लाइव , डीएमके ने डीलिमिटेशन बिल के समर्थन का किया एलान

डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई जिसके बाद डीएमके सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा ने पत्रकारों से बात की.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • क्यों झड़ते हैं लोगों के बाल
  • डीलिमिटेश बिल पर बोलीं सुप्रिया सुले
  • मीडिया के लिए खुला केजरीवाल का पुराना आवास
  • मध्य प्रदेश के सागर में शराब न पीने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
  • pakistan china astronaut
  • pakistan social media sensation
  • जेनसन हुआंग

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह

  1. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत की पहली पारी लड़खड़ाई, छह विकेट गिरे

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल ख़त्म हो गया है.

    दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने छह विकेट पर 116 रन बना लिए हैं. ध्रुव जुरेल सात रन बनाकर क्रीज़ पर हैं.

    भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए.

    पहली पारी में न्यूज़ीलैंड की टीम 356 रन पर ऑलआउट हो गई.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज़्यादा 89 रन बनाए. कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली.

  2. डीएमके ने डीलिमिटेशन बिल के समर्थन का किया एलान

    मोदी और एमके स्टालिन
    इमेज कैप्शन, शनिवार को डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    डीलिमिटेशन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंज़ूरी मिलने के बाद डीएमके ने इसके नए मसौदे का समर्थन करने का एलान किया है.

    बीबीसी तमिल के मुताबिक़, शनिवार को डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई जिसके बाद डीएमके सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा ने पत्रकारों से बात की.

    उन्होंने कहा, "1971 में डीएमके समेत सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर संसद में सीटों की संख्या तय की थी. उस समय तमिलनाडु की दो सीटें कम हुई थीं. इसके बावजूद डीएमके ने देश के हित में इसे स्वीकार किया था."

    ए राजा ने कहा कि हर राज्य को एक निश्चित हिस्सेदारी दी गई है और उसमें बदलाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा, "अब दो सीटें कम नहीं हो रही हैं, बल्कि अतिरिक्त सीटें मिलने वाली हैं."

    उन्होंने कहा कि पिछले परिसीमन के दौरान तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.18 थी. उचित परिसीमन के लिए इस हिस्सेदारी को बरकरार रखना ज़रूरी है.

    उनके मुताबिक़, कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों ने भी यही मांग की थी.

    ए राजा स्टालिन
    इमेज कैप्शन, सांसद ए. राजा डीएमके नेता एम.के. स्टालिन के साथ

    ए राजा ने आगे कहा, "यह फ़ैसला उसी प्रस्ताव के मुताबिक़ लिया गया है. टीवीके सरकार की ओर से लाए गए प्रस्ताव के दौरान भी हमने यही मांग रखी थी कि तमिलनाडु की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. हमने उसी आधार पर अपना रुख़ तय किया है. राष्ट्रीय स्तर और विधानसभा में लिए गए फ़ैसलों के आधार पर ही यह निर्णय लिया गया है."

    केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया था कि संसद का सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.

    इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से संबंधित संशोधित विधेयक फिर से पेश करने की तैयारी में है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  3. महिला आरक्षण और डीलिमिटेशन पर बसपा अध्यक्ष मायावती ने क्या कहा?

    मायावती
    इमेज कैप्शन, मायावती ने महिला आरक्षण में एससी और एसटी की महिलाओं के लिए अलग से प्रावधान करने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फ़ैसले का स्वागत किया है.

    शनिवार को उन्होंने एक्स पर कहा, "उनकी पार्टी शुरू से ही महिलाओं को राजनीति में उचित अवसर देने की पक्षधर रही है. बीएसपी लगातार मांग करती रही है कि महिलाओं के लिए 33 फ़ीसदी आरक्षण जल्द से जल्द लागू किया जाए."

    हालांकि, उन्होंने कहा, "बेहतर होता अगर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए इसमें अलग से आरक्षण का प्रावधान किया जाता."

    मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर विचार करने की अपील की है.

    उन्होंने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या 50 फ़ीसदी बढ़ाने से जुड़े तीन विधेयकों का ज़िक्र करते हुए डीलिमिटेशन प्रक्रिया पर अपनी बात रखी.

    मायावती ने कहा, "डीलिमिटेशन (परिसीमन) के दौरान सीटों की सीमाएं तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं."

    उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां अक्सर देश और जनता के हितों से ज़्यादा अपनी पार्टी के हितों को महत्व देती हैं.

    केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  4. डीलिमिटेशन बिल पर चिदंबरम ने पूछा- किस राज्य की कितनी हिस्सेदारी होगी?

    पी चिदंबरम
    इमेज कैप्शन, चिदंबरम ने संविधान संशोधन बिल पर सवाल उठाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने शनिवार को डीलिमिटेशन (परिसीमन) बिल से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने एक्स पर कहा, "इस विधेयक में लोकसभा की कुल सीटों में हर राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी को अगले 25 साल तक बनाए रखने का प्रस्ताव है. इससे उनकी दो चिंताओं का समाधान होता है, लेकिन एक अहम सवाल अब भी बना हुआ है."

    उन्होंने कहा, "यह देखना काफ़ी नहीं है कि लोकसभा की कुल सीटों में किस राज्य की कितनी हिस्सेदारी होगी. यह भी ज़रूरी है कि हर राज्य के पास कुल कितनी सीटें होंगी."

    उन्होंने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ने पर हर राज्य के अंदर भी सीटों का परिसीमन करना होगा. यानी यह तय करना होगा कि राज्य के किन इलाक़ों को मिलाकर कौन सा लोकसभा क्षेत्र बनेगा.

    चिदंबरम ने आशंका जताई कि इससे सरकार को अपने हिसाब से लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं तय करने का मौक़ा मिल सकता है.

    उन्होंने कहा, "असम और जम्मू-कश्मीर में सरकार ऐसा कर चुकी है. निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव करना बड़ा ख़तरा है."

    चिदंबरम ने सरकार से सवाल किया कि महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण देने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने की ज़रूरत क्यों है? सरकार मौजूदा सीटों की संख्या के आधार पर ही महिला आरक्षण क्यों लागू नहीं कर सकती?

    केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  5. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद क्यों बोले- 'आत्मसमर्पण करके चुनाव में नहीं उतर सकते'

    इमरान मसूद
    इमेज कैप्शन, इमरान मसूद ने कहा कि अगर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनना है, तो दिल बड़ा करना होगा

    कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें. लेकिन उसकी मांग है कि गठबंधन में कांग्रेस को भी उचित जगह दी जाए.

    जब उनसे पूछा गया कि सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच ऐसी ख़बरें आई थीं कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को केवल 26 सीटें दे रही है.

    इस पर न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से इमरान मसूद ने कहा, ''अगर हमारी हैसियत को इतना कम करके आंकने की कोशिश की जा रही है तो यह अच्छी बात नहीं है. हम अपनी पार्टी का आत्मसमर्पण करके चुनाव के मैदान में नहीं उतर सकते.''

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में 107 सीटों पर लड़ी थी. लेकिन तब की स्थिति और आज की स्थिति में काफ़ी अंतर आ चुका है.

    इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन के दौरान 43 सांसद जीते थे. उनमें समाजवादी पार्टी के सांसद भी थे और कांग्रेस के भी.

    उन्होंने कहा, ''अगर आपको (अखिलेश यादव) मुख्यमंत्री बनना है, तो दिल बड़ा करना होगा.''

  6. इसराइल पर हमास नेता के बेटे और परिवार की हत्या की कोशिश का आरोप

    ख़लील अल-हय्या
    इमेज कैप्शन, राजनीतिक प्रमुख ख़लील अल-हय्या (फ़ाइल फ़ोटो)

    हमास का दावा है कि उसके राजनीतिक प्रमुख ख़लील अल-हय्या के बेटे इज़्ज़ अल-दीन शुक्रवार को इसराइली हमले में बच गए.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, हमास ने इसे उनकी हत्या की कोशिश बताया है.

    हमास के नेता बासिम नईम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि शुक्रवार तड़के हुए हवाई हमले में इज़्ज़ अल-दीन और उनका परिवार बच गया.

    हमास के सूत्रों के मुताबिक़, हमले में कई लोग घायल हुए हैं. इनमें इज़्ज़ अल-दीन की पत्नी भी शामिल हैं. हालांकि, किसी की मौत नहीं हुई.

    इसराइली सेना ने अभी इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है. उसने कहा है कि वह मामले की जांच कर रही है.

    बासिम नईम ने बताया कि इज़्ज़ अल-दीन का जन्म 1997 में हुआ था. वह ख़लील अल-हय्या के इकलौते जीवित बेटे हैं. इसराइली सेना उनके चार अन्य बेटों को मार चुकी है.

    नईम ने यह भी बताया कि शुक्रवार के हमले में ख़लील अल-हय्या के एक मारे जा चुके बेटे के परिवार के लोग भी बच गए.

    हमास ने अपने बयान में कहा कि इसराइली सेना ने एक रिहायशी अपार्टमेंट पर हमला किया था. संगठन ने इसे इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ की ख़लील अल-हय्या को दी गई धमकियों से जोड़ा है.

    इसराइल की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है.

  7. पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमता पर भारत के सीडीएस ने क्या कहा?

    एनएस राजा सुब्रमणि
    इमेज कैप्शन, भारतीय सीडीएस ने कहा कि हमें यह भी मानकर चलना होगा कि पाकिस्तान को तुर्की से भी मदद मिलेगी

    भारत के चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता बढ़ रही है.

    शुक्रवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपार्को भी अपनी क्षमताएं विकसित करने पर काम कर रही है. अब हमें यह भी मानकर चलना होगा कि उसे तुर्की से भी मदद मिलेगी.

    उन्होंने कहा कि भारत को अपनी रणनीति बनाते समय इन क्षमताओं को ध्यान में रखना होगा. पाकिस्तान की आईएसआर क्षमता भी बेहतर होगी.

    सीडीएस ने कहा कि इन बातों को ध्यान में रखते हुए भारत को अपनी क्षमताएं बढ़ानी होंगी. स्पेस-बेस्ड सर्विलांस फ़ेज़-3 (एसबीएस-3) शुरू होने से भारत की क्षमता काफ़ी बढ़ेगी.

    उन्होंने कहा, "हम ऐसे तरीक़ों पर भी काम कर रहे हैं जिससे हम अधिक उपग्रह (सैटेलाइट) बना सकें और उन्हें लॉन्च भी कर सकें."

  8. अमेरिका में उड़ान से पहले दो विमानों के विंग आपस में टकराए, रेबेका पीडर, वॉशिंगटन डीसी

    अमेरिका
    इमेज कैप्शन, टक्कर के बाद दोनों विमानों को वापस गेट पर लाया गया

    अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी स्थित रीगन एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले अमेरिकन एयरलाइंस के दो विमानों के विंग आपस में टकरा गए.

    यह घटना शुक्रवार को स्थानीय समय के मुताबिक़, शाम क़रीब 5.10 बजे हुई. उस वक़्त दोनों विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहे थे.

    अमेरिकी फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़एए) ने इसकी जानकारी दी है.

    अमेरिकन एयरलाइंस के मुताबिक़, एक विमान का विंग दूसरे विमान से टकरा गया. इस घटना में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.

    एफ़एए ने कहा है कि वह इस घटना की जांच करेगा.

    अमेरिकी एयरलाइंस के मुताबिक़, टक्कर के बाद दोनों विमानों को वापस गेट पर लाया गया. तकनीकी टीमों की जांच के लिए उन्हें सेवा से हटा दिया गया है.

    एफ़एए ने बताया कि अमेरिकन एयरलाइंस की फ़्लाइट 638 का विंग, उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर जाते समय फ़्लाइट 2152 के विंग से टकराया.

    यह घटना उसी एयरपोर्ट पर हुई है, जहां जनवरी 2025 में एक यात्री विमान और अमेरिकी सेना के हेलीकॉप्टर के बीच टक्कर हुई थी. उस हादसे में 67 लोगों की मौत हुई थी.

  9. न्यूज़ीलैंड की टीम 356 रन पर ऑल आउट, आकाश दीप ने लिए पांच विकेट

    आकाश दीप
    इमेज कैप्शन, जसप्रीत बुमराह को पहली पारी में कोई विकेट नहीं मिला (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में न्यूज़ीलैंड की टीम 356 रन पर ऑलआउट हो गई.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज़्यादा 89 रन बनाए. कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली.

    इन दोनों के अलावा न्यूज़ीलैंड का कोई भी बल्लेबाज़ 50 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सका.

    भारत की तरफ़ से आकाश दीप ने शानदार गेंदबाज़ी की. उन्होंने 99 रन देकर पांच विकेट लिए. अंशुल कंबोज और गुरनूर बराड़ को दो-दो विकेट मिले.

    जसप्रीत बुमराह को पहली पारी में कोई विकेट नहीं मिला.

    अब भारत की तरफ़ से यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पारी की शुरुआत कर सकते हैं.

    दोनों देशों के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था.

  10. अमेरिका में तूफ़ान से लाखों लोग बिना बिजली के, हज़ारों उड़ानों में देरी, जेम्स फ़िट्ज़गेराल्ड

    अमेरिका
    इमेज कैप्शन, अमेरिका में शुक्रवार को 2,700 से ज़्यादा उड़ानों में देरी हुई और क़रीब 150 उड़ानें रद्द कर दी गईं

    अमेरिका में आए तूफ़ान के कारण लाखों लोग बिजली के बिना हैं. तूफ़ान के एक दिन बाद भी कई इलाक़ों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है.

    गुरुवार को अमेरिका के पूर्वी तट पर आए शक्तिशाली तूफ़ान के कारण तेज़ हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई. तटीय इलाक़ों में बाढ़ जैसे हालात बन गए.

    बिजली कटौती से पेनसिल्वेनिया सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य रहा. बिजली आपूर्ति पर नज़र रखने वाली वेबसाइट पावरआउटेज डॉट यूएस के मुताबिक़, शुक्रवार सुबह भी यहां बड़ी संख्या में लोग बिजली के बिना थे.

    अमेरिका के पश्चिमी तट पर भी तूफ़ान आया. हालांकि, अब मौसम में सुधार हो रहा है. मौसम का पूर्वानुमान लगाने वालों का कहना है कि हालात सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा.

    तूफ़ान के कारण अमेरिका में हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है. शुक्रवार को 2,700 से ज़्यादा उड़ानों में देरी हुई और क़रीब 150 उड़ानें रद्द कर दी गईं.

    फ़्लाइटअवेयर डॉट कॉम के मुताबिक़, थैंक्सगिविंग के दिन भी 2,500 से ज़्यादा उड़ानों में देरी हुई थी और 450 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं.

  11. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.