लाइव , ट्रंप की आर्थिक नीतियों को लेकर अमेरिकी लोगों में नाराज़गी: वोटर सर्वे

दो तिहाई मतदाताओं का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को और ख़राब कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय

  1. ट्रंप की आर्थिक नीतियों को लेकर अमेरिकी लोगों में नाराज़गी: वोटर सर्वे, क्रिस जेवन्स, डेटा पत्रकार

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को लेकर वोटरों में एक किस्म की नाराज़गी देखने को मिली है

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले मतदाताओं के एक सर्वेक्षण के प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, लगभग दो-तिहाई मतदाताओं का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को और ख़राब कर दिया है.

    इसके उलट, 28 प्रतिशत मतदाताओं का मानना ​​है कि ट्रंप की नीतियों ने आर्थिक स्थितियों में सुधार किया है, जबकि केवल आठ प्रतिशत ने कहा कि राष्ट्रपति की नीतियों का अर्थव्यवस्था पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है.

    सर्वे में मतदाताओं से यह भी पूछा गया कि क्या उनके मतदान का एक कारण राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति समर्थन या विरोध व्यक्त करना था.

    43 प्रतिशत ने कहा कि उनके मतदान का एक कारण राष्ट्रपति के प्रति विरोध व्यक्त करना था, जबकि 41 प्रतिशत ने कहा कि ट्रंप उनके निर्णय में कोई महत्वपूर्ण कारक नहीं थे.

    केवल 16 प्रतिशत मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए मतदान किया.

    हालांकि, ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और रात भर में अधिक जानकारी मिलने पर इनमें बदलाव हो सकता है.

    रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक मतदाताओं के बीच विभाजन के बारे में विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है.

  2. अमेरिकी मिडटर्म चुनावः भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा से रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराया

    पिया डांडिया
    इमेज कैप्शन, डेमोक्रेट उम्मीदवार पिया डांडिया

    अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजे आने लगे हैं और डेमोक्रेट पार्टी को शुरुआती बढ़त के अनुमान लगाए जा रहे हैं.

    बीबीसी के सहयोगी चैनल सीबीएस के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार और भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की सीट जीत ली है.

    उन्होंने साउथ फ़्लोरिडा के सबसे चर्चित चुनावी मुक़ाबलों में से एक में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया.

    डांडिया की जीत ऐसे नए चुनावी क्षेत्र में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत है, जिसका परिसीमन 2026 के मिडटर्म चुनावों से पहले फ़्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस की कांग्रेसनल री-डिस्ट्रिक्टिंग प्रक्रिया के तहत किया गया था.

    डांडिया पहले हार्लेम में टीचर और हाई स्कूल की प्रिंसिपल रह चुकी हैं. वह व्हाइट हाउस फ़ेलो के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने एप्पल में भी काम किया है.

    भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर पाम बीच काउंटी में जन्मीं और पली-बढ़ीं डांडिया ने अपने चुनाव प्रचार में शिक्षा, महंगाई से जुड़ी चुनौतियों और आर्थिक अवसरों को प्रमुख मुद्दा बनाया.

    उनके प्रतिद्वंद्वी केसी अस्कर नेपल्स के कारोबारी और मरीन कॉर्प्स के पूर्व सैनिक हैं. उन्होंने रेस्टोरेंट फ्रेंचाइजी के कारोबार में अपना करियर बनाया. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने खुद को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार की नीतियों का समर्थक बताया.

    डांडिया ने अगस्त में डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीता था.

  3. अमेरिका मिडटर्म चुनाव: मतदान ख़त्म होने की ओर, जॉर्जिया में डेमोक्रेट उम्मीदवार जीत की ओर

    डोनाल्ड
    इमेज कैप्शन, अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है

    अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में मतदान ख़त्म होने की ओर है और शुरुआत में पांच राज्यों में डेमोक्रेट पार्टी के भारी बढ़त का अनुमान लगाया जा रहा है.

    डेमोक्रेटिक पार्टी के जॉन ओसॉफ जॉर्जिया की अहम सीनेट सीट जीतने की ओर बढ़ रहे हैं. मिडटर्म चुनावों के शुरुआती बड़े नतीजों में यह एक महत्वपूर्ण नतीजा है.

    शुरुआती अनुमानों के अनुसार जॉर्जिया में डेमोक्रेट उम्मीदवार को 65 प्रतिशत से अधिक वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है.

    सभी की नजरें नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना और ओहायो की सीनेट सीटों पर हैं, जहां मतदान हाल ही में ख़त्म हुआ है.

    अगले कुछ घंटों में 20 अन्य राज्यों में भी मतदान ख़त्म हो जाएगा.

    नॉर्थ अमेरिका में मौजूद बीबीसी संवाददाता के अनुसार, इस बीच, एक बड़े सर्वे में ज़्यादातर मतदाताओं ने कहा है कि वे देश की अर्थव्यवस्था से खुश नहीं हैं. यह सर्वे फ़िलहाल डेमोक्रेट्स को कुछ राहत दे सकता है.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव की सभी 435 सीटों, सीनेट की 100 में से 35 सीटों और राज्य स्तर के कई पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं. इनमें गवर्नर के पद भी शामिल हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के पास फ़िलहाल हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण है.

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.