राष्ट्रपति ट्रंप बोले, 'जॉर्जिया मेलोनी अच्छी इंसान हैं, लेकिन उन्होंने ग़लती की'
अपने ताज़ा बयान में ट्रंप का लहजा मेल-मिलाप वाला रहा. उन्होंने एक बार फिर अमेरिका और इसराइल के ईरान के ख़िलाफ़ अभियान में यूरोपीय देशों की सीमित भूमिका पर नाराजगी जताई.
राष्ट्रपति ट्रंप बोले, 'जॉर्जिया मेलोनी अच्छी इंसान हैं, लेकिन उन्होंने ग़लती की'
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, नेटो शिखर सम्मेलन से पहले भी ट्रंप कई बार यूरोपीय सदस्य देशों की आलोचना कर चुके हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बारे में कहा कि "मुझे लगता है कि वह वाकई अच्छी इंसान हैं."
हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बीच रिश्तों में तनाव देखने को मिला है.
तुर्की में नेटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे ट्रंप ने राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमारे रिश्ते कुछ खराब हो गए थे, क्योंकि उन्होंने हमारी मदद नहीं की. वह होर्मुज़ स्ट्रेट के मुद्दे पर शामिल नहीं होना चाहती थीं."
दोनों नेताओं के बीच तनाव तब बढ़ा था, जब ट्रंप ने एक इतालवी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में दावा किया था कि जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए "मिन्नतें की थीं" और उन्होंने सिर्फ इसलिए हामी भरी क्योंकि "उन्हें उन पर तरस आ गया था."
हालांकि, अपने ताज़ा बयान में ट्रंप का लहजा मेल-मिलाप वाला रहा. उन्होंने एक बार फिर अमेरिका और इसराइल के ईरान के ख़िलाफ़ अभियान में यूरोपीय देशों की सीमित भूमिका पर नाराजगी जताई.
ट्रंप ने कहा, "मैं उन्हें (जॉर्जिया मेलोनी को) पसंद करता हूं. मुझे सच में लगता है कि वह अच्छी इंसान हैं, लेकिन मेरा मानना है कि उन्होंने ग़लती की. वह हमारे साथ खड़ी नहीं थीं और इससे मैं खुश नहीं था."
नेटो शिखर सम्मेलन से पहले भी ट्रंप कई बार यूरोपीय सदस्य देशों की आलोचना कर चुके हैं कि उन्होंने ईरान के खिलाफ संघर्ष में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई. वहीं, यूरोपीय सहयोगी रक्षा खर्च बढ़ाने की प्रतिबद्धता दिखाकर उनकी नाराजगी कम करने की कोशिश करते रहे हैं.
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पुलिसकर्मियों पर हमला, 9 जवानों की मौत, मुहम्मद काज़िम, बीबीसी उर्दू, क्वेटा, बलूचिस्तान से और इयान ऐकमैन
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में पहरा देते हुए हथियारों से लैस पुलिसकर्मी
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में बंदूकधारियों के हमले में कम से कम 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है, जबकि कई अब भी लापता हैं.
एक स्थानीय सरकारी अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को यह जानकारी दी.
बलूचिस्तान के जियारत ज़िले में बन रहे अरबों रुपये की लागत वाले मांगी डैम के निर्माण स्थल की सुरक्षा में तैनात पुलिस पर हमलावरों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी.
जियारत के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल कुद्दूस अचकजई ने बताया कि मारे गए लोगों में दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं. लापता पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है.
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, बलूचिस्तान प्रशासन का कहना है कि जवाबी कार्रवाई के तहत सुरक्षा बलों ने जियारत में चलाए गए क्लियरेंस ऑपरेशन में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के 15 चरमपंथी मारे गए हैं.
हमले के विरोध में घटनास्थल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं.
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि "शहीद पुलिसकर्मी हमारे देश का गौरव थे."
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिसकर्मी मांगी डैम निर्माण स्थल की सुरक्षा में तैनात थे. यह बांध बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पानी की कमी दूर करने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है.
अफ़ग़ानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे बलूचिस्तान में लंबे समय से अशांति बनी हुई है. यहां सक्रिय स्थानीय चरमपंथी संगठन पाकिस्तान सरकार से अधिक स्वायत्तता की मांग करते रहे हैं.
मई में स्थानीय अधिकारियों ने बताया था कि बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने सैन्यकर्मियों को ले जा रही एक ट्रेन पर हमला किया था, जिसमें 20 लोगों की मौत हुई थी.
इस इलाके में सीमा पार से होने वाले हमले भी होते रहे हैं. पिछले सप्ताह अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया था कि उसने इस क्षेत्र में हमले किए, जबकि पाकिस्तान की सेना ने कहा था कि उसने चार ड्रोन मार गिराए.
तुर्की में राष्ट्रपति ट्रंप बोले, 'नेटो से मैं बेहद निराश हूं'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नेटो शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए तुर्की पहुंच गए हैं.
यहां पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि ईरान के साथ अमेरिका के युद्ध के दौरान नेटो के यूरोपीय सहयोगियों की प्रतिक्रिया से वह "बेहद निराश" हैं.
तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोआन से मुलाक़ात के दौरान ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "मैं नेटो से बहुत निराश हूं."
उन्होंने आगे कहा, "हमें किसी भी तरह की मदद की ज़रूरत नहीं थी. मैं एक तरह से लोगों की परीक्षा ले रहा था."
ट्रंप ने कहा, "मैं यह देखना चाहता था कि क्या नेटो के सदस्य हमारे साथ खड़े होंगे या नहीं. मैं लंबे समय से कहता आया हूं कि हमने उनकी मदद की है, लेकिन मुझे यकीन नहीं है कि ज़रूरत पड़ने पर वे भी हमारे साथ खड़े होंगे."
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तुर्की की राजधानी अंकारा में बुधवार को होने वाले नेटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इस देश पहुंचे हैं.
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति बोले, 'मेरे अंदर भारतीय डीएनए है', पीएम मोदी ने दिया जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में वहां के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो से मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में मंगलवार को एक सामुदायिक कार्यक्रम में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने कहा कि भारत की अपनी यात्रा से पहले उन्होंने डीएनए टेस्ट करवाया था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया के दौरे पर हैं. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भी वहां मौजूद थे.
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने कहा, "भारत की अपनी राजकीय यात्रा से ठीक पहले, मैंने जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट करवाया था. मैंने अपना डीएनए टेस्ट करवाया और मुझे पता चला कि मुझमें भारतीय डीएनए है. इसीलिए मुझे लगता है कि जब भी मैं कोई संगीत सुनता हूं, खासकर भारतीय संगीत, तो मेरा शरीर थिरकने लगता है."
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "राष्ट्रपति जी, आपने उस समय कहा और आज भी कहा कि आपमें इंडिया का डीएनए है. आज भी मैंने देखा कि आपकी इस बात पर सबसे ज्यादा तालियां बजीं. उस समय भी आपने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया था. उस एक वाक्य ने भारतीयों के दिलों को छू लिया है."
"मैं आपकी उस बात को आगे बढ़ाता हूं, जिस डीएनए की बात आपने की थी और जिसकी चर्चा आज आप सबके सामने कर रहे थे. वो डीएनए आखिर है क्या? वो डीएनए आपसी विश्वास से बना है. ये डीएनए साझा विरासत से बना है."
बिहार: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने अभिषेक कुमार को बनाया उम्मीदवार
इमेज स्रोत, bihar bjp
इमेज कैप्शन, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार अभिषेक कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. पार्टी ने अभिषेक कुमार को इस सीट से टिकट दिया है.
फ़िलहाल अभिषेक कुमार
भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं.
यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफ़े के बाद ख़ाली हुई थी.
वहीं, प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने भी बांकीपुर उपचुनाव में उन्हें उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है. यह प्रशांत किशोर का पहला चुनाव होगा. बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में उनकी पार्टी ने चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ा था.
दूसरी ओर, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस सीट से रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं तेजप्रताप की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने वीना मानवी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
फ्रांस के राष्ट्रपति के सीरिया दौरे के बीच दमिश्क में धमाका, इमैनुएल मैक्रों सुरक्षित
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीरियाई मीडिया के मुताबिक, इस हमले में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने बताया है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की दमिश्क यात्रा के दौरान सीरिया की राजधानी में एक धमाके की आवाज़ सुनी गई.
इमैनुएल मैक्रों सोमवार को सीरिया की राजधानी दमिश्क पहुंचे थे.
फ्रांस सरकार ने बताया है कि इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं.
सीरिया की राजधानी दमिश्क से सामने आई तस्वीरों में उस होटल के पास धुआं दिखाई दिया, जहां इमैनुएल मैक्रों अपने सीरिया दौरे के दौरान ठहरे हुए थे.
सीरिया से मिली रिपोर्टों के मुताबिक, दमिश्क के मध्य इलाके में हुए धमाकों में कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं.
बीबीसी को एक सुरक्षा सूत्र ने बताया कि ये धमाके दो देसी बमों से हुए, जिसमें कई लोग घायल हुए.
सीरियाई मीडिया के मुताबिक, घायलों में चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना ने इस दौरे को "सीरिया की अंतरराष्ट्रीय स्थिति बहाल करने की दिशा में एक अहम कदम" बताया है.
यह पश्चिमी यूरोप के किसी देश के प्रमुख की सीरिया में नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद पहली यात्रा है.
सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने अन्य देशों के साथ संबंध मज़बूत करने और सीरिया के पुनर्निर्माण के लिए बड़े स्तर पर कूटनीतिक प्रयास शुरू किए हैं.
फिलहाल, सीरिया में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना अहमद अल-शरा सरकार के सामने बड़ी चुनौतियों में से एक माना जा रहा है.
सूर्यकुमार यादव ने एक वायरल बयान और वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सूर्यकुमार ने कहा, “भारतीय क्रिकेट, अपने साथियों और इस खेल के लिए मेरा समर्थन हमेशा रहेगा
भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बयान जारी कर अपने नाम से वायरल हो रहे बयान पर सफ़ाई दी है.
उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि की जानकारी पर भरोसा न करें.
उन्होंने जारी बयान में लिखा, “मैं टीम के लिए बेहद खुश हूं और हमेशा यही प्रार्थना करता हूं कि उन्हें आगे भी सिर्फ सफलता ही मिले. मुझे पता है कि लड़के अपना 100 फ़ीसदी दे रहे हैं और उन्हें मेरा पूरा समर्थन हमेशा मिलता रहेगा.”
उन्होंने भारतीय टीम में डेब्यू करने वाले युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी के लिए संदेश भी दिया है.
उन्होंने लिखा, “वैभव के लिए खासतौर पर कहना चाहूंगा कि आप एक ऐसे सफ़र की शुरुआत कर रहे हो, जो बेहद रोमांचक होने वाला है. हर पल का आनंद लें और देश का नाम इसी तरह रोशन करते रहें."
उन्होंने आगे लिखा, “मैंने देखा है कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम से एक बयान वायरल हो रहा है. मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान न तो दिया है और न ही किसी को जारी करने की अनुमति दी है. कृपया ऐसी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और न ही उसे शेयर करें.”
सूर्यकुमार ने आगे लिखा, “भारतीय क्रिकेट, अपने साथियों और इस खेल के लिए मेरा समर्थन हमेशा रहेगा. मेरे नाम से झूठे बयान फैलाने से यह कभी नहीं बदलेगा.”
इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने अपने उस ग़लत बयान को भी शेयर किया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
उस बयान में लिखा है, "एक बात का मलाल मुझे हमेशा रहेगा कि मेरे भविष्य को लेकर मुझे कभी कोई साफ़ जानकारी नहीं दी गई. वर्ल्ड कप जीतने के बाद चयनकर्ताओं ने मुझसे कहा था कि मैं आगे भी कप्तान बना रहूंगा. लेकिन आखिरी वक्त पर मुझे पता चला कि टीम में मेरा नाम तक नहीं है."
"इतना सब कुछ करने के बाद भी मुझे वह सम्मान नहीं मिला, जिसका मैं हकदार था. ऐसा लगा जैसे मेरी सारी मेहनत और योगदान भुला दिए गए हों. आखिर में मेरे पास इस सच्चाई को स्वीकार करने के अलावा कोई रास्ता नहीं था कि अब उन्हें मेरी ज़रूरत नहीं रही."
शुभेंदु ने बारुईपुर में रेप के बाद हत्या के मामले में किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को एक किशोरी के साथ रेप और हत्या के मामले में बारुईपुर का दौरा कर किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की.
कोलकाता से सटे दक्षिण 24-परगना जिले के बारुईपुर में रविवार को तालाब से एक किशोरी का शव बरामद किया गया था. उसके साथ रेप के बाद उसे जिंदा हालत में ही बोरे में भर कर तालाब में फेंक दिया गया था.
इसके बाद इलाके के लोगों की नाराजगी भड़क उठी और उन्होंने एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. रेप और हत्या मामले में मुख्य अभियुक्त समेत तीन लोगों, आनंद सरदार, प्रभाष मंडल और दिवाकर सरदार को को गिरफ्तार किया गया है. सोमवार को उसी तालाब से एक और व्यक्ति का शव बरामद हुआ था.
शुभेंदु ने बारुईपुर जाने से पहले इस घटना की जांच के लिए गठित एसआईटी के सदस्यों के साथ राज्य सचिवालय में बैठक की और जांच की प्रगति की जानकारी ली.
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जांच की प्रगति का जायजा लेने और पीड़िता के माता-पिता और इलाके के जनप्रतिनिधियों से मुलाक़ात करने बारुईपुर पहुंचे हैं.
मुख्यमंत्री सीधे पुलिस अधीक्षक के दफ्तर पहुंचे और वहां किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात कर उनको जांच शीघ्र पूरी कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने का भरोसा दिया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने परिवार को सरकार के पूर्ण समर्थन का भी भरोसा दिया. मुख्यमंत्री के साथ पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता भी थे.
इससे पहले मंत्री अग्निमित्रा पाल और भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने किशोरी के माता-पिता से मुलाक़ात की थी. उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में विधायक सिउली साहा और पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य भी मौके पर पहुंचे.
पार्टी के बागी खेमे की सांसद काकोली घोष दस्तीदार और सयानी घोष ने भी बारुईपुर का दौरा किया.
बारपुईपुर सायनी घोष के जादवपुर संसदीय क्षेत्र में ही आता है. लेकिन स्थानीय लोगों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और नारे लगाए.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने इलाक़े के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इसमें सायनी के अलावा ऋतब्रत घोष और इलाक़े के विधायक विमान बनर्जी भी मौजूद थे.
इस बैठक के बाद सोनारपुर दक्षिण की विधायक रूपा गांगुली ने पत्रकारों को बताया, "मुख्यमंत्री ने हमसे घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली है. उन्होंने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए. मुख्यमंत्री ने दोषियों को ऐसी सजा देने की बात कही जो नजीर बने, ताकि भविष्य में ऐसी घटना फिर से नहीं हो."
कार्टून: फ़ीफ़ा की मेहरबानी
इमेज कैप्शन, फ़ीफ़ा के दौरान ट्रंप की दखलंदाजी पर आज का कार्टून
केरल के वायनाड में टनल के पास खुदाई के दौरान हादसा, कम से कम तीन की मौत, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हादसे के बाद मलबे में फंसे सात लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है
केरल के वायनाड ज़िले में बन रही टनल रोड के पास खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से एक हादसा हुआ है.
इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि मलबे में फंसे छह लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
वहीं अब तक नौ लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मज़दूरों को उस जगह तक लाने वाली एक ख़ाली बस भी मिट्टी में दब गई.
यह हादसा उस समय हुआ, जब इंजीनियर और दूसरे कर्मचारी करीब 9 किलोमीटर लंबी ट्विन टनल के निर्माण में लगे थे. यह टनल कोझिकोड के अनाकम्पॉयिल को वायनाड के कल्लाडी से जोड़ने के लिए बनाई जा रही है.
इस टनल रोड का मक़सद दोनों ज़िलों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी देना और घुमावदार मोड़ों से बचना है. टनल का निर्माण केंद्र सरकार की एक एजेंसी करा रही है, जिसने यह काम एक निजी कंपनी को सौंप रखा है.
केरल के मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों से बात करते हुए इस हादसे की पुष्टि की और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. साथ ही उन्होंने बताया कि इस हादसे में 18 लोग प्रभावित हुए हैं.
उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ़ की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और दूसरी टीम भी जल्द पहुंचेगी. फायर एंड रेस्क्यू, पुलिस और दूसरी एजेंसियां घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत-बचाव के काम में जुटी हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा, "20 जून को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और ज़िला कलेक्टर ने इस इलाके से जमा मिट्टी हटाने का आदेश दिया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ टनल का काम कर रहे ठेकेदारों ने ज़िला कलेक्टर और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेश का पालन नहीं किया."
वायनाड के कल्पेट्टा से विधायक और कृषि मंत्री टी. सिद्दीक ने कहा, "इसे प्राकृतिक भूस्खलन नहीं कहा जा सकता. यह टनल निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी के खिसकने की घटना है. खुदाई से निकली मिट्टी निर्माण स्थल के आसपास ही ढेर लगाकर रख दी गई थी."
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक़, इलाके़ में भारी बारिश के कारण कल से ही निर्माण कार्य रोक दिया गया था. पिछले 24 घंटों में यहां क़रीब 265 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
दिल्ली हाई कोर्ट ने सीजेपी के ओरिजिनल एक्स अकाउंट को अनब्लॉक करने का आदेश दिया, दीपके ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर इसे एक बड़ी जीत बताया (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक्स अकाउंट को अनब्लॉक करने का आदेश दिया.
लाइव लॉ के मुताबिक, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके की याचिका को मंज़ूरी दे दी.
कोर्ट ने कहा कि केंद्र की मुख्य चिंता अब प्रासंगिक नहीं रही क्योंकि नीट परीक्षा खत्म हो चुकी है.
भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, “केंद्र सरकार की मुख्य चिंता यह थी कि उनके पोस्ट से नीट परीक्षा के दौरान छात्रों और अभिभावकों के बीच अफरातफरी मच सकती है. इस वजह से अकाउंट ब्लॉक किया गया था.”
इसके बाद सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर इसे एक बड़ी जीत बताया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “ दिल्ली हाई कोर्ट ने हमारे ओरिजिनल एक्स अकाउंट को अनब्लॉक करने का आदेश दिया है. यह न सिर्फ़ सीजेपी और हमारे आंदोलन के लिए, बल्कि अभिव्यक्ति की आज़ादी और डिजिटल अधिकारों के लिए भी एक बड़ी जीत है.”
उन्होंने आगे लिखा, “हम ऑनलाइन और ऑफ़लाइन, दोनों तरह से युवाओं की आवाज़ उठाते रहेंगे.”
नाबालिग़ की रेप के बाद हत्या मामले में परिवार से मिलीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल, क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल (फ़ाइल फ़ोटो)
पश्चिम बंगाल की बीजेपी नेता मंगलवार को उस बच्ची के परिवार वालों से मिले जिसका रेप के बाद मर्डर कर दिया गया था.
वहीं बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी ने परिवार से मिलने के बाद कहा, "यह सरकार बदलाव की सरकार है. ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को यहां दोहराया नहीं जाएगा. गिरफ्तारियां पहले ही हो चुकी हैं और सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी."
कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाक़े के बारुईपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी.
लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया था कि हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार हुआ था.
परिजनों का कहना है कि लड़की शनिवार से लापता थी. रविवार (5 जुलाई) को जब उसका शव एक तालाब से बरामद हुआ तो इलाक़े में तनाव बढ़ गया.
वहीं तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल पुलिस बारुईपुर की घटना में एक अभियुक्त को बचा रही है. पोस्ट के साथ टीएमसी ने एक वीडियो भी शेयर किया है.
टीएमसी ने एक्स पर लिखा, "क्यों? बताया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल बीजेपी का कार्यकर्ता है. ऐसा लगता है कि सत्ताधारी पार्टी के कहने पर पुलिस अभियुक्त को बचा रही है और जान-बूझकर मामले से जुड़ी अहम जानकारियों को नज़रअंदाज़ कर रही है."
पश्चिम बंगाल : सयानी घोष बारुईपुर पहुंचीं, रेप मामले पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
तृणमूल कांग्रेस की बागी नेता सयानी घोष मंगलवार को बारुईपुर पहुंचीं.
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मैं पीड़ित परिवार से मिली हूं. जब किसी की जान जाती है, जब एक बच्ची की मौत होती है, तो हमें भी उतना ही दुख होता है.
‘’हमें अपने मुख्यमंत्री से यही उम्मीद है कि इस मामले की निष्पक्ष, सच्ची और गहन जांच हो. जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए.’’
कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाक़े के बारुईपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के बाद हत्या से पश्चिम बंगाल में ग़ुस्से का माहौल है.
लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया था कि हत्या से पहले उसके साथ बलात्कार हुआ था. हालांकि पुलिस ने शुरुआत में रेप का मामला दर्ज नहीं किया था.
लेकिन अब शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पोक्सो की धाराओं के तहत रेप का ममला दर्ज किया गया है.
वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जब बारुईपुर जाकर पीड़ित परिवार से मिलने का फ़ैसला किया तो पुलिस ने उनके कालीघाट आवास के बाहर जवान तैनात कर दिए ताकि उन्हें बाहर निकलने से रोका जा सके.
सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने तस्वीरें पोस्ट कीं जिनमें कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनात दिखी. इसके बाद कई समर्थक नेता वहां जुट गए थे.
चंपत राय के इस्तीफ़े पर अयोध्या के सांसद ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, ''जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सामान्य सज़ा नहीं दी जानी चाहिए. उनके लिए विशेष कानून बनाकर कड़ी सज़ा का प्रावधान होना चाहिए, ताकि इतिहास इसे भगवान राम के मंदिर में हुई डकैती के मामले के रूप में याद रखे."
उन्होंने कहा, ''कल मैंने ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष को साफ़ कहते हुए सुना कि, 'मैंने किसी हस्ताक्षर की अनुमति नहीं दी. मैं वित्तीय खातों की निगरानी करने नहीं गया मैं इन सब मामलों से दूर रहा.''
''फिर यह कैसा ट्रस्ट है, जहां स्वयं कोषाध्यक्ष ही खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है और ट्रस्ट के कामकाज से अलग बता रहा है? यह बेहद गंभीर मामला है.''
अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले के बाद सोमवार को पहली बार श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक हुई थी.
इस बैठक में ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफ़ा स्वीकार किया गया.
ट्रंप की धमकी के बाद ईरान के विदेश मंत्री ने क्या चेतावनी दी
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि जब तक ईरान के ख़िलाफ़ धमकियां जारी रहेंगी तब तक अमेरिका के साथ अंतिम समझौते के लिए बातचीत शुरू नहीं होंगी.
अराग़ची का ये बयान अमेरिकी राष्ट्र्पति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर समझौता नहीं हुआ तो वो इस पूरे मिशन को अंजाम तक पहुंचा के ही दम लेंगे.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ उन्होंने मंगलवार को कहा, ''अमेरिका के साथ एमओयू का अनुच्छेद 13 बिल्कुल स्पष्ट और असंदिग्ध है. जब तक ईरान के ख़िलाफ़ धमकियां जारी रहेंगीं, अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए बातचीत शुरू नहीं होगी. आपने जिस चीज पर दस्तख़त किया है उस पर कायम रहें.''
कुछ घंटे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने एक ताज़ा बयान में ईरान को धमकी देते हुए कहा कि या तो समझौता करेंगे या फिर काम ख़त्म कर देंगे.
अराग़ची ने अपने एक ताज़ा बयान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार का ज़िक्र करते हुए कहा "लाखों ईरानी एकता और एकजुटता के साथ ईरान के पूर्व नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए. ईरानी जनता और बहादुर सेना किसी भी ख़तरे से नहीं डरती है.''
दिलजीत दोसांझ की फ़िल्म 'सतलुज' को ओटीटी से हटाने पर क्या बोले पंजाब के मंत्री
इमेज स्रोत, Diljit Dosanjh/Insta
इमेज कैप्शन, फ़िल्म सतलुज के एक सीन में दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ की फ़िल्म सतलुज को ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म ज़ी 5 से हटाने पर पंजाब के मंत्री ने प्रतिक्रिया दी है.
पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इस मामले में समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ''1992 से 1997 के बीच पंजाब में कांग्रेस सरकार के दौरान राज्य के युवाओं पर बहुत अत्याचार हुए थे. उन घटनाओं को दिखाने वाली फ़िल्म पर प्रतिबंध लगाना बिल्कुल ग़लत है. ऐसा लगता है अकाली दल, बीजेपी और कांग्रेस आपस में मिल चुके हैं क्यों कि ये फ़िल्म इन तीनों पार्टियों के कच्चे चिट्ठे को उजागर करती है. इसमें दिखाया गया है कि कैसे पंजाब के नौजवानों पर हमला होता था. उन्हें मारा जाता था.''
उन्होंने कहा, ''दिलजीत दोसांझ ने अच्छी फ़िल्म बनाई है. ये पंजाब के इतिहास पर है. इस फ़िल्म को बैन करना बिल्कुल गलत है. इसे तुरंत रिलीज किया जाना चाहिए.''
दिलजीत दोसांझ ने इससे पहले फ़िल्म को हटाए जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में कहा था, "मुझे पहले से ही लग रहा था कि ऐसा होगा. जिसकी (जसवंत सिंह खालड़ा) आवाज़ को 1995 में भी दबाया गया और आज 2026 है. कमाल की बात है. हद हो गई है. हम 2026 में जी रहे हैं और कहां खड़े हैं. आज भी आप बात नहीं करने दे रहे हो. कोर्ट ने जो फ़ैसले दिए हैं हम उसी पर बात कर रहे हैं. कोई नई बात नहीं कर रहे हैं. ये बात मेरी समझ से पूरी तरह बाहर है."
दिलजीत दोसांझ ने कहा था, "मुझे इस बात की ख़ुशी है कि ये फ़िल्म कुछ लोगों तक पहुंच गई है. ये लोगों की फ़िल्म है. ये रुक नहीं सकती."
मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित दिलजीत दोसांझ की फ़िल्म 'सतलुज' नाम से ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म ज़ी-5 पर तीन जुलाई को रिलीज़ हुई थी, लेकिन पांच जुलाई को इसे प्लेटफ़ॉर्म से हटा दिया गया.
पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जकार्ता में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिनातो से मुलाक़ात करते हुए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिन्तांग आदिपूर्णा’ से सम्मानित किया है.
भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है.
इस पोस्ट में लिखा गया है, ''आज सुबह, मुझे बहुत स्नेह के साथ इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान भी दिया गया है. ये सम्मान कोटि-कोटि भारतवासियों का है. इंडोनेशिया के लोगों की भावनाओं का है, भारत और इंडोनेशिया के ऐतिहासिक और आत्मीय संबंधों का है. मैं प्रेसिडेंट प्रबोवो जी, इंडोनेशिया की सरकार और यहां की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.''
इससे पहले, नरेंद्र मोदी मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिनातो के साथ बातचीत के लिए पहुंचे. उनका भव्य औपचारिक स्वागत किया गया.
नरेंद्र मोदी सोमवार को अपनी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंचे थे.
भारत सरकार के मुताबिक़ इस दौरे का मकसद भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी, महासागर विज़न को और मजबूत करना और स्वतंत्र, खुला और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाना है.
मुंबई में भारी बारिश का कहर- स्कूल-कॉलेज बंद, पुणे में भूस्खलन से चार लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुंबई में भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है
महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी है. मुंबई में मंगलवार सुबह लोगों की नींद घने बादलों और तेज़ हवाओं के बीच खुली.
मौसम विभाग ने शहर के लिए भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों और कॉलेजों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारी बारिश और हवा की वजह से दादर के शिवाजी पार्क के पास पेड़ एक कार पर गिर गया
सोमवार को लगातार हुई बारिश से मुंबई और आसपास के ज़िलों में जनजीवन लगभग ठप हो गया.
कई सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ उखड़ गए और दीवारों तथा होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आईं
ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि लोग बेहद ख़राब मौसम के लिए तैयार रहें.
ऐसी स्थिति में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है, यातायात बाधित हो सकता है और बिजली सप्लाई भी ठप पड़ सकती है.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारी बारिश की आशंका को देखते हुए स्कूल-कॉलेज बंद करने के आदेश दिए गए हैं
चार रंगों वाली चेतावनी प्रणाली में ऑरेंज अलर्ट तीसरे स्तर का होता है.
ये येलो अलर्ट से ऊपर और रेड अलर्ट से नीचे होता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बाइपास पर मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग सोमवार रात करीब 18 घंटे बंद रहने के बाद फिर से खोल दिया गया.
भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से यह मार्ग बंद करना पड़ा था.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ठाणे में भारी बारिश की वजह से कई घरों को नुक़सान पहुंचा है
पुणे ज़िले में भारी बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई.
इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनकी जान भूस्खलन और दीवार गिरने की घटना में गई. वहीं दो अन्य लोग तेज़ बहाव में बह गए.