राज्यसभा चुनाव: मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में होगी सुनवाई

इमेज स्रोत, SHEKHAR YADAV/The India Today Group via Getty Images
कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द किए जाने के रिटर्निंग ऑफ़िसर के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. सुप्रीम कोर्ट इस पर सुनवाई के लिए राज़ी हो गया है.
इस मामले की सुनवाई शुक्रवार, 12 जून को होगी.
लाइव लॉ के मुताबिक, जस्टिस प्रशांत कुमार शर्मा और जस्टिस अतुल एस चंदुरकर की बेंच ने वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी की मौखिक दलील पर याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए लिस्ट किया है.
हालांकि अभिषेतक मनु सिंघवी का ज़ोर था कि सुप्रीम कोर्ट आज यानी गुरुवार को ही इस मामले की सुनवाई करे क्योंकि यह पर्चा वापसी का अंतिम दिन है.
वहीं, रिटर्निंग अफसर की ओर से वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने इसका विरोध किया.
जस्टिस मिश्रा ने मीनाक्षी नटराजन के वकील सिंघवी की दलील पर कहा, "चुनाव से जुड़े मामलों में अदालतें बीच में हस्तक्षेप नहीं करतीं. इस पर सिंहवी ने कहा कि अगर कोई गंभीर या स्पष्ट गलती हो, तो अदालतें हस्तक्षेप कर सकती हैं."
हालांकि बाद में सर्वोच्च अदालत इस याचिका को कल लिस्ट करने के लिए सहमत हो गया.
दरअसल, मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 18 जून को चुनाव होने वाला है. एक सीट के लिए कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन भरा, जिसे रिटर्निंग अफ़सर ने रद्द कर दिया.
बीजेपी ने एक शिकायत में आरोप लगाया था कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन के साथ दाखिल फॉर्म 26 में न्यायालय में कथित तौर पर लंबित एक मामले की जानकारी नहीं दी.
कांग्रेस ने इस आरोप को ग़लत बताया और रिटर्निंग ऑफ़िसर के फ़ैसले को क़ानून के ख़िलाफ़ दिया गया फ़ैसला कहा है.


















