लाइव, मोहन भागवत पर ममदानी का बयान: बीजेपी बोली, 'कट्टर इस्लामी विचारधारा वाले हैं ज़ोहरान'

कीया घोष ने कहा, "विरोध करने दीजिए, लेकिन वो रोक नहीं पाएंगे. क्योंकि अमेरिका के रहने वाले हिन्दू वहां पांच हज़ार से ज़्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं. वो इस्लामिस्ट हैं, तो वो विरोध करेंगे ही."

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. मोहन भागवत पर ममदानी का बयान: बीजेपी बोली, 'कट्टर इस्लामी विचारधारा वाले हैं ज़ोहरान'

    कीया घोष

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता कीया घोष ने ममदानी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी विचारधारा "कट्टरपंथी इस्लामी" है

    कोलकाता में बीजेपी नेता कीया घोष ने न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी के आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम का विरोध करने संबंधी रुख पर प्रतिक्रिया दी है.

    घोष ने ममदानी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी विचारधारा "कट्टर इस्लामी" है. उन्होंने कहा कि ममदानी खुद को उदारवादी के रूप में पेश करते हैं, लेकिन उनके अनुसार उनकी सोच इसके विपरीत है.

    उन्होंने कहा, "न्यू यॉर्क में बाढ़ जैसे हालात हैं, वो उनसे संभल नहीं रहा है. और जहां आरएसएस चीफ़ मोहन भागवत जा रहे हैं वो उनका विरोध कर रहे हैं."

    कीया घोष ने कहा, "विरोध करने दीजिए, लेकिन वो रोक नहीं पाएंगे. क्योंकि अमेरिका के रहने वाले हिन्दू वहां पांच हज़ार से ज़्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं. वो इस्लामिस्ट हैं, तो वो विरोध करेंगे ही."

    घोष की यह टिप्पणी ममदानी के आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम को लेकर सामने आए विरोध के बाद आई है.

    ज़ोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा कि वह मेडिसन स्क्वेयर गार्डन में होने वाले उस प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम 29 अगस्त को होना है.

  2. होर्मुज़ स्ट्रेट से माइंस हटाने के लिए ईरान-ओमान के बीच क्या बातचीत हुई?

    ओमान और ईरान के विदेश मंत्री

    इमेज स्रोत, Reuters

    ओमान के विदेश मंत्री की ईरान यात्रा के बाद दोनों देशों ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर एक संयुक्त बयान जारी किया है.

    बयान के मुताबिक, दोनों देश होर्मुज़ स्ट्रेट में एक अस्थायी साझा समुद्री गलियारा बनाने और इलाक़े से बारूदी सुरंगें हटाने के लिए एक संयुक्त परियोजना पर बातचीत कर रहे हैं.

    ईरान और ओमान का कहना है कि इन दोनों प्रस्तावों से आगे की कार्रवाई के लिए एक व्यावहारिक आधार तैयार हो सकता है.

    दोनों देशों का मुख्य लक्ष्य होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित समुद्री यातायात फिर से शुरू करना है, साथ ही अपनी संप्रभुता और अधिकारों को बनाए रखना है.

    ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने इससे पहले कहा था कि दोनों देशों के बीच समझौता अंतिम चरण में है. पिछले करीब तीन सप्ताह से ईरानी अधिकारी अस्थायी समुद्री रास्ते को लेकर समझौते की संभावना की बात कर रहे हैं.

    संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों पक्ष स्थायी समुद्री गलियारे, होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य के प्रबंधन, सूचना साझा करने, जहाजों की आवाजाही नियंत्रित करने और समुद्री सुरक्षा सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर तकनीकी बातचीत भी जारी रखेंगे.

    ईरान और ओमान इस मुद्दे पर खाड़ी के तट से जुड़े दूसरे देशों से भी बातचीत करेंगे.

  3. राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को स्वाइन फ्लू, आईसीयू में भर्ती, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    किरोड़ी लाल मीणा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डॉक्टरों ने संक्रमण को देखते हुए मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को फिलहाल किसी भी व्यक्ति या परिवार के सदस्यों से मिलने से बचने की सलाह दी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं.

    मंत्री के प्रभारी डॉ सतीश मीणा ने बीबीसी हिन्दी को फ़ोन पर बताया, "मंत्री जी कुछ दिन से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे. मंगलवार सुबह उन्होंने जांच कराई थी."डॉ सतीश बताते हैं, "जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद उन्हें जयपुर सवाई मानसिंह अस्पताल में रात दस बजे भर्ती किया गया."

    उन्होंने कहा है कि कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का इलाज कर रहे डॉक्टर ने उनके स्वास्थ्य में पहले से सुधार बताया है. फिलहाल वो हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं.

    डॉक्टरों ने संक्रमण को देखते हुए कृषि मंत्री को किसी भी व्यक्ति या परिवार के सदस्यों से मिलने से बचने की सलाह दी है.

    अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और उन्हें ज़रूरी इलाज दिया जा रहा है.

    प्रदेश के राजनेताओं ने मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के स्वास्थ्य को लेकर चिंता ज़ाहिर की है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

  4. इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल में लगी आग, 14 नवजात की मौत

    पीआईएमएस

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि बच्चों से जुड़ी ऐसी घटना की भरपाई संभव नहीं है

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सरकारी अस्पताल पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) के चिल्ड्रेन वॉर्ड में आग लगने से 14 नवजात की मौत हो गई. अस्पताल के कार्यकारी निदेशक इमरान सिकंदर ने बच्चों की मौत की पुष्टि की है.

    इस्लामाबाद ज़िला प्रशासन के मुताबिक, आग अस्पताल के एमसीएच वॉर्ड की तीसरी मंजिल पर लगी. आग लगने की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौक़े पर पहुँच गए.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक, प्रशासन ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और बच्चों को आईसीयू में ले जाया गया. घटना की जांच के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर जनरल की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है. समिति आग लगने के कारणों की जांच करेगी.

    इससे पहले अस्पताल की प्रवक्ता डॉ. अनीजा जलील ने कहा था कि किसी बच्चे की मौत की पुष्टि नहीं हुई है.

    उनके मुताबिक, आग एयर कंडीशनिंग यूनिट में लगी थी और ऑक्सीजन कनेक्शन की वजह से तेजी से फैल गई. हादसे के समय वार्ड में 15 बच्चे भर्ती थे.

    प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ ने इस्लामाबाद के पीआईएमएस अस्पताल के बच्चों के वार्ड में आग लगने की घटना पर गहरा दुख जताया है. इस हादसे में कई नवजात बच्चों की मौत की ख़बर सामने आई है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शहबाज शरीफ ने घटना पर "गहरा दुख और हार्दिक खेद" व्यक्त किया. उन्होंने अधिकारियों को हादसे की तुरंत जांच करने का निर्देश दिया है.

    शहबाज शरीफ ने कहा कि बच्चों से जुड़ी ऐसी घटना की भरपाई संभव नहीं है. उन्होंने मासूम बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुखद घटना से उनका दिल बेहद दुखी है.

  5. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के बर्ताव पर संजय मांजरेकर ने जताई नाराज़गी

    वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने भारतीय खिलाड़ियों के मैदान पर व्यवहार को लेकर आईसीसी और बीसीसीआई से कार्रवाई की मांग की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल से जुड़े हालिया मामलों का ज़िक्र किया.

    मांजरेकर ने लिखा, “प्रिय आईसीसी और बीसीसीआई, पहले वैभव और अब जायसवाल. अगर आप उन्हें इस तरह के व्यवहार के लिए बार-बार छोड़ते रहेंगे, तो आप उन्हें दोबारा ऐसा बरताव दोहराने के लिए ही तैयार कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा कि ऐसा व्यवहार क्रिकेट और खिलाड़ियों के अपने भविष्य के लिए भी अच्छा नहीं है.

    श्रीलंका के दांबुला में इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच वनडे ट्राई-सिरीज़ के मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के विषेन हलंबागे के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई थी. सुपर ओवर में श्रीलंका ए की जीत के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.

    वहीं, कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट के पहले दिन भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज़ गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच भी मैदान पर तीखी बहस हुई. इस दौरान दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनी.

    मांजरेकर ने दोनों घटनाओं के संदर्भ में खिलाड़ियों के व्यवहार पर चिंता जताई है.

  6. होर्मुज़ स्ट्रेट से ट्रंप के माइंस हटाने के दावे पर ईरान ने क्या कहा

    काज़ेम ग़रीबाबादी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि अगर अमेरिका ने वास्तव में माइंस हटा दी हैं, तो अभी तक कोई भी जहाज हॉर्मुज़ स्ट्रेट से क्यों नहीं गुजऱ पा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के उप विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने अमेरिका के उस दावे को ख़ारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट से बारूदी सुरंगें पूरी तरह हटा दी गई हैं.

    उन्होंने इसे केवल "प्रचार के लिए किया गया झूठा दावा" बताया.

    दरअसल मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर होर्मुज़ स्ट्रेट में बिछाई गई माइंस को हटाने का दावा किया था.

    बीबीसी न्यूज़ फारसी के मुताबिक ग़रीबाबादी ने कहा कि अगर अमेरिका ने वास्तव में माइंस हटा दी हैं, तो अभी तक कोई भी जहाज होर्मुज़ स्ट्रेट से क्यों नहीं गुज़र पा रहा है.

    उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी माइनस्वीपर जहाज़ इस इलाक़े में आते हैं, तो ईरान उन्हें निशाना बना सकता है.

  7. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संदेश पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने जताया आभार

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Tetiana DZHAFAROVA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन लगातार रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने और शांति की दिशा में अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भेजे गए संदेश के लिए आभार जताया है.

    ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें भारत की राष्ट्रपति की ओर से यूक्रेन के लोगों के लिए शुभकामनाएं पाकर खुशी हुई.

    उन्होंने शांति की कामना के लिए राष्ट्रपति मुर्मु को धन्यवाद दिया.

    ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, "हम अपनी स्वतंत्रता की बहाली की 35वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और रूस के युद्ध का सम्मानजनक अंत यूक्रेन के लाखों लोगों का सबसे बड़ा सपना है. पूरी दुनिया मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता बनाने में मदद करे."

    उन्होंने कहा, "मैं भारत के साथ आपसी फ़ायदे वाली बातचीत और संबंधों को आगे बढ़ाने की यूक्रेन की प्रतिबद्धता को भी दोहराता हूं."

    ज़ेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन लगातार रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने और शांति की दिशा में अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है.

  8. मशहूर अमेरिकी सिंगर डॉली पार्टन का 80 साल की उम्र में निधन

    डॉली पार्टन

    इमेज स्रोत, Penske Media via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डॉली पार्टन ने हाल के महीनों में कई परफॉर्मेंस रद्द कर दिए थे

    दुनिया की मशहूर कंट्री म्यूजिक सिंगर डॉली पार्टन का 80 साल की उम्र में निधन हो गया.

    उनकी टीम ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस को दिए एक बयान में कहा,"कैंसर से बहादुरी से लड़ने के बाद डॉली ने आज अपने प्रियजनों की मौजूदगी में वेंडरबिल्ट-इंग्राम कैंसर सेंटर में इस दुनिया को अलविदा कह दिया."

    डॉली पार्टन के छह दशक लंबे करियर में दुनिया भर में उनके 10 करोड़ से ज़्यादा रिकॉर्ड बिके. उन्होंने तीन हज़ार से ज़्यादा गाने लिखे और गाए.

    वह केवल एक महान गायिका और गीतकार ही नहीं थीं, बल्कि फिल्मों में भी नज़र आईं और अपनी खास शैली के लिए जानी जाती थीं. उन्होंने ग्लास्टनबरी जैसे बड़े संगीत समारोहों में भी लोगों का दिल जीता.

    डॉली का जन्म टेनेसी के स्मोकी माउंटेन्स में एक गरीब परिवार में हुआ था.

    उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और साक्षरता के लिए लंबे समय तक काम किया. उनके निधन पर पॉल मैक्कार्टिनी, ओपरा विनफ्रे और एल्टन जॉन सहित कई बड़ी हस्तियों ने दुख जताया और उन्हें अनोखी और बेहद खास कलाकार बताया.

    क्या बोले राष्ट्रपति ट्रंप

    डॉली पार्टन

    इमेज स्रोत, Redferns

    इमेज कैप्शन, साल 1976 में परफ़ॉर्म करतीं डॉली पार्टन

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मशहूर गायिका डॉली पार्टन के सम्मान में पूरे अमेरिका में राष्ट्रीय झंडे एक सप्ताह तक आधे झुके रहेंगे. यह आदेश मंगलवार शाम से लागू होगा.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर डॉली पार्टन के निधन पर दुख जताया और श्रद्धांजलि दी.

    उन्होंने कहा कि यह लाखों लोगों के लिए बहुत बड़ी क्षति है. ट्रंप ने डॉली को एक ऐसी कलाकार बताया, जैसी कोई दूसरी कभी नहीं हुई और न ही भविष्य में होगी.

  9. अमेरिकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए के चीफ़ अचानक पहुंचे रूस

    जॉन रैटक्लिफ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, खबरों के मुताबिक, जॉन रैटक्लिफ ने मंगलवार को एक मिलिट्री प्लेन से रूस की राजधानी मॉस्को की यात्रा की

    अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख जॉन रैटक्लिफ मंगलवार को रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे.

    बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस के अनुसार, रैटक्लिफ की यात्रा का कार्यक्रम पहले से घोषित नहीं था.

    अमेरिका और रूस ने अभी तक इस यात्रा की पुष्टि नहीं की है और यह भी नहीं बताया है कि वह किससे मिलने वाले हैं.

    अमेरिका और रूस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच आमने-सामने बातचीत काफी कम देखने को मिलता है.

    फ़्लाइट की जानकारी से पता चला कि एक बड़ा अमेरिकी सैन्य विमान मंगलवार को लात्विया के रास्ते अमेरिका से रूस पहुंचा. विमान मॉस्को हवाई अड्डे पर लैंड करने के बाद वापस लात्विया चला गया.

    बीबीसी ने इस मामले पर सीआईए, व्हाइट हाउस और पेंटागन से प्रतिक्रिया मांगी है.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को मॉस्को के हवाई अड्डे के पास देखा गया. एक दूसरे वीडियो में मॉस्को में एक राजनयिक काफिला भी दिखाई दिया.

    रैटक्लिफ की यात्रा से पहले अमेरिका ने यूक्रेन को बताया था कि एक वरिष्ठ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल मॉस्को जाएगा.

    एक वरिष्ठ यूक्रेनी अधिकारी के अनुसार, अमेरिका ने बातचीत पूरी होने तक यूक्रेन से रूस पर हमले रोकने का अनुरोध भी किया था.

  10. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    - कांदा एक्सप्रेस: नासिक से विशेष ट्रेन क्यों चलाई गई, जानिए कहां मिलेगा सस्ता प्याज़

    - कपड़ों पर सवाल, कुत्ते पर बहस: कृति सेनन का राखी विज्ञापन विवाद क्या है जिस पर राहुल गांधी भी बोले?

    - पटना में स्टूडेंट प्रदर्शन: बीपीएससी परीक्षाओं और 'हाथी चले बाज़ार' वाली कहावत पर क्या हुआ विवाद

    - 'ट्रंप को बिना तेल के कारें चलाते देखना चाहूंगा': कनाडा किस तरह अमेरिका को नुक़सान पहुंचा सकता है?