कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस पर क्यों उठाए सवाल
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल लोगों का मज़ाक उड़ाने का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के
बाद आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने शनिवार को एक्स पर लिखा,
"देश का जेन ज़ी और नौजवान मोदी सरकार
से दुखी हैं. लेकिन आज जब हज़ारों युवा शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा मांगने जंतर-मंतर
पहुँचे तो कांग्रेस ने इन युवाओं का बुरी तरह से मज़ाक उड़ाया."
उन्होंने कहा, "सीबीएसई, नीट,
सीयूईटी जैसी तमाम परीक्षाओं को मोदी जी ने
बर्बाद कर दिया, लेकिन कांग्रेस और उसके सिपहसलार इस
बात से दुखी है कि देश का युवा कांग्रेस का झंडा उठाए बिना अपनी आवाज़ उठाने लगा
है. इसलिए आज कांग्रेस नेता, इनके
समर्थक ट्विटर नेता और समर्थक पत्रकार दिनभर इन युवाओं का मज़ाक उड़ाते रहे."
मनीष सिसोदिया ने कहा, "एक भी कांग्रेस नेता ने नहीं बोला कि वो इनकी
माँग के साथ हैं."
कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को
जंतर-मंतर में प्रदर्शन किया.
इस बीच यूथ कांग्रेस ने भी शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए प्रदर्शन किया.
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन क्या बोले
इमेज स्रोत, Anuwar Hazarika/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, नितिन नबीन ने सीजेपी का नाम लिए बिना कहा कि 'डिज़िटल का इस्तेमाल देश की युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं होगा' (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि 'कुछ लोगों' ने देश के युवाओं को 'एंटी इस्टेब्लिशमेंट यानी व्यवस्था-विरोधी'
नाम दे दिया है.
उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश के
युवाओं को 'नकारात्मक राजनीति' की ओर ले जाना चाहते हैं, लेकिन देश का युवा 'सकारात्मक
राजनीति' करेगा.
नितिन नबीन का यह बयान शनिवार शाम को
आया, जिस दिन 'कॉकरोच जनता पार्टी' के
संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुआ था.
यह प्रदर्शन
शिक्षा व्यवस्था में हो रही गड़बड़ियों के विरोध में था. प्रदर्शनकारियों ने
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफ़े की मांग की है और सात दिन का अल्टिमेटम दिया है.
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की
शुरुआत सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के विरोध में सोशल मीडिया पर
व्यंग्यात्मक कैंपेन के तौर पर हुई थी.
नितिन नबीन ने सीजेपी का नाम लिए बिना
कहा, "डिज़िटल (सोशल मीडिया) का इस्तेमाल सकारात्मक रूप से हो सकता है, देश की
युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं होगा."
नितिन नबीन ने क्या कुछ कहा?
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा,
"आज का युवा देश के निर्माण के लिए
काम करना चाहता है, अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए
काम करना चाहता है. लेकिन कुछ लोगों ने इस देश के युवाओं को एंटी इस्टेब्लिशमेंट
नाम दे दिया है."
उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि देश का युवा इनोवेशन और क्रिएशन
के लिए जाना जाए. एंटी इस्टेब्लिशमेंट शब्द कभी भारत के युवाओं के लिए नहीं हो
सकता. भारत का युवा निर्माण करने के लिए जाना जाता है. भारत का युवा अनुशासन के
साथ देश के निर्माण के लिए काम करेगा."
नितिन नबीन ने कहा, "जो लोग इस देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति के
लिए ले जाना चाहते हैं, मैं उन्हें चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा सकारात्मक राजनीति करेगा. हम लोकतंत्र के आधार पर निश्चित रूप से हर प्रकार
का विरोध करेंगे लेकिन लोकतंत्र के मापदंड को ख़त्म नहीं करने देंगे."
सीजेपी और उसके विरोध प्रदर्शन का नाम लिए बग़ैर उन्होंने कहा, "कुछ लोग विदेश की ज़मीन पर बैठकर ये
सोच लेते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे... भारत का युवा दिल्ली में
बैठकर चंद लोगों की कठपुतली नहीं बनने वाला है."
उन्होंने कहा, "आज देश के लोगों को बहुत बड़ा संदेश मिला है. डिजिटल का उपयोग सकारात्मक रूप से हो सकता है, देश और युवाओं के निर्माण के लिए हो सकता है, देश की युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए नहीं होगा. ऐसा कभी नहीं हो पाएगा."
एनटीए ने नीट यूजी की दोबारा परीक्षा से जुड़े 'पेपर लीक' के दावों का दिया जवाब
इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, नीट यूजी 2026 का री-एग्ज़ाम 21 जून को होना है (फ़ाइल फ़ोटो)
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने
नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा के 'पेपर लीक'
के दावों को ख़ारिज करते हुए इन
दावों को 'झूठे, फ़र्ज़ी और भ्रामक' बताया
है.
एनटीए ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा, "एनटीए के संज्ञान में आया है कि सोशल
मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफ़ॉर्म पर कुछ संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें नीट (यूजी) 2026 फिर से परीक्षा के
प्रश्नपत्र के 'लीक', पेपर तक पहले से पहुंच या 'बिक्री'
का दावा किया जा रहा है. ये सभी दावे पूरी तरह
झूठे, फ़र्ज़ी और भ्रामक हैं."
एजेंसी का कहना है कि ऐसे दावे 'संगठित नकल गिरोहों' की ओर से फैलाए जाते हैं, जो
स्टूडेंट्स और उनके परिवारों की चिंता का फ़ायदा उठाते हैं.
एजेंसी ने कहा,
"इनका उद्देश्य नकली 'प्रश्नपत्र' बेचकर पैसे ऐंठना है."
इसके अलावा एजेंसी ने यह भी बताया है
कि वह ऐसे दावे फैलाने वाले चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई कर रही
है. साथ ही स्टूडेंट्स और उनके परिवारों से अपील की गई है कि वे 'लालच के झांसे में न आएं.'
इस साल नीट यूजी परीक्षा में पेपर
लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी. इसके बाद इस परीक्षा को दोबारा कराने की
घोषणा की गई.
एनटीए 21 जून को नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा कराएगा.
पेपर लीक मामले में अब तक कुल नौ लोगों की गिरफ़्तारी हो चुकी है.
अमेरिका के ओहायो में गोलीबारी, कई लोगों को गोली लगी
इमेज स्रोत, SETH HERALD/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा है कि हमलावर की तलाश जारी है (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के ओहायो राज्य में एक
फ़ेस्टिवल के नज़दीक कई लोगों को गोली लगी है. यह जानकारी स्थानीय पुलिस ने दी है.
यह घटना ओहायो के टोलेडो शहर की है.
टोलेडो पुलिस विभाग का कहना है कि
उसे ओल्ड वेस्ट एंड फ़ेस्टिवल के पास गोलीबारी की सूचना मिली थी. मौक़े पर पहुंचने
पर पुलिस को 'गोलीबारी से प्रभावित कई लोग" मिले, जिनमें से "कई लोगों" को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
पुलिस ने अब तक घायलों की सटीक
संख्या नहीं बताई है, लेकिन टोलेडो के मेयर वेड
कैपज़ुकिएविच ने स्थानीय समाचार चैनल डब्ल्यूटीओएल 11 को बताया कि माना जा रहा है
कि आठ लोगों को गोली लगी है और सभी घायलों की जान बचने की उम्मीद है.
पुलिस विभाग का कहना है कि वह इस
घटना में शामिल 'हमलावर या हमलावरों' की तलाश की जा रही है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम
ख़बरें पहुंचाऊंगा.