लाइव, जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी पूर्वी राज्य में बड़ी जीत की ओर

ये पार्टी मुख्यधारा की प्रतिद्वंद्वी पार्टियों से काफी आगे है. हालांकि अनुमान है कि वह बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी, लेकिन 'अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी' का कहना है कि उसे सरकार बनाने का जनादेश मिल गया है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी पूर्वी राज्य में बड़ी जीत की ओर, पॉल किर्बी, डिजिटल एडिटर- यूरोप और जेसिका पार्कर, बर्लिन संवाददाता

    एग़्जिट पोल में सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी बढ़त का अनुमान आने के बाद एएफ़डी के नेता खुशी से झूम उठे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एग़्जिट पोल में सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी बढ़त का अनुमान आने के बाद एएफ़डी के नेता खुशी से झूम उठे

    जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ पार्टी पूर्वी राज्य सैक्सोनी-आनहाल्ट में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है.

    ये पार्टी मुख्यधारा की प्रतिद्वंद्वी पार्टियों से काफी आगे है. हालांकि अनुमान है कि वह बहुमत हासिल नहीं कर पाएगी, लेकिन ‘अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी’ का कहना है कि उसे सरकार बनाने का जनादेश मिल गया है.

    धुर दक्षिणपंथी मानी जाने वाली 'अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी' को रिकॉर्ड 44 फ़ीसदी वोट मिलने का अनुमान है.

    अब तक आए ज्यादातर शुरुआती नतीजों में वह कंजरवेटिव सीडीयू से काफी आगे है, जिसे करीब 17 फ़ीसदी वोट मिलने का अनुमान है.

    राज्य में पार्टी के करिश्माई नेता उलरिख ज़ीगमुंड ने इसे "सनसनीखेज" जीत बताया और कहा कि पार्टी जल्द से जल्द सरकार चलाना शुरू करना चाहती है.

    द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से जर्मनी में किसी भी धुर दक्षिणपंथी पार्टी ने किसी राज्य की सत्ता नहीं संभाली है.

    राज्य स्तर पर सरकार बनाने का मतलब पुलिस व्यवस्था, स्थानीय शिक्षा और संस्कृति जैसे मामलों में अधिकार मिलना होगा.

  2. सत्य निकेतन हादसा: दिल्ली सरकार लाएगी अब ये बिल्डिंग रूल, सीएम रेखा गुप्ता ने और क्या बताया

    दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड करने की बात कही है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    सत्य निकेतन में बिल्डिंग ढहने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नया बिल्डिंग रूल लाने की बात कही है.

    उन्होंने सोमवार को पत्रकारों को बताया, ''सरकार अधिकारियों के साथ मिलकर एक ड्राफ़्ट रूल बनाने की तैयारी कर रही है. राजधानी में पुरानी इमारतों कोस्ट्रक्चरल ऑडिट का फरफ़ॉर्मा देना होगा. उनको बताना पड़ेगा कि बिल्डिंग सेफ़ है या नहीं. नहीं तो उनको कोई अधिकार नहीं है कि वो पब्लिक यूटिलिटी की कोई सर्विस वहां शुरू करे.चाहे वो पीजी हो, नर्सिंग होम या स्कूल हो. इस पर सख़्त नियम लाएंगे. सत्य निकेतन हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होंगे उन्हें बख़्शा नहीं जाएगा.''

    ''उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों को सस्पेंड करने के लिए आज ही ऑर्डर निकाला जाएगा.''

    उन्होंने बताया हादसे के बाद जिन स्टूडेंट्स को रहने की दिक्कत हो रही है उनके लिए इंतज़ाम किए जा रहे हैं.

    उन्हें कॉलेज हॉस्टलों में रखा जा रहा है. उन्हें और उनके परिवार वालों को भी मदद दी जा रही है.

  3. एआईएमआईएम चीफ़ ओवैसी क्यों बोले, 'अब हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे'

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    एआईएमआईएम चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि राजस्थान में उनकी पार्टी और हनुमान बेनीवाल की आरएलपी पार्टी ने चुनावी गठबंधन कर लिया है.

    इसका एलान करते ओवैसी ने कहा, ''मैं कांग्रेस और बीजेपी के लोगों को बताना चाहता हूं कि यह गठबंधन सिर्फ स्थानीय निकाय चुनावों तक सीमित नहीं रहेगा.''

    ''ओवैसी और बेनीवाल अगले राजस्थान विधानसभा चुनाव और संभवत: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी सांप्रदायिक ताक़तों का मुकाबला करने के लिए साथ आएंगे.''

    उन्होंने कहा, ''आज एआईएमआईएम और आरएलपी मिलकर उन तमाम ताकतों को यह बताने के लिए एक साथ आई हैं, जिन्होंने वर्षों से हमें झुकाने की कोशिश की है कि हम नहीं झुकेंगे उन्हें झुकाएंगे. हम नहीं रोएंगे, उन्हें रुलाएंगे.''

  4. आदित्य ठाकरे ने गरबा और डांडिया में मुसलमानों की एंट्री पर रोक को लेकर क्या कहा

    आदित्य ठाकरे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में गरबा और डांडिया पर मुसलमानों की एंट्री पर बैन लगाने के वीएचपी के फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं

    शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों के प्रवेश पर विश्व हिंदू परिषद के फ़ैसले का विरोध किया है.

    उन्होंने इस फ़ैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, ''हमें हिंदुत्व का सर्टिफ़िकेट देने वाले ये कौन होते हैं. ये लोग कौन हैं?''

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''मुंबई में चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, दही हांडी हो या गणपति उत्सव, यहां आपको दिखने वाले सभी लोगों की पहली पहचान मुंबईकर की है. वे चाहे कोई भी भाषा बोलते हों, किसी भी राज्य से आए हों, उनका धर्म या जाति कुछ भी हो. वे बप्पा के लिए आते हैं. वे किसी ख़ास व्यक्ति के लिए नहीं आते. बप्पा सबके हैं."

    टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक़ विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नैयर ने कहा है कि संगठन ने गरबा और डांडिया में मुस्लिमों की एंट्री रोकने के लिए गाइडलाइंस बनाई है.

  5. इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से डेढ़ लाख से भी अधिक यात्री हवाई अड्डों पर फंसे, टोबी मैन

    ज्वालामुखी

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, अधिकारियों के मुताबिक़ ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था. इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे

    इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से यहां के आठ हवाईअड्डों पर करीब एक लाख सत्तर हजार यात्री फंसे हुए हैं. इन हवाई अड्डों से फ़िलहाल उड़ानों को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है.

    रविवार सुबह जकार्ता के सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सबसे पहले बंद किया गया.

    हवाई अड्डे के पास एयर स्पेस में अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी की राख पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया.

    इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक़, 1,558 उड़ानें देरी से चल रही हैं.

    हवाई अड्डे स्थानीय समय के मुताबिक सोमवार सुबह नौ बजे तक बंद रहेंगे.

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सिंगापुर के अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, ज्वालामुखी विस्फोट शुक्रवार देर रात से शुरू हुआ था.

    इसके बाद आसपास के इलाकों में लगातार भूकंप जैसे हालात बनने लगे.

    लावा के फव्वारे और जोरदार धमाकों की आवाज़ सुनाई देती रहीं.

    रविवार तड़के दो और विस्फोट हुए. परिवहन मंत्रालय ने बताया कि उड़ानों का संचालन रुकने से मुख्य रूप से सिंगापुर आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुई हैं.

    इसके अलावा दोहा, सिडनी और कुआलालंपुर समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं.

  6. सत्य निकेतन हादसे पर बोले दीपेंदर हुड्डा- ‘दर्द शब्दों में बयां नहीं कर सकता’

    दीपेंदर हुड्डा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने कहा है कि हॉस्टल गिरने के बाद भी बचाव कार्य ठीक से नहीं चल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा ने दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल हादसे के बाद दिल्ली सरकार को घेरा है.

    घटनास्थल पर मौजूद हुड्डा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''इस हादसे का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. पिछले चार साल से दिल्ली में हॉस्टल बिल्डिंग्स ध्वस्त हो रही हैं. हर साल बच्चों के जानें जा रही हैं और सरकार की कोई जवाबदेही नहीं है.''

    ''आज भी जब ये हादसा हुआ, उसके दो घंटे बाद भी न पुलिस आई, न फ़ायर ब्रिगेड, और न एंबुलेंस.''

    उन्होंने कहा, ''विनोद जी (एनएसयूआई अध्यक्ष) और कई स्टूडेंट मौके पर पहुंचे और खुद मलबा हटाकर तीन बच्चों को बाहर निकालने में मदद की.''

    ''अभी भी स्टूडेंट्स मलबा हटाने में जुटे हैं. यहां प्रशासन का बचाव अभियान ठीक से नहीं चल रहा है.''

    दीपेंदर हुड्डा ने कहा, '' बचाव अभियान का समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने का है. सबसे पहले सरकार को एक सूची जारी करनी चाहिए, जिसमें बताया जाए कि कितने बच्चों को बचाया गया है और कितने अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं.''

    उन्होंने कहा, '' इस हादसे की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. नक्शों को मंजूरी किसने दी? स्थानीय विधायक कौन हैं? मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.''

    उन्होंने कहा, ''दिल्ली से सात सांसद हैं. एनसीआर क्षेत्र से मैं विपक्ष का अकेला सांसद हूं. मैं सुबह से यहां मौजूद हूं. दिल्ली के सातों बीजेपी सांसद और एनसीआर के बाकी 15 बीजेपी सांसद कहां हैं?''

    दिल्ली के सत्य निकेतन मार्केट इलाक़े में रविवार दोपहर एक पांच मंज़िला पीजी इमारत गिर गई थी जिसमें कई लोगों के अब भी दबे होने की आशंका है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक़ अब तक 5 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है.

  7. अमेरिका: मियामी एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश, पांच लोगों की मौत

    अमेरिका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को एक कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं.

    अमेज़न एयर का यह कार्गो विमान स्थानीय समय के मुताबिक़ क़रीब दोपहर दो बजे उतरने के बाद रनवे से आगे निकल गया और क्रैश हो गया.

    विमान करीब 209 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से रनवे से बाहर चला गया.

    बोइंग 767-300 विमान ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिसके बाद उसमें आग लग गई.

    हादसे की शुरुआती सूचना मिलने के बाद करीब 200 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे.

    अधिकारियों के मुताबिक़, घायलों में से तीन को स्थानीय ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

  8. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    नेपाल के लिए जिसे वरदान कहा गया वो अब क्यों घिरा हुआ है ख़तरे में

    वज़न घटाने वाली एक नई दवा जो आई भी नहीं और ब्लैक मार्केट में छा गई