कंगना रनौत ने आशुतोष राणा, सोनू सूद और योग गुरु रामदेव से कहा- मुझे ज्ञान मत दो

इमेज स्रोत, ANI
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता आशुतोष राणा, सोनू सूद, अभिनेत्री तापसी पन्नू, राखी सावंत और योग गुरु रामदेव पर तीखा हमला बोला है.
कंगना रनौत ने सोमवार को कहा कि उन्हें असफल लोगों से कोई सलाह नहीं चाहिए, वो उनका ज्ञान नहीं सुनना चाहती हैं.
कंगना रनौत ने मीडिया से बातचीत में कहा, "आए दिन इस तरह के लोग.... चाहे वो आशुतोष राणा हों या सोनू सूद हों जो कहते हैं कि मुझे तरीक़ा सीखना चाहिए, राखी सावंत जो मेरे चरित्र पर भद्दी टिप्पणी करती हैं, तापसी पन्नू जो मेरे माता-पिता को अपमानित करती हैं, इन लोगों को मेरा संदेश है कि अगर आपने मेरे बराबर एक फ़ीसदी भी सफलता हासिल नहीं की है तो मैं आपका कोई ज्ञान नहीं सुनूँगी.... पहले आप कंगना रनौत बनकर दिखाएं."
उन्होंने आगे कहा, "जहां तक बाबा रामदेव की बात है उन्होंने हर मर्यादा लांघ दी है. उन्होंने जिस तरह की टिप्पणी एक महिला पर की है सारा समाज शर्मसार है. महिलाओं के बारे में उनकी जो सोच है, उस पर उन्हें विचार करना चाहिए."
गौरतलब है कि इससे पहले कंगना ने यह भी कहा था कि उन्हें कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे या फ़र्ज़ी मेडिकल दावों को लेकर फटकार नहीं पड़ी है, इसलिए योग गुरु रामदेव उन्हें चरित्र का पाठ न पढ़ाएं.











