डोनाल्ड ट्रंप ने अब भारत की जीडीपी को लेकर क्या कहा

इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत की जीडीपी का ज़िक्र किया.
समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्रंप का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम होतीं तो उसकी जीडीपी अधिक हो सकती थी.
ट्रंप ने कहा, "अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी सात फ़ीसदी की दर से बढ़ रही है. अमेरिका की जीडीपी 14, 15 या शायद 20 फ़ीसदी तक हो सकती थी."
ट्रंप ने अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व (फ़ेड) की ब्याज दरों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बहुत ज़्यादा हैं, क्योंकि फ़ेडरल रिज़र्व बहुत राजनीतिक हो गया है.
उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका अच्छे आर्थिक आंकड़े पेश करता है, फ़ेड ब्याज दरें बढ़ा देता है. ट्रंप के मुताबिक़, "अच्छे आर्थिक आंकड़े आने पर ब्याज दरें घटाई जानी चाहिए."
उन्होंने कहा कि अगर ब्याज दरें कम होतीं, तो अमेरिका अपना क़र्ज़ भी तेज़ी से चुका सकता था.
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद से अमेरिका को 'चार ट्रिलियन का नुक़सान' हुआ है, क्योंकि दुनिया उन लोगों से 'ख़ुश नहीं है' जिन्होंने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया.


