहीं फैलने देंगे. प्यार से मानेंगे तो ठीक बात है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीक़ा अपनाएंगे."

    उन्होंने कहा, "हमारा काम है संवाद बनाना. आप संवाद से मानेंगे तो संवाद से, नहीं तो संघर्ष से भी देख लो."

  5. केरल: वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने पर क्या बोले पीएम मोदी?

    कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सीएम बनने पर बधाई दी है.

    पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "वीडी सतीशन जी को केरलम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई. उनके कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं."

    उन्होंने लिखा, "केंद्र सरकार केरलम की नई सरकार को भरोसा दिलाती है कि जनता की उम्मीदों को पूरा करने में हर संभव मदद की जाएगी."

    सतीशन का शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हुआ, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद रहे. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे.

    केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  6. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  7. पीएम मोदी को स्वीडन में मिले सम्मान पर संजय राउत बोले, 'इस अवॉर्ड का क्या करना है'

    स्वीडन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस' सम्मान से सम्मानित किया है. इस पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है.

    राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी अवॉर्ड लेने में सेंचुरी पूरी करेंगे. जिस भी देश में जाते हैं, वहां का सबसे बड़ा अवॉर्ड उन्हें मिलता है...इस अवॉर्ड का क्या करना है? जबकि देशवासियों को महंगाई और बेरोज़गारी जैसा अवॉर्ड मिल रहा है."

    संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्रा की भी तीखी आलोचना करते हुए कहा, "वो हमें कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाओ और ख़ुद लगातार देशों का दौरा कर रहे हैं. अब पीएम 7 देशों के दौरे पर गए हैं."

    गौरतलब है कि पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार' सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.

  8. पाकिस्तान ने यूएई के न्यूक्लियर प्लांट पर हुए हमले को लेकर क्या कहा?

    पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बराकाह परमाणु केंद्र को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की है.

    पाकिस्तान ने कहा कि न्यूक्लियर ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय क़ानून, अंतरराष्ट्रीय मानवता क़ानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी के नियमों का गंभीर उल्लंघन है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया, "यूएई के बराकाह न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. पाकिस्तान पूरी तरह से यूएई की जनता और सरकार के साथ खड़ा है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "न्यूक्लियर प्लांट को किसी भी हालत में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. ऐसे ग़ैर-जिम्मेदाराना क़दम इंसानों की ज़िंदगी, पर्यावरण, वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए बहुत ख़तरनाक साबित हो सकते हैं."

    "पाकिस्तान सभी पक्षों से अपील करता है कि वे पूरी तरह संयम बरतें, अंतरराष्ट्रीय क़ानून और मानवता क़ानून के तहत अपनी ज़िम्मेदारियां निभाएं. ऐसे क़दमों से बचें जो तनाव को और बढ़ा सकते हैं और जिनके असर क्षेत्र से बाहर तक जा सकते हैं."

    इससे पहले भारत ने भी इस हमले की निंदा की थी. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा, "ऐसे कार्य अस्वीकार्य हैं और तनाव बढ़ाने का काम करते हैं. हम तत्काल संयम बरतने और संवाद और कूटनीति की ओर लौटने का आह्वान करते हैं."

  9. सुप्रीम कोर्ट ने उमर ख़ालिद को ज़मानत नहीं देने वाले अपने ही फ़ैसले पर उठाए सवाल

    सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली दंगों की साज़िश के मामले में उमर ख़ालिद को ज़मानत न देने के अपने ही फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा कि यह फ़ैसला 2021 में तीन जजों की बेंच के यूनियन ऑफ़ इंडिया बनाम केए नजीब के फ़ैसले का ठीक से पालन नहीं करता. उसमें कहा गया था कि अगर केस की सुनवाई बहुत लंबी खिंच जाए तो ग़ैरक़ानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) मामलों में भी ज़मानत दी जा सकती है.

    जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की बेंच ने यह बातें उस समय कहीं जब उन्होंने सैयद इफ्तिख़ार अंद्राबी की ज़मानत मंज़ूर की.

    अंद्राबी 6 साल से जेल में हैं और उन पर आरोप है कि उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी से 'आतंकवाद' को फ़ंड किया.

    अदालत ने कहा, "उमर ख़ालिद को जमानत न देने के फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट की बड़ी बेंच के फ़ैसले का पालन नहीं किया गया. बेल नियम है और जेल अपवाद, यह सिद्धांत यूएपीए जैसे कड़े क़ानूनों में भी लागू होता है."

    कोर्ट ने 2024 में हुए गुरविंदर सिंह बनाम यूनियन ऑफ़ इंडिया के फ़ैसले पर भी नाराज़गी जताई, क्योंकि उसमें केए नजीब के फ़ैसले को लागू नहीं किया गया.

    गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आज के जजमेंट की लिखित कॉपी अभी उपलब्ध नहीं हो पाई है.

  10. यूपी: लखीमपुर खीरी में ट्रक और वैन में टक्कर, 10 लोगों की मौत, प्रशांत पांडेय, लखीमपुर खीरी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी ज़िले में ट्रक और मैजिक वैन में टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई.

    लखीमपुर खीरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह हुआ, जब एक मैजिक वैन लखीमपुर से बहराइच की तरफ जा रही थी.

    उन्होंने कहा, "धौरहरा कोतवाली इलाक़े के भरेहटा गांव के पास बहराइच की तरफ से आ रहे ट्रक से मैजिक वैन की भिड़ंत हो गई. हादसे में 10 लोगों मौत हो गई."

    डीएम ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएँ भी शामिल हैं. छह लोग बहराइच ज़िले के निवासी हैं. बाक़ी लोगों की पहचान की जा रही है.

    यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर हादसे को लेकर दुःख जताया है और मृतकों के परिवारों की मदद और घायलों के इलाज की व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए हैं.

  11. ईरान के पूर्व कमांडर बोले, 'हमारी सहनशीलता की एक सीमा'

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व कमांडर मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिकी नाकाबंदी को दुनिया के देशों के लिए नुक़सानदायक बताया है.

    मोहसिन रेज़ाई ने कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी जितनी लंबी चलेगी, उतना ही दुनिया के देशों को नुक़सान होगा.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, मोहसिन रेज़ाई ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, "हमारी सहनशीलता की एक सीमा है और सशस्त्र बल खुद को तैयार कर रहे हैं. होर्मुज़ स्ट्रेट व्यापार के लिए खुला है लेकिन सैन्य कार्रवाई के लिए नहीं."

    उन्होंने कहा, "हक़ीक़त यह है कि अमेरिका पूरी तरह फंसा हुआ है. एक तरफ वह लड़ना चाहता है और अगले दो-तीन दिनों में मैदान में उतर भी सकता है. लेकिन दूसरी ओर अमेरिकी सेना ट्रंप से कह रही है कि ऐसा करने से अमेरिकी फ़ौजी पकड़े जा सकते हैं."

    दरअसल, पिछले कुछ दिनों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को युद्धविराम तोड़ने की धमकियां दी हैं.

    उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ युद्धविराम 'लाइफ़ सपोर्ट' पर है. रविवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान का समय निकलता जा रहा है.

  12. सऊदी अरब ने नष्ट किए तीन ड्रोन, इराक़ के हवाई क्षेत्र से हुए थे दाख़िल

    सऊदी अरब ने बताया है कि उसने रविवार को अपने हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए तीन ड्रोन नष्ट किए हैं.

    सऊदी रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर जारी बयान में बताया, "17 मई को तीन ड्रोन नष्ट किए गए. ये ड्रोन इराक़ी हवाई क्षेत्र से होकर सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए थे."

    रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अल-मालिकी ने कहा, "हमारा रक्षा मंत्रालय सही समय और सही जगह पर जवाब देने का अधिकार रखता है. देश के ख़िलाफ़ किसी भी कोशिश पर ज़रूरी क़दम उठाया जाएगा."

    रविवार सुबह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में भी ड्रोन हमला हुआ था.

    हालांकि, यूएई ने अब तक यह नहीं बताया है कि यह हमला किस ओर से हुआ है.

    गौरतलब है कि क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण हैं क्योंकि अमेरिका-इसराइल ने ईरान पर हमले किए थे. अप्रैल में युद्धविराम लागू होने के बाद इन देशों में संघर्ष रुका हुआ है, लेकिन इराक़ से सऊदी अरब और कुवैत समेत खाड़ी देशों की तरफ़ ड्रोन हमले अब भी जारी हैं.

  13. वीडी सतीशन ने ली केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ, ये नेता रहे मौजूद

    कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. अब 20 विधायक मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं.

    शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में हो रहा है, जहां पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी मौजूद हैं. इनके अलावा, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी उपस्थित हैं.

    वीडी सतीशन 6 बार के विधायक हैं और केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा चुके हैं.

    वो पहली बार 2001 में विधानसभा के लिए चुने गए और तब से लेकर अब तक पारावुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार हर चुनाव जीतते आए हैं.

    140 सीटों वाले केरल में यूडीएएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  14. बिहार: सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग

    बिहार केसासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह पटना जाने वाली ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गई. इस घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.

    मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र के मुताबिक़, घटना के वक़्त ट्रेन खाली थी.

    दरअसल, ट्रेन स्टेशन के प्लेटफ़ार्म नंबर 6 पर खड़ी थी. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रेन की बी-3 बोगी के टॉयलेट वाले हिस्से से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया.

    कुछ ही देर में धुआं आग में बदल गया और बोगी के अंदर फैलने लगा. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे.

    रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने आग पर जल्द ही क़ाबू पा लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है.

    प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी तकनीकी ख़राबी की आशंका जताई जा रही है . रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है.

  15. अमेरिका के दो लड़ाकू विमानों के टकराने पर ईरान ने तंज में क्या कहा

    अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए, जिस पर अब ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    हैदराबाद में ईरानी कॉन्सुलेट ने घटना का वीडियो पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "अमेरिकी सेना ऐसे बेकार के ऑपरेशन में ही जीत सकती है किसी वास्तविक लड़ाई में नहीं."

    दरअसल, अमेरिका में यह हादसा रविवार को हुआ. यहां एक एयर शो के दौरान ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चार क्रू सदस्य पैराशूट के ज़रिए तुरंत सुरक्षित बाहर आ गए.

    अमेरिकी नौसेना कहना है कि जो जेट्स टकराए, उनकी क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी लगभग 672 करोड़ रुपए है.

    इससे पहले 2018 में अमेरिका में ही गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.

  16. रूस की राजधानी मॉस्को हुए हमले पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने क्या कहा, टोबी मान और जारोस्लाव लुकीव

    यूक्रेन ने रविवार रात को रूस की राजधानी मॉस्को पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया है. रूसी अधिकारियों ने बताया कि हमले में तीन लोगों की मौत हो गई.

    रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास ने कहा कि बीते एक साल की अवधि में यह मॉस्को पर सबसे बड़ा हमला है.

    भारत के मॉस्को दूतावास ने बताया कि मरने वालों में एक भारतीय नागरिक भी है और तीन लोग घायल हुए हैं.

    यूक्रेन ने भी रूस पर किए गए हमलों की पुष्टि की है. राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि ये हमले 'पूरी तरह जायज़' जवाब हैं, क्योंकि रूस ने यूक्रेनी शहरों पर घातक हमले किए थे.

    गौरतलब है कि हाल ही में रूस ने यूक्रेन की राजधानी किएव में बड़े ड्रोन और मिसाइल हमले किए थे, इनमें 24 लोगों की मौत हुई थी.

  17. केरल: वीडी सतीशन आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, जानें समारोह में कौन-कौन होगा शामिल

    केरल में आज यानी सोमवार को कांग्रेस नेता वीडी सतीशन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

    मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे शुरू होगा.

    केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की नई सरकार में 20 मंत्री भी शपथ लेंगे, इनके नामों की घोषणा रविवार को ही हो गई थी.

    कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होंगे.

    कांग्रेस ने विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का पद अपने पास ही रखा है. कांग्रेस ने तिरुवनचूर राधाकृष्णन को विधानसभा स्पीकर और शनिमोल उस्मान को डिप्टी स्पीकर बनाया है.

    केरल विधानसभा की 140 सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान हुआ था. चार मई को आए नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की थी.

  18. पीएम मोदी को मिला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान मिला है.

    यह स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है, जो किसी भी देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्र प्रमुख को दिया जाता है.

    पीएम मोदी को स्वीडन के ग्योथेनबर्ग शहर में रविवार को यह सम्मान दिया गया. यह प्रधानमंत्री मोदी का 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है.

    पीएम मोदी के सम्मान के दौरान स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन समेत कई नेता मौजूद रहे.

    "रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार" की शुरुआत साल 1748 में हुई थी. इसका मक़सद स्वीडन या स्वीडन के हितों के लिए किए गए कामों को पहचान देना है.

    ख़ासकर सार्वजनिक गतिविधियों में योगदान और ज़िम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने वाले लोगों को यह सम्मान दिया जाता है.

  19. अमेरिका के दो लड़ाकू विमान आपस में टकराए, इनमें सवार क्रू का क्या हुआ?, नार्डिन साद

    अमेरिका में एक एयर शो के दौरान दो लड़ाकू विमान हवा में आपस में टकरा गए. गनीमत ये रही कि जेट से सभी एयरक्रू सुरक्षित तरीक़े से बाहर निकल गए थे.

    यह हादसा रविवार को हुआ, जो गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो का आख़िरी दिन था. यहां पर ईए 18-जी जेट आपस में टकराए, जिसके बाद चारों क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर आ गए.

    इस हादसे के बाद आग लग गई और बेस को थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया गया. एयर शो के बाक़ी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए और जांच शुरू कर दी गई.

    माउंटेन एयर फ़ोर्स बेस गनफ़ाइटर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, "इस घटना में शामिल एयरक्रू सुरक्षित हालत में हैं. हमारे मेहमानों का धन्यवाद, जिनके धैर्य और सहयोग ने हमें जल्दी और सुरक्षित तरीक़े से घटना पर प्रतिक्रिया देने में मदद की."

    कमांडर अमेलिया उमायम ने सीबीएस न्यूज़ को बताया कि क्रू सदस्यों की जांच मेडिकल टीम कर रही है.

    अमेरिकी नौसेना के मुताबिक़, इन जेट की क़ीमत लगभग 7 करोड़ डॉलर यानी 672 करोड़ रुपए है.

    इससे पहले 2018 में गनफ़ाइटर स्काईज़ एयर शो में एक ग्लाइडर पायलट की दुर्घटना में मौत हो गई थी.

  20. डोनाल्ड ट्रंप ने दी ईरान को चेतावनी, 'समय निकलता जा रहा है', एला किपलिंग

    अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम जारी है, लेकिन अभी तक संघर्ष स्थायी तौर पर नहीं रुका है. अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि समय निकलता जा रहा है.

    जंग ख़त्म करने की बातचीत अटक जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि घड़ी की सुई तेज़ी से घूम रही है.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान का समय निकल रहा है, उन्हें तुरंत क़दम उठाने होंगे, वरना उनके पास कुछ भी नहीं बचेगा. समय बहुत अहम है."

    दूसरी ओर, ईरानी मीडिया ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के ताज़ा प्रस्तावों पर कोई क़दम नहीं उठाया है. मेहर न्यूज़ एजेंसी ने कहा कि अमेरिका का समझौता न करना बातचीत को रुकावट की तरफ़ ले जाएगा.

    बीते हफ़्ते ही ईरान ने अमेरिका की मांगों को ख़ारिज किया था, तब भी ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि युद्धविराम "लाइफ़ सपोर्ट" पर है.