लाइव, टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के मामले में एक और अभियुक्त इंदौर से गिरफ़्तार

पुलिस की आठ सदस्यीय टीम ने मिलकर यह ऑपरेशन पूरा किया. इसमें मुंबई क्राइम ब्रांच के दो और इंदौर क्राइम ब्रांच के छह सदस्य शामिल थे.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • afghan family
  • रणबीर कपूर ने अपने वायरल बयान पर मांगी माफ़ी
  • आसमान से निकलते झरने जैसा नज़ारा
  • फ़्रांस हिंसा: आगजनी के बीच ड्रिंक इंजॉय करता दिखा कपल
  • भारत में हो रहे आंदलनों पर बोले मोहन भागवत
  • दशहरे पर दिल्ली में जलेगा कॉकरोच का पुतला
  • फ़्रांस हिंसा पर बोले ट्रंप

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के मामले में एक और अभियुक्त इंदौर से गिरफ़्तार, समीर ख़ान, इंदौर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    टाइगर श्रॉफ
    इमेज कैप्शन, बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (फ़ाइल फ़ोटो)

    बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के मामले में इंदौर से एक और अभियुक्त को गिरफ़्तार किया गया है.

    इससे पहले इस मामले में राजस्थान के कोटा से तीन और दिल्ली से चार अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया था.

    इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया, "हमले की जांच में इंदौर कनेक्शन सामने आने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और इंदौर क्राइम ब्रांच ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया. इस दौरान इंदौर के परदेशीपुरा पुलिस थाना क्षेत्र से 22 साल के प्रांजल ठाकरान नाम के संदिग्ध को हिरासत में लिया गया."

    उन्होंने बताया कि प्रांजल मूल रूप से सोनीपत का रहने वाला है. वह पांच दिन पहले अपने भाई के इलाज के लिए इंदौर आया था.

    पुलिस की आठ सदस्यीय टीम ने मिलकर यह ऑपरेशन पूरा किया. इसमें मुंबई क्राइम ब्रांच के दो और इंदौर क्राइम ब्रांच के छह सदस्य शामिल थे.

  2. जामिया में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी, स्टूडेंट्स को हटाने की हुई थी कोशिश

    जामिया प्रोटेस्ट
    इमेज कैप्शन, शनिवार को प्रदर्शन स्थल पर छात्रों और प्रशासन के बीच धक्का-मुक्की हुई

    जामिया मिल्लिया इस्लामिया (जेएमआई) में शनिवार को प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स से मिलने विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, प्रोफेसर और नॉन-टीचिंग स्टाफ़ पहुंचे.

    प्रशासन ने छात्रों से प्रदर्शन ख़त्म करने की मांग की, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया. इसके बाद सुरक्षा गार्डों और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई.

    जामिया के गार्ड प्रदर्शन स्थल पर लगे तिरपाल हटा रहे थे, जबकि स्टूडेंट्स धरना स्थल को बचाने की कोशिश कर रहे थे.

    इस घटना के बाद विश्वविद्यालय में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भीड़ और बढ़ गई.

    दरअसल, जामिया में छात्र संघ के गठन और चुनाव कराने की मांग को लेकर पिछले 13 दिनों से प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारी छात्र यूनियन चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं.

    जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रजिस्ट्रार प्रोफ़ेसर मोहम्मद महताब आलम रिज़वी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "मैं ख़ुद भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से बात करने गया था. छात्र संघ चुनाव कराने की उनकी मांग को लेकर मैंने उन्हें बताया कि संविधान का मसौदा तैयार करने के लिए एक ड्राफ़्ट कमेटी पहले ही बना दी गई है."

    "उन्होंने इसके लिए समय-सीमा पूछी. मैंने उनसे कहा कि वे जितनी जल्दी संविधान का मसौदा तैयार करेंगे, उतनी ही जल्दी चुनाव कराए जाएंगे. इस प्रस्ताव पर वे सहमत हो गए."

    "इसके बाद उन्होंने पूछा, ‘सर, चुनाव कब होंगे?’ मैंने जवाब दिया कि चूंकि उन्होंने ख़ुद अपने प्रतिनिधियों को कमेटी में शामिल करते हुए संविधान का मसौदा तैयार करने का प्रस्ताव दिया है, इसलिए मसौदा मिलते ही चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी."

    रजिस्ट्रार ने बाहरी नेताओं पर प्रदर्शन कर रहे जामिया के स्टूडेंट्स को उकसाने का आरोप भी लगाया.

    वहीं, जामिया से एलएलएम कर रहे शकील ने बीबीसी से बात करते हुए कहा, “जामिया प्रशासन ने धरना स्थल पर पहुंचकर तोड़फोड़ की और छात्रों को उकसाने की कोशिश की.”

    शकील ने बताया कि फिलहाल स्थिति समान्य है.

  3. हिटलर के जर्मनी स्थित घर में लगी आग़, एक संदिग्ध हिरासत में

    ईगल्स नेस्ट
    इमेज कैप्शन, शनिवार सुबह तक ईगल्स नेस्ट में आग लगी हुई थी

    जर्मनी के दक्षिणी राज्य बवेरिया में एडॉल्फ़ हिटलर के घर ‘केल्श्टाइनहाउस’ में शुक्रवार को आग लग गई.

    इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. इस इमारत को ‘ईगल्स नेस्ट’ के नाम से भी जाना जाता है.

    ट्रॉनस्टाइन में आपातकालीन सेवा के अधिकारियों को शुक्रवार रात स्थानीय समय 9:15 बजे इस इमारत में आग लगने की सूचना मिली.

    दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि इमारत आग की लपटों से घिरी हुई थी.

    पुलिस के मुताबिक़, दुर्गम इलाक़े के कारण आग बुझाने के काम में मुश्किलें आ रही थीं. शनिवार सुबह तक भी आग जल रही थी. मौके पर आपातकालीन सेवाओं के करीब 200 कर्मियों को तैनात किया गया था. घटना में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.

    बेरश्टेसगाडेन शहर के ऊपर स्थित यह ठिकाना उन इमारतों में से एक था, जिनका इस्तेमाल नाज़ी तानाशाह हिटलर और उसके क़रीबी लोग दूसरे विश्व युद्ध के दौरान करते थे.

    हिटलर और नाज़ी शासन के शीर्ष अधिकारियों ने 1941 में सोवियत संघ पर हमले की योजना बनाने के लिए पास स्थित अपने आवास ‘बर्गहॉफ़’ का इस्तेमाल किया था. इस पूरे परिसर को हिटलर के प्रमुख ठिकानों में से एक माना जाता था.

  4. दूसरे टी20 मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हराया

    तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जीत के बाद जश्न मनाते भारतीय खिलाड़ी

    पांच टी20 मैचों की सीरीज़ के दूसरे मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को चार विकेट से हराकर सीरीज़ में 2-0 की बढ़त बना ली है.

    भारत ने छह विकेट के नुक़सान पर 19.5 ओवर में 181 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया.

    न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुक़सान पर 180 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंदों में 77 रन बनाए. वहीं, बेवन जैकब्स ने 46 गेंदों पर 58 रन बनाए.

    भारत की ओर से तिलक वर्मा ने सबसे ज़्यादा 51 रन बनाए. उन्होंने 26 गेंदों का सामना किया. वहीं, नमन धीर ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिए.

  5. जॉर्डन के चर्च पर हुए हमले को लेकर भारत सरकार ने क्या कहा

    जॉर्डन के काराक प्रांत के हमूद में स्थित चर्च
    इमेज कैप्शन, भारत ने इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन के हाशमी साम्राज्य की सरकार और वहां के लोगों के साथ मज़बूती से खड़े होंने की बात कही है

    शुक्रवार को जॉर्डन के काराक प्रांत के हमूद में एक चर्च पर हथियारबंद लोगों की ओर से की गई गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई और कम से कम 34 अन्य लोग घायल हो गए.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है.

    भारत सरकार ने बयान जारी कर कहा, " भारत जॉर्डन के काराक में एक चर्च पर हुए जघन्य हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है. इस हमले में कई निर्दोष लोगों की दुखद मौत हुई और कई अन्य घायल हो गए."

    "हम इस हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं."

    भारत ने इस मुश्किल घड़ी में जॉर्डन के हाशमी साम्राज्य की सरकार और वहां के लोगों के साथ मज़बूती से खड़े होंने की बात कही है.

  6. रविशंकर प्रसाद बोले, 'राहुल गांधी सिख समुदाय की आहत भावनाओं पर नमक छिड़कने की कोशिश कर रहे'

    रविशंकर प्रसाद
    इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राहुल गांधी पर निशाना साधा

    बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली राहुल गांधी की रैली पर निशाना साधा है.

    उन्होंने शनिवार को प्रेस कॉन्फ़्रेस कर कहा, ''राहुल गांधी बहुत सोच-समझकर सिख समुदाय की आहत भावनाओं पर नमक छिड़कने की कोशिश कर रहे हैं. वह एक नवंबर को ही अपनी रैली करने पर अड़े हैं और तारीख़ बदलने को तैयार नहीं हैं. हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं.”

    दरअसल, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद एक नवंबर से दिल्ली और देश के कुछ दूसरे हिस्सों में सिख विरोधी दंगे भड़क उठे थे.

    रविशंकर प्रसाद ने कहा, ''यह बताना और याद रखना ज़रूरी है कि मोदी सरकार ने सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करने के लिए क्या-क्या कदम उठाए हैं. करतारपुर साहिब कॉरिडोर को देखिए या गुरु गोबिंद सिंह के बेटों की शहादत को मान्यता देने की बात, जिन्हें ज़िंदा दीवार में चुनवा दिया गया था.''

    उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि 1 नवंबर ही क्यों?

    उन्होंने कहा, “आप अपनी रैली इसी तारीख़ को करने पर क्यों अड़े हुए हैं? आप क्या संदेश देना चाहते हैं? आपका संदेश बिल्कुल साफ़ है: 'हमें कोई परवाह नहीं है.''

    उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान का ज़िक्र करते हुए कहा, “याद कीजिए, उनके एक सहयोगी सैम पित्रोदा ने क्या कहा था.''

    उन्होंने पूछा था, ''1984 की बात बार-बार क्यों उठाते रहते हैं? जो हुआ, सो हुआ.''

  7. दूसरे टी20 में न्यूज़ीलैंड ने भारत को दिया 181 रनों का लक्ष्य

    ग्लेन फिलिप्स
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंदों में 77 रन बनाए

    न्यूज़ीलैंड के क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम ने भारत को 181 रनों का लक्ष्य दिया है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंदों में 77 रन बनाए. वहीं, बेवन जैकब्स ने 46 गेंदों पर 58 रन बनाए.

    भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज़्यादा दो विकेट लिए.

    फ़िलहाल भारतीय टीम चार ओवर में 37 रन बनाकर खेल रही है.

    पांच मैचों की इस टी20 सीरीज़ में भारत 1-0 से आगे है.

  8. पाकिस्तान में एलपीजी की क़ीमतों में भारी उछाल, सिलेंडर सात हज़ार रुपये के पार, तनवीर मलिक

    रसोई गैस
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के कई इलाकों में एलपीजी की क़ीमत 600 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान में रसोई गैस यानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की क़ीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, देश के कई हिस्सों में एलपीजी की क़ीमत 600 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है. वहीं, 11.67 किलोग्राम वाले सिलेंडर की क़ीमत बढ़कर सात हज़ार रुपये हो गई है, जो पिछले हफ़्ते तक क़रीब 4,500 रुपये थी.

    पाकिस्तान के फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ स्टैटिस्टिक्स ने भी महंगाई के आंकड़ों में एलपीजी की क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी की पुष्टि की है.

    ब्यूरो के मुताबिक़, इस सप्ताह के अंत तक एलपीजी की क़ीमतों में पिछले सप्ताह की तुलना में 22.50 फ़ीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.

    वहीं, पिछले साल अक्तूबर के इसी सप्ताह के मुक़ाबले क़ीमतें 107 फ़ीसदी तक बढ़ गई हैं.

    पाकिस्तान में तेल और गैस क्षेत्र के नियामक प्राधिकरण ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी ने अक्तूबर महीने के लिए एलपीजी की आधिकारिक क़ीमत 279 रुपये प्रति किलोग्राम तय की है.

    हालांकि, फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ स्टैटिस्टिक्स के आंकड़ों के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में एलपीजी 550 से 610 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेची जा रही है.

    नोट: ख़बर में रुपये का अर्थ पाकिस्तानी रुपये से है

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आपतक ख़बरें पहुंचा रहे थे. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    लाइव पेज की प्रमुख़ ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें. हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित प्रमुख ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं-

  10. अरुणाचल प्रदेश में बांध-विरोधी प्रदर्शन हिंसक हुआ, एनएचपीसी कार्यालय में आगजनी, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    आग
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों पर एनएचपीसी के एक दफ़्तर में तोड़फोड़ और पुलिस वाहनों में आग लगाने का आरोप लगा है

    अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सियांग ज़िले में प्रस्तावित 'सियांग अपर मल्टीपर्पज़ प्रोजेक्ट' के ख़िलाफ़ हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई.

    इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पासीघाट स्थित नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन (एनएचपीसी) के एक दफ़्तर में कथित तौर पर आग लगा दी.

    ज़िला प्रशासन का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने पासीघाट थाने में तोड़फोड़ की और पुलिस के कई वाहनों में आग लगा दी.

    दरअसल अरुणाचल प्रदेश में सियांग नदी पर प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की क्षमता वाले 'सियांग अपर मल्टीपर्पज़ प्रोजेक्ट' का स्थानीय लोग बीते कई दिनों से विरोध कर रहे हैं.

    इसी क्रम में शुक्रवार को आदि बाने केबांग यूनाइटेड, सियांग बांध प्रभावित क्षेत्र युवा संघ, सियांग स्वदेशी किसान मंच युवा शाखा और आदि गैलो वेलफ़ेयर सोसाइटी ने ईस्ट सियांग, सियांग और ऊपरी सियांग ज़िलों में 12 घंटे का बंद बुलाया था.

    धरना प्रदर्शन करने सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी बांध-विरोधी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग कर रहे थे.

    इस बीच कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प शुरू हो गई है.

    पुलिस के एक अधिकारी का आरोप है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए पत्थरबाज़ी शुरू कर दी जिससे माहौल बिगड़ गया.

    प्रदर्शनकारी
    इमेज कैप्शन, कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई

    ईस्ट सियांग ज़िले के जन संपर्क अधिकारी मिडिंग मोड ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना के विरोध में कुछ स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण धरना देने के लिए ज़िला प्रशासन से अनुमति मांगी थी. प्रदर्शनकारियों को दोपहर 2 बजे तक विरोध करने का समय दिया गया था. लेकिन वो शाम तक डटे रहे और नेशनल हाइवे को ब्लॉक कर दिया. हाइवे पर जब वाहनों का जाम लग गया तो मजिस्ट्रेट ने भीड़ को हटाने का आदेश दिया."

    अधिकारी ने कहा,"जब दो बार चेतावनी देने के बाद भी प्रदर्शनकारी वहां से नहीं हटे तो हल्के बल के प्रयोग से भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाज़ी की और एनएचपीसी के एक कार्यालय में आग लगा दी."

    "प्रदर्शनकारियों ने थाने में भी तोड़-फोड़ की और पुलिस के कुछ वाहनों को फूंक दिया. हालांकि आज स्थिति बिलकुल सामान्य है. प्रशासन ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के ख़िलाफ़ कार्रवाई शुरू की है."

    जलविद्युत परियोजना पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा था कि एनएचपीसी की ओर से बनाया जाने वाला 11,200 मेगावाट का प्रस्तावित बांध, चीन में सियांग नदी के ऊपरी हिस्से पर बन रहे 60,000 मेगावाट के बांध से पैदा होने वाले ख़तरे का मुकाबला करने में मदद करेगा.

    राज्य सरकार ने सियांग नदी के किनारे पारोंग, उगेन्ग और डाइटे-डाइमे इन तीन जगहों को शॉर्टलिस्ट किया है.

  11. नेहा बोरा ने कहा- पीस बॉन्ड पर साइन नहीं करूंगी

    नेहा बोरा
    इमेज कैप्शन, नेहा बोरा ने कहा कि ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन इस तरह की कार्रवाई को नॉर्मल नहीं बनने देगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की नेशनल प्रेसीडेंट नेहा बोरा ने शनिवार को कहा है कि वो पीस बॉन्ड साइन नहीं करेंगी.

    इससे एक दिन पहले शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने नेहा बोरा की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने इस पीस बॉन्ड नोटिस को चुनौती दी थी.

    नेहा बोरा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं पीस बॉन्ड साइन नहीं करूंगी. एक तरफ संविधान हमें अधिकार देता है, जिसमें विरोध करने का अधिकार भी शामिल है. दूसरी तरफ पीस बॉन्ड है. जिस तरीक़े से पीस बॉन्ड का इस्तेमाल किया जा रहा है, उसे साइन करना हमारे मौलिक अधिकारों के ख़िलाफ़ जाएगा."

    उन्होंने कहा कि इस पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करना इस बात का संकेत होगा कि देश में किसी भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

    नेहा बोरा ने कहा, "आइसा इस तरह की कार्रवाई को नॉर्मल नहीं बनने देगा. पीस बॉन्ड पहली नज़र में भले ही सामान्य दिखाई देता हो, लेकिन इसके ज़रिए प्रदर्शनकारियों से यह आश्वासन मांगा जाता है कि वे शांति भंग नहीं करेंगे."

    नेहा बोरा ने सवाल उठाया कि ऐसे पीस बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने के क्या मायने हैं, जब इसका इस्तेमाल लोकतांत्रिक विरोध को रोकने के लिए किया जा सकता है.

    गौरतलब है कि नेहा बोरा ने 16 अक्तूबर को हुए 'लहरा दो तिरंगा' विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद एक जांच के दौरान शांति बनाए रखने के लिए 10,000 रुपये का पर्सनल बॉन्ड और एक ज़मानती देने के नोटिस को चुनौती दी थी.

  12. भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ जीता टॉस, कप्तान ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिया ये अपडेट

    वैभव सूर्यवंशी
    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 मुक़ाबले के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच शनिवार कोदूसरा टी-20 मुक़ाबला खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला लिया है.

    भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 मुक़ाबले के लिए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया है. कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान इसकी जानकारी दी.

    हालांकि, इससे पहले हुए मुक़ाबले में सूर्यवंशी को मौका नहीं दिया गया था.

    दोनों टीमों की प्लेइंग-11

    भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव

    न्यूज़ीलैंड: फ़िन एलन, टिम सइफ़र्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवॉन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी और लॉकी फ़र्ग्यूसन

  13. राहुल गांधी से रैली स्थगित करने की मांग, व्यापार संगठन बोला- हज़ारों करोड़ का हो सकता है नुक़सान

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, सीटीआई ने राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद रैली को आयोजित करने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली को स्थगित करने की अपील की है.

    सीटीआई ने राहुल गांधी से 10 नवंबर के बाद इस रैली को आयोजित करने की अपील की है.

    व्यापार संगठन ने आशंका जताई है कि रैली के चलते दिवाली के व्यस्त खरीदारी सीज़न में दिल्ली के कारोबार को हज़ारों करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है.

    सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा, "रैली से रामलीला मैदान के आसपास के थोक और ख़ुदरा बाज़ारों में व्यापार प्रभावित हो सकता है. धनतेरस और दिवाली से पहले बाज़ारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है. ऐसे में बड़े राजनीतिक आयोजन के कारण यातायात बाधित होने और आवाजाही पर पाबंदियां लगने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ सकता है."

    गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन की यह रैली एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर है.

    कांग्रेस ने कहा है कि यह इंडिया गठनबंधन की अब तक की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होगी.

    चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री का पत्र
    इमेज कैप्शन, चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लिखा पत्र
  14. अमेरिका ने चीन के इन संस्थानों को बताया 'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा', बंद करने की तैयारी

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन संस्थानों पर 'प्रोपेगेंडा सेंटर्स' के रूप में काम करने का आरोप लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के रक्षा विभाग ने चीनी भाषा और संस्कृति की शिक्षा देने वाले कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट्स को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा बताया है.

    अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इन संस्थानों पर 'प्रोपेगेंडा सेंटर्स' के रूप में काम करने का आरोप लगाया है.

    सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अलग-अलग नामों से ऐसे दर्जनों केंद्र स्थापित किए गए हैं.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इन संस्थानों का उद्देश्य 'इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी की चोरी करना और अमेरिकी छात्रों की विचारधारा को प्रभावित' करना है.

    हेगसेथ के मुताबिक़, अमेरिकी रक्षा विभाग इन सेंटर्स को व्यवस्थित तरीक़े से बंद करने की दिशा में काम कर रहा है.

    वहीं, इस मामले पर वाशिंगटन स्थित चीनी दूतावास की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

  15. मुंबई इंडियंस के नए हेड कोच बने केरोन पोलार्ड

    केरोन पोलार्ड
    इमेज कैप्शन, केरोन पोलार्ड महेला जयवर्धने की जगह पर इस ज़िम्मेदारी में नजर आएंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ़्रेंचाइज़ी मुंबई इंडियंस ने केरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है.

    वह महेला जयवर्धने की जगह पर इस ज़िम्मेदारी में नजर आएंगे.

    पोलार्ड का जुड़ाव मुंबई इंडियंस से नया नहीं है, इससे पहले टीम के बैटिंग कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे.

    मुंबई इंडियंस की को-ऑनर नीता अंबानी ने पोलार्ड की नियुक्ति पर ख़ुशी जताई. उन्होंने कहा कि पोलार्ड महज़ 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले 16 वर्षों में फ़्रेंचाइज़ी परिवार का अहम हिस्सा बन गए हैं.

    उन्होंने कहा, "टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि उनका यह अनुभव टीम को आगे बढ़ाने और उसकी विरासत को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा."

    मुंबई इंडियंस का हेड कोच बनाए जाने पर केरोन पोलार्ड ने इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस टीम उनके जीवन और करियर का अहम हिस्सा रही है.

  16. कांग्रेस ने कहा- एक नवंबर को इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी रैली होगी

    केसी वेणुगोपाल, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा की यह रैली चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की सबसे बड़ी रैली होने जा रही है.

    वेणुगोपाल ने शनिवार को न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया कि यह रैली चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ होगी.

    उन्होंने कहा, "एक नवंबर को भारत की सबसे बड़ी रैलियों में से एक होने जा रही है. यह रामलीला मैदान में आयोजित होगी और इसके साथ एक मार्च भी निकाला जाएगा."

    वेणुगोपाल ने कहा, "मोदी और अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में ज्ञानेश कुमार के पद का दुरुपयोग करके, चुनाव से जुड़े मामलों में गड़बड़ियां कर रहे हैं. अब कैबिनेट सचिव के नोट से इस बात की पुष्टि हो गई है."

    कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और के.सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पार्टी नेताओं के साथ बैठक भी की थी.

    इस दौरान रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा की गई.

  17. अमेरिका की कौन सी अपील पर क्यूबा बोला- ऐसा लग रहा जैसे टूथपेस्ट बेच रहे

    ट्रंप और रुबियो
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए क्यूबा के लोगों से बदलाव लाने की अपील की (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ईरान से निपटने के बाद अमेरिका क्यूबा के मामले पर ध्यान देगा. ट्रंप ने संकेत दिया कि क्यूबा के साथ समझौते को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भेजा जाएगा.

    इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए क्यूबा के लोगों से बदलाव लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग क्यूबा में सकारात्मक बदलाव चाहते हैं, उनके लिए यह सही समय है.

    रुबियो ने एक्स पर पोस्ट किया, "क्यूबा में सकारात्मक बदलाव लाने की चाह रखने वालों के लिए अब सही समय है."

    उन्होंने लिखा, "अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और सिर्फ़ कुछ लोगों की ख़ास सुविधाओं वाली ज़िंदगी से निराश हैं, तो इस मौक़े का फ़ायदा उठाएं और सीआईए के साथ गुप्त साझेदारी करके अपनी पसंद का बदलाव लाएं."

    वहीं, सीआईए ने सोशल मीडिया पर स्पेनिश भाषा में एक वीडियो जारी किया है, जिसमें क्यूबा के लोगों को सुरक्षित रूप से (वीपीएन और बर्नर ईमेल के ज़रिए) जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं.

    क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने अमेरिका के इस कदम को उसकी "हताशा और लाचारी" बताया है.

    उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब अमेरिका सार्वजनिक रूप से सीआईए के लिए भर्तियां कर रहा है, जैसे कोई टूथपेस्ट बेच रहा हो.

  18. हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ लड़ने से तुर्की का इनकार, मक्का रक्षा समझौते के बावजूद बनाई दूरी

    तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर
    इमेज कैप्शन, तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर (फ़ाइल फ़ोटो)

    तुर्की ने कहा है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ किसी सैन्य संघर्ष में शामिल होने का इरादा नहीं रखता है.

    दरअसल, तुर्की का सऊदी अरब और पाकिस्तान के साथ हुए संयुक्त रक्षा समझौता (मक्का समझौता) है, लेकिन सऊदी पर हमलावर हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ लड़ने से उसने इनकार कर दिया है.

    एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तुर्की के रक्षा मंत्री याशर गुलेर ने कहा, ने कहा, “हम हूतियों के साथ किसी भी तरह के संघर्ष में शामिल होने पर विचार नहीं कर रहे हैं.”

    उन्होंने कहा कि सऊदी अरब को तुर्की की ओर से दी जाने वाली संभावित सैन्य सहायता का मुख्य उद्देश्य प्रतिरोधक क्षमता को मज़बूत करना होगा.

    गौरतलब है कि तुर्की, सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच अगस्त में ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ पर साइन किए गए थे. इस सप्ताह इसे मंज़ूरी के लिए तुर्की की संसद में पेश किया गया है.

    समझौते के प्रावधानों के अनुसार, तीनों देशों में से किसी एक पर हमला होने की स्थिति में उसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.

  19. दलेर मेहंदी विवाद: मीका सिंह ने कहा- सीएम धामी का फ़ोन आया, लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि...

    रैपर मीका सिंह
    इमेज कैप्शन, रैपर मीका सिंह ने दलेर मेहंदी विवाद में कहा कि अब इस मामले को ख़त्म करने का समय है

    पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के भाई और रैपर मीका सिंह ने कहा है कि उन्हें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फ़ोन किया और अब वो यह विवाद ख़त्म करना चाहते हैं.

    दरअसल, उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धिपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी की परफ़ॉर्मेंस के समय उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन पर शराब पीकर गाने और लिप्सिंग करने का आरोप लगाया था.

    इस मामले पर मीका सिंह ने शुक्रवार को कहा, "अब इस मामले को ख़त्म करने का समय है, ख़ासकर तब जब मुझे उत्तराखंड के सम्मानित मुख्यमंत्री धामी साहब का ख़ास फ़ोन आया. वह बहुत अच्छे इंसान हैं और बिल्कुल भी घमंड नहीं करते. उन्होंने हमसे बहुत प्यार और अच्छे तरीक़े से बात की. उन्होंने कहा कि कोई एक इंसान ग़लत है, इसका मतलब ये नहीं कि पूरा उत्तराखंड ग़लत है"

    उन्होंने कहा, "मेरी अब भी एक गुज़ारिश है सुबोध जी, अगर आप दलेर जी को फ़ोन करके माफ़ी मांग लें, तो यह सही होगा. आपने उनकी इज़्ज़त को बहुत नुकसान पहुंचाया है. मुझे अब भी उम्मीद है कि आप माफ़ी मांगेंगे."

    मीका ने कहा, "हमारे मन में किसी के लिए कोई निजी दुश्मनी नहीं है. हम गुंडे या झगड़ा करने वाले लोग नहीं हैं, जो मुक़दमे करने के लिए घूमते रहें, लेकिन आपने जो किया, वह ग़लत था. दलेर भाई ने चुप रहना चुना और उनके इस तरह शांत रहने पर लोगों ने जिस तरह प्रतिक्रिया दी, वह बहुत शानदार रही."

    मीका ने कहा कि वो हर रोज़ दलेर मेहंदी से बात करते हैं और अब उनकी तबीयत काफ़ी बेहतर है.

  20. बिहार: सीवान ज़िले के एक घर में पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट, पांच लोगों की मौत

    सीवान
    इमेज कैप्शन, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाज़ार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है

    बिहार के सीवान ज़िले के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान एक घर में भीषण विस्फोट हो गया. हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

    सीवान के एसपी भारत सोनी के मुताबिक़, मेडिकल टीम के आकलन के बाद सिविल सर्जन ने पांच शव बरामद होने की पुष्टि की है.

    बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में सात से आठ लोग मौजूद थे, जिनमें से पांच की मौत की पुष्टि हुई है. वहीं, दो से तीन लोगों के घर से बाहर होने की बात सामने आई है. पुलिस इन लोगों का पता लगाने में जुटी है.

    सीवान के एसपी भारत सोनी ने कहा, “फ़ॉरेंसिक साइंस लैब (एफ़एसएल) की टीम मौक़े पर पहुंच गई है. आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पूरे घर की तलाशी ली जा रही है. बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाली टीम भी मौक़े पर मौजूद है. इलाक़े की जांच के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है. हम एफ़आईआर दर्ज कर रहे हैं और जांच से घटना की असली वजह का पता चलेगा.”

    उन्होंने कहा, “सिविल सर्जन की टीम को संदेह है कि मलबे में एक और शव हो सकता है.”

    मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जामो बाज़ार थाना प्रभारी और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पुलिस ने मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है.

    घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है.