बीजेपी के सहयोगी पवन कल्याण और चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन बिल पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने परिसीमन बिल पर प्रतिक्रिया दी है (फ़ाइल फ़ोटो)
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल के पेश होने की चर्चाओं के बीच एनडीए के सहयोगी दलों ने अपना समर्थन ज़ाहिर किया है.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने इसे ऐतिहासिक क़दम बताया. वहीं, जनसेना पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी परिसीमन बिल का समर्थन किया है.
चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "महिला आरक्षण का मुद्दा पिछले तीन दशकों से लंबित था और अब इसे लागू करने की दिशा में उम्मीद जगी है."
नायडू ने लोकसभा सीटों में 50 फ़ीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव का ज़िक्र करते हुए कहा कि इससे सभी राज्यों को राहत मिलेगी.
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "मैं सभी राजनीतिक दलों से अपील कर रहा हूं कि वे इस मुद्दे पर अपना रुख़ साफ़ करें. पिछली बार हमने देखा था कि कुछ राजनीतिक दलों ने संसद की कार्यवाही रोक दी थी, वहां हंगामा किया था और आख़िरकार किसी तरह विधेयकों को पास होने से रोक दिया था. महिलाओं की भी अपनी इच्छाएं और सपने हैं. वे देश बनाने में बराबर की भागीदार बनना चाहती हैं. मैं सभी से अपील करता हूं कि पिछली ग़लतियों को दोबारा न दोहराएं."
वहीं, पवन कल्याण ने परिसीमन सुधार को लोकतंत्र को मज़बूत करने वाला क़दम बताया. उन्होंने कहा कि एक मज़बूत लोकतंत्र तभी बनता है, जब हर नागरिक की आवाज़ सुनी जाए, हर क्षेत्र को उचित प्रतिनिधित्व मिले और सभी राज्य विश्वास के साथ आगे बढ़ें.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों की संख्या 50% बढ़ाने और 2051 तक मौजूदा अनुपात के आधार पर हर राज्य का प्रतिनिधित्व बनाए रखने के प्रस्ताव से ज़्यादा मौक़े मिलेंगे. इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि हर क्षेत्र की आवाज़ संसद तक पहुंचे."
पवन कल्याण ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फ़ीसदी आरक्षण के प्रस्ताव का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि इससे विधायी संस्थाओं और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी.
तमिलनाडु: महिला कलेक्टर से यौन उत्पीड़न मामले में सीएम विजय की पार्टी के विधायक गिरफ़्तार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, टीवीके के विधायक अरुल विग्नेश की गिरफ़्तारी औपचारिक शिकायत दर्ज होने के चार दिन बाद हुई है
तमिलनाडु के सत्ताधारी दल टीवीके के विधायक अरुल विग्नेश को शुक्रवार शाम यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया गया.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस ने 36 वर्षीय विधायक को उनके आवास से हिरासत में लिया. उनके ख़िलाफ़ एक महिला ज़िला कलेक्टर ने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी.
विधायक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज होने के बाद उनके आवास और कार्यालय के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. यह गिरफ़्तारी 23 नवंबर को औपचारिक शिकायत दर्ज होने के चार दिन बाद हुई है. वहीं, कथित घटना के क़रीब 117 दिन बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
पुलिस ने अरुल विग्नेश के ख़िलाफ़ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 75, 78, 79 और 132 के तहत मामला दर्ज किया है.
इन धाराओं में यौन उत्पीड़न, पीछा करना, महिला की गरिमा का अपमान करना और सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने जैसे आरोप शामिल हैं.
गिरफ़्तारी से पहले विधायक अरुल विग्नेश ने अपने ऊपर लगे आरोपों को 'निराधार' बताया था. उन्होंने इन आरोपों को 'राजनीति से प्रेरित' क़रार दिया था.
शशि थरूर बोले- यदि डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन करती है तो...
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि डीएमके का मौजूदा रुख़ किसी भी सच्चे द्रविड़ समर्थक को पसंद नहीं आएगा (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा है कि यदि डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन करती है तो यह 'बहुत निराशाजनक' है.
थरूर के मुताबिक़, डीएमके पहले राज्यों के अधिकारों की मज़बूती से आवाज़ उठाती रही है, लेकिन अब पार्टी परिसीमन के मुद्दे पर अपने पुराने रुख़ से पीछे हटती नज़र आ रही है.
शशि थरूर ने कहा, "डीएमके का यह रुख़ उन लोगों के प्रति ज़िम्मेदारी से पीछे हटने जैसा है, जिनके हितों की बात करने का पार्टी दावा करती है."
थरूर ने कहा कि डीएमके में उनके कई मित्र हैं और उनके साथ वर्षों से अच्छे कामकाजी संबंध रहे हैं, लेकिन पार्टी का मौजूदा रुख़ किसी भी सच्चे द्रविड़ समर्थक को पसंद नहीं आएगा.
वहीं, सदन में परिसीमन बिल के पेश होने की अटकलों के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को बैठक की. इसमें संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता विपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए.
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने बताया कि कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि लोकसभा की वर्तमान संख्या को बरक़रार रखा जाए, लोकसभा की वर्तमान संख्या पर महिला आरक्षण दिया जाए और अगले 25 साल तक लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरक़रार रखा जाए.
पाकिस्तान में सोने की क़ीमतों में भारी तेज़ी, एक तोले का भाव हुआ इतना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में सोने की क़ीमतों में आई तेज़ी का सीधा असर स्थानीय बाज़ार पर पड़ा है (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान में शुक्रवार को सोने की क़ीमतों में भारी तेज़ी दर्ज की गई. प्रति तोला सोने का भाव 11,500 पाकिस्तानी रुपये बढ़कर 3,90,136 रुपये पर पहुंच गया.
वहीं, 10 ग्राम सोने की क़ीमत में 9,859 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद इसका भाव 3,34,478 रुपये हो गया.
ऑल पाकिस्तान सर्राफ़ा जेम्स एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक़, ''अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में सोने की क़ीमतों में आई तेज़ी का सीधा असर स्थानीय बाज़ार पर पड़ा है. वैश्विक बाज़ार में सोने का भाव 115 डॉलर बढ़कर 3,676 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.''
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान में सोने की स्थानीय क़ीमतें मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार के भाव के आधार पर तय की जाती हैं. इसमें प्रति औंस क़रीब 20 डॉलर का प्रीमियम भी शामिल होता है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में सोने की क़ीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर पाकिस्तान के सर्राफ़ा बाज़ार में भी देखने को मिलता है.
सोने के साथ-साथ पाकिस्तान में चांदी की क़ीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई. चांदी का भाव 277 रुपये प्रति तोला बढ़कर 4,906 रुपये हो गया.
वहीं, 10 ग्राम चांदी की क़ीमत 238 रुपये की तेज़ी के साथ 4,206 रुपये पर पहुंच गई.
नोट: यहां रुपये का मतलब पाकिस्तानी रुपये से है
शरद पवार की पार्टी के नेता का एलान- परिसीमन बिल का समर्थन करेंगे
इमेज स्रोत, BBC News
इमेज कैप्शन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) के एक नेता ने परिसीमन ल को समर्थन देने का एलान किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन बिल पेश किए जाने की अटकलों के बीच शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-एसपी) के एक नेता नेइस बिल को समर्थन देने का एलान किया है.
पार्टी के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी परिसीमन बिल के पक्ष में है और इसका समर्थन करेगी.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में जितेंद्र आव्हाड ने कहा, "डीलिमिटेशन एक संवैधानिक व्यवस्था है. इसे आज नहीं तो कल लागू करना ही पड़ेगा. हमारा स्टैंड साफ़ है. परिसीमन को समर्थन देने का फ़ैसला हुआ है और हम इसका समर्थन करेंगे."
वहीं, संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पेश किए जाने की चर्चाओं के बीच इंडिया गठबंधन के घटक दलों की शनिवार सुबह 11:30 बजे बैठक होने जा रही है. इस बैठक में बिल को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी बैठक की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि बैठक में आगे की रणनीति तय करने के साथ ही कुछ महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जाएंगे.
कार्टून: तो हम से दिक्कत है?
इमेज कैप्शन, अमेरिका की ओर से भारत पर टैरिफ़ लगाए जाने पर आज का कार्टून
पश्चिम बंगाल: ऋतब्रत बनर्जी की विपक्ष के नेता के तौर पर नियुक्ति रद्द, कलकत्ता हाई कोर्ट का आदेश, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विधानसभा अध्यक्ष ने बीते तीन जून को ऋतब्रत को विपक्ष के नेता के तौर पर मान्यता दी थी, जिसे शुक्रवार को कलकत्ता हाई कोर्ट ने रद्द कर दी (फ़ाइल फ़ोटो)
कलकत्ता हाई कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु के उस फ़ैसले को रद्द कर दिया है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट के विधायक ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया था.
अदालत ने शुक्रवार को अपने फ़ैसले में विधानसभा अध्यक्षको दस दिनों के भीतर इस मामले में नया फ़ैसला करने को भी कहा है.
दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष ने बीते तीन जून को ऋतब्रत को विपक्ष के नेता के तौर पर मान्यता दी थी. लेकिन इसके ख़िलाफ़ दायर याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एकल पीठ ने उसे रद्द कर दिया.
इससे पहले यह मामला न्यायमूर्ति शंपा सरकार और न्यायमूर्ति अजय कुमार गुप्त की खंडपीठ के समक्ष था. लेकिन बाद में उसे एकल पीठ में भेज दिया गया था. बीते शनिवार को इस मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने फ़ैसला सुरक्षित रखा था.
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने बीती नौ मई को विधायक शोभनदेव चटर्जी को विपक्ष के नेता के तौर पर मनोनीत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा था. बाद में उस पत्र पर कुछ विधायक के फ़र्ज़ी हस्ताक्षर के आरोप लगे थे.
इसी दौरान पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोप में ऋतब्रत और विधायक संदीपन साहा को बीते एक जून को पार्टी से निकाल दिया गया था.
बाद में तीन जून को बागी गुट की ओर से 59 विधायकों के हस्ताक्षर वाला एक पत्र विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा गया था. उसी के आधार पर उन्होंने ऋतब्रत को विपक्ष के नेता के तौर पर मान्यता दे दी थी.
इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ विधायक शोभनदेव चटर्जी ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी. अदालत के फ़ैसले के बाद चटर्जी ने पत्रकारों से कहा, "जो कुछ हुआ वह उचित नहीं था. ममता के घर हुई जिस बैठक में विपक्ष के नेता का चयन किया गया था उसमें ऋतब्रत गुट के विधायक भी मौजूद थे. लेकिन यह साफ़ है कि सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर ही ऋतब्रत को विपक्ष के नेता का दर्जा दिया गया था."
दूसरी ओर, ऋतब्रत गुट के विधायक संदीपन साहा ने पत्रकारों से कहा, "पार्टी की राष्ट्रीय कार्यसमिति में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद ही अगली कार्रवाई के बारे में फ़ैसला किया जाएगा."
आईपीएल 2027: रोहित शर्मा तीन साल बाद फिर संभालेंगे मुंबई इंडियंस की कप्तानी
इमेज स्रोत, INDRANIL MUKHERJEE/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने पर ख़ुशी ज़ाहिर की है (फ़ाइल फ़ोटो: रोहित शर्मा)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस (एमआई) ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम का कप्तान नियुक्त किया है.
मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा की. रोहित क़रीब तीन साल बाद दोबारा टीम की कप्तानी करते नज़र आएंगे.
मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने पर ख़ुशी ज़ाहिर की है. उन्होंने कहा कि टीम के 20वें सीजन में रोहित का ब्लू एंड गोल्ड टीम की अगुवाई करना उनके लिए ख़ुशी की बात है.
आकाश अंबानी ने कहा, "मैं बेहद ख़ुश हूं कि रोहित हमारे ऐतिहासिक 20वें सीजन में ब्लू एंड गोल्ड टीम की कप्तानी करेंगे. रोहित का मुंबई इंडियंस और हमारी पलटन के साथ रिश्ता बेहद ख़ास है. आगामी सीजन को लेकर हमारी बातचीत में उत्साह और कुछ बड़ा हासिल करने की महत्वाकांक्षा साफ़ नज़र आई."
उन्होंने आगे कहा, "रोहित के अनुभव और नेतृत्व क्षमता के साथ जिस तरह की टीम हम तैयार कर रहे हैं, उसे देखते हुए आगे काफ़ी कुछ ख़ास होने की उम्मीद है. हम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जिससे हमारी पलटन को गर्व महसूस हो और हम सब मिलकर कई और यादगार पल बना सकें."
नीता अंबानी ने कहा, "हमने 2011 में रोहित शर्मा के लिए बोली लगाई थी और उसी पल से वह मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बन गए."
गौरतलब है कि रोहित शर्मा इससे पहले 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने टीम को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया. उनकी कप्तानी में मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ख़िताब जीते थे.
शरद पवार की तबीयत को लेकर पोते रोहित पवार ने दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, ANI Photo/SansadTV
इमेज कैप्शन, शरद पवार को गुरुवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार की हेल्थ को लेकर उनके पोते रोहित पवार ने अपडेट साझा किया है.
दरअसल, शरद पवार को गुरुवार को डिहाइड्रेशन के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
रोहित पवार ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "शरद पवार का स्वास्थ्य अच्छा है. उन्हें एक-दो दिन में डिस्चार्ज किया जाएगा."
उन्होंने कहा, "मेरी मुलाकात के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के किसानों और खेत मज़दूरों के मुद्दे पर चर्चा हुई. इसके अलावा परिवार को लेकर हमारी चर्चा हुई, कोई भी राजनीतिक चर्चा नहीं हुई."
इससे पहले सुप्रिया सुले ने भी मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि शरद पवार की तबीयत अब ठीक है.
परिसीमन बिल पर इंडिया गठबंधन की बैठक कल, कांग्रेस ने डीएमके को लेकर क्या कहा
इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इंडिया गठबंधन के दलों की बैठक में आगे की रणनीति तैयार करने के साथ ही महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जाएंगे (फ़ाइल फ़ोटो)
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल को पेश किए जाने की अटकलों के बीच इंडिया गठबंधन के दलों की शनिवार सुबह 11:30 बजे बैठक होनी है.
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि इसमें आगे की रणनीति तैयार करने के साथ ही महत्वपूर्ण फ़ैसले लिए जाएंगे.
केसी वेणुगोपाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, "भारत सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भारत के लोगों के ख़िलाफ़ एक बड़ा जाल बिछाना चाहते हैं. इस पूरे मामले के पीछे यही उनकी योजना है."
उन्होंने कहा, "हम सभी से संपर्क कर रहे हैं. डीएमके हमेशा भारत के संविधान के साथ खड़ी रही है. मेरा मानना है कि जो भी भारत के संविधान से प्यार करता है, वह इस तरह के बांटने वाले एजेंडे का समर्थन नहीं कर सकता. इसलिए हम सभी विपक्षी दलों से संपर्क करेंगे."
गौरतलब है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है.
पूर्व सीजेआई बीआर गवई ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र, जजों की नियुक्ति पर सवाल उठाए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, भारत के पूर्व चीफ़ जस्टिस बीआर गवई ने कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए
भारत के पूर्व चीफ़ जस्टिस बीआर गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं.
पूर्व सीजेआई ने 27 नवंबर को लिखे तीन पन्नों के पत्र में कॉलेजियम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक विशेष सामाजिक वर्ग के उम्मीदवारों को नियुक्ति और पदोन्नति के लिए प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य वर्गों, ख़ासकर वंचित समुदायों के उम्मीदवारों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, पत्र में कहा गया है कि ऐसी नियुक्तियों के कारण न सिर्फ़ वंचित वर्गों (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिलाएं) के उम्मीदवारों को मौक़ा नहीं मिल रहा है, बल्कि सामान्य वर्ग के उन लोगों को भी नज़रअंदाज़ किया जा रहा है, जो उस 'ख़ास' समुदाय से नहीं आते.
उन्होंने आगे कहा, "मेरी बात को इस तरह नहीं समझा जाना चाहिए कि मैं समाज के किसी वर्ग के ख़िलाफ़ हूं. मेरी बात सिर्फ़ इतनी है कि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को भी सही तरीक़े से मौक़ा मिलना चाहिए."
"मेरा हमेशा से प्रयास रहा है कि सभी वर्गों के बीच संतुलन बना रहे. लेकिन अब ऐसे हालात बन गए हैं, जिनसे यह धारणा मज़बूत होती है कि एक ही समुदाय को ख़ुश करने और उसे फ़ायदा पहुंचाने के लिए लगातार सिफ़ारिशें की जा रही हैं."
बीआर गवई ने राष्ट्रपति से इस मामले में उचित क़दम उठाने की अपील की, ताकि न्यायपालिका में हर वर्ग को प्रतिनिधित्व मिल सके.
इटली के नेता का 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे वाला वीडियो हटाने की याचिका ख़ारिज, सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल हुई याचिका में इस कार्यक्रम के आयोजन की भी जांच कराने की मांग की गई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका को ख़ारिज कर दिया, जिसमें इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाने वाले सोशल मीडिया वीडियो हटाने की मांग की गई थी.
दरअसल, इटली के नेता ने यह नारा हैदराबाद में भारत समिट 2026 के दौरान बोला था. अदालत में दाख़िल हुई याचिका में इस कार्यक्रम के आयोजन की भी जांच कराने की मांग की गई थी.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता से सवाल किया कि उन्होंने इस मुद्दे पर सीधे सुप्रीम कोर्ट का रुख़ क्यों किया.
पीठ ने पूछा, "आप शिकायत दर्ज करा सकते थे. अनुच्छेद 32 के तहत याचिका क्यों दाख़िल की?"
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील सैयद रिजवान अहमद ने दलील दी कि जियाकोमो फिलिबेक इटली से आए थे और वह यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव हैं. उन्होंने भारत समिट के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया और विदेशी मेहमानों के लिए उसका अंग्रेज़ी में अर्थ भी समझाया.
वकील ने कहा कि फ़िलिबेक कोई राजनीतिक टिप्पणीकार नहीं, बल्कि एक राजनीतिक दल के पदाधिकारी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी के ज़रिए विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधि ने भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप किया.
वकील ने अदालत से सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म मेटा को संबंधित वीडियो हटाने और तेलंगाना सरकार से भविष्य में ऐसे भाषणों को रेगुलेट करने के लिए आश्वासन लेने की मांग की.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया. पीठ ने कहा, "आपको पहले यह मुद्दा उठाना चाहिए कि क्या सरकार इस देश के नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को नियंत्रित कर सकती है. फिर आप विदेशियों की बात कीजिए."
परिसीमन बिल पर संजय सिंह ने साफ़ किया आम आदमी पार्टी का स्टैंड
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि विपक्ष की जो पार्टियां परिसीमन बिल के समर्थन में उतर रही हैं, उन्हें इतिहास कभी माफ़ नहीं करेगा (फ़ाइल फ़ोटो)
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार कोकहा कि उनका दल परिसीमन बिल का लोकसभा और राज्यसभा में विरोध करेगा.
संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि डीलिमिटेशन बिल पास होता है तो भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने हिसाब से निर्वाचन क्षेत्रों निर्धारण करेगी.
संजय सिंह ने कहा, "इसका नाम भले ही डीलिमिटेशन बिल है, लेकिन यह बीजेपी जिताओ बिल है. अगर सीटों की संख्या डीलिमिटेशन के बाद बढ़ गई तो देश के अंदर निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण कौन करेगा? निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण ज्ञानेश कुमार की तरह बैठा हुआ बीजेपी का एक एजेंट करेगा. हो सकता है वो सुप्रीम कोर्ट का पूर्व न्यायधीश हो या कोई और हो मैं नहीं जानता, लेकिन करेगा वही जो ज्ञानेश कुमार की तरह उनका एजेंट होगा."
उन्होंने कहा कि असम और जम्मू कश्मीर में परिसीमन के नाम पर बीजेपी ने धोखा दिया.
संजय सिंह ने आगे कहा, "मैंने सुना है कि डीएमके इनके समर्थन में जा रही है, ऐसा करने पर डीएमके अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने जा रही है. अगर डीएमके ने इस बिल का समर्थन किया तो इतिहास उसे कभी माफ़ नहीं करेगा. विपक्ष की जो पार्टियां इनके समर्थन में उतर रही हैं, उन्हें इतिहास कभी माफ़ नहीं करेगा."
संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी इस बिल के विरोध में है और दोनों सदनों में इसका खुलकर विरोध करेगी.
परिसीमन बिल को समर्थन देने के सवाल पर क्या बोलीं सुप्रिया सुले?
इमेज स्रोत, ANI Video Grab
इमेज कैप्शन, एनसीपी-एससीपी की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि उनकी अनुशासित पार्टी है, जिस दिन विशेष सत्र का एलान हुआ व्हिप जारी कर दिया गया (फ़ाइल फ़ोटो)
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए 'थ्री-लाइन व्हिप' जारी किया है.
दरअसल, इससे पहले केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया था. चर्चा है इस दौरान मोदी सरकार डीलिमिटेशन बिल पास कराने की कोशिश करेगी.
संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर एनसीपी-एससीपी की सांसद सुप्रिया सुले की प्रतिक्रिया भी सामने आई है.
सुप्रिया सुले से पूछा गया कि परिसीमन विधेयक को एनसीपी-एससीपी समर्थन देगी या नहीं?
इसके जवाब में उन्होंने कहा, "जब तक एजेंडा नहीं मिलता मैं कुछ नहीं कह सकती. मैंने बिल नहीं देखा है... मुझे उसके (परिसीमन विधेयक) बारे में कुछ नहीं पता."
इससे पहले उन्होंने कहा कि उनकी अनुशासित पार्टी है, जिस दिन विशेष सत्र का एलान हुआ व्हिप जारी कर दिया गया है.
सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्होंने बिल नहीं देखा है और बिल देखने से पहले कोई राय नहीं देंगी.
आप नेता दीपक सिंगला को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम ज़मानत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला (फ़ाइल फ़ोटो)
सुप्रीम कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (आप)के नेता दीपक सिंगला को कथित 155 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में अंतरिम ज़मानत दे दी है.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को दीपक सिंगला की लंबित ज़मानत याचिका पर फैसला लेने का निर्देश दिया है.
साथ ही, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस मांग को ख़ारिज कर दिया, जिसमें ज़मानत की शर्त के तौर पर एक निश्चित रकम जमा कराने की मांग की गई थी.
लाइव लॉ के मुताबिक़, यह मामला साल 2018 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज शिकायत से जुड़ा है.
इसमें 155 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप है. इसी मामले के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की जा रही है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
संसद के विशेष सत्र बुलाए जाने पर सीजेपी के आशुतोष रांका ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आशुतोष रांका ने कहा है कि सरकार महिला आरक्षण के पर्दे में परिसीमन चाहती है (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी के आशुतोष रांका ने कहा है कि 30 नवंबर को होने वाली संसद की कार्यवाही पर पूरे देश की नज़र रहेगी.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में सरकार चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव करना चाहती है. इसके साथ ही उन राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या असमान रूप से बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, जो जनसंख्या नियंत्रण के मामले में पीछे रहे हैं."
रांका का कहना है, "बीजेपी ने इन दोनों मुद्दों पर अपना रुख़ स्पष्ट कर दिया है. हालांकि, देश को उन राजनीतिक दलों और नेताओं पर नज़र रखनी चाहिए, जो अपना पक्ष बदल सकते हैं."
"इस बार जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात करने वालों को माफ़ नहीं किया जाएगा."
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी.
चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है, जो अप्रैल में आगे नहीं बढ़ पाया था.
डीलिमिटेशन बिल को लेकर डीएमके नेता एमके स्टालिन ने क्या कहा
इमेज स्रोत, @mkstalin
इमेज कैप्शन, स्टालिन ने 'निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर राष्ट्रीय नेताओं की बैठक' की यह पुरानी तस्वीर शेयर की है
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके नेता एमके स्टालिन ने कहा है कि डीएमके भारत में पहली पार्टी थी, जिसने परिसीमन के संभावित परिणामों को लेकर आवाज़ उठाई थी.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर राष्ट्रीय नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए पहली बैठक भी चेन्नई में ही हुई थी.
तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठक में अपनाए गए प्रस्तावों के मुताबिक़, हमारी दो स्पष्ट मांगें थीं-
“अगर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी हालत में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए,
और सन् 1971 की जनगणना के आधार पर तय और पहले से स्थिर राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक भी बरकरार रहना चाहिए.”
स्टालिन ने लिखा, “डीएमके आज भी इन दोनों मांगों पर कायम है और आगे भी कायम रहेगी. हमारे रुख़ में कोई बदलाव नहीं हुआ है और किसी तरह के समझौते का सवाल ही नहीं उठता. मीडिया में फैलाई जा रही अटकलें और विश्वासघात करने वालों की बयानबाजी हमारे रुख़ को किसी भी तरह प्रभावित नहीं कर सकती.”
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी.
चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है, जो अप्रैल में आगे नहीं बढ़ पाया था.