लाइव, गुजरात: गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत में लोहे का स्लैब गिरा, 15 मज़दूर रेस्क्यू किए गए

गुजरात के गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार रात निर्माणाधीन इमारत में लोहे का बड़ा स्लैब गिरने से कई मज़दूर मलबे में दब गए.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नेपाल बाढ़ की ड्रोन फ़ुटेज
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • बच्चे को बचाता हुआ शख़्स
  • चीन की लिफ़्ट
  • ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम
  • महिला का रेस्क्यू
  • दिल्ली में इमारत ढही

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. गुजरात: गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत में लोहे का स्लैब गिरा, 15 मज़दूर रेस्क्यू किए गए

    गांधीनगर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दो इमारतों के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था, इसी दौरान अचानक लोहे का स्लैब ढह गया

    गुजरात के गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार रात निर्माणाधीन इमारत में लोहे का बड़ा स्लैब गिरने से कई मज़दूर मलबे में दब गए.

    हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर अब तक 15 मज़दूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

    गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान का जायज़ा लिया.

    संघवी ने बताया कि 15 मज़दूरों को बचाया गया है. बचाए गए 12 मज़दूरों को गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन अन्य, जिन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी, उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे हुआ. दो इमारतों के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक लोहे का स्लैब ढह गया, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मज़दूर आ गए.

    हादसे की सूचना मिलते ही फ़ायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद मलबे में फंसे मज़दूरों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.

    गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान का जायज़ा लिया.

    अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मलबे में फंसे मज़दूरों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है. मौके पर बचाव अभियान अभी जारी है.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने बताया ईरान के साथ कब ख़त्म हो सकता है युद्ध

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान अब ज़्यादा समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध नवंबर में होने वाले मिड टर्म चुनाव के तुरंत बाद ख़त्म हो सकता है.

    ट्रंप ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान अब ज़्यादा समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि तब तक तेल की क़ीमतों में गिरावट की उम्मीद नहीं है.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध ख़त्म हो जाएगा, क्योंकि वे (ईरान) अब ज़्यादा देर तक टिक नहीं सकते."

    डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी के पहले मिड टर्म कन्वेंशन से ठीक पहले आया है. इस कार्यक्रम के ज़रिए ट्रंप का मक़सद नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले पार्टी के नेताओं को एकजुट करना और उनमें चुनावी उत्साह भरना है.

    गौरतलब है कि ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध को लेकर ट्रंप पर अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के भीतर से भी दबाव बढ़ रहा है.

    इसके अलावा, युद्ध के बीच अलग-अलग सर्वे में उनकी लोकप्रियता में भी गिरावट देखने को मिल रही है.

  3. फिलीपींस: फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत और 87 लोग लापता

    फिलीपींस

    इमेज स्रोत, Philippine Coast Guard

    इमेज कैप्शन, यह हादसा फिलीपींस के पालावान प्रांत में कोरोन इलाके के पास समुद्र में हुआ

    फिलीपींस में एक फेरी (नाव) में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. देश के कोस्ट गार्ड ने हादसे की जानकारी दी है.

    यह हादसा फिलीपींस के पालावान प्रांत में कोरोन इलाके के पास समुद्र में हुआ. आग एमवी जून एस्टर नाम की फेरी में लगी.

    कोस्ट गार्ड के मुताबिक़, हादसे के बाद 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं, कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायब्याब ने लोकल रेडियो स्टेशन को बताया कि 87 लोग अभी लापता हैं.

    कोस्ट गार्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि फेरी में कुल 134 लोग सवार थे. इनमें 117 यात्री और 17 क्रू के सदस्य शामिल थे. बचाए गए लोगों और हताहतों से जुड़ी मौजूदा जानकारी के आधार पर 87 लोगों की तलाश अभी जारी है.

    प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े लगातार चल रहे खोज और बचाव अभियान के बीच सामने आए हैं. ऐसे में राहत एवं बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है.

  4. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.