ट्रंप ने कहा, जल्द खुल जाएगा होर्मुज़ स्ट्रेट

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक नई पोस्ट में दोहराया है कि अमेरिका ने ईरान की मिलिट्री को ख़त्म कर दिया है, "जिसमें उनकी पूरी नेवी और एयर फोर्स, और बाक़ी सब कुछ शामिल है."
ट्रंप ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट जल्द ही खुल जाएगा" और पिछली पोस्ट में कही गई बात दोहराई कि खाली तेल टैंकर "अमेरिकी तेल" लेने के लिए बढ़ रहे हैं.
ईरान के साथ दो हफ़्ते के सशर्त सीज़फ़ायर के तहत, ट्रंप ने कहा कि ईरान के होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए राज़ी होने पर वह "बमबारी रोकने" पर सहमत हुए हैं.
28 फरवरी को अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमले किए थे, उसके बाद से ईरान ने इस अहम समुद्री रास्ते की नाकेबंदी कर दी है.
होर्मुज़ दुनिया के सबसे बिज़ी तेल शिपिंग मार्गों में से एक है, जिससे युद्ध के पहले तक दुनिया का लगभग 20% तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस गुज़रते रहे हैं.
जिस समय ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर यह पोस्ट किया है, उस वक़्त इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडलों के बीच शांति वार्ता चल रही है, जिसे अब तक 'सकारात्मक' बताया जा रहा है.

























